Tuesday, February 17, 2026
Home Blog Page 216

दिबियापुर हिस्ट्रीशीटर जिपं सदस्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश, पुलिस के हाथ खाली

0

दिबियापुर। युवक की पिटाई के मामले में पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने के बाद हिस्ट्रीशीटर व सपा से जिला पंचायत सदस्य समेत अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश शुरू की गई है। मामले को लेकर दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ आरोपी नहीं लग सके हैं।

गांव हरी का पुरवा निवासी राहुल कठेरिया ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि छह अक्तूबर को वह कढोरे का पुरवा निवासी मित्र ऋषभ से मिलने गया था। आरोप है कि रास्ते में ऊमरसाना निवासी जिला पंचायत सदस्य व हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र यादव, ककोर निवासी आलोक दीक्षित, लालपुर निवासी अंकित व बूढ़ादाना निवासी रवि सिंह ने उसे घेर लिया। जातिसूचक गालियां देते हुए उसे बेरहमी से पीटा। दोस्त ने मोबाइल से वीडियो बनाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसे भी पीटा। मोबाइल छीनकर तोड़ दिया।रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू की है। पुलिस डायरी में धर्मेंद्र यादव हिस्ट्रीशीटर है। उस पर 25 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। कुछ माह पहले ही उसकी जिला बदर की अवधि समाप्त हुई थी। इसके बाद एकाएक फिर ये वारदात सामने आ गई। थाना प्रभारी निरीक्षक रुद्र प्रताप नारायण त्रिपाठी ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

—————

फिर सुर्खियों में धर्मेंद्र यादव

ककोर मुख्यालय से सटे ऊमरसाना निवासी धर्मेंद्र यादव अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। युवक की पिटाई के इस मामले ने उन्हें फिर से चर्चा में लाया है। इससे पहले धर्मेंद्र यादव के इटावा जेल से छूटने पर हाईवे पर समर्थकों संग निकाले गए काफिले ने प्रदेश से लेकर देश में चर्चा बटोरी थी। पिछली पंचवर्षी में भी चुनाव के दौरान उन्हें एक मामले में जेल भेजा गया था। इसी बीच उन्होंने जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीता था। राजनीतिक जानकार बताते हैं कि युवाओं में धर्मेंद्र यादव की अच्छी पकड़ है। स्वयं की पार्टी कुछ नेताओं से लेकर विपक्षी खेमे के लोगों को अक्सर ये नागवार गुजरता है। हालांकि हिस्ट्रीशीटर के तौर पर बनी पहचान धर्मेंद्र को अक्सर आपराधिक गतिविधियों तक सीमित रखे हुए हैं।

Auraiya News: बिधूना व अछल्दा में धरातल पर नहीं उतरे उद्योग, आधे से ज्यादा प्लाॅट खाली

0

औरैया। उद्यमियों ने इंडस्टि्रयल एरिया में जमीन पाकर अपने उद्योग तो लगाए साथ ही कारोबार को देश दुनिया तक पहचान भी दिलाई। फिर भी यहां के औद्योगिक गलियारे में शत-प्रतिशत उद्यम लग नहीं पाए हैं। खास बात तो यह है कि औरैया शहर के इंडस्टि्रयल एरिया में 100 फीसदी उद्योग लगे, पर अछल्दा व बिधूना में आज भी आधे से ज्यादा प्लॉट खाली पड़े हैं। इसके पीछे वजह जमीन के सर्किल रेट का अधिक होना बताया जा रहा है। हालांकि उद्योग विभाग इन खाली प्लाॅटों में उद्योग लगाने के लिए उद्यमियों को प्रोत्साहित करने में जुटा है।

जनपद में युवाओं को रोजगार मिले इसके लिए औरैया में एक दशक पहले बुनियादी सुविधाओं के साथ तीन औद्योगिक एरिया विकसित हुए थे। इनमें औरैया में चयनित जमीन पर 46, बिधूना में 44 तो अछल्दा में 46 प्लाॅट विकसित किए गए थे ताकि उद्यमी यहां पर अपना उद्यम लगाकर कारोबार कर सकें। इसके लिए यहां पर उद्योग विभाग ने विभिन्न उद्यम के कारोबारियों को प्रोत्साहित किया और यहां की इंडस्टि्रयल एरिया में उन्हें उद्योग लगाने के लिए प्लाॅट आवंटित किए। औरैया इंडस्टि्रयल एरिया की बात करें तो यहां पर सभी 46 प्लाॅटों पर इकाइयां लगी हैं। यहां पर लगी इकाइयों में कृषि उत्पाद, सोलर, इलेक्ट्रानिक, फूड प्रोसेसिंग यूनिट समेत कई कारोबार चल रहे हैं।नए उद्योगों के लिए जमीन तलाशने में जुटा विभाग
औरैया इंडस्टि्रयल एरिया में 100 फीसदी उद्योग लगने के बाद अब नया इंडस्टि्रयल एरिया विकसित करने के लिए जमीन तलाशने में जुटा है। कंचौसी के इलाके को इसके लिए मुफीद माना जा रहा है। खास बात तो यह है कि इस इलाके में आयात निर्यात के लिए यहां पर रेलवे की डीएफसी लाइन भी है। साथ ही साथ यह कानपुर देहात से सटा भी है। इस लिहाज से यहां का एरिया उद्योगों के लिए उद्यमियों को पसंद आएगा। यह पर जमीन फाइनल करने की जिम्मेदारी यूपीएसआईडीसी को सौंपी गई है। उसने जनपद में कई जगह पर जमीनें भी देखी हैं लेकिन कंचौसी की जमीन पहली पसंद बनी है। हालांकि इस पर फाइनल मुहर लगना बाकी है।

——————-
उद्यमियों को किया जाएगा प्रोत्साहित
रोजगार के लिए इंडस्टि्रयल एरिया में उद्योग लगाने के लिए उद्यमियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। खाली प्लाॅटों को जल्द भरा जाएगा। वहीं, कंचौसी के पास यूपीएसआईडीसी के लिए जमीन तलाशने का काम शुरू किया गया है।
-दुर्गेश कुमार, उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र

Auraiya News: पांच साल बाद पूर्व एमएलसी व गनर को सुप्रीम कोर्ट से राहत

0

औरैया। शहर के बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड में पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक व गनर को सुप्रीम कोर्ट से लगभग पांच साल बाद राहत मिली। हाईकोर्ट ने इनकी जमानत मंजूर की दी थी। फैसले के खिलाफ वादी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की थी। बुधवार को सुनवाई में कोर्ट ने हाईकोर्ट के फैसले को जायज माना और याचिका को खारिज कर दिया। इस हत्याकांड को पांच साल छह माह 24 दिन पहले अंजाम दिया गया था। दोहरे हत्याकांड में अधिवक्ता मंजुल चौबे व उसकी चचेरी बहन सुधा की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

शहर के मोहल्ला नारायणपुर स्थित हनुमान मंदिर परिसर में 15 मार्च 2020 को अधिवक्ता, उनकी चचेरी बहन की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक, उनके भाई पूर्व ब्लॉक प्रमुख संतोष पाठक, रामू पाठक समेत कार चालक, गनर समेत 11 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। विवेचना के बाद आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया था। पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक समेत कई आरोपियों पर गैंगस्टर भी लगा है। कमलेश पाठक आगरा जेल हैं जबकि उरई में संतोष व फिरोजाबाद जेल में रामू पाठक निरुद्ध हैं। यह मामला सत्र न्यायाधीश फास्ट ट्रैक द्वितीय के न्यायालय में विचाराधीन है। इसी बीच पूर्व मंत्री कमलेश पाठक एवं उनके गनर कांस्टेबल अवनीश प्रताप सिंह को हत्याकांड में इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिली थी। जिसको वादी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर इस फैसले को चुनौती दी थीए जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया।

Auraiya News: चौकियों पर नहीं पड़ेंगे ताले, 24 घंटे मौजूद रहेगी पुलिस

0

औरैया। अब पुलिस चौकियों पर फरियादियों को न तो ताले लटकते मिलेंगे और न ही उन्हें फरियाद सुनाने के लिए भटकना पड़ेगा। रात हो या दिन 24 घंटे चौकियों पर पुलिस की मौजूदगी रहेगी। अगर किसी भी चौकी पर ताला लटकता मिला तो संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी। शासन के निर्देश पर एसपी ने चौकियों के लिए फरमान जारी किया है।संवाद न्यूज एजेंसी ने पांच अक्तूबर के अंक में सुरक्षा की वाहक पुलिस चौकियों पर रात में लगा दिए जाते हैं ताले शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। पड़ताल में निझाई व नारायणपुर चौकी में ताला लटका मिला था। जिसे शासन ने संज्ञान लेते हुए जनपद की पुलिस से जबाव मांगा था। जिसके बाद मामले में गंभीरता को देखते हुए एसपी अभिषेक भारती ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं। कि 24 घंटे पुलिस चौकी खुली रहेगी।

अगर चौकी प्रभारी किसी काम से जाते हैं, तो वहां पर एक कर्मचारी मौजूद रहेगा। एसपी अभिषेक भारती ने बताया कि पुलिस चौकियों में हर समय पुलिस कर्मी मौजूद रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद भी अगर चौकियों पर ताला पड़ा मिलता है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Auraiya News: दिव्यांग से कराई शादी, अब गंभीर हालत में छोड़ने का आरोप

0

अटसू। अजुआपुर निवासी एक युवक ने ससुरालीजन पर धोखाधड़ी कर दिव्यांग लड़की से शादी कराने का आरोप लगाया है। बताया कि मां के बीमार होने पर पत्नी को मायके भेज दिया। हर माह रुपये देने के बाद भी ससुरालीजन ने उसका इलाज नहीं कराया। गंभीर हालत में पत्नी को घर छोड़ गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।कोतवाली क्षेत्र के गांव अजुआपुर निवासी रवि शंकर दुबे की शादी 22 अप्रैल 2016 रिश्तेदारों ने धोखाधड़ी कर कानपुर देहात के गांव रसधान निवासी एक युवती से कराई थी। विदाई के बाद जब घर पहुंचे तो पत्नी धड़ से लेकर पूरी तरह से पैरालाइज थी। शादी के बाद रवि ने उसका खूब इलाज कराया। इसी बीच उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। उसने ससुराल में फोन कर पत्नी को ले जाने के लिए कहा। पत्नी का भाई उसे मायके ले गया। हर माह उसके इलाज के लिए रुपये भी देता रहा लेकिन ससुरालीजन ने रुपये बीमारी में न लगाकर अन्य कामों में लगाते रहे।

इससे वह और भी गंभीर स्थिति में पहुंच गई। आरोप है कि तीन अक्तूबर को वह खेत पर काम करने गया था, तभी ससुरालीजन उसे गंभीर हालत में घर छोड़ गए। जब उसने फोन पर पूछा तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे। कोतवाल ललितेश नारायण त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Auraiya News: ट्रेनों में रिजर्वेशन फुल, त्योहार पर घर पहुंचने की टूट रही आस

0

औरैया। त्योहार पर जो लोग ट्रेनों में रिजर्वेशन कराते हुए घर आने की राह देख रहे हैं। उनकी यह राह आसान नहीं होगी। चूंकि फफूंद रेलवे स्टेशन पर ठहराव लेने वाली दिल्ली रूट की ट्रेनों में दीपावली के बाद तक वेटिंग है। रिजर्वेशन फुल हो गए हैं। फफूंद रेलवे स्टेशन पर रिजर्वेशन को लेकर पहुंचने वाले लोगों को अब निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है।

जिले के बहुतायत में लोग दिल्ली, नोयडा, आगरा समेत अन्य महानगरों में नौकरी करते हैं। दीपावली त्योहार पर इन लोगों का घर आना होता है। साथ ही त्योहार बाद वो नौकरी पर वापसी करते हैं। ज्यादातर लोग इस यात्रा के लिए ट्रेन को पसंद करते हैं जबकि कुछ लोग बसों से भी सफर करते हैं। हर साल त्योहार पर ट्रेनों में रिजर्वेशन फुल हो जाने का संकट यात्रियों को परेशानी में डाल देता है। इस बार भी यही आलम है। समस्या को जानने वाले लोगों ने पहले से ही रिजर्वेशन करा लिए हैं। जिन्होंने अभी तक ट्रेनों के रिजर्वेशन नहीं कराए हैं, वो अब संकट में है।

उन्हें अब बसों से ही सफर करना होगा। ट्रेनों में रिजर्वेशन फुल हो जाने की हालत यह है कि नेताजी एक्सप्रेस में 22 नवंबर तक वेटिंग है। रिजर्वेशन फुल हो चुके हैं। वहीं, महानंदा एक्सप्रेस में पांच नवंबर तक अप व डाउन ट्रेनों के रिजर्वेशन फुल हैं। गोमती में 24-25 अक्तूबर तक रिजर्वेशन फुल हैं जबकि अवध में नवंबर तक वेटिंग हैं। हालांकि मेरठ रूट पर चलने वाली संगम एक्सप्रेस में सीटें खाली हैं लेकिन इस रूट पर दिल्ली नहीं हैं। फफूंद रेलवे स्टेशन के वाणिज्य प्रवेक्षक रोहित कुमार ने बताया कि दिल्ली रूट की अप डाउन ट्रेनों में रिजर्वेशन फुल हैं। अन्य रूटों की ट्रेनों में कुछ सीटें खाली चल रही हैं। फिलहाल दीपावली स्पेशल ट्रेनों को लेकर कोई आदेश नहीं आया है।

Auraiya News: हाइट गेज में फंसा ओवर लोड लोडर, लगा लंबा जाम

0

बिधूना। त्योहार के मौके पर सामान लादकर कस्बे में पहुंच रहे वाहन जाम का शिकार हो रहे हैं। मंगलवार को अछल्दा के हरीगंज बाजार में ओवरलोड एक लोडर नहर पुल पर लगे हाई गेज को पार नहीं कर सका। इससे बिधूना-अछल्दा मार्ग के नहर पुल पर जाम लग गया। पुलिस ने लोडर पर लदा सामान उतरवाकर जाम खुलवाया।

दोपहर करीब एक बजे फफूंद की ओर से आ रहा ओवरलोड एक लोडर टूटे हाई गेज से होकर बाजार में घुस गया। वह नहर पुल पर बड़े वाहनों की रोकथाम के लिए लगे हाइट गेज को लोडर पार नहीं कर सका और फंस गया। देखते ही देखते नहर पुल से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। थानाध्यक्ष पंकज मिश्रा मौके पर पहुंचे और लोडर का सामान उतरवाकर जाम में फंसे वाहनों को निकलवाया।

Auraiya News: स्वास्थ्य व उच्च शिक्षा के संग उद्योग पर दिया जाए ध्यान तो निखरे औरैया

0

औरैया। किसी भी जिले के विकास में शिक्षा स्वास्थ्य व रोजगार का अहम योगदान रहता है। अगर ये बुनियादी जरूरतें जनता को मिल जाएं, तो विकास को पंख लग जाते हैं। साथ ही उनका जीवन स्तर बेहतर हो जाता है। औरैया के लोगों ने विकसित उत्तर प्रदेश-2047 को लेकर कुछ ऐसे ही सुझाव दिए हैं। इसमें नई पीढ़ी के भविष्य को लेकर गहन चिंतन छिपा हुआ है। इसे पूरा करने के लिए अफसर स्थानीय स्तर से शासन स्तर तक मंथन करेंगे।

जिले में अभी तक तीन हजार लोगों ने विकसित उत्तर प्रदेश-2047 को लेकर सुझाव दिए हैं। यह संख्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है। इन सुझावों का केंद्र स्वास्थ्य, शिक्षा व रोजगार के इर्द-गिर्द ही अभी तक देखने को मिला है। खास तौर पर उद्योगों को लेकर जिले में तेजी से कदम बढ़ाए जाने की मांग की गई है। उद्योगों के लिए बुनियादी जरूरतों और रॉ मैटेरियल की उपलब्धता के साथ अच्छा बाजार खड़े करने की मांग की गई है। निर्यात व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की गई है। पोर्टल पर उच्च शिक्षा को लेकर भी सुझाव दिए गए हैं। जिले में 12 तक की पढ़ाई के लिए अच्छी व्यवस्था है लेकिन उच्च शिक्षा को लेकर कोई बेहतर संस्थान न होने का दर्द छलका है।इंजीनियरिंग कॉलेज, फार्मेसी कॉलेज की कमी युवाओं को पेशेवर बनाने में अखर रही है। वहीं स्वास्थ्य को लेकर बेहतर उपचार न मिलने का दर्द है। सरकारी अस्पताल तो बने हैं लेकिन यहां पर संसाधनों से लेकर डॉक्टरों की कमी बेहतर इलाज में आड़े आ रही है। वहीं ग्रामीण स्तर पर खेती किसानी को लेकर भी चिंता जताई गई है। किसान की उपज को बेहतर दाम दिलाने के लिए प्रोसेसिंग यूनिटों को बढ़ावा देने का सुझाव दिया गया है।

————————

अब गांवों में खुली बैठक कर लिए जाएंगे सुझाव
डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने विकसित उत्तर प्रदेश-2047 को लेकर ग्रामीण क्षेत्र से भी सुझावों को जुटाने की पहल शुरू की है। इसके लिए गांवों में चौपाल लगाकर सुझावों को लिया जाएगा। इससे अंतिम व्यक्ति की बात भी शासन तक पहुंच सकेगी।
————————
सुझाव देने के मामले में जिले का प्रदेश में है 33वां स्थान
पांच अक्तूबर तक जिले में 30382 सुझाव पोर्टल के माध्यम से मिले हैं। प्रदेश स्तर पर ये आंकड़ा जिले को 33वें पायदान पर लाया है। जिसमें 26865 लोग ग्रामीण क्षेत्र से हैं। वहीं 3517 लोग शहरी क्षेत्र के हैं। खास बात यह है कि सबसे ज्यादा सुझाव 31 से 60 वर्ष की आयु के लोगों ने 13637 सुझाव दिए हैं। 31 से कम आयु के युवाओं ने 14901 सुझाव दिए हैं। वहीं, 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों ने 1526 सुझाव दिए हैं।

बिधूना अछल्दा ट्रेन से गिरा युवक बचा, उपचार के बाद परिजन को सौंपा

0

बिधूना। अछल्दा रेलवे स्टेशन से धीमी गति से गुजर रही नॉन स्टॉप ट्रेन से उतरते समय एक युवक गिरकर घायल हो गया। घायल युवक को आरपीएफ की टीम सीएचसी ले गई। सूचना पर परिजन भी पहुंच गए। प्राथमिक इलाज के बाद परिजन घायल युवक अपने साथ ले गए। युवक दिल्ली से बलिया सुपरफास्ट ट्रेन में बैठा था।

जनपद इटावा थाना जसवंतनगर के गांव सलेमपुर निवासी ब्रजेंद्र यादव सोमवार रात दिल्ली से घर जाने के लिए बलिया सुपरफास्ट ट्रेन में बैठ गया। मंगलवार तड़के वह सोकर जागा तो ट्रेन अछल्दा रेलवे स्टेशन से धीमी गति से गुजर रही थी। इस दौरान युवक चलती ट्रेन से गलत दिशा में उतरने लगा, तभी वह गिरकर घायल हो गया। जानकारी पर आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची और घायल को सीएचसी में भर्ती कराया। परिजन को घटना की जानकारी दी। सुबह इटावा के थाना रामपुरा के गांव हिम्मतपुर निवासी जीजा सत्यवीर अस्पताल पहुंचे। पूछताछ के बाद घायल को परिजन के सुपुर्द कर दिया गया।

Auraiya News: वाल्मीकि जयंती पर निकली शोभा यात्रा, रामायण का पाठ

0
औरैया। वाल्मीकि जयंती के मौके पर शहर के बनारसीदास मोहल्ले में शोभायात्रा व रामायण पाठ का गायन हुआ। प्रमुख मंदिरों में भी रामायण का गायन हुआ। जिलाधिकारी डाॅ. इन्द्रमणि त्रिपाठी व पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने बनारसीदास स्थित मंदिर में पहुंचकर महर्षि वाल्मीकि के चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके साथ ही रामायण पाठ शुरू हुआ।
डीएम ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि अपने बचपन में धार्मिक कार्यों से बहुत दूर रहे, लेकिन जब उन्हें ज्ञान प्राप्त हुआ तब प्रभु श्रीराम के शरण में चले गए। प्रभु की भक्ति में लीन हो गए। उन्होंने कहा कि प्रभु की भक्ति और आत्मशक्ति से कुछ भी हासिल किया जा सकता है। डीएम व एसपी ने शोभा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सभी विकास खंडों के प्रमुख मंदिरों में वाद्य यंत्रों के साथ रामायण पाठ का आयोजन किया गया। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी अविनाश चन्द्र मौर्य, उप जिलाधिकारी सदर अजय आनंद वर्मा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद रामआसरे कमल सहित संबंधित पुलिस बल मौजूद रहा।शोभा यात्रा में शामिल लव–कुश की झांकी ने लुभाया

फोटो 07 एयूआरपी 43 शोभा यात्रा में शामिल घोड़े के संग लवकुश व मौजूद लोग। संवाद
फफूंद। महर्षि वाल्मीकि जयंती पर कस्बे में मंगलवार को भव्य शोभायात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे और बैंड की धुनों के बीच निकली शोभायात्रा में शामिल लवकुश समेत अन्य झांकियों ने लोगों को आकर्षित किया। शोभा यात्रा का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सह संपर्क प्रमुख अखिलेश कटियार ने हरी झंडी दिखाकर किया। यात्रा में भगवान शंकर–पार्वती, देशभक्ति, महर्षि वाल्मीकि और लव–कुश की भव्य झांकियां आकर्षण का केंद्र बनीं। विशेष रूप से अश्वमेध घोड़े की झांकी ने लोगों को खूब आकर्षित किया।

रास्ते भर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया। शोभायात्रा टाकीज रोड, कटरा हेमनाथ, कायस्थान, ऊंचा टीला, अछल्दा चौराहा, गोविंदगंज, चमनगंज सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः वाल्मीकि मंदिर पर पहुंचकर संपन्न हुई।अंत में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर महर्षि वाल्मीकि के बताए आदर्शों और सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में अध्यक्ष राजेश बाबा, उपाध्यक्ष जितेंद्र वाल्मीकि, महासचिव धर्मेंद्र बाल्मीकि, प्रचार सचिव संजय वाल्मीकि, संगठन सचिव करन वाल्मीकि, पूर्व अध्यक्ष प्रदीप वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग मौजूद रहे।