Wednesday, May 6, 2026
Home Blog Page 10

सीएम भजनलाल शर्मा ने 23890 करोड़ की विकास परियोजनाओं की प्रगति पर की चर्चा

0
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में राज उन्नति की चौथी बैठक में लगभग 23 हजार 890 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं और योजनाओं की प्रगति को लेकर चर्चा की। उन्होंने प्रोजेक्ट्स को तय समय में पूरा नहीं होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को डांट लगाते हुए कहा कि प्रोजेक्ट्स को समय से पूरा करने में किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरते तथा विकास कार्यों को हर हाल में तय समय में पूरा करें। प्रोजेक्ट में किसी भी प्रकार की देरी के लिए व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही, लापरवाह कार्मिकों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

इस बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राज उन्नति की बैठक से 15 दिन पहले विभाग स्तर पर उच्च स्तरीय बैठक करने के निर्देश दिये। जिससे विभागीय स्तर पर बेहतर मॉनिटरिंग हो सके। बैठक में जानकारी दी गई कि कस्टम हायरिंग सेंटर स्थापना के लिए 87 प्रस्ताव प्रक्रियाधीन हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने असंतोष जाहिर करते हुए कहा कि कस्टम हायरिंग सेंटर की सूची निर्धारित समय सीमा में जारी क्यों नहीं हुई। उन्होंने ग्रामीण विकास एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए।

प्रदेश की जनता को मिले बेहतर एयर कनेक्टिविटी सुविधा
बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कहा कि प्रदेश की जनता को बेहतर एयर कनेक्टिविटी सुविधा उपलब्ध करवाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने भरतपुर-डीग, सीकर-झुन्झुनूं, आबूरोड़, बांसवाड़ा ग्रीनफिल्ड एयरपोर्ट की प्री फिजिबिलिटी स्टडी करवाने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को बीकानेर के नाल एयरपोर्ट प्रोजेक्ट को समय सीमा में एवं केन्द्र सरकार से समन्वय स्थापित करते हुए निविदा प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश दिये। बैठक में जानकारी दी गई कि सिविल एयरपोर्ट विस्तार एवं विकास के लिए भूमि प्रत्यावर्तन के लिए स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। साथ ही, वन विभाग राजस्व विभाग द्वारा भूमि का सीमांकन भी किया जा चुका है।

 

राजस्थान मंडपम का काम दो साल में करें पूरा 
मुख्यमंत्री ने जयपुर के टोंक रोड़ बी2 बायपास पर 90 एकड़ भूमि पर बनने वाले राजस्थान मंडपम की प्रगति को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्योग विभाग जेडीए, पीएचईडी एवं जिला कलक्टर जयपुर से समन्वय कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार करें। उन्होंने राजस्थान मंडपम को टोंक रोड, जेएलएन मार्ग के साथ-साथ मुख्य मार्गों के साथ कनेक्टिविटी की संभावनाओं पर कार्य करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने सभी विभागों को इस संबंध में आवश्यक स्वीकृतियां शीघ्र लेने के निर्देश दिए जिससे आगामी दो साल में इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को पूरा किया जा सके। उन्होंने ऊर्जा विभाग के अधिकारियों को बैटरी एनर्जी स्टोरेेज सिस्टम के प्रगतिरत प्रोजेक्ट्स का भी शीघ्र उद्घाटन करने के निर्देश दिए।

 

नॉर्दन रिंगरोड़ के लिए भूमि अवाप्ति की प्रक्रिया को शीघ्र करें पूरा
मुख्यमंत्री ने जयपुर नॉर्दन रिंगरोड की प्रगति पर चर्चा करते हुए कहा कि इस संबंध में भूमि अवाप्ति व कार्यादेश संबंधी कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को जून 2026 तक भूमि अवाप्ति एवं अक्टूबर 2026 तक कार्य प्रारम्भ करने एवं जनवरी 2028 तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में एनएचएआई के अधिकारियों ने प्रोजेक्ट्स की वर्तमान स्थिति को लेकर जानकारी दी।

बैठक में राइजिंग राजस्थान के तहत चिन्हित एमओयू की प्रगति पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने जोधपुर में जेनरेटिव एआई आधारित इनोवेशन एवं स्किल डवलपमेंट से जुड़ी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए नगरीय विकास विभाग एवं आवासन मंडल के अधिकारियों को भूमि अवाप्त करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने जयपुर में एकीकृत लॉजिस्टिक परियोजना के अन्तर्गत इनलैंड कंटेनर डिपो एवं मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क की स्थापना को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

 

हमारी सरकार घुमन्तू समुदाय के सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार विमुक्त, घुमन्तू, अर्द्धघुमन्तू समुदायों के सशक्तीकरण के लिए निरन्तर कार्य कर रही है। इसी क्रम में हमारी सरकार ने इन समुदायों के परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए बजटीय घोषणा की है। उन्होंने अधिकारियों को इस  घोषणा पर प्राथमिकता से कार्य करते हुए जिलेवार योजना बनाकर घुमन्तू व्यक्तियों को आवास आवंटन करने के निर्देश दिए।

 

अमृत 2.0 के तहत देरी पर अधिकारियों पर कड़ी नाराजगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में बुनियादी सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए अमृत 2.0 सचांलित है। उन्होंने अमृत 2.0 के तहत विलम्ब हो रहे प्रोजेक्ट्स को लेकर अधिकारियों को डांट लगाई। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट के विलम्ब होने से उससे जुड़े अन्य प्रोजेक्ट्स की गति भी धीमी होती है। उन्होंने मुख्य सचिव को अमृत 2.0 के संबंध में मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि स्ट्रीट वेंडर्स एवं असंगठित क्षेत्र के कामगारों को पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से आजीविका के लिए ऋण प्रदान किया जा रहा है जिससे वित्तीय समावेशन का लक्ष्य हासिल किया जा सके। उन्होंने इस योजना को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऋण प्रक्रिया का सरलीकरण हो। साथ ही, एसएलबीसी (स्टेट लेवल बैंकिंग कमेटी) द्वारा लंबित आवेदनों पर कार्रवाई कर पेंडेंसी को शून्य किया गया।

 

जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा को सर्वोपरि मानते हुए अधिकारी सम्पर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करें। आमजन अधिकारी के पास अपनी समस्याओं के निस्तारण के लिए बड़ी उम्मीद से आते हैं। ऐसे में, अधिकारी नियमित जनसुनवाई कर जनता को राहत दें। बैठक में मुख्यमंत्री ने बालोतरा के विमलेश पटेल की पोषाहार वितरण में गलत खाते में भुगतान के प्रकरण में लापरवाही कार्मिक पर 16सीसीए का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। एक अन्य प्रकरण में मुख्यमंत्री ने डूंगरपुर के शांतिलाल कटारा की दिवंगत माता की जीएसएलआई बीमा राशि का भुगतान नहीं होने पर भी संबंधित सीडीपीओ (बाल विकास परियोजना अधिकारी) को सस्पेंड करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अजमेर के बाबूलाल बैरवा द्वारा कृषि यंत्र सब्सिडी आवंटन संबंधी प्रकरण में भी अधिकारियों को लापरवाह कार्मिक पर एफआईआर दर्ज करने के लिए निर्देशित किया। बाड़मेर के धन्नाराम के कृषि आदान-अनुदान का भुगतान समय पर नहीं होने के प्रकरण में मुख्यमंत्री ने अनियमितताओं पर कलक्टर को जांच के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने अधिकारियों को कृषि एवं आपदा विभाग द्वारा जारी देय फसल मुआवजे की सही जानकारी किसानों को देने के निर्देश दिए। इन सभी परिवादियों ने अपनी समस्याओं के समाधान के लिए संतुष्टि जाहिर की एवं मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।

 

इस दौरान मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से राज उन्नति की पूर्व बैठकों में दिए गए निर्देशों की प्रगति को लेकर जानकारी दी। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े।

सावधान! खेलने की उम्र में बच्चों को लग रही दिल की बीमारी, AIIMS की रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा

0

AIIMS Adolescent Health Study : जंक फूड का शौक, स्क्रीन से चिपकी निगाहें और खेल के मैदान से बढ़ती दूरी हमारे किशोरों के दिल को समय से पहले बीमार बना रही है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के एक ताजा रिपोर्ट ने देश को चौंका दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक भारत में लगभग 40 प्रतिशत किशोर और युवा ‘डिसलिपिडेमिया’ (Dyslipidemia) नामक बीमारी की चपेट में आ गए हैं जोकि भविष्य में हार्ट अटैक और स्ट्रोक का बड़ा कारण बन सकता है।

जानें क्या कहती है रिपोर्ट?

39.9% किशोरों में कोलेस्ट्रॉल का स्तर सामान्य से बिगड़ा हुआ पाया गया।करीब 28% बच्चों में एचडीएल-सी (HDL-C), जिसे ‘अच्छा कोलेस्ट्रॉल’ कहा जाता है उसकी भारी कमी देखी गई। वहीं दूसरी तरफ बच्चों के शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल बढ़ रहा है जो धमनियों को ब्लॉक कर सकता है।

PunjabKesari

युवक और युवतियों पर प्रभाव 

अध्ययन में पाया गया कि इस समस्या से लड़कियां कम, जबकि लड़के अधिक पीड़ित हैं। 42% लड़कों में असामान्य कोलेस्ट्रॉल पाया गया जबकि लड़कियों में यह आंकड़ा 38% रहा। हालांकि लड़कियों में ‘ट्राइग्लिसराइड्स’ (एक प्रकार का फैट) का स्तर लड़कों के मुकाबले ज्यादा बढ़ा हुआ मिला।

क्यों समय से पहले बीमार हो रहा बचपन?

एम्स के कार्डियोलॉजी प्रोफेसर डॉ. एस. रामाकृष्णन के अनुसार इस बीमारी के पीछे तीन सबसे बड़े विलेन हैं।बच्चों का फल और हरी सब्जियों से पूरी तरह नाता टूट चुका है। उनकी पहली पसंद पिज्जा, बर्गर, चिप्स और तली हुई चीजें बन गई हैं। खेलकूद और व्यायाम की जगह मोबाइल और टीवी के ‘स्क्रीन टाइम’ ने ले ली है। बाजार में मिलने वाले प्रोसेस्ड फूड और कोल्ड ड्रिंक्स शरीर में खराब फैट जमा कर रहे हैं।

PunjabKesari

वहीं डॉक्टरों ने इस स्थिति को सुधारने के लिए कुछ जरूरी बदलाव सुझाए हैं। बच्चों के भोजन में रोजाना कम से कम एक फल और हरी सब्जियां जरूर शामिल करें। पिज्जा, चिप्स, कोल्ड ड्रिंक और अधिक मीठी चीजों को बहुत सीमित करें। सुनिश्चित करें कि बच्चा हर दिन कम से कम एक घंटा शारीरिक खेल या व्यायाम करे। पर्याप्त नींद लें और मोबाइल का उपयोग कम करें।

LPG को लेकर आई राहत भरी खबर… सरकार ने उठाया ये बड़ा कदम

0

नेशनल डेस्क : मिडिल ईस्ट युद्ध में भले ही दोनों देशों में सीजफायर चल रहा है, लेकिन भारत में अब भी तेल-गैस की सप्लाई पर संकट बरकरार है। इस संकट का सामना करते हुए भारत सरकार ने कई अहम कदम उठाए है, जिनका फायदा भी मिल रहा है। सरकार द्वारा उठाए गए इन कदमों में घरेलू एलपीजी प्रोडक्शन में इजाफे के साथ ही सिर्फ खाड़ी देशों पर निर्भरता न रखकर अन्य देशों से गैस का आयात शामिल है। देश में सप्लाई की कमी को दूर करने के लिए सरकारी तेल कंपनियों ने स्पॉट मार्केट से खरीदारी भी शुरू कर दी है।

रिपोर्ट में हुआ खुलासा

टीओआई की एक रिपोर्ट में सामने आया है कि घरों और कमर्शियल में दिक्कत न आए इसीलिए सरकारी तेल कंपनियों ने स्पॉट मार्केट से खरीदारी शुरू कर दी है। जहां से लगातार LPG कार्गो हासिल किए जा रहे हैं। इन कंपनियों ने एलपीजी को सुचारु रखने के लिए अमेरिकी कंपनियों से तालमेल किया है। स्टॉप मार्केट से एलपीजी कार्गो जून और जुलाई में भारत पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक पेट्रोलियम-नेचुरल गैस मंत्रालय की जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने बताया कि अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच तनाव शुरू होने से पहले भारत अपनी LPG जरूरत का करीब 60% हिस्सा बाहर से मंगाता था। लेकिन हाल ही में आए संकट के दौरान सरकार ने घरेलू उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए, जिससे देश में LPG का उत्पादन काफी बढ़ गया और आयात पर निर्भरता कम हो गई।

देश में LPG की जरूरत पूरी करने के लिए जहां से गैस मंगाना संभव होगा, वहीं से मंगाई जाएगी। भारत में हर दिन करीब 80,000 टन LPG की जरूरत होती है। वहीं घरेलू उत्पादन लगभग 20% बढ़कर अब 46,000 टन तक पहुंच गया है। बाकी की जरूरत को पूरा करने के लिए अब पहले के 10 देशों की बजाय 15 देशों से LPG आयात किया जा रहा है।

लापरवाही की हद! स्कूल की एक गलती से हाईस्कूल के सभी 76 छात्र फेल, जानें पूरा मामला

0

नेशनल डेस्कः उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाली एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहाँ के सर्वोदय इंटर कॉलेज के हाईस्कूल के 76 छात्र-छात्राओं का भविष्य अधर में लटक गया है। कॉलेज प्रशासन की एक भारी चूक के कारण इन सभी छात्रों की मार्कशीट पर ‘फेल’ का ठप्पा लग गया है, जिससे छात्रों और उनके अभिभावकों में भारी आक्रोश है।

मेहनत पर फिरा पानी, मार्कशीट पर ‘जीरो’ या ‘अनुपस्थित’
यूपी बोर्ड रिजल्ट 2026 घोषित होते ही सर्वोदय इंटर कॉलेज में मातम छा गया। जब छात्रों ने अपना रिजल्ट चेक किया, तो वे सदमे में आ गए। पड़ताल करने पर पता चला कि इन सभी 76 छात्रों ने लिखित परीक्षा में तो बेहतरीन प्रदर्शन किया था, लेकिन प्रैक्टिकल (प्रयोगात्मक परीक्षा) के अंकों की जगह ‘अनुपस्थित’ (Absent) या शून्य दर्ज था। छात्रों का आरोप है कि उन्होंने समय पर प्रैक्टिकल परीक्षाएं दी थीं और स्कूल के पास उनके अंक सुरक्षित भी थे, लेकिन कॉलेज ने इन्हें बोर्ड को भेजा ही नहीं।

क्लर्क की लापरवाही से बर्बाद हुआ साल
जांच में यह बात सामने आई है कि कॉलेज के क्लर्क या संबंधित कर्मचारी ने प्रैक्टिकल के अंकों को यूपी बोर्ड के ऑफिशियल पोर्टल पर अपलोड ही नहीं किया। बोर्ड के पास डेटा नहीं पहुंचने के कारण नियमानुसार इन सभी स्टूडेंट्स को फेल घोषित कर दिया गया। स्कूल की इस डेस्क पर बैठी लापरवाही ने छात्रों की सालभर की दिन-रात की मेहनत को मिट्टी में मिला दिया है।

अभिभावकों में गुस्सा, भविष्य पर संकट
इस घटना के बाद से स्कूल कैंपस में तनाव का माहौल है। अभिभावकों का कहना है कि वे समय पर फीस भरते हैं, लेकिन स्कूल की लापरवाही ने उनके बच्चों का भविष्य दांव पर लगा दिया है। छात्रों को अब आगे की कक्षाओं में एडमिशन मिलने की चिंता सता रही है और उनका एक कीमती साल बर्बाद होने का डर है। फिलहाल, ये छात्र न्याय की गुहार लगाते हुए दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं और सवाल उठा रहे हैं कि इस मानसिक प्रताड़ना की भरपाई कौन करेगा?

महिला को जीरा चुराना पड़ा महंगा! पड़ोसी ने गोली मारकर कर दी हत्या

0

नेशनल डेस्क : राजस्थान के जैसलमेर जिले में 50 वर्षीय एक महिला की उसके पड़ोसी ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, झिंझिन्याली थाना क्षेत्र के बीरे की ढाणी में 21 अप्रैल की रात यह घटना हुई। पीड़िता हत्तू देवी (50) घर पर अकेली थीं, जबकि उनके पति एक शादी समारोह में गए हुए थे।

पुलिस ने बताया कि पड़ोसी हेम सिंह (25) कथित तौर पर महिला के घर से करीब पांच लाख रुपये मूल्य के जीरे के बीज चोरी करने की योजना बनाकर अवैध हथियार के साथ वहां पहुंचा था। इसी दौरान महिला ने हलचल महसूस की और कमरे की ओर गईं। पहचान हो जाने के डर से आरोपी ने खिड़की से नजदीक से गोली चला दी, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। अगली सुबह जब पीड़िता का पति घर लौटा तो उसने पत्नी का शव देखा।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी बिना चोरी किए ही वहां से फरार हो गया। घटना को लूट जैसा दिखाने के लिए उसने घर के बाहर खड़े ट्रैक्टर को लगभग आठ किलोमीटर दूर छोड़ दिया और बाद में घटनास्थल पर लौटकर खुद को मददगार के रूप में पेश करने लगा।

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने सबूत मिटाने की भी कोशिश की, लेकिन जांच के दौरान घर में अन्य कीमती सामान सुरक्षित मिलने और तकनीकी विश्लेषण, विशेषकर मोबाइल टावर लोकेशन, से उस पर संदेह हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे ने बताया कि आरोपी शराब का आदी है और कर्ज में डूबा हुआ था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है तथा वारदात में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।

भाजपा में शामिल हुए सांसदों को वापिस बुलाना राजनीतिक नौटंकी..

0

चंडीगढ़/25अप्रैल: (अर्चना सेठी)शिरोमणि अकाली दल ने भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए पार्टी के राज्यसभा सांसदों को वापिस बुलाने के लिए राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगने के पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के फैसले को राजनीतिक नाटकबाजी करार दिया । उन्होंने कहा कि अनुसूची के तहत सांसदों के खिलाफ कार्रवाई करना राष्ट्रपति के विवेकाधिकार में न आकर संसद के अधिकार का क्षेत्र है ।

 

यहां एक प्रेस बयान जारी करते हुए पार्टी के वरिष्ठ नेता डाॅ. दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि दलबदल विरोधी कानून साफ है कि यदि किसी विशेष पार्टी के दो तिहाई मैंबर किसी अन्य पार्टी में चले जाते हैं तो उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नही की जा सकती।

मुख्यमंत्री को यह बताते हुए कि उन्हें इस मुददे पर कोई उच्च नैतिक रूख लेने का कोई अधिकार नही है, डाॅ. चीमा ने याद दिलाया कि उन्होने अकाली दल के तीन विधायकों में से एक को आप में शामिल करने की मंजूरी दी थी और यहां तक कि उस विधायक को एक सार्वजनिक क्षेत्र का चेयरमैन भी नियुक्त किया था।

 

वरिष्ठ अकाली नेता ने कहा कि आम आदमी पार्टी को संवैधानिक रूप से मौजूद  नही होने वाले उपायों के बारे तलाश करने से पहले यह बताना चाहिए कि उसने पंजाब के असली ‘‘ आम आदमी’’ प्रतिनिधियों के बजाय राज्यसभा में अति अमीर बाहरी लोगों को क्यों नामित किया?  डाॅ. चीमा ने पूछा,‘‘ उन्हें लोगों को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि यदि जवाबदेही सिद्धांत है तो क्या नागरिकों को उन विधायकों को वापिस बुलाने का अधिकार है जिन्होने उन्हें विफल कर दिया है, यां आपकी जवाबदेही सिर्फ चयनात्मक है?’’

 

डाॅ. चीमा ने कहा कि दिल्ली में प्रतीकात्मक याचिकाओं का सहारा लेने के बजाय आम आदमी पार्टी को पंजाब की जनता का सामना करना चाहिए। उन्होने आगे कहा,‘‘ अगर पार्टी वास्तव में लोकतांत्रिक नैतिकता में विश्वास रखती है तो उसे पंजाब के लोकसभा भवन जाकर राज्यपाल से नए जनादेश का अनुरोध करना चाहिए। उन्होने कहा कि केवल इसी तरीके से पार्टी में जनता का विश्वास बहाल हो सकता है, संवैधानिक दिखावे से यह बिल्कूल संभव नही है।’’

रूस का यूक्रेन के निप्रो पर भीषण हमला: 4 लोगों की मौत, 21 घायल; मलबे में और लोगों के दबे होने की आशंका

0

इंटरनेशनल डेस्कः यूक्रेन के निप्रो शहर पर रूस के ड्रोन और मिसाइल हमलों में कम से कम चार लोग मारे गए और 21 घायल हो गए। स्थानीय अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

निप्रॉपेत्रोवस्क के क्षेत्रीय प्रमुख अलेक्ज़ेंडर गैंज़ा ने कहा कि रात भर हुए हमलों में नष्ट हुए एक घर के मलबे में चार शव मिले। उन्होंने कहा कि मलबे में और भी लोग दबे हो सकते हैं।

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने शनिवार को कहा कि ”रूसी हमले के बाद निप्रो के अस्पतालों में 11 लोग भर्ती हैं।” वहीं, रूस के बेलगोरोद सीमावर्ती क्षेत्र में ड्रोन हमले में एक महिला की मौत हो गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। ये हमले शुक्रवार को हुई कैदियों की अदला-बदली के बाद हुए, जिसमें रूस और यूक्रेन ने 193 सैन्यकर्मियों का आदान-प्रदान किया।

Bahraich: पुतला जलाने के दौरान जोरदार धमाका, बुरी तरह झुलसीं BJP विधायक अनुपमा जायसवाल… लखनऊ रेफर

0

Bahraich News: बहराइच जिले में बीते शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विपक्षी नेताओं का पुतला जलाते समय निकली लपटों की चपेट में आकर सत्तारूढ़ दल की विधायक एवं पूर्व मंत्री अनुपमा जायसवाल झुलस गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत स्थिर बताई। बाद में बेहतर चिकित्सकीय परामर्श के लिए वह लखनऊ रवाना हो गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शनिवार दोपहर जिलाधिकारी आवास चौराहे के निकट भाजपा की ओर से महिला जनाक्रोश मार्च के तहत विपक्ष के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा था। प्रदर्शन के दौरान विधायक अनुपमा जायसवाल के नेतृत्व में सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का पुतला जलाया जा रहा था। पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर नारायन दत्त मिश्रा ने बताया कि जैसे ही विधायक ने पुतले में आग लगाई, पुतले से पटाखा फटने जैसी आवाज आई और आग की लपटें सीधे उनके चेहरे तक पहुंच गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे में अनुपमा के माथे और सिर के आगे के हिस्से के बाल झुलस गए। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने तुरंत आग बुझाई और उन्हें पुलिस वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष राहुल राय ने बताया कि पुतले में संभवतः पेट्रोल या स्प्रिट अधिक मात्रा में डाल दी गई थी, जिसके कारण आग लगते ही हल्के विस्फोट की आवाज सुनाई दी।

पेट्रोल पंप ने एंबुलेंस को नहीं दिया तेल, अस्पताल पहुंचने से पहले बुझी जिंदगी … प्रबंधक के खिलाफ एक्शन

0

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में पेट्रोल पंप पर पेट्रोल न मिलने के कारण एक निजी एंबुलेंस समय पर अस्पताल नहीं पहुंच सकी और देर हो जाने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गयी। इस मामले में पेट्रोल पंप प्रबंधक के खिलाफ शनिवार को नामजद मुकदमा दर्ज किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, पूर्ति निरीक्षक इंद्रेश कुमार तिवारी की तहरीर पर बैरिया थाने में टेंगरही स्थित ‘मेसर्स भूषण सर्विस स्टेशन’ के प्रबंधक अशोक कुमार भारती के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) देव मणि मिश्र ने बताया कि बुधवार रात बैरिया के पांडेपुर गांव निवासी छट्ठू शर्मा (50) की तबीयत अचानक बिगड़ी और परिजन उन्हें निजी एंबुलेंस से जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि तभी रास्ते में पेट्रोल खत्म होने से एम्बुलेंस बंद हो गई। उन्होंने बताया कि परिजनों ने टेंगरही के पेट्रोल पंप से तेल देने का अनुरोध किया लेकिन संचालक ने पेट्रोल न होने का हवाला देकर इनकार कर दिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि समय पर अस्पताल न पहुंच पाने से रास्ते में ही छट्ठू की मौत हो गई।

जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि 22 अप्रैल की रात 9:21 बजे एंबुलेंस पंप पर पहुंची थी और सीसीटीवी फुटेज से इसकी पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि पंप प्रबंधक ने जांच में स्वीकार किया कि एंबुलेंस आई थी और चालक ने पेट्रोल मांगा था लेकिन स्टॉक न होने की बात कहकर तेल नहीं दिया गया, जिसकी वजह से एंबुलेंस करीब 15 मिनट खड़ी रही।

अधिकारी ने बताया कि जांच में पंप पर 22 अप्रैल को स्टॉक मिला और कुल साढ़े आठ हजार लीटर से अधिक पेट्रोल उपलब्ध होने के बावजूद एंबुलेंस को तेल नहीं दिया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी के नेतृत्व में एसडीएम बैरिया और जिला पूर्ति अधिकारी ने जांच की तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कराया गया। बैरिया के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मोहम्मद फहीम कुरैशी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है और आरोपी प्रबंधक की तलाश जारी है। जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार, तेल कंपनी से पंप के खिलाफ कार्रवाई का अनुरोध किया जाएगा।

मरम्मत के दौरान धंसी मिट्टी, मलबे में दबकर मजदूर की मौत… Yogi सरकार ने किया 5 लाख के मुआवजे का ऐलान

0

Aligarh News: अलीगढ़ शहर में बीते शनिवार को सड़क किनारे एक गड्ढे में क्षतिग्रस्त पानी की पाइपलाइन की मरम्मत कर रहे मजदूर पर अचानक मलबा गिरने से उसकी मौत हो गई। अलीगढ़ नगर निगम के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि अलीगढ़ के मुख्य बाजार क्षेत्र रेलवे रोड पर बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचा और मजदूर महिंदर (30) को मलबे से बाहर निकालकर मलखान सिंह अस्पताल ले गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने संवाददाताओं को बताया कि मामले की जांच के लिए अपर नगर आयुक्त की अध्यक्षता में 3 सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है और यह समिति 3 दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। उन्होंने कहा कि जो भी दोषी पाया जाएगा उसे दंडित किया जाएगा और पीड़ित परिवार को कानून के अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश सरकार ने एक बयान में कहा कि मृतक मजदूर के परिवार के लिए 5 लाख रुपए की अनुग्रह राशि मंजूर की गई है।

नगर आयुक्त मीणा ने बताया कि सीएम ग्रिड योजना के तहत रेलवे रोड क्षेत्र में सड़क, सीवर और नाली निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसका संचालन अलीगढ़ नगर निगम द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अप्सरा सिनेमा के सामने स्थित क्षतिग्रस्त पेयजल पाइपलाइन की मरम्मत की जा रही थी। कार्यस्थल पर सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया जा रहा है और बैरिकेड, चेतावनी चिह्न और सुरक्षा उपकरण विधिवत स्थापित किए गए हैं। मीणा ने कहा कि इन सावधानियों के बावजूद यह घटना घटी। पाइपलाइन बिछाते समय सड़क का एक हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।