Sunday, February 15, 2026
Home Blog Page 54

Auraiya: रात के सन्नाटे में गूंजी गोलियां, पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली…दो फरार

0

औरैया जिले के दिबियापुर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात लगभग तीन बजे पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

क्षेत्राधिकारी औरैया अशोक सिंह ने बताया कि पुलिस टीम मंगलवार रात तीन बजे क्षेत्र में नियमित चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान दो संदिग्ध बाइकों को रोकने का प्रयास किया गया, जिस पर सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया।फरार साथियों की तलाश जारी
घायल बदमाश की पहचान फफूंद थाना क्षेत्र के गांव कुतूपुर निवासी शिवम के रूप में हुई है। उसके साथी की पहचान कानपुर के पनकी निवासी हर्ष के तौर पर की गई है। पुलिस ने मौके से दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से दो तमंचे भी बरामद किए हैं। हालांकि, उनके दो अन्य साथी दूसरी बाइक से भागने में सफल रहे, जिनकी तलाश जारी है।

यूपी: यौन शोषण-धर्मांतरण के आरोपी डॉ. रमीज के खातों में हुआ संदिग्ध लेनदेन, विदेश से फंड जुटाने की आशंका

0

यौन शोषण और धर्मांतरण के आरोपी डॉ. रमीज के खाते में संदिग्ध खातों से लाखों के लेनदेन की बात सामने आई है। रमीज के खाते में दिल्ली, आगरा, उत्तराखंड और पीलीभीत समेत कई शहरों से रकम भेजी गई है। आरोपी का पूर्वांचल कनेक्शन भी सामने आया है। जिन खातों से रमीज को रकम भेजी गई थी, उनका ब्योरा पुलिस जुटा रही है।

सूत्रों का कहना है कि यह रकम रमीज को धर्मांतरण गिरोह की ओर से भेजी गई थी। पुलिस अब आरोपी और उसके परिजनों की संपत्ति का ब्योरा जुटा रही है। माना जा रहा है कि रमीज के जरिये धर्मांतरण कराने वाले लोगों को पैसे भिजवाए जाते थे। आरोपी के आतंकी संगठनों से कनेक्शन सामने आने के बाद खुफिया एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि रमीज ने कितनी बार जम्मू कश्मीर की यात्रा की है। आरोपी के नेपाल कनेक्शन भी खंगाले जा रहे हैं। केजीएमयू से भागने के बाद रमीज 16 दिन तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया। इतने दिनों में वह कितने लोगों के संपर्क में रहा और किन लोगों से मदद ली, इसकी दिशा में भी छानबीन की जा रही है। 

फंड जुटाने की आशंका

बताया जा रहा है कि पुलिस से छिपकर रहने के दौरान आरोपी ने विभिन्न संगठनों से फंड भी जुटाए थे। वह पूर्वांचल में अपने करीबियों के ठिकाने पर ठहरा था। पुलिस बहराइच और बलरामपुर में छांगुर बाबा के करीबियों से पूछताछ की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को संरक्षण देने वालों के बारे में पता लगाया जा रहा है। ऐसे सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, जिन्होंने रमीज को मदद पहुंचाई है।

गवाह और काजी को नहीं पकड़ सकी पुलिस

धर्मांतरण का दबाव बनाने के आरोपी काजी और गवाह को चौक पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है। काफी समय बीतने के बाद भी दोनों की गिरफ्तारी नहीं होने से सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोपियों के पकड़े जाने के बाद ही गिरोह का पर्दाफाश हो सकेगा। बावजूद इसके पुलिस दोनों को गिरफ्तार करने में नाकाम है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही दोनों को पकड़ लिया जाएगा।

यूपी: गलन-ठिठुरन की चपेट में प्रदेश, न्यूनतम तापमान ने बनाया रिकॉर्ड; ये शहर रहे हिल स्टेशन जैसे ठंडे

0

मौसम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला जारी है। मंगलवार को कई जिलों में शीत लहर चली। मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री दर्ज किया गया। यह प्रदेश में सबसे ठंडा जिला रहा। दूसरे नंबर पर 2.9 डिग्री तापमान के साथ मेरठ रहा। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद हवा की दिशा पुनः परिवर्तित होकर उत्तरी पश्चिमी हो गई है। इससे बीते 48 घंटों के दौरान प्रदेश के ज्यादातर भागों में दिन और रात के तापमान में 2-4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी लखनऊ में इस सीजन का सबसे कम तापमान 5.6 डिग्री दर्ज किया गया।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं न्यूनतम तापमान 4 डिग्री से काफी नीचे चले जाने से मेरठ, मुजफ्फरनगर और बरेली में शीतलहर चली। आगामी 48 घंटों के दौरान इसमें कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आगरा, अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर, मुरादाबाद एवं रूहेलखंड मंडल के जिलों में कहीं-कहीं आज रात भी शीतलहर के साथ पाला पड़ने की भी संभावना बनी हुई है। यद्यपि इस दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उत्तरी तराई इलाकों व सुदूर दक्षिणी इलाकों में कहीं-कहीं सुबह भोर के समय संभावित घने कोहरे के आसार हैं। लेकिन दिन चढ़ने के साथ तेजी से छंट जाने से दिन में धूप निकलेगी जिससे ठंड से राहत मिलेगी।

18 जनवरी को हो सकती है बारिश

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आगामी दो उत्तरोत्तर पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 15 जनवरी से 3-4 दिनों के दौरान 3-5 डिग्री की वृद्धि की संभावना जताई जा रही है। इससे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में जारी वर्तमान शीत लहर के दौर से निजात मिल सकती है और कोहरे के क्षेत्रफल व घनत्व में बढ़ोतरी के आसार हैं। हालांकि दिन चढ़ने के साथ कोहरा छंटने से दिन में मौसम खुशगवार रहेगा। उक्त पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से 18 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बूंदाबांदी के साथ हल्की बारिश हो सकती है जिसके अगले 2-3 दिनों के दौरान बढ़ने के आसार हैं।

प्रदेश में यह जिले रहे सबसे ठंडे

मुजफ्फरनगर 2.1     
मेरठ 2.9  
बरेली 3
कानपुर 
हरदोई 4.5 
अलीगढ़ 4.8
लखनऊ 5.6 
आगरा 6  

शीत लहर की संभावना वाले जिले

सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और आसपास।

राजधानी मेंं दर्ज हुआ सीजन का सबसे कम 5.6 डिग्री न्यूनतम तापमान

 मौसम में उतार-चढ़ाव के बीच राजधानी का न्यूनतम तापमान मंगलवार को 5.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, इस सीजन में राजधानी में दर्ज यह सबसे कम न्यूनतम तापमान है। हालांकि, दिन में खिली धूप की वजह से लोगों को ज्यादा परेशानी नहीं महसूस नहीं हुई। बुधवार को भी ऐसा ही मौसम रहने के आसार हैं। दो दिन बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि लखनऊ में इस सीजन का यह सबसे न्यूनतम तापमान रहा, लेकिन इससे पहले के वर्षों में इससे भी कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि एक-दो दिन रात बेहद सर्द और दिन में खिली धूप देखने को मिल सकती है।

बृहस्पतिवार देर शाम या शुक्रवार से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होने लगेगी। यह क्रम 5-6 दिन तक जारी रहेगा। अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 16 जनवरी से सुबह घने कोहरे के आसार हैं। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 18 जनवरी को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी के साथ हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन लखनऊ में इसका प्रभाव शायद ही पड़े। यदि लखनऊ तक पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव हुआ तो 20 जनवरी के बाद बूंदाबांदी या हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। मंगलवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 21.7 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम रहा।

एक सप्ताह में कुछ ऐसा रहा शहर का न्यूनतम तापमान

UP: The state is gripped by melting and freezing temperatures, with minimum temperatures setting records desp
लखनऊ में ठिठुरते लोग।
13 जनवरी       5.6
12 जनवरी     6.6
11 जनवरी      8.5
10 जनवरी     6.6
9 जनवरी       6.2
8 जनवरी       6.4
7 जनवरी       9.6
(नोट : सभी तापमान डिग्री सेल्सियस में)

UP: गोंडा के यूपी कोऑपरेटिव बैंक में 21 करोड़ रुपये का घोटाला, 16 पर रिपोर्ट दर्ज

0

यूपी कोऑपरेटिव बैंक की गोंडा शाखा में 21 करोड़ 47 लाख 78 हजार रुपये के बड़े घोटाले का राजफाश हुआ है। स्पेशल ऑडिट और आंतरिक जांच की अंतिम रिपोर्ट के आधार पर सोमवार को 16 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें तीन तत्कालीन शाखा प्रबंधक पवन पाल, अजय कुमार और सुशील कुमार, कैशियर पवन कुमार के अलावा खाताधारक शामिल हैं।स्पेशल ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार ऋण वितरण से पहले न तो आवेदकों की पात्रता की जांच की गई और न ही आय प्रमाणपत्र, जमानत मूल्यांकन रिपोर्ट और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन हुआ। कई मामलों में फर्जी और कूटरचित अभिलेखों के आधार पर ऋण स्वीकृत कर दिए गए। शाखा स्तर पर बैंक नीति और आरबीआई के दिशानिर्देशों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया।

2021 से जून 2025 के बीच का मामला, शाखा प्रबंधकों ने अपने घर वालों के खातों में भेजी राशि
जांच में यह भी उजागर हुआ कि तत्कालीन शाखा प्रबंधकों ने स्वयं के साथ-साथ अपने परिवार के सदस्यों के खातों का भी प्रयोग किया। ऋण वितरण के नाम पर निकाली गई धनराशि को माता, पत्नी और पुत्र के खातों में भेजा गया। यह गड़बड़ी दिसंबर 2021 से जून 2025 के बीच विभिन्न चरणों में हुईं। इस अवधि में अलग-अलग समय पर तैनात रहे शाखा प्रबंधकों व कर्मचारियों की भूमिका भी संदेह के घेरे में पाई गई है। 

ऋण खाते में नौ की जगह 31 लाख दर्शाने में फंसे तत्कालीन प्रबंधक

कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड की गोंडा शाखा में सामने आ रहे घोटालों की कड़ी में एक और गंभीर मामला उजागर हुआ है। एक खाताधारक ने बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक और उनके सहयोगियों पर कूटरचना, धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने जैसे संगीन आरोप लगाए हैं। न्यायालय के आदेश से कोतवाली नगर में एफआईआर दर्ज की गई है।

एफआईआर के अनुसार शिकायतकर्ता शिवेंद्र द्विवेदी निवासी बहराइच रोड ने बताया कि उन्होंने यूपी कोऑपरेटिव बैंक गोंडा शाखा से मात्र नौ लाख रुपये का होम लोन लिया था। वे नियमित रूप से ऋण की किश्तें भी जमा करते रहे, लेकिन जब कुछ समय बाद उन्होंने अपने ऋण खाते का विवरण निकलवाया, तो वे यह देखकर स्तब्ध रह गए कि उनके खाते में 31 लाख रुपये का ऋण बकाया दर्शाया जा रहा है।

आरोप है कि जब उन्होंने इस भारी अंतर को लेकर बैंक अधिकारियों से आपत्ति दर्ज कराई तो पहले इसे तकनीकी गलती चताते हुए सुधार का आश्वासन दिया गया, लेकिन बाद में कथित रूप से बैंक का रवैया बदल गया। शिवेंद्र ने आरोप लगाया कि तत्कालीन शाखा प्रबंधक पवन पाल सिंह और उनके सहयोगियों ने जान-बूझकर कूटरचित दस्तावेज तैयार कर ऋण खाते में अतिरिक्त राशि जोड़ दी। आरोप है कि शिकायत करने पर धमकी भी दी गई।

शिवेंद्र द्विवेदी ने यह भी बताया कि उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत पहले पुलिस से की थी, लेकिन वहां से कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उन्होंने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली नगर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर ली गबन की रकम

घोटाले की जांच में पाया गया कि बैंक के पांच आंतरिक खातों से अवैध रूप से 46.13 लाख रुपये डेबिट करके विभिन्न खातों में ट्रांसफर किए गए और बाद में इस धनराशि को निकालकर गबन कर लिया गया। साथ ही खाताधारकों की 2,101.65 लाख रुपये की धनराशि को विभिन्न बैंकिंग चैनलों के माध्यम से स्थानांतरित कर दुरुपयोग किया गया। इस प्रकार कुल 2147.78 लाख रुपये, यानी 21 करोड़ 47 लाख 78 हजार रुपये के गबन की पुष्टि ऑडिट रिपोर्ट में हुई है।

उत्तर प्रदेश स्टेट कोऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के सहायक महाप्रबंधक भुवनचंद्र सती ने एसपी को पूरे प्रकरण से अवगत कराया। इसके आधार पर नगर कोतवाली में तीन तत्कालीन शाखा प्रबंधक, सहायक/कैशियर सहित 16 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र, कूटरचना, विश्वासघात और बैंकिंग नियमों के उल्लंघन से संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई

इनके खिलाफ हुई कार्रवाई
तत्कालीन शाखा प्रबंधक पवन कुमार पाल, अजय कुमार, सुशील गौतम, कैशियर पवन कुमार के अलावा खाताधारक सुमित्रा पाल, संजना सिंह, राज प्रताप सिंह, जय प्रताप सिंह, फूल मोहम्मद, राघव राम, शिवाकांत वर्मा, रितेंद्र पाल सिंह, गीता देवी वर्मा, दुष्यन्त प्रताप सिंह, मोहम्मद असलम और प्रतीक कुमार सिंह।

Live Makar Sankranti 2026 Live: मकर संक्रांति पर माघ मास का दूसरा स्नान, जानें स्नान का शुभ मुहूर्त

0

Makar Sankranti 2026 Wishes Shubh Muhurat Live Updates in Hindi: मकर संक्रांति को लेकर तारीख का कन्फ्यूजन जरूर है, लेकिन असल में 14 और 15 जनवरी दोनों ही दिन यह पर्व मनाया जा सकता है। जो लोग गुरुवार या एकादशी के नियम मानते हैं वे 14 जनवरी को तय समय के बाद पूजा-पाठ और खिचड़ी का दान-सेवन कर सकते हैं, जबकि बाकी लोग 15 जनवरी को भी पूरे विधि-विधान से संक्रांति मना सकते हैं।

रूस का यूक्रेन पर दूसरा बड़ा हमला: 300 ड्रोन व 25 मिसाइलों से मचाई तबाही ! 4 लोगों की मौत व लाख घरों में बिजली गुल

0

International Desk: रूस ने चार दिनों में यूक्रेन पर दूसरा बड़ा ड्रोन और मिसाइल हमला करके उसके बिजली ग्रिड को एक बार फिर निशाना बनाया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। युद्ध के चार साल पूरे होने वाले हैं और ऐसा लगता है कि अमेरिका के नेतृत्व वाले शांति प्रयासों को रूस नजरअंदाज कर रहा है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर बताया कि रूस ने रात भर में आठ क्षेत्रों पर लगभग 300 ड्रोन, 18 बैलिस्टिक मिसाइलों और सात क्रूज मिसाइलों से हमला किया।

 

जेलेंस्की ने कहा कि पूर्वोत्तर खार्किव क्षेत्र में एक हमले में एक डाक डिपो में चार लोगों की मौत हो गई और कीव क्षेत्र में कई लाख घरों में बिजली गुल हो गई थी। राजधानी में दिन का तापमान शून्य से 12 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। सड़कें बर्फ से ढकी थीं और शहर जनरेटरों के शोर से गूंज रहा था। चार दिन पहले रूस ने रात भर चले एक बड़े हमले में सैकड़ों ड्रोन और दर्जनों मिसाइलों से हमला किया था। इसके अलावा रूस ने लंबे समय से जारी युद्ध में केवल दूसरी बार एक शक्तिशाली नई हाइपरसोनिक मिसाइल का इस्तेमाल किया, जिसने पश्चिमी यूक्रेन को निशाना बनाया। यह कीव के नाटो सहयोगियों को एक स्पष्ट चेतावनी प्रतीत होती है कि रूस पीछे नहीं हटेगा।

सोमवार को अमेरिका ने रूस पर लड़ाई को ‘खतरनाक और समझ से परे तरीके से तूल’ देने का आरोप लगाया, जबकि ट्रंप प्रशासन शांति वार्ता को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी उप राजदूत टैमी ब्रूस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपातकालीन बैठक में कहा कि वाशिंगटन इस संघर्ष में हुई भारी संख्या में मौतों पर खेद व्यक्त करता है और ऊर्जा एवं अन्य बुनियादी ढांचे पर रूस के बढ़ते हमलों की निंदा करता है। रूस ने कड़ाके की ठंड के महीनों में यूक्रेनी नागरिकों को गर्मी और पीने के पानी से वंचित करने की कोशिश की है, ताकि 24 फरवरी, 2022 को यूक्रेन के खिलाफ शुरू किये गए मॉस्को के पूर्ण युद्ध के प्रति जनता के प्रतिरोध को कम किया जा सके।

 

स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन के खार्किव क्षेत्र में रूसी हमले में 10 लोग घायल हुए हैं। क्षेत्रीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख ओलेह किपर ने बताया कि ओडेसा शहर में हुए रूसी हमले में छह लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि हमले में ऊर्जा अवसंरचना, एक अस्पताल, एक शैक्षणिक संस्थान और कई आवासीय इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। इस बीच, रूस के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि रूसी वायुसेना ने रातभर में 11 यूक्रेनी ड्रोन मार गिराए। बताया जाता है कि इनमें से सात ड्रोन रूस के रोस्तोव क्षेत्र में नष्ट किए गए, जहां गवर्नर यूरी स्लयूसर ने तटीय शहर तागानरोग पर हमले की पुष्टि की।

Silver Price Today 14 January 2026: चांदी ने तोड़ा अब तक का रिकॉर्ड, 2.75 लाख के पार पहुंचा भाव

0

Silver Price Today 14 January 2026: मकर संक्रांति के मौके पर बिहार के सर्राफा बाजार में चांदी ने निवेशकों और खरीदारों को चौंका दिया है। चांदी की कीमतें रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई हैं, जिससे बाजार में जबरदस्त हलचल देखी जा रही है।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार दिल्ली सर्राफा बाजार में चांदी का भाव उछलकर ₹2,71,000 प्रति किलोग्राम के नए रिकॉर्ड पर पहुंच गया। वहीं बिहार के बाजारों में भी चांदी ऐतिहासिक स्तर पर कारोबार कर रही है।

2026 में चांदी ने क्यों पकड़ी रफ्तार? (Why Silver Prices Are Rising)

विशेषज्ञों के मुताबिक 2026 में अब तक चांदी करीब ₹32,000 प्रति किलो (13.4%) तक महंगी हो चुकी है। इसके पीछे कई अहम वजहें हैं—

  • वैश्विक बाजारों में तेजी
  • इंडस्ट्रियल डिमांड में इजाफा
  • निवेशकों का सुरक्षित विकल्प की ओर झुकाव
  • MCX पर मजबूत फ्यूचर ट्रेड

IBJA के मुताबिक आज चांदी का भाव (Silver Rate Today – All India)

इंडियन बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार बुधवार सुबह तक चांदी का औसत भाव बढ़कर ₹2,63,032 प्रति किलो दर्ज किया गया। वहीं खुदरा बाजार में कीमतें इससे भी ऊपर चल रही हैं।

बिहार के प्रमुख शहरों में चांदी का लेटेस्ट भाव (City Wise Silver Rate in Bihar)

(14 जनवरी 2026 | अनुमानित बाजार रेट)

शहर    10 ग्राम (₹)    100 ग्राम (₹)    1 किलो (₹)

  • पटना    ₹2,751    ₹27,510    ₹2,75,100
  • गया    ₹2,745    ₹27,450    ₹2,74,500
  • मुजफ्फरपुर    ₹2,748    ₹27,480    ₹2,74,800
  • भागलपुर    ₹2,750    ₹27,500    ₹2,75,000
  • दरभंगा    ₹2,746    ₹27,460    ₹2,74,600

 पिछले दिनों में कितनी बढ़ी चांदी?

सर्राफा बाजार के आंकड़ों के अनुसार— सोमवार को चांदी ₹15,000 की छलांग लगाकर ₹2,65,000 प्रति किलो पहुंची, मंगलवार को इसमें ₹6,000 की और तेजी आई और भाव ₹2,71,000 हो गया, तीन कारोबारी सत्रों में कुल बढ़त ₹21,000 (8.4%) दर्ज की गई।

 MCX पर चांदी का वायदा भाव (Silver Futures Price)

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर मार्च डिलीवरी वाले चांदी कॉन्ट्रैक्ट का भाव बढ़कर ₹2,72,202 प्रति किलोग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया। पिछले दो सत्रों में ही MCX पर चांदी करीब ₹19,000 से ज्यादा मजबूत हुई है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार का हाल

वैश्विक बाजार में चांदी की कीमतें भी मजबूती के साथ कारोबार कर रही हैं। कॉमेक्स पर हाजिर चांदी बढ़कर 85 डॉलर प्रति औंस के आसपास बनी हुई है।

 खरीदारों के लिए क्या संकेत?

बाजार जानकारों का मानना है कि अगर वैश्विक संकेत ऐसे ही बने रहे तो चांदी में आगे भी उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। शादी-विवाह और निवेश से पहले स्थानीय रेट की पुष्टि जरूरी मानी जा रही है।

अमरूद खाने पर सिपाही को जारी हुआ नोटिस, चर्चा का विषय बना जवाब, पढ़ें पूरा मामला

0

लखनऊ: आम तौर पर आपदा के समय जान जोखिम में डालकर लोगों को बचाने के लिए पहचाने जाने वाले राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की लखनऊ स्थित पहली बटालियन इन दिनों एक असामान्य वजह से चर्चा में है। यहां पहरा ड्यूटी के दौरान अमरूद खाने पर एक सिपाही को अनुशासनहीनता का नोटिस थमा दिया गया। हालांकि, सिपाही के जवाब के बाद मामले को चेतावनी देकर समाप्त कर दिया गया है।

यह मामला जनवरी के पहले सप्ताह का बताया जा रहा है। लखनऊ स्थित एसडीआरएफ कार्यालय परिसर में बने कमांडेंट आवास पर एक सिपाही की पहरा ड्यूटी लगी थी। परिसर में अमरूद का एक पेड़ भी मौजूद है। ड्यूटी के दौरान सिपाही ने पेड़ से अमरूद तोड़कर खा लिया। किसी अधिकारी की नजर पड़ते ही इसे अनुशासन का उल्लंघन मानते हुए उच्चाधिकारियों तक सूचना पहुंचाई गई।

इसके बाद पहली बटालियन में तैनात सूबेदार सैन्य नायक की ओर से सिपाही को लिखित स्पष्टीकरण नोटिस जारी किया गया। नोटिस में पूछा गया कि ड्यूटी के दौरान फल तोड़कर खाने का कारण क्या था और इसे अनुशासन के विपरीत क्यों न माना जाए।

नोटिस मिलने पर सिपाही ने अपने जवाब में बताया कि ड्यूटी के दौरान उसे तेज पेट दर्द हो रहा था। छुट्टियां बंद होने के कारण वह अवकाश नहीं ले सका और ड्यूटी छोड़कर जाना भी संभव नहीं था। दर्द से राहत पाने के लिए उसने मोबाइल पर यूट्यूब देखा, जहां अमरूद को पेट दर्द में लाभकारी बताया गया था। इसी जानकारी के आधार पर उसने घरेलू उपाय के रूप में अमरूद खाया।

सिपाही ने अपने स्पष्टीकरण में स्पष्ट किया कि उसका किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का कोई इरादा नहीं था। उसने अपने व्यवहार के लिए माफी भी मांगी। जांच के बाद विभाग ने सिपाही के जवाब को ध्यान में रखते हुए उसे केवल चेतावनी देकर छोड़ दिया। फिलहाल यह मामला महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है।

यूपी: हाईकोर्ट ने प्राथमिक शिक्षकों के किसी भी तरह के समायोजन पर लगाई रोक, जानिए पूरा मामला

0

इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने मंगलवार को प्राथमिक शिक्षकों के समायोजन -3 मामले में आगे किसी कार्यवाही पर 19 जनवरी  तक रोक लगा दी है। कोर्ट ने मामले की अगली सुनवाई 19 जनवरी को नियत करके अंतरिम आदेश दिया कि मामले की इस अगली सुनवाई की तिथि तक बेसिक शिक्षा विभाग के अफसर, समायोजन -3 मामले में आगे कोई कार्यवाही नहीं करेंगें। कोर्ट ने कहा कि इस अंतरिम आदेश की राहत, इस याचिका के साथ संबद्ध 11 अन्य याचिकाओं के याची शिक्षकों को भी उपलब्ध होगी। कोर्ट ने यह आदेश प्राथमिक शिक्षकों के समायोजन/ स्थानांतरण – 3 के शासनादेश को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर दिया।

न्यायमूर्ति श्रीप्रकाश सिंह की एकल पीठ ने यह आदेश बाराबंकी की संगीता पाल समेत 29 प्राथमिक शिक्षकों की याचिका पर दिया। याचिकाओं में 14 नवंबर 2025 के बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा जारी शिक्षकों के समायोजन/ स्थानांतरण के शासनादेश को चुनौती देकर रद्द करने का आग्रह किया गया है।

याचियों की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता एच जी एस परिहार का कहना था कि यह शासनादेश आर टी ई अधिनियम समेत बेसिक शिक्षा अधिनियम, 1981 के नियमों का उल्लंघन करने वाला है। इसके नियम 21 के तहत शिक्षक की सहमति के बाहर समायोजित न किए जाने की दलील दी। कहा इस समायोजन से जहां शिक्षकों की वरिष्ठता पर असर पड़ रहा है, वहीं अन्य विसंगतियां भी पैदा हो रही हैं।

उधर, मामले में राज्य सरकार की ओर से पेश हुए अधिवक्ता के आग्रह पर कोर्ट ने मामले को 19 जनवरी को फाइनल सुनवाई के लिए सूचीबद्ध करने का निर्देश दिया। कोर्ट ने इस बीच याचियों को मामले में अंतरिम राहत प्रदान की है। साथ ही राज्य सरकार को मामले में जवाब पेश करने का समय दिया है।

Banda SIR: मान न मान…मैं तेरा मेहमान, सईदा के घर राजेश का वोट; कच्ची मतदाता सूची में गड़बड़ियां, पढ़ें मामला

0

बांदा जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद जारी हुई मतदाता ड्राफ्ट सूची ने गृह स्वामियों की परेशानी बढ़ा दी है। कई मतदाताओं के घरों में ऐसे लोगों के नाम दर्ज हो गए हैं, जिन्हें वे जानते तक नहीं, मानो ‘मान न मान, मैं तेरा मेहमान’ की तर्ज पर सूची तैयार की गई हो। इससे भी गंभीर बात यह है कि एक ही मकान में रहने वाले हिंदू और मुस्लिम मतदाताओं के नाम आपस में बदल दिए गए हैं, जिससे स्थिति और भी जटिल हो गई है। अब लोग इन त्रुटियों को ठीक कराने के लिए बूथों और बीएलओ के चक्कर लगा रहे हैं।पड़ोसियों और अनजानों को बना दिया बाशिंदा
चुनाव आयोग ने एसआईआर अभियान के दौरान मतदाता सूचियों में सुधार का दावा किया था, लेकिन जारी हुई ड्राफ्ट सूची ने इन दावों की पोल खोल दी है। कई विधानसभा क्षेत्रों में पुरानी गड़बड़ियां जस की तस बनी हुई हैं, और पुनरीक्षण प्रक्रिया में भी नई गलतियां की गई हैं।

नूरजहां के घर में सुधा का वोट
बांदा शहर के भाग संख्या-105 में मुस्लिम महिला सईदा के मकान नंबर 234 में राजेश कुमार पुत्र भगवती का नाम दर्ज है। इसी प्रकार, मकान नंबर 271 में गृह स्वामी नूरजहां के घर सुधा पत्नी अमर नाथ का नाम जोड़ा गया है। भाग संख्या-105 में ही एक हिंदू मतदाता पूनम पत्नी जितेंद्र के मकान में मुस्लिम वोटर हुस्ने आलम पुत्र लियाकत का नाम भी पाया गया है।

गौसिया के घर में छह हिंदू और छह मुस्लिम मतदाता
भाग संख्या-124 में मकान नंबर 383 में कुल 12 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें छह हिंदू और छह मुस्लिम हैं। यहां गौसिया के नाम के बाद लगातार क्रम में उज्जैन सिंह, रमेश सिंह, उर्मिला, लज्जावती, रेखा और मनीष सिंह जैसे हिंदू नाम हैं, तो वहीं अयाजुद्दीन, आशिफ समी, सैय्यद आकिल समी, आदिल समी और नादिर जैसे मुस्लिम मतदाता भी उसी पते पर दर्ज हैं।

निजामुद्दीन को पता नहीं, उनके घर आठ अनजान मतदाता
मर्दन नाका (पूर्वी) भाग संख्या-124 में मकान नंबर 415 के मालिक निजामुद्दीन के घर आठ ऐसे अनजान नाम दर्ज हैं, जिनका निजामुद्दीन से कोई संबंध नहीं है। इन अजनबियों में नफीसा बेगम, सगीर, हसना, मो. हमीद, मुईद अहमद, हफीज, मो. शकील और मो. वकील शामिल हैं।

मतदाताओं की संख्या और सूची से हटाए गए नाम
एसआईआर अभियान के तहत जिले से 1.75 हजार मतदाताओं को सूची से हटा दिया गया है, क्योंकि उनके पास 2003 की सूची से संबंधित कोई साक्ष्य नहीं थे। अनंतिम सूची के अनुसार, जनपद में अब 11,74,100 मतदाता बचे हैं, जिनमें 6,51,173 पुरुष और 5,22,891 महिला मतदाता हैं। पुनरीक्षण से पहले बबेरू में 3,47,882, नरैनी में 3,55,452, तिदवारी में 3,26,823 और सदर विधानसभा में 3,19,364 मतदाता थे, जो अब घटकर बबेरू में 3,02,938, नरैनी में 3,10,123, तिदवारी में 2,95,776 और सदर विधानसभा में 2,65,263 रह गए हैं।

जो भी त्रुटियां सामने आएंगी, उन्हें विशेष अभियान के तहत बूथों पर जाकर ठीक कराया जाएगा और इसके लिए बीएलओ फार्म भरवाएंगे।  -कुमार धर्मेंद्र, उपनिर्वाचन अधिकारी