औरैया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम चिरुहली के समीप अनियंत्रित सीएनजी टैंकर में उल्टी दिशा में आ रही कार में टक्कर मार दी। इससे कार सवार चार लोग घायल हो गए।तीन घायलों की हालत को गंभीर बताते हुए डॉक्टर ने कानपुर रेफर किया। घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन अपने कब्जे में लिया। घटना शनिवार की दोपहर लगभग दो बजे की है।इटावा की ओर से एक सीएनजी गैस टैंकर औरैया की ओर आ रहा था। जबकि कार औरैया से इटावा की ओर उल्टी दिशा में जा रही थी। ग्राम चिरुहली के समीप ओवरब्रिज पर टैंकर ने कार को टक्कर मार दी। इससे कार सवार नौशाद अली (40), उसकी पत्नी सबीना बेगम (35), पुत्र नियाज अली (09) और पुत्री काजल (18) घायल हो गए।मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल औरैया पहुंचाया। यहां उपचार के बाद डॉक्टर ने काजल की हालत को ठीक बताया।
वहीं नौशाद अली, सबीना और नियाज को गंभीर हालत में कानपुर रेफर किया किया। सदर कोतवाल ललितेश नारायण त्रिपाठी ने बताया कि घायलों को पुलिस ने भर्ती कराया था। घटना की तहरीर मिलने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। टैंकर को पकड़ लिया गया है।


