Thursday, February 19, 2026
Home Blog Page 212

Bijli Chori: अचानक से पहुंची बिजली विभाग की टीम और काट दिया कनेक्शन, यूपी के कई जिलों में चल रहा अभियान

0

लखनऊ। बिजली चोरी कम होने का नाम नहीं ले रही है। शुक्रवार को चलाए गए अभियान में फिर बिजली चोर पकड़े गए। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देश में चलाए गए अभियान में लखनऊ के अलावा रायबरेली, अमेठी व बरेली में भी बिजली चोर पकड़े गए। इन जिलों से विजिलेंस टीम ने 61 किलोवाट की चोरी पकड़ी। सभी बिजली चोरों के कनेक्शन काट दिए गए हैं और मीटर जब्त करते हुए बिजली थानों में चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक के मुताबिक उपभोक्ता लक्ष्मी, निवासी बड़ा भरवारा चिनहट जनपद लखनऊ द्वारा परिसर में सर्विस केबिल को मीटर से पहले काटकर चोरी की जा रही थी। यहां जांच में छह किलोवाट चोरी मिली। नवाब साहब की गली नरही में उपभोक्ता चुन्नी अपने परिसर पर पोल से डायरेक्ट केबिल जोड़कर 12 किलोवाट विद्युत भार का उपभोग करते पायी गई। रायबरेली के जगतपुर बाजार थाना जगतपुर में उपभोक्ता शिवप्रसाद गुप्ता द्वारा मीटर बाईपास करके 10 किलोवाट की चोरी की जा रही थी।अमेठी के ग्राम राजापुर कौहार थाना गौरीगंज में उपभोक्ता सुरेन्द्र कुमार पाण्डेय के परिसर में छह किलोवाट चोरी मिली। ग्राम लक्ष्मी नगर देवकली चौराहा थाना गौरीगंज के उपभोक्ता मो. फारूक मीटर को बाईपास करके छह किलोवाट की चोरी करते हुए पाए गए। हरदोई में ग्राम गढ़ी चांद थाना शाहाबाद के उपभोक्ता तौसिफ व आसिम के यहां पांच-पांच किलोवाट की चोरी पायी गई। बरेली के कब्रिस्तान वाली गली जोगी नवादा थाना बारादरी निवासी उपभोक्ता आयश बी पत्नी परवेज अहमद के परिसर में पांच किलोवाट की अनियमितता मिली। बदायूं में उपभोक्ता अंकुर के परिसर में छह किलोवाट की बिजली चोरी पायी गई।

‘मैं क्राइम ब्रांच का अधिकारी हूं’, एक महिला का नाम लेकर मांगने लगा इंफॉर्मेशन; सिपाही को धमकाया

0

 लखनऊ।  नौकरी लगवाने के नाम पर ठगी के आरोपित अबू साद ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताक एसीपी चौक कार्यालय के हेड पेशी राधे श्याम सिंह को फोन किया। मुकदमे की जानकारी मांगने का प्रयास किया। विरोध पर धमकाते हुए गाली देने लगा। पेशी हेड की तहरीर पर अबू साद के खिलाफ चौक थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसीपी चौक कार्यालय में हेड पेशी पर सिपाही तैनात राधेश्याम सिंह ने बताया कि सात अक्टूबर को रात पौने नौ बजे मोबाइल पर फोन आया। उसने बताया कि मुंबई क्राइम ब्रांच का अफसर आशुतोष शर्मा बोल रहा है। उसने शालू वर्मा नाम की महिला का नाम लेते हुए उसके मुकदमे के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की।

जब उससे कहा कि इस संबंध में विभाग के अफसरों से बात करें। इस पर वह गाली-गलौज कर धमकी देने लगा और फोन काट दिया। पेशी हेड के मुताबिक शालू वर्मा उन्नाव जनपद के अरसइंदा गुजौली की रहने वाली हैं। उन्होंने नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का आरोप लगाते हुए अबू साद के खिलाफ ठाकुरगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।

अबू साद आजमगढ़ के मुबारकपुर का रहने वाला है। पहले मामले की जांच ठाकुरगंज थाने से रवींद्र कुमार द्वारा की गई थी। उसकी रिपोर्ट एसीपी कार्यालय आई थी। पेशी हेड के मुताबिक उन्होंने साक्ष्य के संबंध में बयान दर्ज कराने के लिए दो अक्टूबर को अबू साद को फोन किया था।

इसके पूर्व भी पूर्व दारोगा रवींद्र कुमार, मुख्य आरक्षी अरुण कुमार, दारोगा अमर सिंह ने मामले की विवेचना की तो उनसे भी अबू साद ने गाली-गलौज कर अभद्रता की थी। इंस्पेक्टर चौक नागेश उपाध्याय के मुताबिक मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

योजनाओं का लाभ पाने को इस तारीख तक पंजीकरण करा लें श्रमिक, वरना निष्क्रिय लिस्ट में हो जाएंगे शामिल

0

लखनऊ। उत्तर प्रदेश भवन व अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की संचालित किसी भी योजना का लाभ पाने के लिए निर्माण श्रमिक के रूप में पंजीकृत होना या पंजीयन का नियमानुसार नवीनीकृत होना अनिवार्य है। ऐसे श्रमिक जिनका लेबर या श्रमिक पंजीकरण कार्ड बना है लेकिन, उसका नवीनीकरण चार वर्ष या उससे अधिक समय से नहीं कराया गया, उन्हें 15 अक्टूबर के बाद निष्क्रिय सूची में शामिल कर दिया जाएगा और उनकी गणना पंजीकृत निर्माण श्रमिकों में नहीं की जाएगी।

अपर श्रमायुक्त कल्पना श्रीवास्तव ने बताया, श्रमिक अपना पंजीकरण व पंजीकृत निर्माण श्रमिक अपना नवीनीकरण सीएससी ई-डिस्ट्रिक्ट सेंटर व सीएससी ईजीओवी सेंटर व बोर्ड की वेबसाइट के माध्यम से करा सकते हैं। इसके बाद बोर्ड द्वारा संचालित योजनाओं, पंजीयन प्रक्रिया व नवीनीकृत की अधिक जानकारी बोर्ड की वेबसाइट upbocw.in से ले सकते हैं।

उत्तर प्रदेश भवन संनिर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत श्रमिकों के हित में प्रदेश सरकार कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही हैं। गंभीर बीमारी में सहायता दी जाती है। निर्माण कामगार मृत्यु व दिव्यांगता सहायता योजना के तहत निर्माण श्रमिकों की मृत्यु होने की दशा में उनके आश्रितों को आर्थिक सहायता दी जाती है।

महाकुंभ वाली मोनालिसा की फिल्म कब होगी रिलीज? डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने दिया हिंट

0

लखनऊ। निर्देशक सनोज मिश्रा ने फिल्म ””द डायरी आफ मणिपुर”” की शूटिंग लगभग पूरी कर ली है। प्रयागराज कुंभ से वायरल मोनालिसा इसी फिल्म के साथ सिनेमाई जगत में पदार्पण कर रही हैं। सनोज ने शुक्रवार को कहा कि कुछ लोग नहीं चाहते थे कि बंजारा समाज से आने वाली एक गरीब परिवार की बेटी आगे बढ़े, लेकिन आज वही लड़की फिल्म में काम रही है। हवाई जहाज में यात्रा कर रही है। यह फिल्म फरवरी में रिलीज की जाएगी।

सनोज ने विकासनगर के एक होटल में पत्रकारों से कहा कि कुछ समय पहले मेरे साथ काफी कुछ बुरा किया गया। साजिश करके मेरे ऊपर एक झूठा मामला बनाकर मुझे जेल भेजा गया, मेरी जान लेने की कोशिश की गई। मैंने जेल में ही इस फिल्म की कहानी बनाई। मोनालिसा ने कहा कि सनोज मेरे पिता से बढ़कर हैं। उन्होंने मेरा जीवन बदल दिया।

माला बेचकर गुजारा करने वाली गरीब लड़की को हवाई जहाज में बिठा दिया। मोनालिसा ने बताया कि यह फिल्म एक लव स्टोरी है। इसमें देशभक्ति भी है और समाज के लिए संदेश भी कि कुछ भी हो जाए हमारा देश हमारे लिए सबसे पहले होना चाहिए। अभिनेता अमित राव ने बताया कि मेरी भी यह पहली फिल्म है। अभिनेता अभिषेक त्रिपाठी ने कहा कि यह फिल्म समाज को अच्छा संदेश देगी।

यूपी में कफ सीरप निर्माण में लापरवाही पर चार कंपनियों को नोटिस, जांच के दौरान पता चली ये बात

0

लखनऊ। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने शुक्रवार को कफ सीरप के 81 नमूने लिए। इनमें 11 नमूने दवा निर्माण इकाइयों से लिए गए। जबकि 70 दुकानों से लिए गए हैं। जांच के दौरान लखनऊ, मथुरा, अलीगढ़, सहारनपुर की चार कंपनियों में कफ सीरप निर्माण के दौरान गुणवत्ता और साफ-सफाई में लापरवाही मिली।

कंपनियां जांच टीम को जरूरी कागजात भी नहीं दिखा पाई। एफएसडीए ने इन कंपनियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। सोमवार से जारी जांच अभियान में अब तक कफ सीरप के 595 नमूने लिए जा चुके हैं।

एफएसडीए के अनुसार लखनऊ की आरपाइक फार्मास्युटिकल्स, मथुरा की एवरटच फार्मास्युटिकल्स, अलीगढ़ की गुडलक फार्मा और सहारनपुर की हैडसन फार्मास्युटिकल्स को दवा निर्माण में गुणवत्ता के मानक न पूरे करने के लिए नोटिस जारी किया गया है।

इसके अलावा केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) से प्रतिबंधित की गई गुजरात की रेडनेक्स फार्मास्युटिकल्स के रेस्पिफ्रेश और शेप फार्मा के रिलीफ कफ सीरप के भंडारण की जांच की गई। इसमें रेस्पिफ्रेश सीरप के नमूने लेते हुए उनकी बिक्री रोकने के निर्देश दिए गए हैं। शेप फार्मा की कोई भी दवा प्रदेश में नहीं पाई गई है।

हिमाचल प्रदेश की डिजिटल विजन कंपनी की कोल्ड बेस्ट, नेक्सपर फार्मा की डोलो 250 सीरप और उत्तराखंड के टूलब्रस फार्मुलेशन के बेनसेट-डी सीरप के भंडारण की जांच की गई। बीते चार साल के दौरान हुई जांच के दौरान इन कंपनियों के सीरप में इथिलीन ग्लाइकाल मिला था।

पुराने रिकार्ड के आधार पर की गई जांच में डिजिटल विजन का कोई भी सीरप प्रदेश में नहीं पाया गया है। औषधि नियंत्रक शशि मोहन के अनुसार दवा कंपनियों, दुकानों, अस्पतालों और नर्सिंग होम से भी कफ सीरप के नमूने लिए जा रहे हैं। प्रतिबंधित कंपनियों के सीरप का भंडारण कहीं नहीं मिला है।

यूपी पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, चार आईपीएस अधिकारियों का तबादला, योगी सरकार ने जारी किया आदेश

0

लखनऊ। पुलिस विभाग में चार आइपीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए है। डीजीपी मुख्यालय ने उनकी तबादला सूची जारी की है।

लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट में तैनात पुलिस उपायुक्त आशीष श्रीवास्तव को एसपी सुरक्षा मुख्यालय के पद पर तैनाती दी गई है। डीजीपी मुख्यालय से संबद्ध एसपी विक्रांत धीर को पुलिस उपायुक्त लखनऊ कमिश्नरेट बनाया गया है।

28वीं वाहिनी, इटावा के सेनानायक अनिल कुमार सिंह को एसपी सुरक्षा मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा एसपी सीआइडी लखनऊ अनिरुद्ध कुमार को 28वीं वाहिनी, इटावा का सेनानायक बनाया गया है।

अनुदेशकों के शैक्षणिक प्रमाणपत्रों का 31 को सत्यापन

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने 42 व्यवसायों में अनुदेशकों के 855 पदों के लिए चयन प्रक्रिया पूरी करते हुए 717 अभ्यर्थियों का अंतिम परिणाम छह मई को जारी किया था। इनमें से 18 अभ्यर्थियों के संबंध में शिकायतें प्राप्त हुई थीं।

इन अभ्यर्थियों को शैक्षणिक प्रमाणपत्रों के सत्यापन और व्यक्तिगत सुनवाई के लिए आयोग के पिकअप भवन में 31 अक्टूबर को उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। इन अभ्यर्थियों के रोल नंबर आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए हैं।

Weather: यूपी से मानसून की विदाई, इस साल देवरिया में सबसे कम और संभल में सबसे ज्यादा बरसे बादल; सर्दी की दस्तक

0

उत्तर प्रदेश में अब बरसात का मौसम अलविदा कह चुका है और ठंडी हवाओं के आने की दस्तक शुरू हो गई है। माैसम विभाग ने कहा कि पूर्वांचल के दक्षिण-पूर्वी जिलों बलिया, गाजीपुर, चंदौली, मिर्जापुर और सोनभद्र को छोड़कर यूपी के बाकी इलाकों से मानसून विदा हो चुका है।

उत्तर प्रदेश में इस साल मानसून के सीजन में 1 जून से लेकर 30 सितंबर के बीच हुई बारिश के आंकड़ों के मुताबिक पूर्वांचल में सामान्य से कम बारिश हुई। इस सीजन में पूर्वीजिले देवरिया में औसत बारिश 781.4 मिमी की तुलना में महज 97.2 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीं पश्चिमी यूपी के संभल में औसत बारिश 658.4 मिमी की तुलना में 1055.3 मिमी बारिश रिकार्ड की गई।
मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 24 और 26 सितंबर को दो चरणों में पश्चिमी यूपी से मानसून की विदाई के बाद अब अगले 48 घंटों में इन बचे हुए दक्षिणी पूर्वी इलाकों से भी मानसून वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। अगले एक सप्ताह तक दिन का तापमान थोड़ा बढ़ेगा, जबकि रात का तापमान लगभग स्थिर रहेगा।

70 साल के बुजुर्ग की 30 साल की लड़की से लव मैरिज, लोग हैरान, लेकिन खुश, मोहल्ले वाले बने बाराती

0

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक अनोखी प्रेम कहानी ने शादी के पवित्र बंधन में परिणत होकर सबको चौंका दिया। 70 वर्षीय दादू राम गंधर्व ने अपने मोहल्ले की 30 वर्षीय युवती से प्रेम विवाह किया। दोनों ने शिव मंदिर में सात फेरे लिए और वरमाला के बाद दादू राम अपनी मूंछों पर ताव देते नजर आए।

PunjabKesari, Bilaspur News, Love Marriage, Unusual Wedding, Dadu Ram, Shiv Temple Wedding, Age Gap Marriage, Community Celebration, Traditional Ceremony, Viral News, Heartwarming Story

कैसे शुरू हुई यह प्रेम कहानी
बिलासपुर के सरकंडा इलाके के चिंगराजपारा अटल आवास क्षेत्र में रहने वाले दादू राम मजदूरी करते हैं। उनकी पहली पत्नी का निधन कई साल पहले हो चुका था। मोहल्ले की 30 वर्षीय युवती से उनका परिचय हुआ, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गया। समाज की परवाह किए बिना दोनों ने साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया।

भगवान शिव को बनाया साक्षी
शुक्रवार की रात दोनों ने मोहल्ले के शिव मंदिर में भगवान शिव को साक्षी मानकर सात फेरे लिए। विवाह में सभी परंपरागत रस्में, वरमाला, सिंदूरदान, मांग भरना पूरा किया गया। शादी में पूरे मोहल्ले ने बाराती बनकर ढोल-नगाड़ों के साथ नाच-गाना किया और दूल्हा-दुल्हन को नवजीवन की शुभकामनाएं दीं। उम्र के इस बड़े अंतर को देखकर कुछ लोग अचंभित हुए, लेकिन दूल्हा-दुल्हन की खुशी देखकर सभी ने उनके फैसले का सम्मान किया। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि ‘प्यार उम्र नहीं देखता, सच्चे रिश्ते का सम्मान होना चाहिए।’

PunjabKesari, Bilaspur News, Love Marriage, Unusual Wedding, Dadu Ram, Shiv Temple Wedding, Age Gap Marriage, Community Celebration, Traditional Ceremony, Viral News, Heartwarming Story

‘मूंछों पर ताव’ देकर जताई खुशी
शादी के बाद दादू राम ने अपनी मूंछों पर ताव देते हुए कहा अब जिंदगी फिर से नई शुरुआत कर रही है। उनकी खुशी मोहल्ले में चर्चा का विषय बनी हुई है।

क्या यह सेंसरशिप है? अखिलेश यादव के 80 लाख फॉलोअर्स वाला पेज फेसबुक ने किया सस्पेंड, समर्थकों में नाराजगी की लहर

0

Lucknow News: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक पेज सस्पेंड कर दिया गया है। इस पेज से करीब 80 लाख फॉलोअर्स जुड़े हुए थे। पेज के निलंबन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में गहरा असंतोष देखा जा रहा है। पार्टी के अनुसार, यह पेज लंबे समय से अखिलेश यादव के राजनीतिक विचारों और जनहित के मुद्दों को सामने लाने का माध्यम रहा है। फेसबुक के इस निर्णय को लेकर कई नेताओं ने सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है और इसे “अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला” बताया है।

विधायक अतुल प्रधान ने जताई नाराजगी
मेरठ के सरधना विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक अतुल प्रधान ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “अखिलेश यादव का फेसबुक अकाउंट बंद करवाकर सरकार उनको जनता के दिलों से दूर नहीं कर सकती।” समर्थकों का मानना है कि यह कदम राजनीतिक दबाव के चलते उठाया गया है। कई यूजर्स ने फेसबुक पर सवाल उठाए हैं कि क्या यह तकनीकी कारण है या जानबूझकर किया गया फैसला। हालांकि, फेसबुक की ओर से इस मामले में अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। एक समर्थक ने सोशल मीडिया पर लिखा, “यह पेज केवल एक डिजिटल प्लेटफॉर्म नहीं, बल्कि जनता की आवाज था।”

सपा नेताओं का तीखा वार
सपा के कई अन्य नेताओं ने भी सोशल मीडिया पर नाराजगी जाहिर करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। एक सपा नेता ने लिखा, “देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी के नेता का पेज बंद होना लोकतंत्र के लिए चिंताजनक है। सोशल मीडिया अब सत्ता की कठपुतली बनता जा रहा है।” दूसरे नेता ने कहा, “यह कदम न सिर्फ अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हनन है, बल्कि तानाशाही की ओर बढ़ते शासन का संकेत है।”

पेज बहाली की मांग तेज
समाजवादी पार्टी ने फेसबुक से पेज की तत्काल बहाली की मांग की है। पार्टी का कहना है कि वे इस मुद्दे को आगे भी जोर-शोर से उठाएंगे और जरूरत पड़ी तो कानूनी विकल्पों पर भी विचार करेंगे।

संत प्रेमानंद के लिए कांग्रेस के मुस्लिम विधायक ने मांगी दुआ,बोले- इंसानियत के प्रतीक प्रेमानंद जी हमेशा स्वस्थ्य रहें

0

भोपाल (इजहार हसन खान):समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की मिसाल कायम करने वाले संत प्रेमानंद जी महाराज के अस्वस्थ होने की खबर के बाद देशभर में उनके स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थनाओं का दौर जारी है। खास बात यह है कि इस प्रार्थना में सिर्फ हिंदू अनुयायी ही नहीं, बल्कि मुस्लिम समाज के लोग भी शामिल हो गए हैं।

PunjabKesari, Sant Premanand Ji health news, Arif Masood post, Hindu Muslim unity, Madhya Pradesh harmony, Bhopal viral news, communal harmony India, interfaith unity, peace and brotherhood, MP viral post, Sant Premanand Ji latest update, Muslim MLA prayers, India unity example

भोपाल की मध्य विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए संत प्रेमानंद जी के जल्द स्वस्थ होने की दुआ की है। उन्होंने लिखा है कि ‘आज के दौर में इंसानियत और सद्भाव के प्रतीक, आदरणीय संत प्रेमानंद जी महाराज के अस्वस्थ होने का समाचार मिला। मालिक से दुआ है कि वे शीघ्र पूर्ण रूप से स्वस्थ हों और अपनी प्रेरक वाणी से यूं ही समाज का मार्गदर्शन करते रहें। उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घ आयु की दिल से दुआ करता हूं।’ आरिफ मसूद का यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे हिंदू-मुस्लिम एकता की अनोखी मिसाल के रूप में देख रहे हैं।

आज के दौर में इंसानियत और सद्भाव के प्रतीक, आदरणीय संत #प्रेमानंद जी #महाराज के अस्वस्थ होने का समाचार मिला।

मालिक से दुआ है कि वे शीघ्र पूर्ण रूप से स्वस्थ हों और अपनी प्रेरक वाणी से यूँ ही समाज का मार्गदर्शन करते रहें।

उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घ आयु की दिल से दुआ करता हूँ pic.twitter.com/ubSmPwNDlv

— Arif Masood (@arifmasoodbpl) October 10, 2025

मुस्लिम युवक ने जताई थी किडनी दान की इच्छा
इससे पहले एक मुस्लिम युवक ने भी इंसानियत की मिसाल पेश करते हुए संत प्रेमानंद जी को अपनी एक किडनी दान करने की इच्छा जताई थी। उस वक्त भी सोशल मीडिया पर यह खबर जमकर चर्चा में रही थी। अब विधायक आरिफ मसूद की इस पोस्ट ने एक बार फिर धर्म से ऊपर उठकर इंसानियत की भावना को जीवंत कर दिया है।

संत प्रेमानंद जी.. मानवता के संदेशवाहक
संत प्रेमानंद जी अपने प्रवचनों में हमेशा मानवता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देते रहे हैं। उनकी वाणी हमेशा समाज को जोड़ने और एकता का मार्ग दिखाने वाली रही है। आज जब वे अस्वस्थ हैं, तो हर वर्ग, हर धर्म और हर समुदाय के लोग उनके लिए दुआएं कर रहे हैं। यह नजारा भारत की गंगा-जमुनी तहज़ीब और आपसी भाईचारे की सजीव मिसाल बन गया है।

PunjabKesari , Sant Premanand Ji health news, Arif Masood post, Hindu Muslim unity, Madhya Pradesh harmony, Bhopal viral news, communal harmony India, interfaith unity, peace and brotherhood, MP viral post, Sant Premanand Ji latest update, Muslim MLA prayers, India unity example

लोगों ने कहा.. यही है असली भारत
सोशल मीडिया पर यूजर्स लगातार विधायक मसूद की पोस्ट पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई लोगों ने लिखा कि ‘यही है असली भारत, जहां धर्म नहीं, दिल की बात मायने रखती है।’ तो कुछ ने कहा कि ‘संत प्रेमानंद जी जैसे लोग ही समाज में एकता और प्रेम के प्रतीक हैं।’