Monday, February 16, 2026
Home Blog

महाशिवरात्रि पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत, मची चीखपुकार

0

सीतापुर: जिले के खैराबाद थाना क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दो युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार देर रात हुई। खैराबाद थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अनिल सिंह ने बताया कि दो लोग सड़क किनारे गन्ने से लदी अपनी ट्रॉली की मरम्मत कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।

सिंह ने बताया कि इससे दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए और पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान सर्वेश कुमार (35) और चंदन सिंह (38) के रूप में हुई है। सिंह ने बताया कि परिवारों को रात में सूचित कर दिया गया था और शवों को आज पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसएचओ ने बताया कि वाहन लेकर चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से वाहन और चालक की पहचान जल्द ही कर ली जाएगी।

मर गई ममता! नवजात शिशु का नहर किनारे मिला शव, अवैध गर्भपात की आशंका

0

फतेहपुर: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में किशनपुर थाना क्षेत्र के निहालपुर गांव के पास निचली गंगा नहर किनारे नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

ग्रामीणों ने दी सूचना
बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह कुछ ग्रामीण नहर किनारे से गुजर रहे थे, तभी उन्होंने झाड़ियों के पास नवजात का शव देखा। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को खबर दी गई।

अवैध गर्भपात के बाद फेंके जाने की आशंका
प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि अवैध गर्भपात के बाद शव को यहां फेंका गया हो सकता है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

जांच में जुटी पुलिस
किशनपुर थाना पुलिस ने आसपास के इलाकों में पूछताछ शुरू कर दी है। नजदीकी निजी क्लीनिकों और संदिग्ध गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में चर्चा का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मामले से जुड़ी जानकारी हो तो तत्काल सूचित करें।

Weather Update: UP में मौसम ने बदला अपना रंग! 17 और 18 फरवरी को इन इलाकों में बारिश का तांडव, जानें ताजा रिपोर्ट

0

अगले 24 घंटे: खिली रहेगी धूप, सुबह दिखेगा कोहरा
आंचलिक मौसम केंद्र के मुताबिक, 16 फरवरी को प्रदेश के सभी 75 जिलों में मौसम फिलहाल सामान्य रहेगा। आसमान साफ रहने से धूप खिलेगी, जिससे अधिकतम तापमान 26 से 30 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। हालांकि, सुबह के समय हल्का कोहरा अभी भी पीछा नहीं छोड़ रहा है। कानपुर, गाजियाबाद, वाराणसी और प्रयागराज जैसे बड़े शहरों में सोमवार को मौसम पूरी तरह साफ रहने वाला है।

17 फरवरी से करवट लेगा मौसम: इन जिलों में बारिश का ‘येलो अलर्ट’
मंगलवार से यूपी के पश्चिमी हिस्से में मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, कासगंज, एटा और हाथरस में धूल भरी तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है।

लखनऊ और नोएडा में कब होगी बारिश?
लखनऊ: राजधानी में आज और कल (16-17 फरवरी) मौसम शांत रहेगा। लेकिन 18 फरवरी को यहां बादलों की गर्जना के साथ हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। आज यहां का अधिकतम तापमान 27°C और न्यूनतम 12°C रह सकता है।

नोएडा/NCR: नोएडा में आज मौसम साफ रहेगा, यहाँ न्यूनतम तापमान 11°C के आसपास रहने की उम्मीद है।

क्या फिर बढ़ेगी ठंड? जानें एक्सपर्ट की राय
BHU के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, फिलहाल तापमान में भारी गिरावट (कड़ाके की ठंड) के आसार नहीं हैं। हालांकि, अगले 3 दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ेगा, और बारिश के बाद इसमें फिर से उतनी ही गिरावट आएगी। यानी अभी सुबह और रात की हल्की ठंड बरकरार रहेगी।

Noida Mystery: सुमित-रेखा की मौत या कत्ल? पोस्टमार्टम रिपोर्ट के 3 खुलासों ने पुलिस को भी चौंकाया, सिर में फंसी मिली गोली!

0

Noida News: वैलेंटाइन डे के मौके पर नोएडा के सेक्टर-107 में हुई प्रेमी जोड़े (सुमित और रेखा) की मौत के मामले में अब एक बड़ा मोड़ आ गया है। इस सनसनीखेज वारदात की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ चुकी है, जिसने मौत के उन आखिरी पलों की खौफनाक तस्वीर साफ कर दी है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट: सिर में फंसी मिलीं गोलियां
जांच रिपोर्ट में यह साफ हो गया है कि सुमित और रेखा दोनों की जान बंदूक की गोली (बुलेट इंजरी) लगने से गई है। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों को सिर में बिल्कुल करीब से बंदूक सटाकर गोली मारी गई थी। गोली की रफ्तार और दूरी ऐसी थी कि बुलेट सिर के आर-पार नहीं हो पाई और अंदर ही फंस गई, जिससे मौके पर ही मौत हो गई।

पिता का आरोप: ‘यह खुदकुशी नहीं, सोची-समझी हत्या है’
शुरुआत में पुलिस इसे ‘मर्डर और सुसाइड’ का एंगल मान रही थी—यानी प्रेमी ने पहले प्रेमिका को मारा और फिर खुद को गोली मार ली। लेकिन मृतक सुमित के पिता ने इस थ्योरी को खारिज करते हुए हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। कार के अंदर सुमित के हाथ में पिस्टल मिलने के बावजूद, परिजन इसे एक सोची-समझी साजिश बता रहे हैं।

फ्लाइट मोड पर फोन और रहस्यमयी मुलाकात
पुलिस तफ्तीश में जो सबसे चौंकाने वाली बात सामने आई, वो है दोनों का डिजिटल फुटप्रिंट। शुक्रवार शाम करीब सवा छह बजे दोनों को इलेक्ट्रॉनिक सिटी मेट्रो स्टेशन पर एक साथ देखा गया था। वहीं कार के अंदर जब दोनों के शव मिले, तो उनके मोबाइल फोन ‘फ्लाइट मोड’ पर थे। इसका मतलब है कि मौत से पहले वे किसी का भी फोन अटेंड नहीं करना चाहते थे या फिर जानबूझकर नेटवर्क से बाहर हुए थे।

पूरी घटना का घटनाक्रम 
यह पूरी वारदात थाना सेक्टर-39 क्षेत्र के सलारपुर मार्ग की है। 14 फरवरी को लोटस 300 सोसाइटी के पास एक सफेद आल्ट्रोज़ कार लावारिस हालत में मिली थी। कार अंदर से लॉक थी, जिसे पुलिस ने शीशा तोड़कर खोला। शुक्रवार से लापता इस जोड़े का अंतिम संस्कार रविवार को कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस ने किसी भी पक्ष से औपचारिक शिकायत न मिलने की बात कही है, लेकिन जांच अभी भी जारी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 फरवरी को ‘India AI Impact Expo’ का उद्घाटन करेंगे

0

नेशनल डेस्क : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमवार को भारत मंडपम में ‘एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने यह जानकारी दी। पीएमओ ने एक बयान जारी कर बताया कि ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ का आयोजन 16 से 20 फरवरी तक भारत मंडपम में ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ के साथ किया जाएगा। यह एक्सपो एआई के व्यावहारिक प्रदर्शन का एक राष्ट्रीय मंच होगा, जहां नीति व्यवहार से मिलेगी, नवाचार व्यापक स्तर पर लागू होगा और प्रौद्योगिकी आम नागरिक तक पहुंचेगी।

बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी 16 फरवरी को शाम पांच बजे भारत मंडपम में ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ का उद्घाटन करेंगे। यह एक्सपो 70,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैले 10 एरेना में आयोजित होगा, जो वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनियों, स्टार्टअप, शिक्षाविदों और अनुसंधान संस्थानों, केंद्रीय मंत्रालयों, राज्य सरकारों और अंतरराष्ट्रीय भागीदारों को एक साथ लाएगा। इस एक्सपो में एआई तंत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्रदर्शित करने वाले 13 देशों के मंडप भी होंगे। इनमें ऑस्ट्रेलिया, जापान, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, इटली, नीदरलैंड, स्विट्जरलैंड, सर्बिया, एस्टोनिया, ताजिकिस्तान और अफ्रीका के पवेलियन शामिल हैं।

PunjabKesari

इस एक्सपो में 300 से अधिक चुनिंदा प्रदर्शनी मंडप और लाइव प्रदर्शन होंगे जिन्हें तीन मुख्य विषयों – लोग, ग्रह और उन्‍नति – के आधार पर तैयार किया गया है। इसके अलावा एक्सपो में 600 से अधिक उच्च क्षमता वाले स्टार्टअप शामिल होंगे, जिनमें से कई वैश्विक स्तर पर प्रासंगिक और जनसंख्या-स्तरीय समाधान कर रहे हैं। ये स्टार्टअप ऐसे उपयुक्‍त समाधानों का प्रदर्शन करेंगे, जो पहले से ही वास्तविक दुनिया में उपयोग में हैं। ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ में अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों सहित 25 लाख से अधिक आगंतुकों के भाग लेने की उम्मीद है।

इस आयोजन का उद्देश्य वैश्विक एआई पारिस्थितिकी तंत्र के भीतर नयी साझेदारियों को बढ़ावा देना और व्यावसायिक अवसर पैदा करना है। इसमें 500 से अधिक सत्रों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें 3,250 से अधिक दूरदर्शी वक्ता और परिचर्चा सदस्य शामिल होंगे। इन सत्रों का मुख्य उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में एआई के परिवर्तनकारी प्रभाव को स्वीकार करना और यह सुनिश्चित करने के लिए भविष्य की कार्रवाइयों पर विचार-विमर्श करना होगा कि एआई से प्रत्येक वैश्विक नागरिक को लाभ मिले।

महाशिवरात्रि पर काशी समेत प्रदेश के शिवालयों में उमड़े श्रद्धालु, पूजा अर्चना कर भक्तों ने मंदिरों में टेका माथा

0

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बाबा भोलेनाथ की नगरी काशी समेत प्रदेश के अन्य शिव मंदिरों में महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर जलाभिषेक किया और मंगल कामना की। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में रुद्राभिषेक कर लोकमंगल की कामना की। काशी विश्वनाथ मंदिर में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर की मंगला आरती के बाद श्रद्धालु कतारों में लगकर दर्शन-पूजन कर रहे हैं।

PunjabKesari

मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विश्व भूषण मिश्रा ने बताया कि पिछले वर्ष महाशिवरात्रि पर लगभग 12 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए थे, जबकि इस बार 10 से 15 लाख लोगों के आने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि पांच लाख वर्ग मीटर क्षेत्र में फैले धाम में सुगम दर्शन की व्यवस्था की गई है। मिश्रा ने बताया कि भीड़ प्रबंधन के लिए अवरोधक लगाए गए हैं और छह द्वारों से दर्शन कराए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तीन स्थानों पर चिकित्सीय टीम भी तैनात हैं।

PunjabKesari

मंदिर प्रशासन ने सुबह कतार में लगे श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा भी की। बाबा विश्वनाथ 45 घंटे तक लगातार दर्शन देंगे। मिश्रा ने बताया कि महाशिवरात्रि पर मंदिर विश्व का आध्यात्मिक संगम बन रहा है और 62 बड़े मंदिरों से भोग-वस्त्र भेजे गए हैं। देश के 54 प्रमुख ज्योतिर्लिंगों, शक्तिपीठों और तीर्थस्थलों से आए प्रसाद, वस्त्र और तीर्थजल को अर्पित करने की परंपरा भी शुरू की गई है। बाराबंकी जिले के रामनगर स्थित प्रसिद्ध तीर्थ लोधेश्वर महादेवा मंदिर में भी आस्था का जनसैलाब उमड़ा। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि रात 12 बजे से अब तक करीब ढाई लाख कांवड़िये और श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।
जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी सहित अधिकारियों ने रात में मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुरक्षा, यातायात, पार्किंग व प्रकाश व्यवस्था के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि अभी लगभग तीन लाख और लोगों के दर्शन करने का अनुमान है और देर रात तक श्रद्धालुओं का आना-जाना जारी रह सकता है।

मथुरा में, श्री कृष्ण जन्मस्थान की ओर से भेजे गए वस्त्र महाशिवरात्रि पर काशी विश्वनाथ मंदिर में भगवान शिव को अर्पित किए जाएंगे। जन्मस्थान से शिव बारात भी निकाली जाएगी, जिसमें विभिन्न झांकियां, नृत्य दल और अखाड़े शामिल होंगे। जन्मस्थान सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने बताया कि भागवत भवन स्थित केशव देवेश्वर महादेव मंदिर में शाम सात बजे से अगली सुबह तीन बजे तक महाभिषेक होगा। वहीं प्राचीन भूतेश्वर महादेव सहित अन्य प्रमुख शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं।

AI खा जाएगा Jobs! इन नौकरियों पर सबसे ज्यादा खतरा, चौंकाने वाली रिपोर्ट आई सामने

0

जम्मू-कश्मीर डेस्क: तेजी से बदलती टेक्नोलॉजी के दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का असर अब नौकरी के बाजार में भी साफ दिखाई देने लगा है। खासकर करियर की शुरुआत करने वाले युवाओं के लिए चुनौतियां बढ़ गई हैं।

इंडियन काउंसिल फॉर रिसर्च ऑन इंटरनेशनल इकोनॉमिक रिलेशंस (ICRIER) की ‘AI एंड जॉब्स’ रिपोर्ट के मुताबिक करीब 63 प्रतिशत कंपनियां अब ऐसे उम्मीदवारों को प्राथमिकता दे रही हैं, जिनके पास डेटा से जुड़ी स्किल्स या AI का अनुभव है। इसके कारण पारंपरिक डिग्री का महत्व धीरे-धीरे कम होता जा रहा है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि इस बदलाव का सबसे ज्यादा असर एंट्री-लेवल नौकरियों पर पड़ा है। पहले जहां फ्रेशर्स के लिए ज्यादा अवसर होते थे, अब कंपनियां अनुभवी या विशेष कौशल रखने वाले उम्मीदवारों को ज्यादा मौका दे रही हैं। हालांकि मिडिल और सीनियर लेवल की भर्तियों में अभी ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिला है।

इसके अलावा सॉफ्टवेयर डेवलपर और डेटाबेस एडमिनिस्ट्रेटर जैसे पदों की मांग तेजी से बढ़ रही है। इससे साफ है कि नई तकनीक सीखने वाले युवाओं के लिए मौके अभी भी मौजूद हैं, लेकिन सामान्य कौशल रखने वालों को नौकरी पाने में कठिनाई हो सकती है।

नवंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच देश के 10 बड़े शहरों की 650 आईटी कंपनियों पर किए गए इस अध्ययन में यह भी सामने आया कि AI के इस्तेमाल से कंपनियों की कार्यक्षमता बढ़ी है, लेकिन भर्ती करने का तरीका बदल गया है। आधे से ज्यादा कंपनियां अपने कर्मचारियों को AI से जुड़ी ट्रेनिंग दे रही हैं, लेकिन बहुत कम कंपनियों ने पिछले साल अपने आधे से ज्यादा कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी।

विशेषज्ञों का कहना है कि AI नौकरियां खत्म नहीं कर रहा है, बल्कि काम करने का तरीका बदल रहा है। ऐसे में युवाओं के लिए जरूरी है कि वे लगातार नई स्किल्स सीखते रहें और खुद को समय के साथ अपडेट करें। यही सफलता की कुंजी होगी।

Aadhaar Card Update: आधार कार्ड का नया रूप हुआ फाइनल, जानें नया लुक और कब से होगा लागू?

0

नेशनल डेस्कः केंद्र सरकार और UIDAI ने आधार कार्ड में बड़ा बदलाव किया है। जल्द ही नए डिजाइन वाले आधार कार्ड में सिर्फ कार्ड होल्डर की फोटो और QR कोड होगा, जिससे सभी निजी जानकारियां QR कोड के अंदर सुरक्षित रहेंगी और फोटोकॉपी के गलत इस्तेमाल पर रोक लगेगी।

आधार कार्ड का नया डिज़ाइन

केंद्र सरकार के निर्देश पर यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) जल्द ही आधार कार्ड का नया डिज़ाइन पेश करने जा रही है। पिछले एक साल से UIDAI इसके नए स्वरूप की योजना पर काम कर रहा था और अब यह फाइनल चरण में है। नए डिज़ाइन के लागू होने के बाद नागरिक इसे आसानी से वेबसाइट और मोबाइल ऐप से डाउनलोड कर सकेंगे।

UIDAI ने बताया कि नए आधार कार्ड में कार्ड होल्डर की फोटो और QR कोड शामिल होगा। इस QR कोड में होल्डर का नाम, पता, मोबाइल नंबर और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी एनक्रिप्टेड तरीके से मौजूद होगी। QR कोड स्कैन करने पर सारी डिटेल तुरंत उपलब्ध होंगी, जिससे आधार कार्ड की फोटोकॉपी के गलत इस्तेमाल की समस्या समाप्त हो जाएगी।

UIDAI के CEO भुवनेश कुमार ने कहा कि आधार कार्ड आज भारतीयों के लिए एक अनिवार्य दस्तावेज बन चुका है। बैंक अकाउंट खोलने, सिम कार्ड लेने, लोन, सरकारी योजनाओं का लाभ या जमीन खरीदने के लिए आधार कार्ड आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अब तक लोग अपने काम के लिए आधार कार्ड की फोटोकॉपी साझा करते थे, लेकिन नए डिजाइन के बाद यह व्यवस्था बदल जाएगी। CEO भुवनेश कुमार ने आगे बताया कि वर्तमान फिजिकल आधार कार्ड पर कार्ड होल्डर की फोटो, नाम, पता और जन्मतिथि जैसी जानकारी छपी होती है। नए कार्ड में केवल फोटो और QR कोड रहेगा, और बाकी सभी जानकारियां QR कोड के अंदर सुरक्षित रहेंगी।

UIDAI के अनुसार QR कोड से बैंकिंग, सिम अलॉटमेंट और सरकारी स्कीमों के लिए वेरिफिकेशन प्रक्रिया अत्यधिक आसान और सुरक्षित होगी। नए आधार ऐप में पहले से ही कार्ड होल्डर की फोटो के साथ QR कोड मौजूद है, और जल्द ही इसे फिजिकल कार्ड के रूप में भी जारी किया जाएगा।

महाशिवरात्रि पर बड़ा हादसा: बाइक की टंकी फटते ही लगी आग में महिला की जलकर मौत, देवरिया में पति के सामने ही उजड़ गया सुहाग

0

Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से महाशिवरात्रि के दिन एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां पूजा में शामिल होने जा रहे एक दंपति की बाइक अनियंत्रित पिकअप से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक की पेट्रोल टंकी फट गई और देखते ही देखते बाइक और पिकअप दोनों आग का गोला बन गए। इस भीषण हादसे में शिक्षक की पत्नी की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से झुलस गया।

पूजा में शामिल होने जा रहे थे घर
बरहज थाना क्षेत्र के अमांव गांव के रहने वाले गिरजा शंकर मिश्र सलेमपुर के एक प्राइवेट स्कूल में शिक्षक हैं। रविवार को महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर उनके पैतृक गांव में विशेष पूजा का आयोजन था। गिरजा शंकर अपनी पत्नी रेनू मिश्रा के साथ बाइक पर सवार होकर गांव के लिए निकले थे। उन्हें क्या पता था कि रास्ते में मौत उनका इंतज़ार कर रही है।

आग की लपटों में घिरी पत्नी, बेबस रहा पति
हादसा मगहरा चौराहे के पास हुआ। सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर होते ही बाइक में भीषण विस्फोट हुआ और आग लग गई। टक्कर लगते ही गिरजा शंकर बाइक से दूर जा गिरे, जिससे उनकी जान तो बच गई लेकिन वे गंभीर रूप से घायल हो गए। रेनू मिश्रा बाइक और पिकअप के बीच में ही फंस गईं। आग इतनी विकराल थी कि लपटें 10 फीट ऊपर तक उठ रही थीं। रेनू को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया।

फायर ब्रिगेड को आग बुझाने में लगे 45 मिनट
हादसे के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। आग इतनी भयानक थी कि दमकलकर्मियों को इसे काबू करने में करीब पौन घंटा लग गया। पुलिस ने गिरजा शंकर को तुरंत देवरिया मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

प्रशासनिक बयान
सीओ बरहज मनोज कुमार ने बताया कि पिकअप और बाइक की टक्कर के कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और पिकअप चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

सरकारी डॉक्टरों से मारपीट मामले में बड़ा एक्शन, दो खिलाफ केस दर्ज

0

भदोही: जिले के गोपीगंज थाना क्षेत्र में एक सरकारी अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) और चिकित्साधिकारी के साथ मारपीट और गाली गलौज करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

गोपीगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) शैलेश कुमार राय ने बताया कि डॉक्टर असलम अंसारी और डॉक्टर अमित सिंह तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के दस कर्मियों की शिकायत पर शनिवार देर शाम शिवांश पांडेय और अरविन्द पांडेय के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। उन्होंने तहरीर के हवाले से कहा कि शनिवार दोपहर असलम अंसारी और अमित सिंह ओपीडी में मरीज़ों को देख रहे थे तभी गोपीगंज थाने के भवानी पुर निवासी शिवांश और अरविन्द सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के ओपीडी कक्ष में घुसे और दोनों डॉक्टरों के साथ गाली गलौज करते हुए हाथापाई करने लगे।

पुलिस ने बताया कि इस घटना से वहां भारी अफरा तफरी फ़ैल गई और मरीज़ चले गए । करीब आधे घंटे तक सरकारी काम में बाधा पैदा हुई और सभी डॉक्टरों और अन्य कर्मियों के जमा होने पर दोनों आरोपी धमकी देकर चले गए। थानेदार ने बताया मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।