Wednesday, February 18, 2026
Home Blog Page 206

Auraiya News: ट्रैक का दुरुस्तीकरण जारी, कॉशन देकर गुजारी गईं ट्रेनें

0

कंचौसी। रेलवे स्टेशन की पूर्वी केबिन क्राॅसिंग पर शनिवार को भी ट्रैक मरम्मत होती रही। इससे वहां पर पूरे दिन यातायात बाधित रहा, हालांकि दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर 30 किमी प्रति घंटा के काॅशन पर ट्रेनें निकाली गईं। प्रभावित ट्रेनों में वंदे भारत एक्सप्रेस के अलावा कई मुख्य ट्रेनें शामिल रहीं।अप व डाउन की पटरियों को दुरुस्त कराने का कार्य कंचौसी की पूर्वी केबिन क्राॅसिग पर 9 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक होना है। इसके लिए सुबह छह बजे से देर शाम तक क्राॅसिग को बंद रख रेलपथ विभाग के इंजीनियर कार्य करा रहे हैं। पहले दिन गुरुवार को टीम ने ट्रैक के नीचे की गिट्टी व मिट्टी की छनाई कराई। तीसरे दिन शनिवार को स्लीपर का कार्य किया गया। कानपुर व दिल्ली छोर से आने वाली ट्रेनों को कंचौसी में काॅशन देकर पास कराया गया।

कंचौसी में हुए कार्य का असर संबलपुर जम्मूतवी, वंदे भारत एक्सप्रेस, दिल्ली-हावड़ा नेता जी एक्सप्रेस, गोमती एक्सप्रेस , महानंदा एक्सप्रेस व कानपुर-टूंडला व आगरा के बीच दौड़ने वाली मेमू समेत कई ट्रेनों पर पड़ा। कार्य के दौरान आरपीएफ के जवानों की मुस्तैदी व यातायात पुलिस की ढिलाई के कारण नियम टूटते रहे। बंद क्राॅसिंग से वाहन सवार जबरन निकले। ऐसे में पटरियों पर हो रहा कार्य भी बाधित हुआ। ट्रैक दुरुस्तीकरण कार्य होने की वजह से वाहन सवार 5 से 10 किलोमीटर का चक्कर काटने को मजबूर हो रहे हैं। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक दरबारी कुमार ने बताया कि ट्रैक दुरुस्तीकरण का कार्य किया जा रहा है। कार्य पूर्ण होने के बाद ही रेलवे क्राॅसिंग को खोला जाएगा। (संवाद)

Auraiya News: वन विभाग का अड़ंगा, लटकी तिलकपुर फार्म की सड़क

0

बिधूना। बेला-बिधूना-तिलकपुर फार्म स्टेट हाईवे-21 का निर्माण वन विभाग के अड़ंगा से अधर में लटका है। इसका कारण है कि वन विभाग से अभी तक एनओसी नहीं मिल पाई। जबकि आहिस्ता-आहिस्ता दो बरस हो चुके हैं। सड़क के हिस्से में आई वन विभाग की कुछ जमीन के एवज में डीएम स्तर से दूसरी जमीन भी मुहैया कराई जा सकी है। फिर भी वन विभाग एनओसी देने में हीलाहवाली बरत रहा है। इससे निर्माणाधीन सड़क बनकर तैयार नहीं हो पा रही है। अधूरी सड़क से ग्रामीणों को आवागमन में दुश्वारी होती है।

प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत स्वीकृत इस मार्ग पर वन विभाग की जमीन का कुछ अंश आने से निर्माण रोक दिया गया था। तिलकपुर फार्म को जाने वाला मार्ग कन्नौज को जोड़ता है। करीब पांच किमी लंबी इस सड़क का निर्माण 3 अक्तूबर 2022 को शुरू कराया गया था। इसके लिए शासन से 5.92 करोड़ का बजट स्वीकृत मिला था। निर्माण की जिम्मेदारी आगरा की देव कंस्ट्रक्शन कंपनी को दी गई थी। प्रारंभिक स्तर पर कंपनी ने कच्चा कार्य कराने के बाद वन विभाग ने भूमि विवाद का हवाला देते हुए कार्य पर रोक लगवा दी थी।

अब वन विभाग से एनओसी के लिए पत्राचार किया जा रहा है। फिर भी वन विभाग से अब तक एनओसी नहीं मिल सकी है। ग्रामीण व्योमेश सिंह, अशोक कुमार, सर्वेश और मनोज सहित कई लोगों ने अधिकारियों से अधूरी पड़ी सड़क बनवाने की मांग की है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक पत्राचार होने से अब जल्द वन विभाग की ओर से एनओसी जारी होने की उम्मीद बढ़ गई है।

आरईएस के अवर अभियंता शरद कुमार ने बताया कि वन विभाग ने सड़क मार्ग में आई भूमि के बदले जमीन की मांग की थी जो उपलब्ध करा दी गई है। अब वन विभाग से एनओसी मिलने के बाद ही डामरीकरण और कुछ जगह पर सीसी मार्ग का कार्य आगे बढ़ सकेगा। उन्होंने बताया कि अनापत्ति प्रमाणपत्र की प्रक्रिया केंद्र सरकार के स्तर पर चल रही है। इसके बाद ही निर्माण कार्य पुनः शुरू हो सकेगा।

Auraiya News: गोमती पांच घंटे तो महानंदा चार घंटे लेट, यात्री परेशान

0

दिबियापुर। रविवार को फफूंद रेलवे स्टेशन पर नई दिल्ली जाने वाली गोमती एक्सप्रेस पांच घंटे व महानंदा एक्सप्रेस चार घंटे की देरी से स्टेशन पहुंची। इससे परेशान यात्री प्लेटफार्म पर घंटों बैठकर इंतजार करते परेशान हो गए। ऐसे में तमाम यात्री निजी वाहनों से गंतव्य की ओर रवाना हो गए।रविवार को पीसीएस परीक्षा के कारण कुछ ट्रेनों को लेट चलाया गया। हालांकि इससे परीक्षार्थियों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। फफूंद स्टेशन पर लखनऊ से नई दिल्ली जाने वाली गोमती एक्सप्रेस निर्धारित समय आठ बजकर 49 मिनट के स्थान पर पांच घंटे लेट पहुंची जबकि अलीपुर से नई दिल्ली जाती महानंदा एक्सप्रेस 14 बजकर 19 मिनट के स्थान पर चार घंटा लेट व अलीपुर जाने वाली महानंदा एक्सप्रेस 12 बजकर 59 मिनट के स्थान पर चार घंटा लेट पहुंची।

वहीं, अलीगढ़ सुपरफास्ट रविवार को निरस्त रहने से यात्री परेशान रहे। पूछताछ कार्यालय से जानकारी के मुताबिक शनिवार की शाम को जाने वाली गोमती एक्सप्रेस डाउन नौ बजे के बाद गई थी। यात्रियों ने बताया कि महानंदा एक सप्ताह से अप और डाउन में घंटों लेट आ रही है। आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक नंद किशोर यादव ने बताया कि गंतव्य स्थान से ही ट्रेनें लेट आ रही हैं। इसकी सूचना यात्रियों को दी गई है।

Auraiya News: अब 5-पार्ट्स सीबीसी मशीन से होगी मरीजों की जांच

0

बिधूना। सीएचसी को अत्याधुनिक 5-पार्ट्स सीबीसी मशीन नई मिल गई। इससे अब मरीजों की जांचें आसानी से हो सकेंगी। उन्हें जांच के लिए निजी लैब का सहारा नहीं लेना पड़ेगा।

अभी तक यहां पर 3-पार्ट्स की सीबीसी मशीन लगी थी। इससे सभी प्रकार की रक्त जांच नहीं हो पाती थी। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने नई अत्याधुनिक सीबीसी मशीन की डिमांड की गई थी। इस पर सिम्मैक कंपनी की पांच पार्ट्स सीबीसी मशीन आ गई है। इस मशीन की करीब नौ लाख कीमत बताई जा रही है। सीएचसी में कंपनी के इंजीनियर राजन ने मशीन को इंस्टॉल कर चालू किया।एलटी विवेक शाक्य ने बताया कि नई मशीन से हीमोग्लोबिन, आरबीसी, डब्ल्यूबीसी, प्लेटलेट्स के संग डब्ल्यूबीसी के न्यूट्रोफिल्स, लिम्फोसाइट्स, मोनोसाइट्स, इओसिनोफिल्स और बेसोफिल्स की जांच भी संभव होगी। नई मशीन लगने से सीएचसी में जांच सेवाओं में बड़ा सुधार हुआ है। सीएचसी पर लगभग 80 से 90 मरीज प्रतिदिन सीबीसी जांचों के लिए पहुंचते हैं।

अधीक्षक डॉ बीपी शाक्य ने बताया कि 5-पार्ट्स सीबीसी मशीन लगने से अब एनीमिया, डेंगू, टाइफाइड व मलेरिया जैसी बीमारियों की जांच और अधिक सटीक रूप से की जा सकेगी। इससे मरीजों को समय पर सही उपचार मिल सकेगा। इसकी सभी जांचें सीएचसी में निशुल्क होंगी।

Auraiya News: ट्रैक मेंटीनेंस कार्य पूरा, आज से ट्रेनों का आवागमन शुरू

0

कंचौसी। रेलवे स्टेशन की पूर्वी क्राॅसिंग पर चला रहा ट्रैक मरम्मत कार्य रविवार को पूरा कर लिया गया है। ऐसे में अब एक बार फिर दिल्ली-हावडा रूट पर ट्रेनें रफ्तार पकड़ेंगी। मरम्मत के चलते पिछले तीन दिनों से क्रॉसिंग बंद थी हालांकि इस अवधि में इस रूट पर कॉशन से ट्रेनें दौड़ाई जा रही थीं। क्रॉसिंग बंद होने से लोगों को कई किमी चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे थे। अब सोमवार से बंद क्रॉसिंग खुलने से उन्हें सफर में राहत मिलेगी।

पिछले तीन दिन से कंचौसी रेलवे स्टेशन की पूर्वी क्रॉसिंग पर ट्रैक मरम्मत किया जा रहा था। ट्रैक दुरुस्तीकरण के कारण दिल्ली हावड़ा रेल रूट से गुजरने वाली ट्रेनों को तीस किमी स्पीड के काॅशन से गुजारा जा रहा है। रविवार को रेलवे फ्रंट कॉरिडोर (डीएफसी) ट्रैक पर भी दुरुस्तीकरण का कार्य किया गया। इससे गुजरने वाली मालगाड़ियों को भी धीमी गति से निकाला गया। इससे दिल्ली हावड़ा रेल रूट से गुजरने वाली हमसफर एक्सप्रेस, बनारस दिल्ली, हावड़ा बीकानेर सुपरफास्ट, नीलांचल एक्सप्रेस, जोधपुर हावड़ा सुपरफास्ट, शताब्दी एक्सप्रेस, तेजस एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस, वंदे भारत एक्सप्रेस व सीमांचल एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को धीमी गति से गुजारा गया।

Auraiya News: सीएचसी परिसर में लगी आग, जलीं दो एंबुलेंस

0

दिबियापुर। सीएचसी परिसर में रविवार की शाम अज्ञात कारणों से आग लग गई। इसमें परिसर में खड़ी दो एम्बुलेंस जल गईं। सूचना पर एनटीपीसी की फायर बिग्रेड ने पहुंचकर 20 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।आग से सीएचसी परिसर की दीवार पर रखा एक 25 किलोवॉट का ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हो गया और उसके तार भी जल गए। कुछ लोग ट्रांसफॉर्मर से निकली चिंगारी से आग लगने की बात कह रहे हैं। तो कुछ कूड़े के ढेर से आग लगने की आशंका जता रहे हैं। इस दौरान आननफानन विद्युत सप्लाई बंद करवाई गई। आग की लपटें देख आसपास रह रहे लोगों में हड़कंप मच गया और वह घर छोड़कर भाग खड़े हुए।

एनटीपीसी फायर बिग्रेड के एएसआई बीडी शर्मा ने बताया कि कंट्रोल रूम में आग लगने की सूचना 4 बजकर 26 मिनट पर मिली थी। वह अपनी टीम के कांस्टेबल प्रदीप, कास्टेबल रविकांत यादव, हेड कांस्टेबल राजेंद्र,कांस्टेबल सुरेश आदि के साथ 4 मिनट में पहुंचे और लगभग 20 मिनट में आग काबू पा लिया। सूचना पर सीएमओ और फायर बिग्रेड अधिकारी भी पहुंच गए। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय आनंद ने बताया कि आग लगने के पीछे ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी या कूड़े के ढेर में लगी आग हो सकता है। मामले की जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि जो एंबुलेंस आग की चपेट में आईं, वह कंडम थीं और फिलहाल प्रयोग में नहीं थीं।


दर्जनभर से ज्यादा खड़ी हैं कंडम एंबुलेंस

दिबियापुर। सीएचसी परिसर के ग्राउंड में दो तीन महीने से एक दर्जन से ज्यादा एंबुलेंस खड़ी हैं जो पूरी सीएचसी की जगह घेरे है। एंबुलेंस खड़े रहने से ग्राउंड की सफाई भी नहीं हो पा रही है। अधीक्षक डॉ. विजय आनंद ने बताया कि कंडम पड़ी एंबुलेंस की नीलामी के लिए विभाग की शासन से पत्राचार हुआ है। जो टेंडर हुआ था, जो उसमें रेट ज्यादा होने के कारण लोग लेने को तैयार नहीं हो रहे हैं। अब अधिकारियों से लिखा पढ़ी कर जल्द नीलामी प्रकिया पूरी कराई जाएगी।

अयाना आरोग्य मेले में एलटी के न आने से नहीं हुईं जांचें

0

अयाना। बीहड़ पट्टी की सेंगनपुर पीएचसी में जिम्मेदारों की अनदेखी से मरीजों को इलाज के लिए परेशान होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार को लगने वाले आरोग्य मेला में एलटी अस्पताल नहीं आते हैं। रविवार को स्वास्थ्य मेले में दोपहर तीन बजे तक डॉ. संजू, फार्मासिस्ट आदर्श कटियार, वार्ड बॉय दिनेश, सरस्वती मौजूद मिले। जबकि एलटी बुद्ध सिंह अनुपस्थित मिले। डॉक्टर ने तीन बजे तक 40 मरीज देखे। डॉ. संजू ने बताया कि वर्तमान समय में त्वचा संबंधी और वारयल बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। अयाना सीएचसी अधीक्षक डॉ. सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि एलटी बुद्ध सिंह का एक दिन का वेतन काटा है। उनके पूर्व में भी आरोग्य मेला में अनुपस्थित मिले थे। उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को पत्र लिखा जा रहा है।

Auraiya News: खाने के पैसे मांगने पर पुलिसकर्मी ने होटलकर्मी से की हाथापाई

0

फफूंद। औरैया मार्ग स्थित एक होटल पर खाने के रुपये मांगने को पुलिस कर्मी से विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर हाथापाई हो गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो सुर्खियां बटोर रहा है, हालांकि इस वायरल वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।

वायरल वीडियो में एक पुलिस वर्दीधारी दीवान होटल के कर्मी से बातचीत करते हुए उसे धक्का देता दिख रहा है। बताया जा रहा है कि खाने के बाद जब होटल संचालक ने उससे रुपये मांगे, तो वर्दी का रौब दिखाते हुए दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। कहा जा रहा है कि दीवान ने भुगतान करने से इन्कार करते हुए अभद्रता भी की। इसके बाद किसी ने यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामले की जानकारी होने पर फफूंद थाने के प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश पाल ने बताया कि संबंधित दीवान पुलिस लाइन से अतिरिक्त फोर्स के रूप में यहां आया हुआ था। वायरल वीडियो की जानकारी मिलते ही उसकी रवानगी तत्काल पुलिस लाइन के लिए कर दी गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Auraiya News: छेना व मिठाई के लिए नमूने, 55 किलो नष्ट कराई मिठाई

0

औरैया। त्योहार पर मिलावट खोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने अभियान छेड़ रखा है। रविवार को अभियान में टीम ने बिधूना कस्बा में मिठाई दुकानों पर छापा मारा। छापे में संदेह पर छेना की मिठाई व छेना के नमूना लिए। साथ ही खाने योग्य न मिलने पर 50 किग्रा छेना व पांच किग्रा बर्फी नष्ट कराई। तीन दुकानदारों को सुधार का नोटिस भी दिया। खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन लखनऊ के आयुक्त व जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार राय के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने दुकानों पर छापेमारी की जा रही है।

रविवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास ने बिधूना बाजार में मिठाई बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा डाला। यहां पर मिलावट का संदेह होने पर छेना की मिठाई और छेना का नमूना लिया। मौके पर खाने योग्य न पाए जाने पर पांच हजार रुपये की 50 किलो छेना मिठाई नष्ट कराया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरन सिंह ने चार प्रतिष्ठानों पर जांच की। दो हजार कीमत की करीब पांच किग्रा बर्फी नष्ट कराया। उन्होंने तीन प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी की की।

Auraiya News: अस्पतालों मे उमड़ रहे वायरल के मरीज

0

औरैया। मौसम में तब्दीली के साथ ही वायरल बुखार का प्रकोप तेजी से बढ़ा है। अस्पतालों में इन दिनों बुखार, खांसी व जुकाम के मरीज बहुतायत में आ रहे हैं। जिन्हें जांच के बाद जरूरी दवाएं व परामर्श दिया जा रहा है। खास तौर पर मौसम के बदलाव के साथ दिनचर्या में तब्दीली की सलाह दी जा रही है। रात में ठंडक के बीच शरीर को गर्म रखने के लिए कपड़े पहनने को कहा जा रहा है।

दिबियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को 230 मरीज पहुंचे। जिसमें से खांसी जुकाम व बुखार के 110 मरीज रहे। जिनमें से 40 मरीजों से खून का सैंपल लेकर जांच की गई। किट से हुई जांच में वायरल बुखार पाया गया। मरीजों की अधिकता को देखते हुए सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय आनंद ने अन्य डॉक्टरों के साथ मरीजों को परामर्श दिया। डॉ. विजय आनंद ने बताया कि वायरल बुखार मरीजों को एक सप्ताह तक चपेट में ले रहा है। लोगों को जरूरी दवा का लगातार नियमित सेवन करने को कहा जा रहा है। वायरल बुखार की चपेट में आने वाले मरीज कमजोरी भी महसूस कर रहे हैं। ऐसे में खानपान को दुरुस्त रखने को गया है। दिन में धूप तो रात में हो रही ठंडक बुखार की समस्या बढ़ा रहा है। ऐसे में लोगों को रात के समय शरीर को गर्म रखने की सलाह दी जा रही है। रात में बाहर आवागमन करने पर गर्म कपड़े जरूर पहनें।