Thursday, February 12, 2026
Home Blog Page 285

Lucknow: हर्षदीप के गीतों से सूफियाना हुई शाम, लखनऊ में अपने पहले लाइव कॉन्सर्ट में जीता दर्शकों का दिल

0
सूफी की सुल्ताना नाम से मशहूर हर्षदीप कौर का लखनऊ में यह पहला लाइव कॉन्सर्ट था।
मशहूर बॉलीवुड गायिका हर्षदीप कौर की मखमली आवाज का जादू शनिवार शाम लखनवियों के सिर चढ़कर बोला। इस मखमली आवाज में कभी सूफियाना रंग चढ़ा तो कभी बॉलीवुड का तड़का लगा। कभी पंजाब की खुशबू बिखरी तो कभी मोहब्बत का सुरूर छाया। कव्वाली की गूंज भी सुनाई। दर्शक दिल थामकर सुनते रहे और हर्षदीप के साथ थिरकते रहे। यह नजारा था 94.3 बिग एफएम की ओर से एलडीए कॉलोनी आशियाना स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रेक्षागृह में आयोजित हर्षदीप कौर के लाइव कॉन्सर्ट का। अमर उजाला ने इस आयोजन में मीडिया पार्टनर की भूमिका निभाई। सूफी की सुल्ताना नाम से मशहूर हर्षदीप कौर का लखनऊ में यह पहला लाइव कॉन्सर्ट था।

हर्षदीप ने मंच पर पहुंचते ही लखनऊ के दर्शकों का अभिवादन किया। उन्होंने सबसे पहले इक ओंकार सतनाम करता पुरख… गाकर आगाज किया। इसके बाद आज दिन चढ्या तेर अज्ज दिन चढ़ेया तेरे रंग वरगा… फूल सा है खिला आज दिन रब्बा मेरे दिन ये ना ढले… से सूफियाना रंग मंच पर बिखेरा।

फिर नुसरत फतेह अली का गीत सांसों की माला पे सिमरू मैं पी का नाम… गाकर पूरे प्रेक्षागृह को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद वे पीर वी तू प्यार वी तू दीन वी तू ईमान वी तू… सुनाया।  ये जवानी है दीवानी फिल्म में गाया गीत कैसी तेरी खुदगर्जी… कबीरा मान जा… जब हर्षदीप ने गुनगुनाना शुरू किया तो उनके साथ सामने बैठे दर्शकों ने भी साथ में गुनगुनाना शुरू कर दिया।

गाना खत्म हुआ तो दर्शकों ने वंस मोर की फरमाइश की और हर्षदीप ने दोबारा गाया।  इसके बाद चार दिनों का प्यार ओ रब्बा लंबी जुदाई…, आज जाने की ज़िद न करो… , सानु इक पल चैन न आवे सजना तेरे बिना…, पिया रे थारे बिना लागे नहीं मेरा जिया  रे… से खूब धमाल मचाया। इसके बाद फिल्म राजी का गीत मुड़के न देखो दिलबरो… गाकर दर्शकों को भावुक कर दिया।

यूपी: प्रदेश में इस साल फहराए जाएंगे 4.6 करोड़ तिरंगे, पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी से भी मिलेंगे झंडे

0
Tricolor campaign in UP: यूपी में इस साल चार करोड़ 60 लाख से ज्यादा तिरंगा फहारने का लक्ष्य रखा गया है।  मुख्य सचिव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से सभी जिलों केडीएम के साथ हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियों की समीक्षा की।

एसपी गोयल ने शनिवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग से सभी जिलाधिकारियों के साथ ‘हर घर तिरंगा अभियान-2025’ की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्य सचिव ने ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को प्रदेश भर में एक जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। जिलाधिकारियों को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि गत वर्षों में हर घर तिरंगा अभियान उत्साह, उमंग और जनभागीदारी के साथ आयोजित किया गया था। इस बार भी वृहद प्रचार-प्रसार व जनजागरूकता से लोगों को फिर तिरंगा झंडा फहराने के लिए प्रेरित करें। अभियान के तहत इस साल 4.6 करोड़ से अधिक तिरंगा फहराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अनुरूप स्वयं सहायता समूह, एनजीओ, एमएसएमई, खादी ग्रामोद्योग व अन्य निजी सिलाई केंद्रों के माध्यम से झंडों का निर्माण कराएं।

पंचायत भवनों, जन सेवा केन्द्रों, राशन केन्द्रों, तहसील, विकास खंड, पेट्रोल पंप, गैस एजेंसी, डाकघर आदि में वितरण की व्यवस्था कराई जाए। जनभागीदारी बढ़ाने के लिए बाइक और साइकिल रैली, युवा परेड और सामुदायिक तिरंगा यात्राएं आयोजित की जाएं। राष्ट्रीय गौरव, एकता और देशभक्ति की चेतना के संदेश को मजबूत करने के लिए स्कूली बच्चों, युवाओं और सभी क्षेत्रों के नागरिकों को शामिल किया जाए। शैक्षणिक संस्थानों, स्मारकों और सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा-थीम वाली लाइटिंग, भित्ति चित्रों और रंगोली कला से सजाया जाए।

बैठक में प्रमुख सचिव पंचायतीराज अनिल कुमार, प्रमुख सचिव सिंचाई अनिल गर्ग, प्रमुख सचिव राजस्व पी गुरुप्रसाद, प्रमुख सचिव होमगार्ड राजेश कुमार सिंह, प्रमुख सचिव खादी व ग्रामोद्योग अनिल कुमार सागर, ग्राम्य विकास आयुक्त गौरी शंकर प्रियदर्शी, राहत आयुक्त भानु चन्द्र गोस्वामी आदि उपस्थित थे। 

सेल्फी विथ तिरंगा के लिए करें प्रोत्साहित

मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि नागरिकों को सेल्फी विद तिरंगा अभियान में भाग लेने तथा राष्ट्रीय ध्वज के साथ अपनी तस्वीरें ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने के लिए प्रोत्साहित करें। 08 अगस्त को काकोरी ट्रेन एक्शन शताब्दी महोत्सव समारोह का आयोजन जनभागीदारी व उत्साह के साथ कराएं। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में काकोरी शताब्दी महोत्सव समापन समारोह का आयोजन शहीद स्मारक-काकोरी में किया जायेगा। 08-09 अगस्त को सैनिकों, अर्द्धसैनिक बलों, पुलिस कर्मियों, सुरक्षा कर्मियों को तिरंगा राखी बांधने का कार्यक्रम आयोजित किया जाए। डाक विभाग से समन्वय स्थापित सीमाओं पर सैनिकों व अर्द्धसैनिकों बलों को तिरंगा राखी भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं।

2 से 15 अगस्त तक चलेगा अभियान
बैठक में संस्कृति विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश कुमार मेश्राम ने बताया कि हर घर तिरंगा 2025 अभियान 2 से 15 अगस्त के बीच तीन अलग-अलग चरणों में चलाया जाएगा। इसमें 2 से 8 अगस्त तक सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा-थीम वाली दीवारों, भित्ति चित्रों और रंगोली कला से सजाया जाएगा। 9 से 12 अगस्त तक सांस्कृतिक उत्सव (तिरंगा महोत्सव) और मेले आयोजित किए जाएंगे। तिरंगे थीम पर बनाए गए उत्पादों को प्रदर्शित किया जाएगा। 13 से 15 अगस्त के बीच ध्वजारोहण समारोह और प्रमुख सरकारी भवनों, संस्थानों, पुलों बांधों, सार्वजनिक स्थलों तिरंगा लाइटिंग से प्रकाशित किया जाएगा।

यूपी: निरस्त होंगे 50 से ज्यादा छात्र संख्या वाले स्कूलों के विलय संबंधी आदेश, अब नए सिरे से होंगे तबादले

0

प्रदेश में एक किलोमीटर से ज्यादा दूरी और 50 से ज्यादा बच्चों वाले परिषदीय विद्यालयों का विलय न करने के आदेश से पहले जिन ऐसे स्कूलों का विलय हो चुका था उन्हें निरस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका असर परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों की चल रही तबादला व समायोजन प्रक्रिया पर भी पड़ेगा। इसी क्रम में बेसिक शिक्षा परिषद ने ऑनलाइन आवेदन की तिथि एक से बढ़ाकर चार अगस्त कर दी है।

परिषद के सचिव सुरेंद्र तिवारी की ओर से हाल ही में जारी आदेश में यह कहा गया था कि विलय वाले विद्यालयों के शिक्षक भी तबादले व समायोजन के लिए ऑनलाइन आवेदन करेंगे। पर, अब कुछ विद्यालयों का विलय वापस होने की संभावना है तो इन स्कूलों के शिक्षक सबसे ज्यादा ऊहापोह में हैं। अगर वे तबादले के लिए आवेदन कर दें और दूसरे विद्यालय में उनकी तैनाती हो जाए और बाद में उनका विद्यालय फिर से संचालित होने लगे तो यहां कौन पढ़ाएगा?

वहीं, अगर विद्यालय का विलय निरस्त हो गया तो क्या उन शिक्षकों का तबादला भी निरस्त होगा। विभाग के पास भी इन सवालों का कोई जवाब नहीं है। जिन विद्यालयों का विलय निरस्त होना है उसकी प्रक्रिया एक सप्ताह में पूरी होनी है। ऐसे में यह माना जा रहा है कि विभाग अभी इसकी तिथि और आगे बढ़ाएगा या फिर कुछ और संशोधन किए जाएंगे। 

स्कूल बंद करना पीडीए के खिलाफ बड़ी साजिश : अखिलेश

UP: Merger orders of schools with more than 50 students will be cancelled, transfer process will start in a ne
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता समझ गई है कि स्कूल बंद करना पीडीए समाज के खिलाफ भाजपा की एक बहुत बड़ी साजिश है। ताकि, पीडीए समाज के लोग पढ़ न पाएं। इन स्कूलों में बूथ न बन पाएं, जिससे पीडीए समाज वोट न डाल सके। भाजपा का यह राजनीतिक षडयंत्र हम कभी सफल नहीं होने देंगे। समाजवादी पार्टी का पीडीए पाठशाला का अभियान जारी रहेगा।

अखिलेश ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि भाजपा सरकार के एजेंडे में शिक्षा, नौकरी और रोजगार नहीं है। भाजपा की डबल इंजन की सरकार हर मोर्चे पर फेल है। विद्यार्थी और शिक्षक सड़क पर आंदोलन करने पर मजबूर हैं। भाजपा सरकार नौजवानों का वर्तमान और भविष्य दोनों बर्बाद करने की दोषी है।

यूपी: प्रदेश में आज और कल भारी बारिश की चेतावनी, तापमान में आएगी चार डिग्री की गिरावट; जारी हुए पूर्वानुमान

0

प्रदेश में मानसून की सक्रियता में संभावित वृद्धि के कारण दो दिन तक भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के अपनी सामान्य स्थिति के उत्तर में खिसकने और भौगोलिक परिस्थितियों के प्रभाव से प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ गई है। इस वजह से अनेक स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पिछले 24 घंटों में कासगंज के सहवर में सबसे अधिक 133 मिमी. बारिश दर्ज की गई। वहीं कन्नौज के छिबरामऊ में 127 मिमी., कानपुर में 111 मिमी. बारिश हुई। रविवार और सोमवार को तराई और दक्षिणी पश्चिमी यूपी में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही है। इसकी वजह से तापमान तीन से चार डिग्री तक कम हो सकता है।

जमकर बरसे बदरा, आज और कल भी झमाझम के आसार

 शहर में शनिवार को बादल जमकर बरसे। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक में झमाझम बारिश हुइ्र। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में रविवार व सोमवार को भी भारी बारिश के आसार हैं।बारिश का यह दौर चार-पांच दिन तक जारी रहेगा। इससे तापमान में तीन से चार डिग्री तक की गिरावट आ जा सकती है। बारिश उमस से राहत दिलाएगी। मौसम भी सुहावना रहेगा।

शहर में शनिवार को दिनभर रुक-रुककर होती रही बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक मो. दानिश और अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार को राजधानी में औसत 3.2 मिमी. बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 33.3 और न्यूनतम तापमान 27.1 डिग्री रहा। रविवार को कहीं रुक-रुककर तो कहीं भारी बारिश हो सकती है।

यूपी: प्रदेश में 30 फीसदी महंगा हो सकता है बिजली का नया कनेक्शन, कॉर्पोरेशन ने दिया दरें बढ़ाने का प्रस्ताव

0
UP Electricity Connection Charges Hike : यूपी में नया बिजली कनेक्शन लेना पहले की तुलना में 30 फीसदी महंगा हो सकता है।  पावर कॉर्पोरेशन बिजली दर ही नहीं बल्कि नए कनेक्शन की दरों में भी बढोतरी चाहता है।
 पावर कॉर्पोरेशन बिजली दर ही नहीं बल्कि नए कनेक्शन की दरों में भी बढोतरी चाहता है। घरेलू कनेक्शन की दर में करीब 25 से 50 फीसदी और वाणिज्यिक दर में 100 फीसदी तक बढोतरी की मांग कर रहा है। पावर कार्पोरेशन बिजली दर में करीब 45 फीसदी बढोतरी के साथ ही नए कनेक्शन की दर बढ़ाने का प्रस्ताव दाखिल कर चुका है। नियामक आयोग सभी निगमों में सुनवाई भी कर चुका है।

अब नियामक आयोग की उप समिति की जल्द ही बैठक होने वाली है। इसमें दरों पर विचार विमर्श किया जाएगा। ऐसे में कार्पोरेशन प्रबंधन उप समिति की बैठक में नए कनेक्शन की दरों को बढ़ाने के लिए लगातार पैरवी कर रहा है। दो दिन पहले कार्पोरेशन के अधिकारियों ने इस मुद्दे पर नियामक आयोग में चर्चा भी की। मालूम हो कि प्रदेश में बीपीएल उपभोक्ताओं को करीब 1032 रुपये में कनेक्शन मिलता है। एक किलोवाट का कनेक्शन लेने पर अभी ग्रामीण इलाके में करीब 1172 रुपये और शहरी इलाके में करीब 1570 रुपये जमा करना पड़ता है। यदि 40 मीटर से दूर कनेक्शन होता है तो पोल का खर्च करीब पांच से सात हजार रुपये अतिरिक्त जमा करने होते हैं।

शिकायत प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारियों से ऊर्जा मंत्री ने जाना हाल

 ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने शनिवार को पावर कार्पोरेशन और वितरण निगमों (डिस्कॉम) के शिकायत प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारियों की बैठक ली। वर्चुअल बैठक में शिकायतों की स्थिति की जानकारी ली। लंबित मामलों का जल्द से जल्द निस्तारित करने का निर्देश दिया।

वर्चुअल बैठक में ऊर्जा मंत्री ने नोडल अधिकारियों से पूछा कि किस तरह की शिकायतें ज्यादा आ रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि ट्रांसफार्मर और आपूर्ति से जुड़े मामलों की शिकायत बार- बार आती है। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि उपभोक्ताओं की संतुष्टि ही विभाग की प्राथमिकता है। अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ता सेवा की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं है। विभागीय उत्तरदायित्व तय करते हुए निरंतर निगरानी की जाएगी।

UP News: पुलिस विभाग में चयनित कर्मियों को सीएम योगी ने सौंपा नियुक्ति पत्र, इन पदों पर हुई भर्ती

0

राजधानी लखनऊ में रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस दूरसंचार विभाग के लिए चयनित 1494 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपा। कार्यक्रम इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के सभागार में हो रहा है। कार्यक्रम में सीएम के साथ कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना समेत अन्य लोग मौजूद रहे। इससे पहले डीजीपी राजीव कृष्णा ने सीएम को प्रतीक चिन्ह भेंटकर उनका स्वागत किया।

बताते चलें कि 60244 सिपाहियों की भर्ती के बाद उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा पुलिस के आधुनिकीकरण के प्रक्रिया के तहत दूरसंचार विंग में रिक्त पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा कराया था। इसके आधार पर ही सहायक परिचालकों और कर्मशाला कर्मचारियों का चयन किया गया है। जिन लोगों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा, उनमें 1314 सहायक परिचालक और 120 कर्मशाला कर्मचारी शामिल हैं। 

UP News: स्कूल मर्जर के खिलाफ जुटे आप कार्यकर्ता, बोले- शराब ठेके 300 मीटर पर… तो स्कूल तीन किमी पर क्यों?

0

उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों को बंद करने के फैसले के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने शनिवार को इको गार्डन में प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने स्कूल बचाओ, देश बचाओ और मधुशाला नहीं, पाठशाला चाहिए जैसे नारे लगा कर अपनी नाराजगी जताई।प्रदर्शनकारियों की अगुवाई कर रहे आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने शंख बजाकर जनता से शंखनाद करने की अपील की। उन्होंने सवाल उठाया कि शराब की दुकानें तीन सौ मीटर पर खोली जा रही हैं और स्कूल खोलने के लिए तीन किलोमीटर की बाध्यता लागू की जा रही है? उन्होंने सरकार पर हमला करते हुए कहा कि यह फैसला गरीबों, दलितों, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों के बच्चों को शिक्षा से दूर करने की साजिश है।

जब तक प्रदेश का एक भी बच्चा शिक्षा से वंचित रहेगा, आम आदमी पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। संजय सिंह ने स्पष्ट किया कि आम आदमी पार्टी प्रदेश में एक भी सरकारी स्कूल बंद नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि आम जनता और पार्टी के विरोध के कारण सरकार को स्कूल बंद करने की एक किलोमीटर दूरी और 50 छात्रों की शर्त के निर्णय से पीछे हटना पड़ा, जो जनता की आंशिक जीत है।

उन्होंने कहा कि जब तक प्रदेश के अंतिम स्कूल को भी बंद करने की योजना पूरी तरह रद्द नहीं हो जाती तब तक आंदोलन रुकेगा नहीं। प्रदेश सह प्रभारी दिलीप पांडेय ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी का आंदोलन हर स्कूल के दोबारा खुलने तक जारी रहेगा।

दिल्ली के विधायक अनिल झा ने कहा कि भाजपा सरकार साजिश करके दलित, पिछड़ा, आदिवासी, गरीब के बच्चों को शिक्षा से वंचित रखना चाहती है सरकार के फैसले को किसी कीमत पर लागू नहीं होने दिया जाएगा।

UP Weather: प्रदेशभर में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट, आज इन जिलों में झमाझम बरसे बदरा; जानें अपने जिले का हाल

0

उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता में संभावित वृद्धि के कारण दो दिन तक भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में लगभग सभी जगह गरज-चमक के साथ बारिश और बौछारें पड़ने के आसार हैं। सोमवार को भी बारिश का यह सिलसिला चलेगा और कहीं भारी तो कहीं बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पिछले 24 घंटों में कासगंज के सहवर में सबसे अधिक 133 मिमी. बारिश दर्ज की गई तो वहीं कन्नौज के छिबरामऊ में 127 मिमी. बारिश दर्ज हुई। वहीं कानपुर में भी 111 मिमी. बारिश हुई। रविवार और सोमवार को तराई और दक्षिणी पश्चिमी यूपी में भारी बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही है। इसकी वजह से तापमान में भी गिरावट आएगी। तापमान तीन से चार डिग्री तक कम हो सकता है।

यहां भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर एवं आसपास के इलाकों में।

यहां रहेगा भारी वर्षा का यलो अलर्ट

प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत एवं आसपास के इलाकों में।

यहां मेघगर्जन व वज्रपात होने की संभावना

बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रवि दास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर एवं आसपास के इलाकों में।

यूपी में विदेशी पर्यटक की मौत: शिवलिंग पर जल चढ़ाकर गया मेला, झूले पर बैठा; रफ्तार बढ़ने से नीचे गिरा

0

यूपी के महराजगंज स्थित कोतवाली ठूठीबारी थाना क्षेत्र के पंचमुखी शिव मंदिर ईटहिया मेले में शनिवार दोपहर में उस वक्त हड़कंप मच गया। जब मेले में मनोरंजन के लिए लगे झूले से एक नेपाली युवक गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों की मदद से निजी वाहन के जरिए आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल में भर्ती कराया गया। जहां पर डॉक्टरों ने घायल युवक की हालत बिगड़ते देख प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां पर घायल नेपाली युवक की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक पंचमुखी शिव मंदिर ईटहिया में इन दिनों सावन मेला लगा हुआ है। वहीं मेले में आने वाले लोगों के मनोरंजन के लिए प्रशासन की अनुमति से झूला लगाया गया है। शनिवार को कुछ दोस्तों के साथ नेपाल राष्ट्र के नवलपरासी जिला अंतर्गत सुस्ता वार्ड नंबर पांच निवासी विवेक पोखरेल (30) मेला देखने आया हुआ था। जहां पर विवेक जलाभिषेक करने के बाद मेला परिसर में लगे झूले की ओर पहुंचा। उसके बाद वह झूले पर चढ़ गया। इस दौरान झूले की रफ्तार तेज होने के चलते विवेक का संतुलन बिगड़ गया। फिर वह अचानक झूला से गिरकर घायल हो गया। जिसके चलते विवेक की कुछ देर बाद मौत हो गई।

हादसे के बाद मेले में काफी देर तक हड़कंप मचा रहा। हर कोई एक दूसरे से मेले में हुई अचानक हलचल की पूरी जानकारी लेने में जुटा रहा। हालांकि हादसे के कुछ देर बाद मेले में लोगों की भीड़ भी कम होने लगी। वही हादसे के बाद झूला संचालक से लेकर कर्मी मौके से भाग निकले।

वहीं कोतवाली ठूठीबारी थाना प्रभारी निरीक्षक महेंद्र मिश्रा के अनुसार मेले में नेपाली युवक विवेक पोखरेल घायल हो गए थे। इनकी जिला अस्पताल में मौत हो गई है। मृत युवक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इतना ही नहीं पुलिस टीम मेले में पहुंच घटना की जानकारी लेने में जुट गई है। वहीं झूला संचालक और कर्मियों को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है।

POK में लश्कर-ए-तैयबा के खिलाफ बगावत! आतंकी कमांडर को गांव वालों ने जूतों से पीटकर भगाया

0

Peshawar: पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में अब लश्कर-ए-तैयबा जैसे खूंखार आतंकी संगठनों के खिलाफ लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आने लगा है। PoK के कूइयां गांव में स्थानीय लोगों ने आतंकवादियों के खिलाफ ऐसा विद्रोह किया कि कुख्यात आतंकी कमांडर रिजवान हनीफ  को जूतों से पीटकर भागना पड़ा।सूत्रों के मुताबिक रिजवान हनीफ जम्मू-कश्मीर यूनाइटेड मुजाहिदीन (JKUM)  का कमांडर है, जो लश्कर-ए-तैयबा की सहयोगी शाखा के तौर पर काम करता है। उसका मकसद गांव के बच्चों को कट्टरपंथी बना कर आतंकवाद की ट्रेनिंग दिलाना था। लेकिन इस बार ग्रामीणों ने उसका घेराव कर लिया। पहले तो उससे तीखे सवाल-जवाब किए और फिर देखते ही देखते लोग टूट पड़े और जमकर जूतों-चप्पलों से पिटाई हुई और आखिरकार हनीफ को अपनी जान बचाकर भागना पड़ा।

 

आतंकियों को चेतावनी 
जानकारी के मुताबिक गांव के बुजुर्ग और युवा अब आतंकियों के खिलाफ ‘जिरगा’ (पंचायत) बुलाने की तैयारी कर रहे हैं। इस पंचायत में तय होगा कि कोई भी गांववासी आतंकियों का साथ नहीं देगा और गांव में किसी भी आतंकी गतिविधि पर पाबंदी लगाई जाएगी।

भारत के कड़े एक्शन के बाद बढ़ा डर 
लोगों का गुस्सा बताता है कि अब POK के आम लोगों को समझ आ गया है कि आतंकवाद का साथ देने पर अंजाम क्या हो सकता है। भारत ने पहले ही साफ कर दिया है कि चाहे आतंकी पाकिस्तान में कहीं भी छुपे हों-अब कोई सुरक्षित नहीं। हाल ही में पाकिस्तान के पंजाब में मुरीदके और बहावलपुर जैसे आतंकी ठिकानों पर भारतीय हमलों ने यही संदेश दिया है।

POK में बढ़ रही बगावत की चिंगारी 
यह पहली घटना नहीं है। हाल के महीनों में PoK के कई हिस्सों में लोग आतंकवाद के खिलाफ खुलकर बोलने लगे हैं। अब वहां के लोग शिक्षा, बिजली और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए आवाज़ उठा रहे हैं और आतंकियों को गांव से बाहर निकालने के लिए एकजुट हो रहे हैं।