Saturday, March 7, 2026
Home Blog

आसमान में मौत से आमना-सामना! उड़ान भरते ही बंद हुई डिस्प्ले और फैलने लगा धुआं, बाल-बाल बचे डिप्टी CM केशव मौर्य

0

Lucknow News: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को एक बड़े हवाई हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गए। लखनऊ से कौशांबी के लिए उड़ान भरने के कुछ ही मिनटों बाद उनके सरकारी हेलीकॉप्टर में गंभीर तकनीकी खराबी आ गई। आसमान में हेलीकॉप्टर के केबिन में अचानक धुआं भरने लगा और कंट्रोल पैनल की डिस्प्ले बंद हो गई, जिसके बाद पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट (चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा) पर सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई।

उड़ान भरने के 5 मिनट बाद ही मंडराया खतरा
जानकारी के मुताबिक, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को कौशांबी में एक कार्यक्रम में शामिल होना था। इसके लिए उन्होंने लखनऊ के ला मार्टिनियर (La Marts) मैदान स्थित हेलीपैड से उड़ान भरी थी। अभी हेलीकॉप्टर को उड़े कुछ ही मिनट हुए थे कि केबिन में धुआं फैलने लगा। साथ ही पायलट के सामने लगी डिजिटल डिस्प्ले अचानक ठप हो गई।

पायलट की सूझबूझ और इमरजेंसी कॉल
हेलीकॉप्टर के भीतर अचानक पैदा हुए इस संकट से हड़कंप मच गया। पायलट ने बिना देरी किए तुरंत लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और तकनीकी खराबी की जानकारी देते हुए आपातकालीन लैंडिंग की मांग की। अमौसी एयरपोर्ट पर प्राथमिकता के आधार पर रनवे खाली कराया गया और एम्बुलेंस व फायर ब्रिगेड की टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया।

सुरक्षित बाहर निकाले गए उपमुख्यमंत्री
जैसे ही हेलीकॉप्टर अमौसी एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरा, सुरक्षा कर्मियों और तकनीकी टीमों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। उपमुख्यमंत्री को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में डिप्टी सीएम या उनके स्टाफ के किसी भी सदस्य को कोई चोट नहीं आई है।

तकनीकी जांच के आदेश
प्रारंभिक रिपोर्टों में इसे इलेक्ट्रिकल फॉल्ट माना जा रहा है। नागरिक उड्डयन विभाग की तकनीकी विशेषज्ञों की टीम हेलीकॉप्टर की गहन जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धुएं और डिस्प्ले बंद होने की असली वजह क्या थी। इस घटना के बाद उपमुख्यमंत्री के कौशांबी दौरे के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए गए।

नोएडा की HOLI में देसी का जलवा: 3 दिन में गटक गए 40 करोड़ की शराब, बीयर-अंग्रेजी रह गए पीछे

0

Greater Noida: इस बार होली के हुड़दंग में नोएडा और ग्रेटर नोएडा के लोग शराब की खरीदारी में पिछले सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। रंगों के त्योहार से ठीक पहले महज तीन दिनों (1 से 3 मार्च) के भीतर शराब के शौकीनों ने करीब 40 करोड़ रुपए की शराब खरीद डाली। आबकारी विभाग के लिए यह कमाई किसी जैकपॉट से कम नहीं रही, क्योंकि इससे सरकार की झोली में 32 करोड़ रुपए का राजस्व (Tax) आया है।

देसी शराब ने मारी बाजी, बीयर का क्रेज हुआ कम
इस बार की बिक्री के आंकड़ों ने सबको चौंका दिया है। आमतौर पर पार्टियों में बीयर और अंग्रेजी शराब की मांग रहती है, लेकिन इस बार ‘देसी’ का जादू सिर चढ़कर बोला।

बिक्री का गणित (1-3 मार्च):
– देसी शराब: 3.12 लाख लीटर (सबसे ज्यादा डिमांड)
– बीयर: 2.7 लाख लीटर
– अंग्रेजी शराब: 1.9 लाख लीटर

पिछले साल के मुकाबले 5 करोड़ ज्यादा की कमाई
आबकारी विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल होली पर 27 करोड़ रुपए का राजस्व मिला था, जो इस बार बढ़कर 32 करोड़ रुपए पहुंच गया है। दिलचस्प बात यह है कि पिछले साल बीयर की खपत अधिक थी, लेकिन इस साल बीयर की बिक्री में गिरावट आई और देसी शराब की मांग दोगुनी से भी ज्यादा बढ़ गई।

घर और फार्म हाउस में जमी महफिलें
होली के जश्न के लिए इस बार लोगों ने होटलों के बजाय निजी पार्टियों को तरजीह दी। जिले में फार्म हाउस और रेस्टोरेंट में पार्टी आयोजित करने के लिए 150 अस्थायी लाइसेंस (Occasional License) जारी किए गए। यह संख्या पिछले साल की तुलना में 15% अधिक है।

अवैध शराब पर कमांडो नजर
जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 4 मार्च को होली के दिन दुकानें बंद रहीं, लेकिन अवैध बिक्री रोकने के लिए विभाग ने पूरी तैयारी की थी। 6 विशेष टीमें दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर तैनात की गईं। 7 आबकारी निरीक्षकों और 28 सिपाहियों को अलग-अलग इलाकों में गश्त पर लगाया गया। विभाग ने टोल-फ्री नंबर जारी कर लोगों से अवैध शराब की जानकारी देने की अपील भी की है।

UP के 2 IPS लेने वाले हैं सात फेरे! 29 मार्च को बैंड, बाजा और बारात… कौन हैं SP कृष्ण बिश्नोई और अंशिका वर्मा

0

बरेली (जावेद खान) : उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे से जुड़ी एक सुखद खबर सामने आई है। प्रदेश कैडर के दो युवा आईपीएस अधिकारी जल्द ही विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण बिश्नोई और बरेली के एसपी साउथ अंशिका वर्मा का विवाह 29 मार्च को राजस्थान के बाड़मेर में होगा।

इस खबर के सामने आने के बाद पुलिस विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। सोशल मीडिया पर भी दोनों अधिकारियों को अग्रिम बधाइयां दी जा रही हैं। बताया जा रहा है कि आईपीएस कृष्ण बिश्नोई मूल रूप से राजस्थान के बाड़मेर जिले के निवासी हैं, जबकि अंशिका वर्मा उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखती हैं। दोनों अधिकारी फिलहाल उत्तर प्रदेश में अहम जिम्मेदारियां निभा रहे हैं और अपनी कार्यशैली के कारण चर्चा में रहते हैं।

परिवार की सहमति से तय हुए इस रिश्ते की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। विवाह समारोह बाड़मेर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें दोनों परिवारों के सदस्य, रिश्तेदार और करीबी मित्र शामिल होंगे। पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और उनके सहयोगी भी इस अवसर पर मौजूद रह सकते हैं।

बरेली में एसपी साउथ के रूप में तैनात अंशिका वर्मा अपनी सख्त और प्रभावी पुलिसिंग के लिए जानी जाती हैं। वहीं संभल के एसपी कृष्ण बिश्नोई भी प्रशासनिक निर्णयों और सक्रिय कार्यशैली को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। दोनों अधिकारियों की शादी की खबर से पुलिस महकमे में उत्साह का माहौल है। शादी की सूचना सामने आने के बाद उनके समर्थक और शुभचिंतक उन्हें नई जिंदगी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं और सुखद वैवाहिक जीवन की कामना कर रहे हैं।

Auraiya News: 21 लाख से होगा कमारा-चटरूआ मार्ग का नवीनीकरण

0

औरैया। जिले में ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से कमारा से चटरूआ मार्ग पर मरम्मत के साथ नवीनीकरण का कार्य कराया जाएगा।इस कार्य के लिए करीब 21 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। सड़क के नवीनीकरण से क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।

कमारा से चटरूआ तक जाने वाला यह मार्ग कमारा, चटरूआ, बरौली, ककराही, भरसेन, नगला हीरा और आसपास के कई छोटे-छोटे पुरवों को जोड़ता है। यह सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए मुख्य संपर्क मार्ग है। रोजाना बड़ी संख्या में ग्रामीण इसी रास्ते से बाजार, स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आते-जाते हैं।

वर्तमान में सड़क कई स्थानों पर टूटी और जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे होने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निकलने में दिक्कत होती है। ग्रामीण लंबे समय से सड़क की मरम्मत कराने की मांग कर रहे हैं।

लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस परियोजना के तहत सड़क पर गड्ढों की मरम्मत, पैचवर्क और आवश्यक स्थानों पर नई डामर की परत डाली जाएगी, जिससे मार्ग की गुणवत्ता बेहतर हो सके।
इस मार्ग के सुधरने से करीब आठ से 10 हजार की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही किसानों को अपनी उपज को नजदीकी बाजार और मंडियों तक पहुंचाने में भी आसानी होगी। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अमर सिंह ने बताया कि इस कार्य के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा।

Auraiya News: मंदिर मार्ग पर नाली न होने से जलभराव

0

सहार। गांव बहादुरपुर के मंदिर मार्ग पर नाली न बनाए जाने से जलभराव हो रहा है। इससे श्रद्धालुओं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गांव के लोगों का कहना है कि हनुमान मंदिर के सामने से होकर गुजरने वाले मार्ग पर लंबे समय से गंदा पानी भरा रहता है। नाली न बनने से घरों से निकलने वाला पानी मार्ग पर बहता है। इससे कीचड़ व गंदगी फैल जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के समय स्थिति और भी खराब हो जाती है।
लोगों ने कहा कि सड़क पर पानी भर जाने से पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। बच्चों और बुजुर्गों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में लोग फिसलकर गिर रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रधान ज्योति भदौरिया व सचिव अमित राठौर से मार्ग के किनारे नाली का निर्माण कराने की मांग की है।

Auraiya News: पहले घंटों लाइन में किया इंतजार, फिर मिला उपचार

0

औरैया। होली को लेकर तीन दिन बाद शुक्रवार को अस्पतालों की ओपीडी खुली। सुबह से ही मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। मेडिकल कॉलेज में तो मरीजों का तांता लगा रहा।मरीजों की ज्यादा संख्या होने की वजह से जांच से लेकर ओपीडी के बाहर मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। त्योहार की छुट्टी के बाद अक्सर अस्पतालों में भीड़ उमड़ती है। चिचौली मेडिकल कॉलेज में ओपीडी के बाहर सुबह नौ बजे से कतारें लग गई। पहुंचे डॉक्टरों ने मरीजों को देखना शुरू किया।10 बजे के बाद मरीज सेंट्रल लैब से लेकर एक्सरे, अल्ट्रासाउंड व सीटी स्कैन कक्ष के बाहर जुटे। डॉक्टर के परामर्श पर जांच कराने पहुंचे इन मरीजों को अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। एक्सरे कक्ष के बाहर तो पैर रखने की भी जगह नहीं रही। यहां पर स्ट्रेचर पर लेटे मरीज कराहते रहे। अपनी बारी के इंतजार में मरीज से लेकर तीमारदार भी परेशान रहे।

मेडिकल कॉलेज आए दिबियापुर निवासी रामप्रसाद ने बताया कि पर्चा बनवाने के लिए वह करीब दो घंटे लाइन में लगे रहे। इसके बाद डॉक्टर के कमरे के बाहर भी यही हाल रहा। ऐसी ही स्थिति अल्ट्रासाउंड कक्ष के बाहर रही। यहां पर मरीज कतार में खड़े रहे। इन गंभीर मरीजों को दोपहर बाद तक रिपोर्ट मिल सकी। तब तक ओपीडी में बैठे डॉक्टर जा चुके थे। ऐसे में ये मरीज निराश होकर लौट गए। अब इन्हें अगले दिन जरूरी उपचार की सलाह लेने के लिए आना होगा।

चिचौली मेडिकल कॉलेज की तरह शहर के जिला अस्पताल से लेकर सीएचसी पर भी मरीजों की भीड़ रही। हालांकि यहां पर ज्यादातर मरीज खांसी, जुकाम और बुखार के रहे। जिन्हें खून की जांच के बाद डॉक्टरों ने दवा लिखी। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मुकेशवीर सिंह ने बताया कि त्योहार बाद ओपीडी में मरीज बहुतायत में आए हैं। संख्या ज्यादा होने की वजह से कुछ हद तक लेटलतीफी की आशंका बनी रहती है। सभी को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गई है। निरीक्षण करते हुए जायजा भी लिया गया है।

1500 से ज्यादा मरीज पहुंचे मेडिकल कॉलेज
चिचौली मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में शुक्रवार को 1500 से ज्यादा मरीज पहुंचे। सबसे ज्यादा भीड़ फिजीशियन कक्ष के बाहर रही। खासतौर पर सीटी स्कैन कक्ष के बाहर मरीजों की संख्या में काफी बढ़ोतरी देखी गई। दिनभर में करीब 36 मरीजों का सीटी स्कैन किया गया। वहीं 80 मरीजों की अल्ट्रासाउंड जांच की गई। 170 मरीजों के एक्सरे किए गए।

बिधूना सीएचसी में पहुंचे 365 मरीज
बिधूना। होली की छुट्टियों के बाद शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ओपीडी खुलते ही मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही अस्पताल में पर्चा बनवाने और डॉक्टर को दिखाने के लिए मरीजों की लंबी कतारें लग गईं। दोपहर करीब ढाई बजे तक कुल 365 मरीज पंजीकरण कराकर इलाज किया गया। ओपीडी के साथ इमरजेंसी में भी मरीजों का दबाव बना रहा। मरीजों को देखने के लिए डॉ. प्रदीप सिंह, डॉ. सतेंद्र सिंह, डॉ. सौरभ राजपूत के साथ सीएचसी अधीक्षक डॉ. बीपी शाक्य ने भी मोर्चा संभाला। कई मरीज त्वचा में खुजली, जलन और एलर्जी की शिकायत लेकर अस्पताल आए। इसके अलावा बुखार, खांसी-जुकाम और सांस लेने में दिक्कत के मरीज भी बड़ी संख्या में पहुंचे। अस्पताल की पैथोलॉजी में भी जांच कराने वालों की भीड़ रही। टाइफाइड की 14 जांचों में दो मरीज पॉजिटिव पाए गए। सीएचसी अधीक्षक डॉ. बीपी शाक्य ने बताया कि होली की छुट्टी के बाद ओपीडी खुलने पर मरीजों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी हुई है। (संवाद)

अजीतमल सीएचसी में 400 से ज्यादा मरीज पहुंचे
अजीतमल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर होली के त्योहार के बाद खुली ओपीडी में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। पर्ची बनवाने के लिए काउंटर पर भीड़ देखी गई। वहीं ओपीडी देख रहे डॉ. मृत्युंजय ने बताया इस समय सबसे ज्यादा मरीज खासी बुखार एवं पेट दर्द के रहे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. अशोक राय ने बताया कि ओपीडी में आज 400 मरीज देखे गए है।

Auraiya News: छत पर बनी झोपड़ी में लगी आग, गृहस्थी जली

0

सहार। थाना क्षेत्र के ग्राम पूर्वा तरा में शुक्रवार की दोपहर किसी वजह से आग लग गई। हादसे में एक परिवार की गृहस्थी का सामान जल गया। आग छत के ऊपर बनी झोपड़ी में लगी थी। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है।

गांव निवासी प्रमोद पाल ने बताया कि उनके चार बेटे हैं, इनमें से दो की शादी हो चुकी है और वह नीचे बने कमरों में रहते हैं। प्रमोद का अधिकांश सामान घर की छत पर बनी झोपड़ी में रखा हुआ था और वहीं पर खाना भी बनाया जाता था। शुक्रवार की दोपहर अचानक झोपड़ी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास के मकानों में भी नुकसान हो गया। आग लगने से झोपड़ी में रखा घरेलू सामान जल गया।पीड़ित के अनुसार आग में कपड़े, एक साइकिल, चार चारपाई, करीब 20 हजार रुपये नकद, अनाज तथा अन्य जरूरी गृहस्थी का सामान जल गया। सूचना मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर किसी तरह काबू पाया जा सका।

घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई, जिसके बाद डायल 112 की टीम और सहार थाने के एसआई कुलदीप राजपूत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। आग की सूचना मिलने के बाद औरैया से फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची।

इस दौरान सीओ तेजवीर सिंह, फायर ब्रिगेड के अतुल कुमार और शशिकांत यादव ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार से जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने घटना के कारणों की जांच करने की बात कही है।

Auraiya: दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर मिला युवक का शव, शिनाख्त में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम के लिए भेजा

0

औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र में दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। नगला खगा गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर शव पड़ा देख स्टेशन मास्टर ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कोशिश की, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली-हावड़ा रेल मार्ग पर खंबा नंबर 1120/17 के पास एक युवक का शव देखा गया। स्टेशन मास्टर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। थाना पुलिस ने शव के शिनाख्त के काफी प्रयास किए, लेकिन युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई।
शिनाख्त के प्रयास जारी
युवक करीब 30 वर्ष का लग रहा है। पुलिस ने युवक के शव  को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी पंकज मिश्रा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुरेश सिंह और रामनारायण पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रभारी ने बताया कि मृतक के शरीर पर सफेद रंग की चेकदार शर्ट व महरूम रंग का जांघिया था। शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। 

Nepal Election Result LIVE: नेपाल में 47 सीटों के नतीजे घोषित, पूर्व पीएम प्रचंड जीतें; बालेन शाह जीत के करीब

0
Nepal Election Result LIVE: नेपाल में पांच मार्च को हुए मतदान के बाद अब मतगणना हो रही है। नेपाल के आम चुनाव के शुरुआती परिणाम सियासी समीकरण बदलने के संकेत दे रहे हैं। शुरुआती आंकड़ों में बालेन शाह की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। करीब 60 फीसदी मतदान के बीच केपी शर्मा ओली और गगन थापा जैसे बड़े नेता भी चुनावी मैदान में हैं

पूर्व प्रधानमंत्री प्रचंड ने दर्ज की जीत

नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ एक बार फिर चुनाव जीतने में सफल रहे हैं। उन्होंने लगातार पांचवीं बार जीत हासिल करते हुए रुकुम ईस्ट-1 सीट से प्रतिनिधि सभा के लिए अपनी जगह बनाई है। इस सीट पर प्रचंड ने 10,240 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी लीलामणि गौतम रहे, जो सीपीएन-यूएमएल से चुनाव मैदान में थे। गौतम को कुल 3,462 वोट मिले।

यूपी: ईरान संकट के बीच खाड़ी देशों में फंसे लोग भारत आने हुए शुरू, चार विमान भी हुए लखनऊ एयरपोर्ट से रवाना

0

इस्राइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच खाड़ी देशों में फंसे भारतीयों की घर वापसी का सिलसिला तेज हो गया है। शुक्रवार को दम्माम, शारजाह, मस्कट, रियाद और जेद्दा से 838 यात्री विशेष और नियमित उड़ानों के जरिये लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर अपनों को देखते ही यात्रियों के चेहरे खिल उठे। वहीं, खाड़ी देशों के लिए 4 उड़ानें रवाना भी हुईं, जिनसे 465 मुसाफिरों ने सफर किया।

पिछले कुछ दिनों से जहां 18-18 उड़ानें निरस्त हो रही थीं, वहीं शुक्रवार को यह सात पर आ गई। खाड़ी देशों से उड़ानों का आंशिक बहाल होना राहत की खबर है। शुक्रवार को दम्माम से आने वाली एक्सवाई-896 से 154 यात्री लखनऊ पहुंचे। ऐसे ही शारजाह से आने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई-1424 से 163, मस्कट से आने वाली डब्लूवाई-265 से 74, रियाद से आने वाली एक्सवाई-333 से 160, जेद्दा से आने वाली उड़ान एसयू-890 से 287 यात्री लखनऊ पहुंचे।

यात्रियों की आपबीती

लखनऊ पहुंचे एक यात्री ने बताया कि वहां लोगों के बीच घबराहट है, हालांकि एयरपोर्ट पर कामकाज जारी है। हम पिछले दो दिनों से वापसी का इंतजार कर रहे थे, अब घर पहुंचकर राहत मिली है। यात्रियों ने सरकार की पहल की सराहना की।
खाड़ी देशों से लखनऊ आने वाले यात्री सोशल मीडिया पर अनुभव साझा भी कर रहे हैं। एक यात्री ने बताया कि दुबई से आ रही विशेष फ्लाइटों को वहां की एयरफोर्स सुरक्षा दे रही है। जहां खतरा बना हुआ है, उस वायुक्षेत्र में विमानों के आसपास वायुसेना के फाइटर जेट उड़ान भर रहे हैं।

खाड़ी देशों को रवाना हुईं ये उड़ानें
गत दिवस लखनऊ से जेद्दा, मस्कट, दम्माम, दुबई, रियाद, शारजाह के लिए आठ उड़ानें रवाना हुई थीं। शुक्रवार को चार उड़ानों ने टेकऑफ किया। इसमें लखनऊ से दम्माम जाने वाली एक्सवाई-897 से 84 यात्री, मस्कट जाने वाली डब्लूवाई-266 से 78, रियाद जाने वाली एक्सवाई-334 से 130 और जेद्दा जाने वाली एसयू-891 से 173 यात्री रवाना हुए।

ये सात उड़ानें निरस्त हुईं
शुक्रवार को सात उड़ानें निरस्त भी रहीं। दुबई जाने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान आईएक्स-193 व आईएक्स-197, अबुधाबी जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई-1415, शारजाह जाने वाली उड़ान 6ई-1424 निरस्त रहीं। वहीं, अबुधाबी से लखनऊ आने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई-1416, दुबई से आने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान आईएक्स-194 और रियाद से आने वाली एअर इंडिया एक्सप्रेस की आईएक्स-190 रद्द रहीं।