Wednesday, May 27, 2026
Home Blog Page 11

Auraiya News: दो बार तार टूटने से पांच-पांच घंटे गुल रही 150 गांवों में बिजली

0

फफूंद। भीषण गर्मी के बीच कस्बे व क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। असेनी से केशमपुर सब स्टेशन आने वाली 33 केवीए लाइन 24 घंटे के दौरान दो बार टूटी। इससे करीब 150 गांवों व कस्बे में पांच-पांच घंटे तक आपूर्ति ठप रही।ग्रामीणों ने बताया कि करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित चपटा विद्युत स्टेशन का लोड जुड़े होने से लगातार फॉल्ट और ट्रिपिंग की समस्या बढ़ गई है। सोमवार शाम करीब पांच बजे के बाद असेनी से केशमपुर आई 33 केवीए लाइन का तार टूटने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इससे करीब पांच घंटे तक आपूर्ति ठप रही। रात करीब साढ़े दस बजे तार जोड़ने के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। इसके बाद भी पूरी रात बार-बार ट्रिपिंग होती रही।मंगलवार सुबह करीब पांच बजे फिर तार टूटने से आपूर्ति बंद हो गई। इसके पांच घंटे बाद सुबह करीब साढ़े दस बजे आपूर्ति बहाल हो सकी। लगातार हो रही कटौती और फाल्ट से लोगों को पूरी रात जागकर बितानी पड़ी। पेयजल संकट भी गहराने लगा है।इससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। राष्ट्रीय कोरी कोली जागृति महासभा के अध्यक्ष बेचेलाल कोरी, आसिफ सिद्दीकी, गुड्डन दीक्षित, शिव मोहन, रामकिशोर कठेरिया, सनी खां व गुड्डू अग्निहोत्री का कहना है कि पिछले छह वर्षों से चपटा विद्युत स्टेशन की लाइन अलग करने की मांग की जा रही है लेकिन विभाग द्वारा कोई समाधान नहीं किया गया।

केशमपुर विद्युत स्टेशन के अवर अभियंता धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि गर्मी के कारण लोड अधिक होने से दिक्कत आ रही है। चपटा विद्युत सब स्टेशन की लाइन से हो रही दिक्कत के बारे में उपखंड अधिकारी अजीतमल को भी जानकारी दे दी गई है।

ट्रांसफार्मर की केबल में लगी आग, बिजली गुल
दिबियापुर। ग्राम पंचायत बैसुंधरा में सोमवार देर रात भीषण गर्मी व ओवरलोड के कारण ट्रांसफार्मर की केबल में आग लग गई। आग की लपटें देखकर ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई और वह घरों से बाहर निकल आए। ग्रामीणों की सूचना पर लाइनमैन मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिजली आपूर्ति बंद करवाकर आग बुझाने का प्रयास किया।
काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने से ट्रांसफार्मर की केबल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इससे पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि नई केबिल लगाए जाने के बाद ही विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सकेगी।
बिजली गुल होने से ग्रामीणों को पूरी रात भीषण गर्मी और उमस में परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने विभाग से जल्द से जल्द नई केबल लगाकर बिजली आपूर्ति सुचारु करने की मांग की है।(संवाद)
—-
तार टूटने से घंटे भर बाधित रही आपूर्ति
कंचौसी। सोमवार की रात कस्बे के आंबेडकर तिराहे पर बिजली लाइन का तार टूटने से एक घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। इससे लोग परेशान हो गए। सूचना मिलते ही कर्मचारियों ने तार जोड़कर आपूर्ति चालू कराई।
ग्रामीणों ने बताया कि बिजली का तार टूटने से ढिकियापुर ,घसा पुरवा, सुखमपुर, बिझाई व कंचौसी कस्बे की आपूर्ति बाधित हो गई। जेई सतीश जायसवाल ने बताया कि रात में तार टूट गया था। उसे सही कर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।

Kanpur: सेवानिवृत्त कर अधिकारी के घर से चोरों ने लाखों का माल उड़ाया, जांच में जुटी पुलिस

0

मसवानपुर में चोरों ने सेवानिवृत्त राज्य कर अधिकारी के घर में घुसकर नकदी समेत लाखों का माल उड़ा दिया। वारदात के वक्त परिवार मकान के दूसरे हिस्से में सो रहा था। सुबह जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पीड़ित परिवार से तहरीर लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।राज्य कर अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त विनोद कुमार दीक्षित के मसवानपुर सरायं में दो अगल-बगल मकान हैं। परिवार में पत्नी मंजू व दो विवाहित बेटे आशुतोष और नंद किशोर दीक्षित हैं। परिजनों के मुताबिक नंदकिशोर की गृहस्थी का सामान दूसरे मकान में रखा है जिसमें अभी निर्माण कार्य चल रहा है। एक सप्ताह पूर्व विनोद को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। पैर में फ्रैक्चर हो गया। इधर सोमवार को परिजन ने उन्हें ऑपरेशन के लिए वेदांता अस्पताल में भर्ती कराया। इसी दौरान देर रात चोरों ने निर्माणाधीन मकान में घुसकर कमरे के दरवाजा तोड़ अंदर रखी अलमारी से एक लाख रुपये नकदी, हार, झाले, झुमके सहित 65 ग्राम सोना पार कर दिया। सुबह विनोद की पत्नी मंजू पूजा करने गईं तब वारदात का पता चला।

अलमारी को शटरिंग में प्रयोग होने वाले औजारों से तोड़ा गया था। जो बेड पर पड़े मिले। आशंका है कि मकान में काम करने वाले मिस्त्रियों ने ही वारदात को अंजाम दिया। रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि वारदात को किसी पारिवारिक व्यक्ति ने अंजाम दिया है। जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।

Lucknow News: मोबाइल फोन में युवक के साथ तस्वीर देख प्रेमी ने मार डाला

0

लखनऊ। पीजीआई एल्डिको-2 रक्षाखंड की रहने वाली शिवानी सिंह की हत्या उनके प्रेमी एल्डिको कॉलोनी निवासी प्रेम कुमार मांझी ने की थी। सहकर्मी के साथ शिवानी की दोस्ती और उनके मोबाइल में दोनों की साथ में फोटो देखकर भड़के आरोपी प्रेम कुमार ने वारदात को अंजाम दिया। उसने पहले रबर के पाइप से गला कसकर शिवानी की हत्या कर दी। फिर पहचान छिपाने के लिए सिर व चेहरे को ईंट से कूंच दिया। पुलिस ने आरोपी प्रेम कुमार मांझी को गिरफ्तार कर लिया है।

डीसीपी साउथ अमित आनंद ने बताया कि एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस ने शिवानी के मोबाइल फोन की डिटेल खंगाली तो आरोपी प्रेम कुमार मांझी का पता चला। लोकेशन ट्रेस की गई तो घटना के समय दोनों की लोकेशन एक साथ मिली। इस पर पुलिस को प्रेम कुमार पर शक हो गया। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से भी पुष्टि हुई कि घटना से पहले शिवानी और प्रेम कुमार एक साथ थे। मंगलवार को शहीद पथ सेक्टर-8 अंडरपास के पास से आरोपी प्रेम कुमार मांझी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने शिवानी की हत्या करने की बात कबूल ली।

आठ वर्ष से थी दोनों में दोस्ती

एसीपी गोसाईंगंज ऋषभ यादव के अनुसार, प्रेम कुमार ने बताया कि उसकी व शिवानी की दोस्ती आठ वर्षों से थी। करीब छह माह पहले शिवानी जहां काम करती थी, वहां मनीष नाम के युवक से उसकी दोस्ती हो गई थी। यह बात उसे पसंद नहीं थी। उसने शिवानी को इसके लिए टोका भी था। कुछ दिन पहले उसने शिवानी के मोबाइल फोन ने मनीष और शिवानी की एक साथ फोटो देख ली थी। उसी दिन उसने शिवानी की हत्या करने का मन बना लिया था।

UP: बरेली जल निगम के तीन इंजीनियर निलंबित, दो कंपनियां ब्लैकलिस्ट, टंकी गिरने के मामले में बड़ी कार्रवाई

0

बरेली में जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी गिरने के मामले में सरकार ने बड़ी कार्रवाई की है। जल निगम (ग्रामीण) बरेली की अधिशासी अभियंता कुमकुम और दो जूनियर इंजीनियरों को निलंबित कर दिया गया है। आउटसोर्सिंग के माध्यम से तैनात दो सहायक अभियंताओं की सेवा भी समाप्त कर दी गई है। दोनों निर्माण एजेंसियों एनसीसी लिमिटेड और थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन (टीपीआई) एजेंसी बीएलजी कंस्ट्रक्शन सर्विसेज को ब्लैकलिस्ट कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।चार मई को बरेली के आलमपुर जाफराबाद विकासखंड में निर्माणाधीन पानी की टंकी गिर गई थी। इसके बाद शासन ने मामले की जांच के लिए समिति गठित की थी। प्राथमिक जांच रिपोर्ट में निर्माण और निगरानी में गंभीर लापरवाही सामने आई। जिसके बाद जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव के निर्देश पर कार्रवाई की गई है। शासन ने स्पष्ट किया है कि ब्लैकलिस्ट अवधि के दौरान एनसीसी लिमिटेड और बीएलजी कंस्ट्रक्शन सर्विसेज को कोई नया सरकारी कार्य नहीं दिया जाएगा।

पांच प्रतिशत जुर्माना भी लगाया
निर्माण एजेंसी एनसीसी लिमिटेड पर योजना लागत का पांच प्रतिशत जुर्माना भी लगाया गया है। साथ ही कंपनी को अपने खर्च पर नई पानी की टंकी का निर्माण कराना होगा। वहीं टीपीआई एजेंसी बीएलजी कंस्ट्रक्शन सर्विसेज पर एक प्रतिशत पेनाल्टी लगाई गई है। बीएलजी कंस्ट्रक्शन के बरेली प्रभारी को भी तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है।

यूपी: 48 डिग्री पारे के साथ यूपी का यह जिला एशिया में सबसे गर्म, आज गर्मी और लू का रेड अलर्ट; जानिए चेतावनी

0

Weather in UP: यूपी में गर्मी अपने चरम पर है। प्रदेश का बांदा जिला देश ही नहीं एशिया में सबसे गर्म रहा। 19 मई को यहां पारा 48 डिग्री के ऊपर चला गया।

बुंदेलखंड और कई दक्षिणी जिलों में मंगलवार को आसमान से आग बरसी। 48.2 डिग्री सेल्सियस के साथ बांदा दूसरे दिन भी देश में सर्वाधिक गर्म शहर रहा। गर्म हवा और लू के थपेड़ों ने लोगों को बेचैन किया। झांसी, आगरा, प्रयागराज, उरई आदि जिलों में पारा 45 डिग्री के पार चला गया।

माैसम विभाग ने बुधवार के लिए प्रदेश के 11 जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं 14 अन्य जिलों में प्रचंड गर्मी की चेतावनी है। यानी ऐसे तपिश भरे माैसम में बुजुर्गो, मरीजों व बच्चों को खास एहतियात बरतने की जरूरत है। वहीं, कई जिलों में रातें भी सामान्य से अधिक गर्म रहने वाली हैं।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह का कहना है कि अगले एक हफ्ते तक प्रदेश में भीषण लू की परिस्थितियां रहने वाली हैं। वहीं, पश्चिमी इलाकों में कई जिलों में रातें सामान्य से काफी ज्यादा गर्म होंगी।

सर्वाधिक तापमान वाले जिले

बांदा- 48.2 डिग्री सेल्सियस
झांसी- 46.5 डिग्री सेल्सियस
आगरा- 46.5 डिग्री सेल्सियस
प्रयागराज-45.8 डिग्री सेल्सियस

इन जिलों में है लू का रेड अलर्ट

बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, फतेहपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी व आसपास के क्षेत्र ।

इन जिलों में है लू का ऑरेंज अलर्ट

कौशांबी, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, बलिया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, रायबरेली, औरैया, ललितपुर व आस पास के क्षेत्र ।

यहां है उष्ण रात्रि होने की संभावना

शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, फिरोजाबाद व आस पास के क्षेत्र।

लू और भीषण गर्मी से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग सतर्क : ब्रजेश पाठक

 प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी और लू की चेतावनी के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सभी मंडलीय, जिला, संयुक्त, शहरी एवं ग्रामीण अस्पतालों, मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य केंद्रों में गर्मी से प्रभावित मरीजों के समुचित इलाज के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संभावित मरीजों की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त बेड, जीवनरक्षक दवाइयों और आवश्यक औषधियों का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं।

अस्पतालों में मरीजों और तीमारदारों के लिए पेयजल, छाया, पंखे, कूलर और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया है। जिन जिलों में निजी मेडिकल कॉलेज या केंद्र सरकार के अस्पताल हैं, वहां मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को उनसे समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत पड़ने पर जिलाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों से सहयोग लेने को भी कहा गया है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी, नींबू पानी, छाछ और ओआरएस लेने, हल्के सूती कपड़े पहनने तथा चक्कर, उल्टी या तेज बुखार होने पर तुरंत अस्पताल जाने की सलाह दी है।

यूपी: बसपा से गठबंधन करना चाहते हैं राहुल गांधी, मायावती के घर भेजे अपने दूत; बसपा सुप्रीमो ने वापस लौटाए

0

कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी का संदेश लेकर मायावती के दरवाजे पर पहुंचे कांग्रेस नेताओं को बैरंग लौटना पड़ा। मायावती ने मिलने से इनकार कर दिया। कांग्रेस नेता गेट पर अपना नाम लिखवाकर लौट आए। हालांकि पार्टी नेताओं का कहना है कि वे सिर्फ औपचारिक मुलाकात के लिए गए थे।बसपा प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती इन दिनों लखनऊ में हैं। यह जानकारी मिलने पर कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम, विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद तनुज पुनिया व अन्य नेता मायावती के आवास पर पहुंचे। उन्होंने मिलने का संदेशा भेजवाया। चर्चा है कि वे कांग्रेस के महासचिव राहुल गांधी का संदेशा लेकर गए थे। वे आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बातचीत करना चाहते थे, लेकिन मायावती ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। कांग्रेस नेताओं से मिलने से मना कर दिया। ऐसे में उन्हें बैरंग लौटना पड़ा। कांग्रेस नेताओं को बिना बुलाए मायावती के दरवाजे पर जाने को लेकर प्रदेश की सियासत में तरह- तरह की चर्चाएं हैं।

इस संबंध में कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम का कहना है वह दलित समाज की पूर्व मुख्यमंत्री हैं। ऐसे में उनका हालचाल लेना हमारा दायित्व है। हमने अपना नाम गेट पर लिखवा दिया है। जब बुलाएंगी तो दोबारा मिलने जाएंगे। 

BSC स्टूडेंट को ‘डार्लिंग’ कहने वाले प्रोफेसर पर गिरी गाज, किए गए सस्पेंड

0

लखनऊ: लखनऊ विश्वविद्यालय (एलयू) के प्राणीशास्त्र विभाग के एक सहायक प्रोफेसर को एक छात्रा से फोन पर कथित तौर पर आपत्तिजनक बातचीत करने के आरोप में मंगलवार को निलंबित कर दिया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह जानकारी दी। विश्वविद्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक मंगलवार को कुलपति प्रोफेसर जे.पी. सैनी की अध्यक्षता में कार्यपरिषद की लगातार दूसरे दिन हुई आपात बैठक में तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय अनुशासन समिति की अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर आरोपी सहायक प्रोफेसर डॉक्टर परमजीत सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का फैसला लिया गया।

शिक्षक आचरण नियमावली का उल्लंघन
बयान के अनुसार समिति ने अपनी अंतरिम रिपोर्ट में स्पष्ट किया है कि यह आरोप सिद्ध हुआ है कि शिक्षक ने परीक्षा प्रश्न-पत्र लीक करने का प्रलोभन देकर छात्रा के यौन शोषण का प्रयास किया जो शिक्षक आचरण नियमावली का उल्लंघन है। समिति ने कहा कि शिक्षक की हरकत से विश्वविद्यालय की साख, सामाजिक प्रतिष्ठा एवं अकादमिक निष्ठा को गंभीर क्षति पहुंची है तथा यह कार्यस्थल पर गंभीर यौन एवं मानसिक उत्पीड़न और अशोभनीय कदाचार से जुड़ा है।

बर्खास्तगी की भी हो सकती है कार्रवाई 
बयान के मुताबिक इस मामले में निलंबन की कार्यवाही के साथ-साथ आरोपी शिक्षक के खिलाफ एक आरोप पत्र भी जारी किया गया है जिस पर उसे 15 दिन के अंदर सुबूतों के साथ लिखित सफाई पेश करनी होगी । बयान के अनुसार अगर वह ऐसा करने में नाकाम रहता है तो इसे अपराध के प्रति उसकी मूक स्वीकारोक्ति मानते हुए उसकी बर्खास्तगी की कार्यवाही भी की जा सकती है।

सोशल मीडियाऑडियो क्लिप हुआ था वायरल 
आप को बता दें कि यह मामला सहायक प्रोफेसर परमजीत सिंह और बीएससी अंतिम वर्ष की एक छात्रा के बीच बातचीत के एक कथित ऑडियो क्लिप सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद सामने आया था। क्लीप में से एक में आरोपी कथित तौर पर छात्रा से यह कहते हुए सुना गया, “डार्लिंग, तुम्हारा पेपर लीक हो गया है। परीक्षा से पहले अपने घर से यहां आ जाओ और हम तुम्हें यहीं पेपर दे देंगे।” इस मामले में विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक की शिकायत पर हसनगंज थाने में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने पिछली 16 मई को आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया था।

प्रतापगढ़ में ANTF-पुलिस का बड़ा एक्शन: ₹1 करोड़ से अधिक की हेरोइन के साथ बाराबंकी का ड्रग तस्कर गिरफ्तार

0

Pratapgarh News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में पुलिस और मादक पदार्थ रोधी कार्य बल (ANTF) की प्रयागराज इकाई के संयुक्त अभियान के तहत एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार करके उसके कब्जे से एक करोड़ रुपए से ज्यादा मूल्य की हेरोइन बरामद की गई है।

गुप्त सूचना पर एक्शन: बकुलही नदी के पास से दबोचा गया रिजवान
अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार ने बताया कि एक गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए देल्हूपुर क्षेत्र में बकुलही नदी के पुलिया के पास पुलिस और एएनटीएफ के जवानों की एक टीम ने रिजवान-उर-रहमान नामक व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली।

तलाशी में 503 ग्राम हेरोइन बरामद, आरोपी पर केस दर्ज
उन्होंने बताया कि बाराबंकी जिले के रहने वाले रहमान की तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 503.6 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपए से अधिक आंकी गई है। पुलिसने बताया कि आरोपी के खिलाफ कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

मां डिप्टी मेयर और बेटा बना मेयर…23 साल की उम्र में तुषार ने ब्रिटेन में रचा इतिहास…परिवार और प्रदेश में खुशियां

0

हरियाणा डेस्क : हरियाणा से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है जिससे हर हरियाणवी का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है। रोहतक के 23 वर्षीय तुषार कुमार ब्रिटेन के एल्स्ट्री और बोरहमवुड टाउन काउंसिल के सबसे कम उम्र के भारतीय मूल के मेयर चुने गए हैं। उनकी मां परवीन रानी भी हर्ट्समेरे बरो काउंसिल में डिप्टी मेयर बनी हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे देश में खुशी की लहर है।

उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा और कुल 832 वोट हासिल किए। लेकिन असली हैरानी तब हुई जब कड़े मुकाबले में उन्होंने कंजर्वेटिव उम्मीदवार को सिर्फ 1 वोट के अंतर से मात दे दी।

दोबारा गिनती के बाद नतीजा और भी ऐतिहासिक बन गया, क्योंकि जिस सीट पर लगभग 30 साल से कंजर्वेटिव पार्टी का दबदबा था, वहां अब नया चेहरा जीतकर सामने आया। इसके साथ ही तुषार ब्रिटेन के सबसे कम उम्र के भारतीय मूल के मेयर बन गए हैं।

कौन हैं तुषार 

जानकारी के मुताबिक, तुषार मूल रूप से हरियाणा के रोहतक के रहने वाले हैं। वह 10 साल की उम्र तक रोहतक में ही रहे। इसके बाद वह अपने माता-पिता के साथ रोहतक से यूके चले गए। लेकिन अपनी जन्मभूमि और भारतीय संस्कृति से उनका जुड़ाव कभी कम नहीं हुआ।

उनके माता-पिता शिक्षा के क्षेत्र में ही काम करते हैं। तुषार ने कहा कि मेरी मां ने मुझे अपनी संस्कृति और विरासत से जुड़े रहना सिखाया है।

‘रोम में आपका स्वागत है मेरे दोस्त’, इटली पहुंचते ही वायरल हुई मोदी-मेलोनी की नई सेल्फी

0

इंटरनेशनल डेस्कः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के आखिरी पड़ाव पर मंगलवार शाम इटली की राजधानी रोम पहुंचे, जहां उनका अभूतपूर्व स्वागत किया गया। एयरपोर्ट पर इटली के उप प्रधानमंत्री एंटोनियो ताजानी ने खुद उनकी अगवानी की। इस दौरान वहां मौजूद भारतीय समुदाय के लोगों में भारी उत्साह देखा गया, जिनसे पीएम मोदी ने मुलाकात कर बातचीत भी की।

मेलोनी ने लिखा— ‘रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त!’
इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के विशेष निमंत्रण पर हो रहा यह पीएम मोदी का पहला आधिकारिक द्विपक्षीय दौरा है। मेलोनी ने सोशल मीडिया पर पीएम मोदी के साथ एक खास तस्वीर (सेल्फी) साझा करते हुए अपनी दोस्ती का इजहार किया। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “रोम में आपका स्वागत है, मेरे दोस्त!”, जो दोनों देशों के बीच बढ़ते व्यक्तिगत और कूटनीतिक तालमेल को दर्शाता है।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा रोम
पीएम मोदी के सम्मान में उनके होटल में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां भारतीय और इटालियन संस्कृति के संगम के रूप में शास्त्रीय नृत्य और वाद्य संगीत की प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने माहौल को पूरी तरह भारतीय रंग में रंग दिया।

अहम एजेंडा: आर्थिक गलियारा और खाद्य सुरक्षा
प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी इस यात्रा के मुख्य उद्देश्यों को स्पष्ट करते हुए बताया कि वह राष्ट्रपति सर्जियो मैटारेला और प्रधानमंत्री मेलोनी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इस यात्रा के मुख्य बिंदु निम्नलिखित हैं:

  • IMEC पर फोकस: ‘भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे’ (IMEC) पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा।
  • रणनीतिक योजना: दोनों देश ‘संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना 2025-2029’ की समीक्षा करेंगे।
  • वैश्विक खाद्य सुरक्षा: पीएम मोदी संयुक्त राष्ट्र खाद्य एवं कृषि संगठन (FAO) के मुख्यालय का दौरा करेंगे, जो वैश्विक खाद्य सुरक्षा के प्रति भारत की गंभीरता को दर्शाता है।

तेजी से बढ़ते आर्थिक रिश्ते
हाल के वर्षों में भारत और इटली के व्यापारिक रिश्तों में बड़ा उछाल आया है। वर्ष 2025 में दोनों देशों के बीच व्यापार 16.77 अरब डॉलर तक पहुंच गया है, जबकि इटली का भारत में कुल प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI) 3.66 अरब डॉलर दर्ज किया गया है। रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और तकनीक जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग की नई रूपरेखा तैयार की जा रही है।

पीएम मोदी इटली पहुंचने से पहले नॉर्वे, स्वीडन, नीदरलैंड और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) का सफल दौरा कर चुके हैं।