Wednesday, April 8, 2026
Home Blog Page 2

Etawah News: जीआरपी सिपाही ने शराब के नशे में चेन पुलिंग की, निलंबित

0

इटावा। रेलवे स्टेशन के मालगोदाम पास शनिवार रात नई दिल्ली से जयनगर जा रही स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में चेनपुलिंग हो गई। सूचना मिलते ही जीआरपी व आरपीएफ सिपाही मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ट्रेन से जीआरपी सिपाही को उतरे पकड़ लिया। इसको लेकर जीआरपी सिपाही व आरपीएफ जवानों के बीच गहमा-गहमी हो गई। आरपीएफ ने शराब के नशे में होने पर एसएसपी रेलवे समेत उच्चाधिकारियों को जीआरपी सिपाही की करतूब बताई। मामले में एसएसपी आगरा ने आरोपित सिपाही पर जांच बैठाते हुए उसे निलंबित कर दिया है। इस दौरान ट्रेन करीब पांच मिनट खड़ी रही।
ट्रेन संख्या 12562 स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस शनिवार रात नई दिल्ली से चलकर बिहार के जयनगर जा रही थी। ट्रेन का अलीगढ़ से कानपुर सीधा स्टापेज था। रात करीब 12 बजकर 55 मिनट पर जब ट्रेन इटावा जंक्शन से पास हो रही थी। इसी दौरान ट्रेन में अचानक चेन पुलिंग हो गई। जिससे ट्रेन मालगोदाम के आगे जाकर रुक गई। इधर नान स्टाप ट्रेन के अचानक रुकने एवं चेनपुलिंग होने की सूचना पर आरपीएफ पोस्ट पर ड्यूटी पर तैनात उपनिरीक्षक संतोष कुमार हमराह जवानों के साथ मौके पर पहुंचे।

जांच पड़ताल एवं ट्रेन में सवार यात्रियों से पूछताछ की गई तो यात्रियों ने एम-1 कोच से उतरे सिपाही को चेन पुलिंग करके उतरने की बात कही। इस पर बैग लेकर मालगोदाम की तरफ जा रहे सिपाही को रोक लिया। जीआरपी सिपाही ने आरपीएफ एसआई से हॉटटॉक कर दी। एसआई का आरोप था कि उसने शराब भी पी रखी थी। उपनिरीक्षक संतोष कुमार ने तुरंत अपने उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम अमजद खान निवासी नगला केशव राय थाना सिविल लाइंस इटावा बताया। सिपाही के जीआरपी अलीगढ़ थाने पर तैनात होने की जानकारी पर उसके प्रभारी निरीक्षक संदीप तोमर समेत उच्चाधिकारियों को उसके व्यवहार व कृत्य के बारे में बताते हुए रेलवे एक्ट के तहत चेन पुलिंग में जुर्माना की कार्रवाई करने के साथ शराब पिए होने पर उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई है। रेलवे एसएसपी आगरा अनिल कुमार झा ने प्रथम दृष्टया सिपाही अमजद को निलंबित कर दिया हैं। मामले की जांच सीओ जीआरपी इटावा को सौंपी गई है।

Auraiya News: पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक समेत चार गैंग के 31 आरोपियों पर गैंगस्टर

0

औरैया। जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए एसपी के निर्देश पर शनिवार को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक के गिरोह और बॉस (8055) लिखकर दहशत फैलाने वाले गैंग समेत चार शातिर गिरोहों के 31 सदस्यों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की है।शहर में हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक आगरा की सेंट्रल जेल में बंद है। कमलेश पर जेल से ही अपने सक्रिय सदस्य अब्दुल सत्तार के जरिए व्यापारियों और लोगों को धमकाकर रंगदारी वसूलने के आरोप लगे थे। दिसंबर 2025 में व्यापारी की तहरीर पर कमलेश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की गई थी।अब कोतवाली पुलिस ने कमलेश व अब्दुल के खिलाफ शनिवार रात गैंगस्टर एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब्दुल सत्तार की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं।

इससे पूर्व दोहरे हत्याकांड के बाद पुलिस ने कमलेश समेत 11 पर गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की थी। मामले में 24 मार्च को एमपी-एमएलए कोर्ट ने कमलेश को छह साल व उसके दो भाइयों समेत अन्य को पांच-पांच साल की सजा सुनाई थी। गनर को बरी कर दिया था। अब व्यापारी के मामले में एक बार फिर उस पर गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है।

कोतवाली पुलिस ने अपनी गाड़ियों पर बॉस 8055 लिखकर चलने वाले गैंग को बेनकाब किया है। यह गैंग कम उम्र के युवाओं को सुरक्षा का झांसा देकर अपने दल में शामिल करता है और छोटी-छोटी बातों पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दहशत फैलाता है। इस गैंग का सरगना मयंक दुबे है।
वहीं, गोलू दुबे, प्रखर मिश्रा, ऋषभ पांडेय, हिमांशु चौधरी, आशीष अवस्थी, उत्कर्ष शुक्ला, श्रीधर यादव, आयुष चतुर्वेदी, भोले यादव, कपिल यादव, हर्ष यादव, गौतम दुबे सक्रिय सदस्य हैं। हिमांशु, प्रखर, श्रीधर और हर्ष जेल में हैं। बाकी की तलाश जारी है।
इसके अलावा अजीतमल कोतवाली पुलिस ने घरों के बाहर से जानवर और सामान चोरी करने वाले रमाकांत चिकवा गिरोह के आठ सदस्यों पर गैंगस्टर लगाया है। यह गिरोह संगठित होकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। रमाकांत चिकवा गैंग का लीडर है जबकि इमरान खान, लवकुश कुशवाहा, इकबाल, अल्ताफ अली, आबिद अली, सोहेल उर्फ हलऊ, मोहम्मद हारून सक्रिय सदस्य हैं। गैंग लीडर रमाकांत, सोहेल और हारून पहले से ही जेल में हैं। बाकी की तलाश पुलिस कर रही है।

गो-तस्करी करने वाले मनोज दोहरे गैंग पर भी एक्शन

एरवाकटरा थाना पुलिस ने गैर राज्यों में गोवंशों की तस्करी करने वाले मनोज दोहरे गिरोह के आठ सदस्यों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। यह गैंग पशुओं को क्रूरतापूर्वक ट्रकों में लादकर मारने के लिए बाहर ले जाता था। मनोज दोहरे इस गैंग का लीडर और शिव श्याम कश्यप, रॉकी, राजीव कुमार राजपूत, अंकित, नीरज कुमार, प्रदीप कुमार और अरविंद सदस्य हैं।

जिले में किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। डीएम के अनुमोदन के आधार पर चार अलग-अलग गैंग के खिलाफ कार्रवाई की गई है।-अभिषेक भारती, एसपी

Ghatampur: ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

0

घाटमपुर क्षेत्र के टेनापुर मोड़ के सामने पतारा गौशाला के पीछे रेलवे ट्रैक पर एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। गुजैनी निवासी राजेश उर्फ छोटू (22) पुत्र श्याम बाबू जो छोटे से अपने मामा कलिका प्रसाद के साथ टेनापुर में रहता था। रविवार रात से वह घर पर नहीं था। सुबह करीब 6 बजे उसका शव रेलवे ट्रैक के किनारे ग्रामीणों को मिला। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की पहचान कर परिजनों को सूचित किया और पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामा कलिका प्रसाद ने बताया कि राजेश की मृत्यु के बाद वह अपने मामा-मामी के साथ बचपन से ही रहता था और ट्रक में परिचालक का काम करके अपनी रोजी रोटी चलाता था। मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Rescue Mission: तीन शब्दों से बची पायलट की जान, संदेश को US ने समझा ईरानी चाल; ट्रंप ने बताया कैसे किया डिकोड

0

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुलासा किया है कि ईरान में गिराए गए F-15 लड़ाकू विमान के एक क्रू सदस्य के रेडियो संदेश ने शुरुआत में अमेरिकी सेना के भीतर चिंता बढ़ा दी थी। कुछ समय के लिए यह आशंका भी जताई गई कि यह संदेश ईरान की किसी चाल का हिस्सा हो सकता है।अमेरिकी मीडिया एक्सियोस को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने बताया कि विमान गिरने के बाद अमेरिका के पास अधिकारी के ठिकाने से जुड़ी बीपिंग जानकारी आ रही थी। इसी दौरान पायलट की ओर से रेडियो पर एक छोटा और असामान्य संदेश मिला- ‘ईश्वर की शक्ति।’ट्रंप ने कहा कि यह संदेश सुनकर कुछ अधिकारियों को लगा कि यह ऐसा वाक्य है जो आमतौर पर मुस्लिम संदर्भ में इस्तेमाल होता है। इससे यह संदेह पैदा हुआ कि कहीं पायलट को पकड़ तो नहीं लिया गया और ईरान की ओर से अमेरिकी बलों को फंसाने के लिए झूठे संकेत तो नहीं भेजे जा रहे। हालांकि, बाद में एक अमेरिकी रक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया कि असल में संदेश ‘भगवान अच्छा है’ था। इसके बाद हालात की जांच की गई और धीरे-धीरे संदेह दूर हो गया।

जांच के बाद साफ हुई स्थिति
रिपोर्ट के मुताबिक आगे की पुष्टि के बाद यह स्पष्ट हुआ कि पायलट सुरक्षित था और किसी के कब्जे में नहीं था। ट्रंप ने कहा कि पायलट को जानने वाले लोगों ने बताया कि वह बेहद धार्मिक है, इसलिए उनका संदेश उनकी व्यक्तिगत आस्था के अनुरूप था।

रक्षा अधिकारी ने भी इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि शुरुआत में स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं थी, लेकिन बाद में जांच के जरिए यह सुनिश्चित किया गया कि पायलट जीवित है और सुरक्षित है।

24 घंटे से ज्यादा समय तक बचकर रहा पायलट
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह क्रू सदस्य हथियार प्रणाली अधिकारी था और ईरान के पहाड़ी इलाके में घायल अवस्था में 24 घंटे से अधिक समय तक छिपा रहा। इस दौरान उसने खुद को दुश्मन के कब्जे से बचाए रखा। ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी विमान को ईरानी बलों ने कंधे से दागी जाने वाली मिसाइल से गिराया था। उन्होंने विमान के क्रू सदस्य को भाग्यशाली बताया।

खतरनाक रेस्क्यू ऑपरेशन
बचाव अभियान के लिए अमेरिकी विशेष बलों को ईरान के अंदर तक भेजा गया, जहां से उन्होंने इस पायलट को सुरक्षित बाहर निकाला। ट्रंप ने इस मिशन को अमेरिकी इतिहास के सबसे साहसी खोज एवं बचाव अभियानों में से एक बताया। रिपोर्ट के अनुसार इस अभियान में नेवी सील टीम सिक्स के कमांडो शामिल थे, जबकि अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने ईरानी काफिलों को दूर रखने के लिए कार्रवाई की। आखिरकार यह मिशन सफल रहा और पायलट को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

LPG Crisis: गैस बुकिंग पर नया अपडेट, इन उपभोक्ताओं को 1 जुलाई से नहीं मिलेगा सिलिंडर; PNG के लिए भी बदले नियम

0
पाइप्ड नैचुरल गैस (पीएनजी) उपभोक्ताओं को 70 हजार से अधिक एलपीजी कनेक्शन सरेंडर करने होंगे। ऐसे उपभोक्ताओं के घर एक जुलाई से एलपीजी गैस सिलिंडर की सप्लाई बंद हो जाएगी। पूर्ति विभाग ने ग्रीन गैस लिमिटेड से ऐसे उपभोक्ताओं की सूची तलब की है, जिनके घर पीएनजी और एलपीजी दोनों के कनेक्शन हैं।
नए नियम के मुताबिक अब पीएनजी उपभोक्ता एलपीजी कनेक्शन नहीं रख सकेंगे। दोहरे कनेक्शन में एलपीजी कनेक्शन बंद होंगे। जिला पूर्ति अधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि अगले तीन महीने में पीएनजी कनेक्शन धारकों के घर एलपीजी गैस सिलिंडर की डिलीवरी बंद हो जाएगी। केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने इस संबंध में आदेश जारी किया था। जिसे धरातल पर उतारने की कवायद शुरू हो गई है।
300 मीटर परिधि में लाइन तो कनेक्शन लेना अनिवार्य
जिन गली-मोहल्लों और कॉलोनियों में पीएनजी की पाइप लाइन है। वहां पर लोगों को पीएनजी कनेक्शन ही लेना पड़ेगा। घर से 300 मीटर के दायरे में पीएनजी की लाइन है, तो एक सप्ताह में कनेक्शन मिल जाएगा। ऐसे उपभोक्ताओं को कनेक्शन के लिए छह हजार रुपये जमानत राशि जमा करानी होगी। डीएसओ आनंद कुमार ने बताया कि अगले तीन महीने में 25 हजार नए पीएनजी कनेक्शन देने का लक्ष्य है। पहले चरण में पांच हजार कनेक्शन किए जाएंगे।

शिविर लगाकर पूरी कराई औपचारिकताएं
ग्रीन गैस लिमिटेड ने रविवार को शंकर ग्रीन ताजनगरी और अपर्णा प्रेम शास्त्रीपुरम में शिविर लगाया गया। यहां पर नए कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं से औपचारिकताएं पूरी कराई गईं। नए कनेक्शन के लिए 10 से अधिक आवेदन आए।

1800 रुपये में बिक रहा 925 वाला सिलिंडर
शासन और प्रशासन दावा कर रहा है कि एलपीजी आपूर्ति सामान्य है। जबकि लोगों का कहना है कि व्यावसायिक उपयोग के लिए 925 रुपये का घरेलू सिलिंडर 1800 से 2000 रुपये तक ब्लैक लेना पड़ रहा है। जिले में 40 हजार कॉमर्शियल सिलिंडर की खपत है, जिसके मुकाबले करीब 4500 सिलिंडर की आपूर्ति हो पा रही है। कॉमर्शियल सिलिंडर की आपूर्ति में 90 प्रतिशत की कटौती से व्यावसायिक उपभोक्ता प्रभावित हैं।

यूपी: प्रदेश में जानलेवा हुई आंधी-बारिश, रविवार को 12 लोगों की मौत, कल से फिर से तूफान की चेतावनी जारी

0

प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार को दूसरे दिन भी आंधी-बारिश के साथ ओले गिरे। बुंदेलखंड और सेंट्रल यूपी के जिलों में आंधी के साथ तेज बारिश हुई। कानपुर, बांदा, जालौन, इटावा, औरैया, फर्रुखाबाद, हरदोई में ओले भी गिरे। झांसी, ललितपुर, अलीगढ़, बुलंदशहर, मथुरा में बारिश हुई। इटावा में सबसे अधिक 30 मिमी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान हुए हादसों में अवध के चार लोगों समेत 12 लोगों की मौत हो गई।पश्चिमी विक्षोभ और निम्न क्षोभमंडल में पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर बने चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव वेस्ट और सेंट्रल यूपी में रविवार को भी रहा। शनिवार देर शाम आंधी-पानी के दौरान सीतापुर और रायबरेली में दो-दो लोगों की मौत हो गई। बिजली गिरने से झांसी में एक किसान, अलीगढ़ में एक किशोरी की मौत हो गई। कानपुर में दो महिलाओं और एक वृद्ध की बारिश और आंधी के कारण हुए हादसों में मौत हो गई। जालौन में पेड़ गिरने से वृद्ध, फतेहपुर और इटावा में दीवार ढहने से किसान और महिला की मौत हो गई।

किसानों की बढ़ी मुसीबत
आंधी-बारिश और ओलों ने किसानों के लिए मुसीबत खड़ी कर दी है। गेहूं, सरसों, मूंगफली, खरबूजा, तरबूज व सब्जियों की फसल को नुकसान हुआ। कन्नौज में गेहूं और आलू किसानों को नुकसान पहुंचा है। प्रयागराज में ओलावृष्टि से गेहूं की पकी फसल चौपट हो गई। बुलंदशहर में ओले गिरने से गेहूं की फसल को नुकसान हुआ है। 

तापमान में आई गिरावट, कल से आंधी-तूफान के लिए रहें तैयार

बार-बार करवट ले रहा मौसम आए दिन चौंका रहा है। शनिवार और रविवार को हुई बारिश के चलते प्रदेश में दो से तीन डिग्री की गिरावट महसूस की गई। सोमवार को मौसम साफ रहने के आसार हैं लेकिन सात व आठ अप्रैल को आंधी-तूफान के साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश की संभावान व्यक्त की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का नया दौर पश्चिमी उत्तर प्रदेश से सात अप्रैल को शुरू होगा जिसका असर आठ अप्रैल को पूरे प्रदेश में देखा जाएगा।

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और निम्न क्षोभमंडल में पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर बने चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव प्रदेश के पश्चिमी एवं मध्यवर्ती भाग में रविवार को भी रहा। इस वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि इसके कमजोर पड़ने के साथ छह अप्रैल को प्रदेश के मौसम में आंशिक सुधार के कारण तापमान में मामूली बढ़त होगी। आंचलिक मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, सात अप्रैल से अगले पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश के पश्चिमी भाग से शुरू होगा। इसके बाद मध्यवर्ती भाग तक पहुंचेगा और 8 अप्रैल को पूरे प्रदेश को प्रभावित करने करेगा।

नौ अप्रैल से इसके कमजोर पड़ने के दौरान तापमान में 3 से 5 डिग्री की प्रभावी गिरावट आएगी। इसके बाद 10 अप्रैल से प्रदेश का मौसम शुष्क हो जाने की संभावना है। मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि शनिवार और रविवार को हुई बारिश की वजह से तापमान में गिरावट महसूस की गई। रविवार को दक्षिणी पश्चिमी और मध्य यूपी में बारिश हुई। इटावा में सबसे अधिक 30 मिमी बारिश दर्ज की गई। कानपुर व आसपास के इलाकों में भी हल्की बारिश हुई।

यूपी: प्रदेश में पंचायत चुनाव टलना तय, अब विधानसभा चुनाव के बाद ही शुरू होगी प्रक्रिया; 26 मई तक है कार्यकाल

0

उत्तर प्रदेश में अब निर्धारित समय पर नई पंचायतों का गठन संभव नहीं रह गया है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद होंगे। इसकी पुष्टि दबी जुबान से उच्चपदस्थ सूत्र भी कर रहे हैं। पक्ष और विपक्ष, दोनों का फोकस वर्ष 2027 में होने वाले राज्य विधानसभा के आम चुनाव पर है। कोई भी पार्टी स्थानीय चुनावों में नही उलझना चाह रही है।प्रदेश में ग्राम पंचायतों, क्षेत्र पंचायतों और जिला पंचायतों के निर्वाचन का कार्यकाल क्रमशः 26 मई, 19 जुलाई और 11 जुलाई को समाप्त हो रहा है। जबकि, त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए फाइनल मतदाता सूची 15 अप्रैल को प्रकाशित होगी। चुनाव से पहले समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग के गठन और आरक्षण की प्रक्रिया भी पूरी की जानी है। इस सबसे एक बात तो स्पष्ट हो गई है कि मौजूदा पंचायतों का कार्यकाल खत्म होने से पहले नई पंचायतों के गठन की प्रक्रिया अब पूरी नहीं सकती।

उच्चपदस्थ सूत्रों के मुताबिक, मौजूदा परिस्थितियों में प्रधानों का कार्यकाल बढ़ाने का विकल्प ही अब बचा है। अगर कार्यकाल बढ़ाने में किसी तरह की कोई कानूनी अड़चन आई तो प्रशासक भी बैठाए जा सकते हैं। अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, इसलिए भाजपा, सपा, कांग्रेस और बसपा की ओर से भी पंचायत चुनाव कराने की कोई मांग नहीं उठ रही है। हालांकि, चुनाव को लेकर हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की गई है।

 

नहीं उठ रही किसी दल से मांग

UP: Panchayat elections in the state are set to be postponed, the process will begin only after the assembly

सत्ता पक्ष और विपक्ष, कोई भी अभी पंचायत चुनाव नहीं चाह रहा है। सपा और कांग्रेस की ओर से भी ऐसी कोई मांग नहीं उठ रही है। हालांकि, मामला हाईकोर्ट में चला गया है। अब सबकी निगाह न्यायालय के फैसले पर है।-ओमप्रकाश राजभर, पंचायतीराज मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार

कोर्ट में भी पहुंच चुका है मामला

मामला हाईकोर्ट में भी विचाराधीन उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव कराने का मामला हाईकोर्ट भी पहुंच चुका है। इस संबंध में याचिका दायर की गई है। याची का कहना है कि अगर मतदाता सूची ही अप्रैल के मध्य तक फाइनल होगी, तो आरक्षण की जटिल प्रक्रिया और चुनाव संपन्न कराने के लिए बहुत कम समय बचेगा। ऐसी स्थिति में चुनाव टलने की आशंका बढ़ गई है, जिससे पूर्व की भांति प्रशासकों की नियुक्ति की नौबत आ सकती है। इस संबंध में अदालत ने राज्य निर्वाचन आयोग से एफिडेविट भी मांगा। सूत्रों के मुताबिक, राज्य निर्वाचन आयोग ने एफिडेविट दे दिया है। इसमें अपनी तैयारियों की स्थिति स्पष्ट कर दी है।

आरक्षण प्रक्रिया में भी लगता है समय

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में आरक्षण की प्रक्रिया राज्य स्थानीय ग्रामीण निकाय समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग की जनसंख्या संबंधी रिपोर्ट के बाद ही आगे बढ़ेगी। अभी तो इस आयोग का भी गठन नहीं हुआ है। समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग विभिन्न जिलों में जाकर ओबीसी की आबादी के बारे में जानकारी लेकर अपनी रिपोर्ट सौंपता है। किसी भी ब्लॉक में ओबीसी की जनसंख्या का प्रतिशत 27 प्रतिशत से अधिक होने के बावजूद उस ब्लॉक में ग्राम प्रधान के पद 27 प्रतिशत से अधिक आरक्षित नहीं हो सकते। हां, अगर यह प्रतिशत उस ब्लॉक में 27 प्रतिशत से कम है, तो उसी अनुपात में पद आरक्षित होंगे। अलबत्ता, प्रदेश स्तर पर त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव (ग्राम, क्षेत्र व जिला पंचायत) में ओबीसी के लिए आरक्षण का प्रतिशत 27 प्रतिशत रखना अनिवार्य है।

Terror Plan EXPOSED: मोबाइल में छिपा तबाही का प्लान, ATS को मिला ब्लूप्रिंट; अब रिमांड में आतंकी उगलेंगे राज

0

राजधानी लखनऊ में गिरफ्तार संदिग्ध आतंकियों के मोबाइल फोन से कई ऑडियो क्लिप मिली हैं। ये ऑडियो रिकॉर्डिंग पाकिस्तानी हैंडलर्स ने साकिब को भेजी थीं। विस्फोट से पहले पूरे मूवमेंट की जानकारी इन क्लिप्स में है। यही नहीं, पाकिस्तानी हैंडलर्स ने निर्देश दिए थे कि विस्फोट के बाद जो नरसंहार की स्थिति बने, उसके भी वीडियो बनाकर भेजे जाएं।एटीएस आरोपियों के मोबाइल फोन को गहनता से खंगाल रही है। लैब में भी उनकी जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी हैंडलर्स कॉल पर बात करने के साथ-साथ ऑडियो रिकॉर्डिंग भी भेजते थे। इसमें वे बताते थे कि कहां रेकी करनी है, कौन टारगेट है और किस तरह से घटना को अंजाम देना है। ऐसी तमाम क्लिप्स एटीएस को मिली हैं, जो बेहद पुख्ता साक्ष्य हैं। सूत्रों के मुताबिक, हैंडलर्स ने पहली बड़ी वारदात लखनऊ में करने को कहा था। इसके बाद यूपी के अन्य शहरों- अलीगढ़, गाजियाबाद और कई धार्मिक शहर भी निशाने पर थे।

अपने करीबियों के खातों में भी मंगवाई रकम

साकिब ने तमाम रकम अपने खातों में ली है। इसके अलावा अपने करीबियों व गिरोह के अन्य सदस्यों के खातों में भी ट्रांसफर कराई है। जांच एजेंसी ने सभी खातों का ब्योरा संबंधित बैंकों से मांगा है। ताकि, पता चल सके कि पाकिस्तानी हैंडलर्स ने अब तक कितनी रकम मॉड्यूल को भेजी। जिन-जिन के खातों में रकम आई होगी, उन सभी पर कार्रवाई होगी।

कई बार लखनऊ आए

अब तक जो तथ्य सामने आए हैं, उससे पता चला है कि साकिब व अन्य सभी कई बार लखनऊ आए थे। उन्हें अंदाजा था कि रेलवे स्टेशन पर शाम के वक्त सबसे अधिक भीड़ होती है, लिहाजा उसी दौरान ब्लास्ट कराने की साजिश रची गई थी। साकिब हर मूवमेंट की जानकारी दुबई में बैठे आकिब व अन्य पाकिस्तानी हैंडलर्स को दे रहा था।

प्रभात की खबरों का विस्तार 7 भारत न्यूज के साथ

0

*1* ईरान पर हमले का समय तय: ट्रंप बोले- मंगलवार रात 8 बजे तक; होर्मुज को लेकर अमेरिकी धमकी से बढ़ा वैश्विक तनाव

*2* ईरान बोला- जंग में पाकिस्तान का कोई रोल नहीं, ट्रम्प की धमकी पर कहा- 47 साल में कुछ नहीं कर पाए, अब भी नहीं कर पाएंगे

*3* पीएम मोदी बोले- TMC के पापों का घड़ा भर चुका, एक खास मजहब के लोग, बंगाल में हिंदुओं का रहना मुश्किल कर देंगे

*4* असम में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव प्रचार करने पहुंचेंगे। राज्य में मंगलवार को चुनाव प्रचार समाप्त हो रहा है। मतदान 9 अप्रैल को होना है। चुनाव प्रचार के दौरान  पीएम मोदी मोरान और होजाई में जनसभा को संबोधित कर सकते हैंसे

*5* आज पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पहले चरण के मतदान के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है। पहले चरण में कुल 152 विधानसभा क्षेत्रों में 23 अप्रैल को मतदान होगा। पश्चिम बंगाल में कुल दो चरणों में चुनाव होगा है। दूसरे चरण में राज्य की 142 सीटों पर 29 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। नतीजे 4 मई को आएंगे

 

*6* ISRO लेह में बना रहा मंगल ग्रह, चंद्रमा जैसा एनवायरमेंट, परमाणु हथियार दागने वाली INS अरिदमन सबमरीन नौसेना में शामिल; 6 अप्रैल के करेंट अफेयर्स

 

*7* अगली पीढ़ी की अमृत भारत ट्रेन के कोचों का नमूना तैयार, रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया निरीक्षण,

 

*8* पश्चिम बंगाल चुनाव: PM मोदी से मिथुन चक्रवर्ती और हेमा मालिनी तक… BJP ने जारी की 40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट

 

*9* पश्चिम एशिया संकट के बीच भारत की बड़ी कूटनीतिक सक्रियता,जयशंकर ने ईरान-कतर और UAE से की ताबड़तोड़ बातचीत

 

*10* LPG सिलेंडर को लेकर नया नियम: दिल्ली में गोदाम से बिक्री पर पूरी तरह रोक, 5 किलो सिलेंडर से प्रवासी मजदूरों को मिलेगी राहत

 

*11* गुजरात के अशिक्षित लोगों… खरगे के बयान पर उबाल; BJP बोली- मिलेगा करारा जवाब

 

*12* कांग्रेस बोली- असम CM की पत्नी के 3 पासपोर्ट, पूछा- कहां से आए ₹52000 करोड़; हिमंता विदेश भागेंगे, सरमा का जबाव- मानहानि का केस करेंगे

 

*13* ईरान इजराइल युद्ध का असर,राजस्थान के सोजत में मेहंदी की फैक्ट्रियों में काम बंद, 250 करोड़ से ज्यादा का ऑर्डर अटका, व्यापारी बोले-मजदूरों को घर भेजना पड़ रहा है

 

*14* ट्रंप की टेंशन… ईरान युद्ध पड़ने लगा भारी, अमेरिका में महंगाई की मार

 

*15* पश्चिम एशिया में युद्ध का असर दुबई के पर्यटन पर साफ दिख रहा है। 2025 में करोड़ों पर्यटकों वाला शहर अब खाली होटलों और सूने रेस्तरां से जूझ रहा है। कमाई 50-80% तक गिर गई और होटल ऑक्यूपेंसी 15-20% रह गई। 2.26 लाख से ज्यादा बुकिंग रद्द हुईं। हालात ऐसे हैं कि कई कारोबारियों को कर्मचारियों को बिना वेतन छुट्टी पर भेजना पड़ा

 

*16* IPL- लखनऊ 5 विकेट से जीती, हैदराबाद की दूसरी हार; पंत का नाबाद अर्धशतक, शमी को 2 विकेट

 

*17* IPL में CSK की लगातार तीसरी हार, RCB सीजन का बेस्ट स्कोर बनाकर 43 रन से जीती; टिम डेविड ने 8 छक्के लगाए

*18* झारखंड समेत 6 राज्यों में आज भारी बारिश का अलर्ट, अप्रैल के पहले हफ्ते में तीसरा वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव, इससे राजस्थान-MP में ओले गिरेंगे

 

आज का राशिफल जानिए क्या कहते हैं आपके नक्षत्र

0

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आपका दिन सामान्य रहेगा। बिजनेस में रुका हुआ पैसा आपको मिल सकता है। आपको किसी विशेष काम में दूसरे लोगों की मदद मिल सकती है। साथ ही परिवार के लोग आपके हर फैसले के साथ होंगे। आपका कोई आपके लिए बहुत अच्छा करने वाला है। समय की महत्ता को समझे । जीवनसाथी के साथ बेहतर तालमेल रहेंगे। वरिष्ठ का सहयोग मिलेगा। किसी कार्यक्रम या सेवा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। स्वास्थ्य लाभ होगा।

 

वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी ,वु , वे, वो)

आपका दिन अच्छा रहेगा। आपके अच्छे व्यवहार से आसपास के लोग खुश रहेंगे। साथ ही आपकी अच्छी छवि निखर कर लोगों के सामने आयेगी। समाज में आपको उचित आदर-सम्मान मिलेगा। ऑफिस का काम समय पर पूरा हो सकता है। किसी दोस्त की मदद से आपके कुछ निजी काम पूरे होंगे। आपको आर्थिक रूप से भी लाभ की प्राप्ति हो सकती है। कुछ मामलों में आपको अधिकारियों से मदद मिल सकती है। धन में वृद्धि होगी।

 

मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आपका दिन बढ़िया रहेगा। परिवार वालों के साथ धार्मिक स्थल पर दर्शन के लिए जायेंगे। आपके मित्रों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है। आर्थिक रूप से आपको लाभ की प्राप्ति होगी। आपके काम में नयापन आयेगा। अपनों से नजदीकियां बढ़ाने का अवसर मिलेगा। आपको कोई शुभ सूचना प्राप्त होगी। आपको अपनी मेहनत का पूरा फल मिलेगा। आपके कामकाज की क्षमता बढ़ेगी, जिससे कार्यक्षेत्र में आपका प्रभाव बढ़ने के योग हैं। लवमेट एक-दूसरे के साथ खुशी के पल व्यतीत करेंगे।

 

कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

आपका दिन पहले की अपेक्षा बेहतर रहेगा। थोड़ी-सी मेहनत से ही आपको बड़ा मुनाफा मिल सकता है। आप जीवनसाथी के साथ डिनर का प्लान बना सकते हैं। आप दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ेंगी। बच्चे दोस्तों के साथ कोई गेम खेल सकते है। आपको करियर से जुड़ा कोई सुनहरा मौका मिलेगा। आपके कामकाज में बदलाव होने के योग बन रहे हैं। जो छात्र विदेश में जाकर शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं, उनके सपने साकार हो सकते हैं। समाज में आपकी मान-प्रतिष्ठा बढ़ेगी।

 

सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

आपका दिन अनुकूल रहेगा। आप खुद को ऊर्जावान महसूस करेंगे। साथ ही आपके परिवार में सुख-शांति बनी रहेगी। आपको आनंद की अनुभूति होगी। आपकी किसी खास व्यक्ति से मुलाकात हो सकती है। आप किसी खास विषय पर उनसे बातचीत भी कर सकते हैं। आप बच्चों को कुछ अच्छा सिखा सकते है। कामकाज के सिलसिले में की गई यात्रा आपके लिये फायदेमंद साबित होगी। कुछ नयी सफलताएं आपकी डायरी में जुड़ेगी। साथ ही अधिकारी वर्ग आपसे प्रसन्न होंगे।

 

कन्या👩 (टो, पा, पी, पू, ष, ण, ठ, पे, पो)

आपका दिन ठीक-ठाक रहेगा। आप सामाजिक कार्यों में हिस्सा ले सकते हैं। ऑफिस में आपको कोई नया काम मिल सकता है, जिसमें आप अपनी मेहनत से सफल भी हो सकते हैं। परिवार से जुड़े किसी काम के लिए थोड़ी भागदौड़ हो सकती है। स्वास्थ्य में थोड़ा उतार-चढ़ाव भी बना रहेगा। कोर्ट-संबंधी किसी काम के लिये आपको अपने सीनियर्स की मदद लेनी पड़ सकती है। आप किसी दोस्त के घर जा सकते हैं। धन संपत्ति के मामलों में आपको सतर्क रहना चाहिए।

 

तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज आपका दिन बेहतर रहेगा। आर्थिक स्थिति में प्रगति हो सकती है। जीवन में तरक्की के नये रास्ते भी खुलेंगे। ऑफिस में आपकी ड्रेस की तारीफ हो सकती है। अपने कुछ खास काम निपटाने के लिए आपको अपने रूटीन में बदलाव करना पड़ सकता है। आपका स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। जीवनसाथी के साथ किसी हील स्टेशन पर जाने की प्लानिंग कर सकते हैं। किसी तरह का निवेश करने से पहले आपको अच्छी तरह से सबकुछ चेक कर लेना चाहिए।

 

 

वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आपका दिन उत्तम रहेगा। आपको बिजनेस के क्षेत्र में कुछ लोगों से मदद मिलेगी। आपसी समझ और प्यार आपके दाम्पत्य संबंधों को और भी बेहतर बनायेंगे। सामाजिक जीवन भी आज हर तरह से बेहतर बना रहेगा। बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त होगा। साथ ही कार्यक्षेत्र में आपको काम के लिये वाहवाही मिलेगी। आपको खुद को साबित करने के कई मौके मिलेंगे। किसी काम को सुलझाने के लिए आपको कोई नया आईडिया सूझेगा। आपकी सभी परेशानियां दूर होगी।

 

धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

जीवनसाथी के साथ आपको बातचीत में थोड़ी नरमी बरतनी चाहिए। धैर्य रखने पर आपके रिश्ते मधुर होंगे। नियमित योग करने से आपका स्वास्थ्य भी बेहतर बना रहेगा। कुछ कामों में आपको अधिक समय लग सकता है। आपको टेंशन लेने से बचना चाहिए। किसी की राय आपके लिये कारगर साबित हो सकती है। दूसरों के सामने अपनी बात रखने की पूरी कोशिश करेंगे। आमदनी बढ़ाने के लिए कोई नया प्लान आपके दिमाग में आ सकता है। सफलता आपके कदम चूमेगी।

 

मकर🐊 (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आपका दिन मिला-जुला रहेगा। नौकरी कर रहे लोगों को नया प्रोजेक्ट मिल सकता है। आगे चलकर ये प्रोजेक्ट आपको फायदा दिलायेगा। इस राशि के विद्यार्थियों के लिए दिन सामान्य रहने वाला है। मेहनत के बल पर उन्हें अपने करियर में सफलता हासिल होगी। ऑफिस में एक साथ कई तरह के काम हाथ में लेने से आपको तनाव महसूस हो सकता है। कुछ कार्यो में ओवर कॉन्फिडेंस के कारण आपको नुकसान भी हो सकता है।

 

कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आपको तरक्की के कुछ नये साधन मिल सकते हैं। कुछ अच्छे लोगों से आपकी मुलाकात दिन को और बेहतर बना सकती है। आपका मूड काफी अच्छा रहेगा। बिजनेस में तरक्की सामान्य रूप से बनी रहेगी। दाम्पत्य संबंधों में एक बार फिर से ताजगी भरने के लिये दिन बढ़िया है। आप कुछ नये विचारों के साथ अपना कोई खास काम शुरू कर सकते हैं। ऐसा करना आपके लिये फायदेमंद रहेगा। आपके आत्मविश्वास में बढ़ोतरी हो सकती है।

 

मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

आपका दिन शानदार रहेगा। कोई दोस्त आपसे घर पर मिलने आ सकता है। साथ में कोई मूवी देखने का प्लान बना सकते हैं। आपके अधूरे काम पूरे हो जायेंगे। बिजनेस में नए एग्रीमेंट हो सकते हैं। संपत्ति बढ़ाने की कोई योजना सफल हो सकती है। आपकी कुछ महत्वपूर्ण लोगों से मुलाकात होगी। आपके कारोबार में बढ़ोतरी होगी। स्टूडेंट्स के लिए दिन अनुकूल रहेगा। आप किसी नए कोर्स को ज्वॉइन कर सकते हैं। आपकी सभी परेशानियां दूर होगी।