Saturday, February 14, 2026
Home Blog Page 259

अजीतमल हैदरपुर को विकसित ग्राम पंचायत का दर्जा

0

अजीतमल। ब्लॉक सभागार में ग्राम प्रधान व ग्राम पंचायत सहायकों का गुरुवार को एक दिवसीय प्रशिक्षण हुआ। इसमें गांव को विकसित करने का प्रशिक्षण दिया गया। बीडीओ ने बताया कि हैदरपुर ब्लॉक विकसित गांव पंचायत में चयनित हुआ है।ब्लॉक प्रमुख रजनीश पांडेय ने प्रशिक्षण कैंप का शुभारंभ किया। एडीओ पंचायत सर्वेश कुमार ने विषयवार विकास के लक्ष्यों पर जानकारी दी। बीडीओ अतुल यादव ने बताया कि ब्लॉक की हैदरपुर ग्राम पंचायत को विकसित ग्राम पंचायत का दर्जा मिला है।

डीपीआरओ श्रीकांत यादव ने बताया कि इस प्रशिक्षण का उद्देश्य सरकार की योजनाओं का लाभ आखिरी व्यक्ति तक पहुंचाने का है। इस दौरान ग्राम प्रधान, ग्राम सचिव व ग्राम पंचायत सहायक आदि मौजूद रहे। (संवाद)

Auraiya News: सिक्योरिटी गार्ड को मिलेगा 15 हजार वेतन, जाना पड़ेगा दिल्ली एनसीआर

0

औरैया/ककोर। ककोर मुख्यालय स्थित सेवायोजन कार्यालय में गुरुवार को बेरोजगार युवाओं की भीड़ उमड़ी। रोजगार मेले में यहां पर दिल्ली समेत कई अन्य शहरों से आईं कंपनियों ने 120 युवाओं का साक्षात्कार लिया। इसमें से 52 का नौकरी के लिए चयन किया गया।उधर, कंपनी की शर्तों को सुनकर युवा असमंजस की स्थिति में दिखे। सिक्योरिटी गार्ड के लिए दिल्ली एनसीआर में 15 हजार की नौकरी ऑफर हुई, ऐसे में कई युवाआें ने जाने से मना कर दिया।सेवायोजन कार्यालय में आयोजित रोजगार मेले में जी-फोरएस सिक्योरिटी, पुखराज हेल्थकेयर, एलआईसी, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, कॉर्टिनोबस फर्टिलाइजर व होंडा कंपनी के प्रतिनिधियों ने साक्षात्कार लिया। होंडा कंपनी की ओर से युवाओं का ऑनलाइन साक्षात्कार लिया गया, अन्य कंपनी के अधिकारी स्वयं मौजूद रहे।

कंपनियों के प्रतिनिधियों ने युवाओं से उनके अनुभव व कार्य कुशलता की जानकारी ली। साथ ही साथ उन्हें पैकेज व सहूलियतों से लेकर उनके कार्यक्षेत्र से रूबरू कराया। जी-फोरएस सिक्योरिटी कंपनी के प्रतिनिधि अमित अवस्थी के मुताबिक सिक्योरिटी गार्ड को आठ घंटे की ड्यूटी पर 15 हजार वेतन और सप्ताह में एक दिन का अवकाश मिलेगा। ड्यूटी दिल्ली एनसीआर में करनी होगी।

वहीं, इतनी कम पगार और दिल्ली में नौकरी का ऑफर सुनकर युवा किनारा करते नजर आए।
हालांकि युवाओं ने नौकरी के ऑफर का प्रमाण पत्र ले लिया। वहीं एलआईसी के प्रतिनिधि की ओर से जिले में ही काम करने का ऑफर दिया गया, लेकिन नौकरी केवल कमीशन पर होगी। यह बात भी युवाआें को रास नहीं आई। फर्टीलाइजर कंपनी के प्रतिनिधि धर्मवीर के 15 हजार रुपये वेतन का ऑफर सुनकर कुछ युवा सहमत दिखे।
समापन पर चयनित युवाओं के नाम की घोषणा की गई। गांव मेरखपुर निवासी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि 15 हजार वेतन बताया गया है। इसके लिए सोचना होगा। दिबियापुर निवासी विमल ने कहा कि 15 हजार की नौकरी मिली है। अमित ने कहा कि दूसरे शहर जाने का प्रयास करेंगे।

Auraiya News: खाद की दुकानों पर डाला छापा, गोदाम व दुकानें सील

0

बिधूना। डीएम व एसपी ने अधीनस्थ अफसरों के संग गुरुवार को खाद दुकान पर छापा डाला। टीम ने एक खाद गोदाम व तीन दुकानें सील करने की कार्रवाई की। इस हड़कंप मचा रहा।डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी व एसपी अभिजित आर शंकर ने एसडीएम गरिमा सोनकिया के साथ अछल्दा क्षेत्र में खाद की दुकानों व गोदामों पर छापे डाले की। इस दौरान हरीगंज बाजार स्थित राहुल खाद भंडार का गोदाम सील किया गया। महेवा रोड पर हाकिम सिंह के मकान में स्थित राहुल की गोदाम को भी प्रशासन ने सील कर दिया। बाद में अफसरों ने इसी मार्ग पर गोदाम चेक किया, इसमें चीनी रखी होने पर उसे भी सील किया गया।

इसके अलावा गोविंद सिंह के घर पर एनपीके खाद की 18 बोरी बरामद होने पर जब्तीकरण की कार्रवाई की। अफसरों ने आदर्श इंटर कॉलेज मार्केट में गोविंद सिंह की खाद बीज दुकान बंद मिलने पर दुकान को सील करवा दिया। डीएम ने कहा कि किसानों का शोषण करने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

दिबियापुर उमरी गांव की सड़कों पर हो गया जलभराव

0

दिबियापुर। नगर से सटे उमरी गांव की सड़कों पर जलभराव से निकलना मुश्किल हो गया है। बेला रोड के वीजीएम कालेज से गांव जाने वाली मुख्य सड़क पर गंदा पानी भरा है।यही हाल सहायल रोड से आने वाले दूसरे मार्ग का है। गांव निवासी कुलदीप शुक्ला, देवकांत त्रिपाठी व राकेश बाथम ने बताया कि जलनिकासी व्यवस्था चौपट है। कई साल पहले तक गांव में मौजूद तालाब में बारिश का पानी जमा होता था।कुलदीप राजपूत ने कहा कि सफाई कर्मी के लगातार गायब रहने से समस्याएं बढ़ रहीं हैं। गांव के राजू शर्मा, हरी ओम वाजपेई व श्रीकृष्ण शुक्ला ने डीएम से नाला निर्माण की मांग की है।

Auraiya News: रोडवेज के दो चालकों के लाइसेंस जब्त

0

औरैया। यातायात पुलिस व परिवहन विभाग ने गुरुवार को चौराहे पर खड़ी होने वाली बसों व नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान रोडवेज के दो बस चालकों के लाइसेंस जब्त किए गए।इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले सात वाहन चालकों का चालान काटा गया। वहीं बिना हेलमेट के निकल रहे लोगों व छात्र-छात्राआें को अफसरों ने समझाया और चेतावनी देने के बाद जाने दिया।एआरटीओ एनसी शर्मा, यातायात सीओ सृष्टि सिंह फोर्स के साथ सुभाष चौक पहुंची। यहां दो रोडवेज बसें सड़क पर सवारी का इंतजार करते खड़ी मिलीं। गुस्साए अफसरों ने मौजूद दोनों चालकों के लाइसेंस को जब्त कर लिया। इसके बाद बसों को रवाना कर दिया गया।

इसके बाद अफसर फोर्स के साथ रोडवेज बस स्टैंड पहुंचे। वहां एआरएम अपर्णा मीनाक्षी को चौराहे पर रोडवेज बस के खड़े होने से जाम की स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने जगह न होने का हवाला देते हुए आगे से चालक द्वारा बसें न खड़ी करने का आश्वासन दिया।

सीओ यातायात सृष्टि सिंह ने बताया कि चौराहे पर जाम न लगे। इसको लेकर एआरएम से बात की गई है। चेकिंग के दौरान चार ई-रिक्शा चालकों व तीन ऑटो चालकों का चालान काटा गया है।

ई-रिक्शा चला रहे किशोर के चेतावनी देकर छोड़ा
औरैया। इसके बाद अफसर चौराहे पर पहुंचे। यहां वाहनों की चेकिंग की। इस दौरान ई-रिक्शा लेकर जा रहे किशोर का रोक लिया और उसे चेतावनी दे गई। परिवहन विभाग के कर्मचारियों ने अफसरों को बताया कि इस किशोर का दो माह पहले नौ हजार रुपये का जुर्माना काटा जा चुका है।
बताया जब यह जुर्माना नहीं भर पाया तो विभाग के अफसरों व कर्मचारियों ने चंदा भरकर उसका जुर्माना भरा था। इसके बाद सीओ सृष्टि सिंह ने किशोर को चेतावनी देने के बाद जाने दिया।

बेला बिधूना ड्रोन की अफवाह फैलाने में भाकियू जिलाध्यक्ष समेत पांच पर रिपोर्ट

0

बेला । इलाके में ड्रोन उड़ने की अफवाह तीसरे दिन भी जोरों पर रही। इससे ग्रामीणों की रात दहशत में कटी। मामले में पुलिस ने अफवाह फैलाने के आरोप में भाकियू जिलाध्यक्ष समेत पांच आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है।बेला थाना क्षेत्र के गांव बराहार व डगरूआपुर, माखनपुरवा और रामनगर में बुधवार देर रात ड्रोन उड़ने की सूचना से सनसनी मच गई। इसके बाद ग्रामीणों ने क्षेत्र में तीन कारें खड़े होने की सूचना पुलिस को दी। इससे पहले काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ लग गई। लोग घरों से बाहर निकल आए। जानकारी पर सीओ बिधूना पी पुनीत मिश्रा थाना फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने क्षेत्र में जांच की। पुलिस ने अफवाह फैलाने के आरोप में गांव माखन पुरवा निवासी भारतीय किसान यूनियन श्रमिक जनशक्ति के जिलाध्यक्ष देवेंद्र यादव, राजेश, कन्हैया, गांव बराहार निवासी जितेंद्र, गांव डगरूयापुर निवासी अरविंद को पकड़ लिया।

प्रभारी बेला थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। पुलिस क्षेत्र में रातभर गश्त पर रही। मामले में पुलिस ने लोगों से इन अफवाहाें पर ध्यान न देने की अपील की। वहीं लोगों का कहना है कि कई अन्य गांवों में भी अफवाह उड़ रही।

ककोर बारिश से तिरंगा स्टेडियम के मंच की दीवारें ढहीं, होगी जांच

0

ककोर। बारिश के चलते तिरंगा स्टेडियम मंच की दीवारें भरभराकर ढह गई। जानकारी पर सीडीओ ने निरीक्षण कर जायजा लिया। उन्होंने जांच के बाद कार्रवाई की बात कही है।जिला मुख्यालय के बाहर बने तिरंगा स्टेडियम में इन दिनों मेंटीनेंस का काम चल रहा है। इसमें टूटी हुई बाउंड्री व स्टेडियम में बने मंच को चौड़ा किया जा रहा है। यहां यूपीपीसीएल के ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा है। यह मंच जनसभा, खेलकूद व सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए तैयार किया जा रहा है।बारिश में इसके ढह जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इस मंच व बाउंड्रीवॉल पर लाखों रुपये खर्च किए गए हैं। मौके पर पहुंचे सीडीओ संत कुमार ने निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने बताया कि कार्य करवा रही संस्था से बात की गई है। ठेकेदार का कहना है कि यह मंच जेसीबी से गिरवाया है। इस संबंध में सीडीओ ने कहा कि घटना की जांच कराई जाएगी। जांच में दोषी मिलने पर जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Auraiya News: किशोरी के अपहरण व दुष्कर्म में 20 वर्ष की कैद

0

औरैया। थाना दिबियापुर क्षेत्र से एक किशोरी के अपहरण के बाद दुष्कर्म के मामले में युवक अखिलेश को 20 वर्ष की सजा सुनाई गई।सात साल पुराने मामले की विशेष न्यायाधीश पॉक्सो अधिनियम अखिलेश्वर प्रसाद मिश्र ने सुनवाई की। दोषी पर 35 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।
वादी ने थाना दिबियापुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 नवंबर 2018 की दोपहर उसकी 14 वर्षीय बहन घर अकेली थी। उसकी मां व वादी खेत पर काम कर रहे थे। तभी फफूंद के गांव लालपुर निवासी अखिलेश बहन को घर से ले गया। गांव के लोगों के बताने पर मुकदमा दर्ज कराया गया।
अखिलेश के खिलाफ पॉक्सो, अपहरण व दुष्कर्म का आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। इस मुकदमे में गुरुवार को विशेष न्यायाधीश कोर्ट में सुनाई हुई। बचाव पक्ष ने उसे निर्दोष बताया। दोनों पक्षकारों सुनने के बाद अपर सत्र न्यायाधीश अखिलेश्वर प्रसाद ने अखिलेश को सजा सुनाई। अर्थदंड अदा न करने पर उसे छह माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना पड़ेगा।

कोर्ट ने प्रस्तुत मामले में जमा कराई गई अर्थदंड की आधी धनराशि पीड़िता को अदा करने का आदेश दिया। अखिलेश को इटावा जेल भेज दिया गया।

बिधूना प्रदर्शनी में चोरी के दो आरोपी पकड़कर भेजे जेल

0

बिधूना। प्रदर्शनी में चोरी के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर नकदी व चोरी का सामान बरामद कर लिया गया। पूछताछ के बाद दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।चार दिन पहले आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया था। पुलिस दो फरार आरोपियों की तलाश कर रही। कस्बे के बेला रोड स्थित वनखंडेश्वर मंदिर परिसर में अटल बिहारी वाजपेई प्रदर्शनी में चार दिन पहले चोरों ने झूले की मोटर व 58 हजार रुपये पार कर दिए थे। पुलिस ने जनपद लखीमपुर खीरी थाना पडुआ के गांव मल्लेबेहड़ निवासी मतलूम की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की थी।प्रदर्शनी में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। जिसमें कुछ संदिग्ध दिखाई दिए थे। कोतवाल मुकेश बाबू चौहान ने बताया कि गुरुवार को पुलिस ने कस्बा स्थित आईटीआई के पीछे से मोहल्ला नवीन बस्ती निवासी अंशू गुप्ता, रामू राठौर का गिरफ्तार कर लिया।कोतवाली में पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चोरी की घटना को कबूल लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने मोटर के पुर्जे व 2500 रुपये बरामद कर लिए। आरोपियों ने बताया कि घटना में कस्बे के किशोरगंज निवासी करन, भरथना रोड निवासी अंकित यादव शामिल थे। पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उन्हें इटावा जेल भेज दिया गया।

पंजाब से मथुरा आई युवती का शव बाथरूम में मिला, गेस्ट हाउस मालिक पर हत्या का शक

0

मथुरा (मदन श्रीवास्तव): उत्तर प्रदेश मथुरा जिले के वृंदावन इलाके में पंजाब की एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। युवती का शव गेस्ट हाउस के बाथरूम में पड़ा मिला, जिस पर चींटियां रेंग रही थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

गेस्ट हाउस संचालक फरार
मामला शहर कोतवाली वृंदावन क्षेत्र की पुष्पांजलि कॉलोनी का है। यहां स्थित “श्री जी मुकुंदम” नाम की बिल्डिंग के पहले फ्लोर पर बने छह कमरे गेस्ट हाउस के रूप में किराए पर चलाए जा रहे हैं। इसे राजस्थान के झुंझनू निवासी सुनील शर्मा 50 हजार रुपये मासिक किराए पर लेकर दो साल से संचालित कर रहा था।

5 दिन पहले पंजाब से आई थी युवती
गवाहों के मुताबिक, सुनील 5 दिन पहले पंजाब के फाजिल्का जिले की रहने वाली 30 वर्षीय सुनीता को गेस्ट हाउस में लेकर आया था। गुरुवार की दोपहर उसे संदिग्ध हालात में घबराते हुए बाहर निकलते देखा गया। इसके बाद से वह फरार है।

बाथरूम से मिला शव, गले पर निशान
शाम तक कमरे में कोई हलचल न होने पर बिल्डिंग में बने मंदिर के पुजारी राघवेंद्र शास्त्री को शक हुआ। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर देखा तो बाथरूम में सुनीता का शव पड़ा हुआ था।पुलिस जांच में युवती की गर्दन पर निशान पाए गए हैं, जिससे गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

पुलिस की कार्रवाई
कोतवाली प्रभारी संजय पांडे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सुनील शर्मा की तलाश तेज कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।