Saturday, May 16, 2026
Home Blog

HPCL ने बीते वित्त वर्ष में 17,258 करोड़ रुपए का रिकॉर्ड शुद्ध लाभ कमाया

0

नई दिल्लीः हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) ने वित्त वर्ष 2025-26 में रिकॉर्ड 17,258 करोड़ रुपए शुद्ध लाभ कमाया है। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि जनवरी-मार्च तिमाही में उसका एकल शुद्ध लाभ 46 प्रतिशत बढ़कर 4,901.50 करोड़ रुपए हो गया जो एक साल पहले 3,354.98 करोड़ रुपए था। रिकॉर्ड तिमाही लाभ ऐसे समय दर्ज किया गया है जबकि मार्च में कंपनी को पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस एलपीजी को लागत से कम कीमत पर बेचने से भारी नुकसान उठाना पड़ा। कंपनी ने अन्य सरकारी ईंधन खुदरा विक्रेताओं के साथ मिलकर पश्चिम एशिया संघर्ष शुरू होने के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में आई अस्थिरता से घरेलू बाजार को बचाए रखा।

समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी ने कच्चे तेल के हर बैरल को ईंधन में बदलने पर 8.79 अमेरिकी डॉलर कमाए जबकि सकल रिफाइनिंग मुनाफा 5.74 डॉलर प्रति बैरल था। समूचे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी ने 17,175.23 करोड़ रुपए का रिकॉर्ड शुद्ध लाभ दर्ज किया, जो 2024-25 के 7,271.32 करोड़ रुपए से दोगुना से अधिक है। यह लाभ वित्त वर्ष 2023-24 के 14,694 करोड़ रुपए के मुनाफे से भी अधिक है। वित्त वर्ष 2023-24 में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन और भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड सहित सरकारी ईंधन खुदरा विक्रेताओं ने रिकॉर्ड मुनाफा कमाया था क्योंकि तेल कीमतों में गिरावट के बावजूद खुदरा ईंधन कीमतें स्थिर रहने से उन्हें बेहतर मुनाफा मिला था।

पेट्रोल और डीजल की कीमतें अप्रैल, 2022 से स्थिर हैं और पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण अंतरराष्ट्रीय तेल कीमतों में 50 प्रतिशत तक वृद्धि के बाद भी यह स्थिति बनी रही। कंपनी के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक विकास कौशल ने कहा कि चालू तिमाही (2026-27 वित्त वर्ष की पहली तिमाही) के ”कठिन रहने के आसार हैं और अप्रैल-जून में कंपनी को नुकसान हो सकता है।” अप्रैल-जून वह पहली तिमाही होगी जब पश्चिम एशिया संघर्ष का पूरा असर देखने को मिलेगा। यह संघर्ष 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल के ईरान पर हमले से शुरू हुआ। इसके बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई में होर्मुज जलडमरूमध्य अवरुद्ध हो गया जिसके जरिये भारत और दुनिया की बड़ी मात्रा में तेल एवं गैस आपूर्ति होती है।

उन्होंने कहा, ”पहली तिमाही में नुकसान होगा… स्थिति बहुत अस्थिर है, इसलिए किसी प्रकार का अनुमान देना संभव नहीं है।” कंपनी के निदेशक मंडल ने प्रति शेयर 19.25 रुपए के अंतिम लाभांश की सिफारिश की है। यह वित्त वर्ष 2025-26 के लिए प्रति शेयर पांच रुपए के अंतरिम लाभांश के अतिरिक्त है।

कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला: बलिया में एक ही परिवार के 6 सदस्यों समेत 7 को उम्रकैद, दूसरे पक्ष के 6 लोगों को 5-5 साल की सजा

0

Ballia News: बलिया जिले की एक अदालत ने पुरानी रंजिश में एक व्यक्ति की हत्या के 6 साल पुराने मामले में एक ही परिवार के 6 सदस्यों समेत 7 लोगों को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास की सजा सुनाई है और अर्थदंड भी लगाया है। वहीं, इसी घटना से जुड़े दूसरे पक्ष के मुकदमे में 6 लोगों को दोषी करार देते हुए 5-5 वर्ष के कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई गई है।

हत्या के मामले में 7 को उम्रकैद, दूसरे पक्ष के 6 को भी सजा
शासकीय अधिवक्ता संजीव सिंह ने शनिवार को बताया कि पकड़ी थाना क्षेत्र के टंडवा गांव में 2020 में हुई हत्या और मारपीट की घटना में 2 पक्षों द्वारा एक दूसरे के खिलाफ दर्ज कराए गए मुकदमों में जिला न्यायाधीश अनिल कुमार झा की अदालत ने शुक्रवार को फैसला सुनाया। अदालत ने एक पक्ष के 7 और दूसरे पक्ष के 6 को दोषी ठहराया। उन्होंने बताया कि अदालत ने सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हत्या के मामले में 7 आरोपियों को दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास तथा प्रत्येक पर एक लाख 51 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया। सिंह ने बताया कि सजा पाने वालों में एक ही परिवार के 6 सदस्य शामिल हैं।

पुरानी रंजिश में सुरेंद्र नाथ पांडेय की हुई थी हत्या
अभियोजन पक्ष के अनुसार, 30 अप्रैल 2020 की सुबह पकड़ी थाना क्षेत्र के टंडवा गांव निवासी सुरेंद्र नाथ पांडेय खेत से घर लौट रहे थे तभी पुरानी रंजिश को लेकर उन पर हमला कर दिया गया। उसने बताया कि शोर सुनकर उन्हें बचाने पहुंचे जय प्रकाश पांडेय और धर्मेंद्र कुमार पांडेय के साथ भी मारपीट की गई। घटना में सुरेंद्र नाथ पांडेय की मौत हो गई, जबकि जय प्रकाश पांडेय और धर्मेंद्र कुमार पांडेय घायल हो गए। सुरेंद्र के बेटे अभिषेक की तहरीर पर गांव के अजय तिवारी, उसके पुत्र आलोक और अभय, उसके भाई उदय नारायण तिवारी, मनीष तिवारी और अमित तिवारी तथा सुभाष जायसवाल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

खेत कब्जे के विवाद में दूसरे पक्ष के 6 दोषियों को 5-5 साल की जेल
पुलिस ने विवेचना के बाद सभी 7 आरोपियों के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया था। वहीं, इसी घटना को लेकर रंभा देवी की तहरीर पर ग्राम प्रधान संजय वर्मा, सत्येंद्र पांडेय, उनके भाई अभिषेक पांडेय, लक्ष्मण वर्मा, अमरजीत वर्मा और अभिषेक वर्मा के खिलाफ भी भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। रंभा देवी ने आरोप लगाया था कि उनके पति अजय तिवारी के खेत पर जबरन कब्जे का विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे अमित कुमार तिवारी और मनीष कुमार तिवारी के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस ने विवेचना के बाद इस मामले में भी छह आरोपियों के खिलाफ अदालत में आरोपपत्र दाखिल किया था। शासकीय अधिवक्ता ने बताया कि अदालत ने दूसरे मुकदमे में सभी 6 आरोपियों को दोषी ठहराते हुए 5-5 वर्ष के कारावास तथा प्रत्येक पर 76 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया है।

UPWeather: UP में अगले 5 दिन गर्मी का कहर, कई जिलों में लू से बेहाल होंगे लोग

0

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी पांच दिनों तक मौसम शुष्क बने रहने तथा तापमान में लगातार बढ़ोतरी के आसार हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में 20 मई तक उष्ण लहर (लू) से लेकर अति उष्ण लहर चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार दक्षिणी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों में हालात गंभीर हो सकते हैं।

PunjabKesari

गरज-चमक के साथ हल्की बारिश
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के लखनऊ केंद्र द्वारा शनिवार को जारी प्रभाव आधारित पूर्वानुमान एवं चेतावनी के अनुसार 16 से 19 मई तक पूरे प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा, जबकि 20 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 16 और 17 मई को पश्चिमी एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी क्षेत्रों में कहीं-कहीं लू चलने की चेतावनी जारी की है। वहीं 18 मई से स्थिति और गंभीर होने के संकेत हैं, जब प्रदेश के कई हिस्सों में व्यापक स्तर पर उष्ण लहर का प्रभाव देखने को मिलेगा। 19 और 20 मई को कई जिलों में लू से अति उष्ण लहर की स्थिति बनने की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में भीषण गर्म हवाएं चलने की संभावना 
आईएमडी के अनुसार 16 मई को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, जालौन, हमीरपुर, महोबा और झांसी समेत आसपास के क्षेत्रों में लू का प्रभाव अधिक रहेगा। 17 मई को इसका दायरा बढ़ते हुए प्रतापगढ़, जौनपुर, कानपुर नगर, रायबरेली, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा और औरैया तक पहुंच जाएगा।        18 मई से पूर्वांचल और बुंदेलखंड के साथ मध्य यूपी के बड़े हिस्से भी गर्मी की चपेट में आ जाएंगे। मौसम विभाग ने गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, उन्नाव, अमेठी, सुल्तानपुर, कन्नौज, ललितपुर और मैनपुरी सहित कई जिलों में भीषण गर्म हवाएं चलने की संभावना जताई है।

Food Poisoning बनी BJP नेत्री के पति की मौत की वजह! छोटी सी भी लापरवाही बन सकती है जानलेवा, इन संकेतों को भूलकर भी न करें Ignore

0

UP Desk : समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और बीजेपी नेत्री अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के अचानक निधन की खबर ने राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में हलचल मचा दी है। प्रतीक यादव की अस्थियों का शनिवार को हरिद्वार के वीआईपी घाट पर पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा में विसर्जन किया गया।

13 मई को हुआ था निधन 
आप को बता दें कि प्रतीक यादव का 13 मई को लखनऊ में आकस्मिक निधन हो गया था। आज उनकी पत्नी अपर्णा यादव, पुत्रियां प्रथमा और पद्मजा, अपर्णा के पिता अरविंद सिंह बिष्ट तथा भाई अमन सिंह बिष्ट अस्थि कलश लेकर जॉलीग्रांट पहुंचे, जहां से परिवार हरिद्वार पहुंचा। वीआईपी घाट पर तीर्थ पुरोहित पंडित शैलेश मोहन पांडेय ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजन और पिंडदान की प्रक्रिया संपन्न कराई।

क्या ‘फूड पॉइजनिंग’ से गई प्रतीक की जान 
फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल को लेकर चर्चाओं में रहने वाले 38 वर्षीय प्रतीक यादव की मौत को लेकर ‘सस्पेक्टेड फूड पॉइजनिंग’ की आशंका जताई जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या फूड पॉइजनिंग जैसी आम दिखने वाली समस्या भी जानलेवा साबित हो सकती है।

क्या है फूड पॉइजनिंग?
फूड पॉइजनिंग एक ऐसी स्थिति है, जब व्यक्ति दूषित भोजन या संक्रमित पानी का सेवन कर लेता है। इसमें बैक्टीरिया, वायरस, परजीवी या उनके टॉक्सिन्स शरीर में पहुंचकर संक्रमण पैदा करते हैं। आमतौर पर बासी खाना, अधपका मांस, दूषित पानी, खराब डेयरी प्रोडक्ट्स या लंबे समय तक खुले में रखा भोजन इसकी बड़ी वजह बनते हैं। कई बार साफ-सफाई में छोटी सी लापरवाही भी गंभीर संक्रमण का कारण बन सकती है।

फूड पॉइजनिंग के सामान्य लक्षण
लगातार उल्टी होना
पेट में दर्द या मरोड़
दस्त लगना
तेज कमजोरी और थकान
बुखार आना
चक्कर महसूस होना
भूख न लगना
अधिकतर मामलों में मरीज 1-2 दिन में ठीक हो जाता है, लेकिन कई बार संक्रमण तेजी से गंभीर रूप ले सकता है।

ये संकेत दिखें तो तुरंत डॉक्टर के पास जाएं
अगर फूड पॉइजनिंग के दौरान ये लक्षण दिखाई दें तो तुरंत मेडिकल सहायता लेना जरूरी है :-
102°F से ज्यादा तेज बुखार
उल्टी या मल में खून आना
बार-बार बेहोशी या तेज चक्कर
पेशाब कम होना या गहरे रंग का आना
सांस लेने में परेशानी
भ्रम या धुंधला दिखाई देना

कैसे करें बचाव?
फूड पॉइजनिंग से बचने के लिए खाने-पीने में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। हमेशा ताजा और अच्छी तरह पका हुआ भोजन खाएं। फल और सब्जियों को साफ पानी से धोकर इस्तेमाल करें। कच्चे मांस और अंडों को बाकी खाद्य पदार्थों से अलग रखें। बचा हुआ खाना दो घंटे के भीतर फ्रिज में स्टोर करें और लंबे समय तक खुले में रखा भोजन खाने से बचें। अगर फूड पॉइजनिंग हो जाए तो शरीर में पानी की कमी न होने दें। ORS, नारियल पानी और पर्याप्त तरल पदार्थ लेते रहें। बिना डॉक्टर की सलाह के कोई दवा लेने से बचें।

फूड पॉइजनिंग कब हो सकती है जानलेवा?
विशेषज्ञों के मुताबिक फूड पॉइजनिंग का सबसे बड़ा खतरा डिहाइड्रेशन होता है। लगातार उल्टी और दस्त की वजह से शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स की भारी कमी हो जाती है। समय पर इलाज न मिलने पर इसका असर किडनी, दिल और दिमाग तक पहुंच सकता है।

कुछ मामलों में E.coli जैसे बैक्टीरिया गंभीर संक्रमण फैलाकर किडनी फेलियर का कारण बन सकते हैं। वहीं Listeria संक्रमण गर्भवती महिलाओं के लिए बेहद खतरनाक माना जाता है और गर्भपात जैसी स्थिति पैदा कर सकता है। दुर्लभ मामलों में संक्रमण नसों और दिमाग को भी प्रभावित कर सकता है।

किन लोगों को ज्यादा खतरा?
फूड पॉइजनिंग कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों के लिए ज्यादा खतरनाक साबित हो सकती है। इनमें शामिल हैं :-
5 साल से कम उम्र के बच्चे
65 साल से अधिक उम्र के बुजुर्ग
गर्भवती महिलाएं
कैंसर, डायबिटीज या ऑटोइम्यून बीमारी से पीड़ित मरीज
कमजोर इम्यून सिस्टम वाले लोग

NEET paper leak case: CBI के हाथ बड़ी सफलता, प्रश्नपत्र तैयार करने वाली टीचर ने ही लीक था पेपर, गिरफ्तार

0

नेशनल डेस्क: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने शनिवार को जीव विज्ञान की उस प्रवक्ता को गिरफ्तार कर लिया जो तीन मई को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) के लिए प्रश्नपत्र तैयार करने वाली राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) की समिति का हिस्सा थीं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह गिरफ्तारी प्रश्नपत्र लीक मामले में कथित सरगना पी.वी. कुलकर्णी और अन्य आरोपियों से पूछताछ के आधार पर की गई है। सीबीआई ने बताया कि जीव विज्ञान की प्रवक्ता मनीषा मंधारे को यहां एजेंसी के मुख्यालय में पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया।

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा
अधिकारियों ने बताया कि वह कथित तौर पर राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (स्नातक) से जुड़ी परीक्षा प्रक्रिया में शामिल थीं और एनटीए द्वारा विशेषज्ञ के रूप में नियुक्त की गई थीं। अधिकारियों ने बताया कि मंधारे के पास वनस्पति विज्ञान और प्राणी विज्ञान के प्रश्नपत्रों तक पूरी पहुंच थी। आरोप है कि मंधारे ने पुणे की मनीषा वाघमारे (जिन्हें 14 मई को गिरफ्तार किया गया था) के माध्यम से अप्रैल 2026 में नीट के संभावित अभ्यर्थियों को जुटाया और पुणे स्थित उनके आवास पर इन अभ्यर्थियों के लिए विशेष कोचिंग कक्षाएं आयोजित की गईं।

उत्तर चुनिंदा छात्रों को लिखवाए
आरोप है कि मंधारे ने लीक हुए प्रश्न और उनके उत्तर चुनिंदा छात्रों को लिखवाए और इसके बदले में लाखों रुपये शुल्क के रूप में वसूले। इनमें से अधिकांश प्रश्न तीन मई को आयोजित परीक्षा में पूछे गए प्रश्नों से मेल खाते थे। प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बाद तीन मई को आयोजित नीट-यूजी को रद्द कर दिया गया। सीबीआई ने शुक्रवार को लातूर से रसायन विज्ञान के विशेषज्ञ प्रोफेसर पी.वी. कुलकर्णी को गिरफ्तार किया। कुलकर्णी कई वर्ष से नीट के प्रश्नपत्र तैयार करने वाली समितियों में कार्यरत थे।

अपने घर पर विशेष कोचिंग कक्षाएं आयोजित कीं 
गोपनीय सामग्री तक अपनी विशेष पहुंच का फायदा उठाते हुए कुलकर्णी ने कथित तौर पर अप्रैल के अंतिम सप्ताह में अपने घर पर विशेष कोचिंग कक्षाएं आयोजित कीं और अपने छात्रों को वे प्रश्न और उत्तर लिखवाए जो तीन मई को आयोजित नीट-यूजी में पूछे गए थे। सीबीआई के एक प्रवक्ता ने एक बयान में कहा, ”अप्रैल 2026 के अंतिम सप्ताह के दौरान उन्होंने एक अन्य आरोपी मनीषा वाघमारे की मदद से छात्रों को संगठित किया, जिसे सीबीआई ने 14 मई को गिरफ्तार किया था।

गंगा एक्सप्रेसवे पर सफर अब मुफ्त नहीं, देना होगा टोल, जानिए टू-व्हीलर चालकों को कितना … Toll Tax

0

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के सबसे लंबे एक्सप्रेसवे में शामिल गंगा एक्सप्रेसवे पर अब यात्रियों को सफर के लिए टोल टैक्स देना होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पिछले महीने उद्घाटन किए गए इस एक्सप्रेसवे पर शुरुआती दिनों में लोगों को मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई थी, लेकिन अब यह छूट खत्म हो गई है।

करीब 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे मेरठ से शुरू होकर प्रयागराज तक जाता है और प्रदेश के कई बड़े जिलों को जोड़ता है। एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद 15 मई तक वाहनों से कोई शुल्क नहीं लिया गया, लेकिन अब यूपीडा (UPEDA) की ओर से टोल दरें लागू कर दी गई हैं।

जारी दरों के मुताबिक, दोपहिया वाहन, तीन पहिया और ट्रैक्टर चालकों को प्रति किलोमीटर 1.28 रुपये टोल देना होगा। वहीं कार, जीप, वैन और अन्य हल्के मोटर वाहनों के लिए यह शुल्क 2.50 रुपये प्रति किलोमीटर तय किया गया है। सरकार का दावा है कि गंगा एक्सप्रेसवे से पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा का समय काफी कम होगा और व्यापार, पर्यटन व परिवहन को नई रफ्तार मिलेगी। हालांकि टोल लागू होने के बाद अब यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ भी बढ़ेगा।

गौरतलब है कि मेरठ से प्रयागराज तक फैला यह एक्सप्रेसवे प्रदेश के 12 जनपदों को जोड़ता है और इसे उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था के लिए गेमचेंजर माना जा रहा है। 15 दिन की टोल छूट दी गई थी। अब इस जाने वाले को टोल देना होगा।

Auraiya Accident: चिरुहुली ओवरब्रिज पर अनियंत्रित होकर फिसली बाइक, युवक की मौत और साथी गंभीर, सैफई रेफर

0

औरैया जिले में सदर कोतवाली के गांव चिरुहुली ओवरब्रिज के पास शुक्रवार देर रात घर जाते समय बाइक सवार अनियंत्रित होकर फिसल गया। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को पुलिस जिला अस्पताल ले गई। वहां से उसे सैफई के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे की जानकारी दोनों के परिजन को दी गई है।

कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार रात करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि चिरुहुली ओवरब्रिज पर एक बाइक सवार दो युवक गंभीर हालत में पड़े हैं। सूचना पर डायल 112 व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले गए। वहां उपचार शुरू किया गया। इसी बीच दोनों की पहचान के लिए आसपास गांव के लोगों से संपर्क किया गया।घायल को जिला अस्पताल से रेफर किया
इसी बीच जोगीपुर के लोगों ने दोनों की पहचान मिथुन (25) व रौनक (23) निवासी अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के गांव बरुआई के रूप में हुई। उपचार के दौरान मिथुन की मौत हो गई, जबकि घायल रौनक को सैफई के लिए रेफर कर दिया गया गया। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घायल को जिला अस्पताल से रेफर कर दिया गया था। प्राथमिक जांच में बाइक के अनियंत्रित होने की बात सामने आई। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Auraiya: अनियंत्रित होकर पलटी तेज रफ्तार बाइक,घायल युवक ने अस्पताल में तोड़ा दम, परिजन रो-रोकर बेहाल

0

औरैया जिले में बिधूना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सराय महाजन के समीप तेज रफ्तार बाइक सवार युवक की गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।  जानकारी के अनुसार रुरुखुर्द निवासी संजय उर्फ बाबूजी पुत्र राम शंकर (36) इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मैकेनिक का कार्य करता था।

बताया गया कि वह बाइक से कहीं जा रहा था। तभी सराय महाजन के पास अचानक बाइक तेज रफ्तार होने के कारण अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना पहुंचाया। 

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, मूतक की पत्नी रुचि का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक का एक बेटा है और युवक की मौत से परिवार में मातम छाया हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

Lucknow News: डेमो कार से महिलाकर्मी ने कई लोगों को मारी टक्कर, दो की हालत नाजुक; आठ वाहन क्षतिग्रस्त

0

राजधानी लखनऊ में इंदिरानगर सी ब्लॉक में शनिवार दोपहर में बेकाबू शोरूम की डेमो कार कई लोगों को टक्कर मारते हुए एसयूवी से जा भिड़ी। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक महिला कर्मी को गाजीपुर पुलिस ने हिरासत में ले लिया। जबकि उसके दो साथी मौके से भाग निकले। इंदिरानगर स्थित शोरूम से महिला कर्मचारी कार लेकर शनिवार शाम निकली थी। महिला कार चला रही थी। जबकि, पीछे दो और कर्मचारी बैठे थे। सी ब्लॉक में शाम करीब 4:30 कार अचानक बेकाबू हो गई। कार करीब 100 मीटर तक दंपति, एक बच्चा और कई अन्य लोगों को टक्कर मार दी। फिर सड़क को पार कर सामने से आ रही एक एसयूवी से जा भिड़ी। इस दौरान आठ अन्य वाहन इसकी चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए। घटना से अफरातफरी मच गई। इस बीच महिलाकर्मी के दो साथी वहां से भाग निकले। सूचना पर पहुंची गाजीपुर पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिर आरोपी को हिरासत में लेकर कार कब्जे में ले ली।

UP: श्रम विभाग की बैठक में बड़ा फैसला, प्रदेश में अब दो दिन वर्क फ्रॉम होम, अलग-अलग शिफ्ट में खुलेंगे ऑफिस

0
प्रदेश में बढ़ती लागत और गैस की कमी के चलते कई उद्योगों पर संकट गहराने लगा है। इसको लेकर श्रम विभाग की उच्च स्तरीय बैठक में महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। तय किया गया कि ऊर्जा खपत कम करने और उद्योगों को राहत देने के लिए सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था लागू की जाएगी।
वहीं कार्यालयों और फैक्ट्रियों को अलग-अलग शिफ्ट में संचालित करने का निर्णय लिया गया है। अधिकारियों के अनुसार गैस आपूर्ति प्रभावित होने से उत्पादन लागत बढ़ी है, जिससे कई उद्योगों में नौकरी पर खतरा मंडरा रहा है। सरकार जल्द विस्तृत दिशा-निर्देश जारी करेगी।