लखनऊ। ग्रामीण क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं में जागरूकता की कमी है। पीरियड मिस होने पर भी वे गर्भावस्था के बारे में समय से नहीं सोचतीं, जिसका असर मां व गर्भ में पल रहे शिशु पर पड़ता है। गर्भावस्था का जल्द पता लगाने व प्रेग्नेंसी किट के सही इस्तेमाल के महत्व के बारे में एएनएम को प्रशिक्षित किया जाएगा। वे गांवों में जाकर महिलाओं को जागरूक करेंगी।स्वास्थ्य विभाग व मैनकाइंड प्रेगा न्यूज के सहयोग से बृहस्पतिवार को सीएमओ कार्यालय के सभागार में आयोजित स्वास्थ्य कार्यकर्ता सम्मान समारोह में कंपनी के जॉय चटर्जी ने ये बातें कहीं। मौके पर मातृ स्वास्थ्य में अहम भूमिका निभाने वाली 40 शहरी व ग्रामीण क्षेत्र की एएनएम को सम्मानित किया गया। फार्मा कंपनी की ओर से शहर के महिला अस्पतालों को 30 बेंच दान की गईं।
Lucknow News: गोमतीनगर में जमीन और मकान के रेट सबसे ज्यादा
लखनऊ। गोमतीनगर के सर्किल रेट आसमान पर पहुंच गए हैं। यहां का अधिकतम रेट 77 हजार रुपये प्रतिवर्ग मीटर है। अनंतनगर और संतुष्टि इंक्लेव की दरें सबसे कम हैं। अनंतनगर की दर 15-18 हजार और संतुष्टि एंक्लेव की 7-10 हजार रुपये है। इन तीन काॅलोनियों समेत प्रशासन ने शहर की कुल 26 प्रमुख काॅलोनियों के रेट जारी किए हैं।
सबसे अधिक रेट की बात करें तो दूसरे नंबर पर महानगर है जिसका रेट 41-65 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर है। तीसरे पर इंदिरानगर है, जहां की दर 35-62 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर है। इन सभी की दरों में औसतन 25 फीसदी तक की बढ़ोतरी की गई है। इसी तरह कुछ अन्य काॅलोनियों की दरें भी बढ़ाई गई हैं। जैसे, वृंदावन के रेट 28-50 हजार, ओमेक्स मेट्रो सिटी के 20-26 हजार, एल्डिको शौर्य के 20-26 हजार, एल्डिको इंटीरिया के 22-28 हजार, अमरावती के 25-37 हजार, पिंटल के 25-37 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर सर्किल रेट तय किया गया है।नए सर्किल रेट से शहर के बड़े बिल्डर व बड़ी निजी योजनाओं के नाम पर चले रहे खेल पर अंकुश लगेगा। दरअसल, ऐसी योजनाओं का सर्किल रेट काफी कम था, लेकिन बिल्डर काफी महंगी दरों पर जमीन, फ्लैट आदि की बिक्री कर रहे थे। ऐसे योजनाओं व जगहों के रेट बढ़ाए गए हैं। जैसे अंसल व एमार का सर्किल रेट अब तक 18 हजार रुपये था, जिसे बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया गया है। हालांकि, इससे भी ज्यादा दरों पर यहां जमीनों की बिक्री हो रही है, लेकिन तब भी काफी हद तक सर्किल रेट बढ़ाए गए हैं।
प्रशासन ने 67 सड़कों के आसापस के इलाके का सर्किल रेट जारी किया है। इसमें गोमतीनगर के विराजखंड और विभूतिखंड की दो सड़कों का सर्किल रेट 77 हजार तय किया है। इसमें विराजखंड रोड फ्लाईओवर के नीचे से विभूतिखंड के मंत्री आवास होते हुए वन अवध मॉल होते हुए बैंक ऑफ इंडिया लोहिया पथ तक और विभूतिखंड पुलिस चौकी से हयात होटल होते हुए पिकअप भवन चौराहे तक के मार्ग के दोनों तरफ पड़ने वाले गांव, मोहल्ले शामिल हैं।
नए रेट के साथ दान विलेख जिसमें अचल संपत्ति परिवार के सदस्यों जैसे बेटा-बेटी, पिता-माता, पति-पत्नी, पुत्रवधू, सगा भाई या उसके न होने पर उसकी पत्नी, सगी बहन, दामाद के लिए छूट है। इसमें अधिकतम स्टांप शुल्क पांच हजार रुपये तय किया गया है।
Lucknow News: चार मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों की होगी जांच
लखनऊ। मनमानी कर रहे शहर के चार मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूलों पर परिवहन विभाग नकेल कसेगा। शिकायत मिलने पर उप परिवहन आयुक्त ने इनकी जांच के निर्देश दिए हैं। इसके लिए समिति बना दी गई है।इस संबंध में जारी पत्र के अनुसार मास्टर मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल, राजधानी मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल, शाश्वतम मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल और पूर्वांचल मोटर ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल शासन की ओर से जारी एसओपी के मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं। अधिकारी इन ट्रेनिंग स्कूलों की बारीकी से जांच करें और रिपोर्ट जोन को भेजें।
Lucknow News: अब 31 अगस्त तक लीजिए एकमुश्त गृहकर जमा करने पर छूट
लखनऊ। एकमुश्त गृहकर जमा करने पर 10 प्रतिशत की छूट की मियाद 31 अगस्त तक कर दी गई है। महापौर सुषमा खर्कवाल ने इसके लिए नगर आयुक्त को पत्र भेजा है। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि एकमुश्त गृहकर जमा पर 10 प्रतिशत की छूट अंतिम रूप से 31 अगस्त तक लागू रहेगी। व्यावसायिक भवनों का टैक्स ऑनलाइन व ऑफलाइन जमा करने पर पांच प्रतिशत की छूट दी जाएगी। छूट का लाभ उन्हीं को मिलेगा, जो यूजर चार्ज का पूर्ण भुगतान एकमुश्त करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि पूरा यूजर चार्ज जमा करने के बाद भी कोई कूड़ा उठाने के नाम पर अतिरिक्त पैसे की मांग करता है तो हेल्पलाइन नंबर 6389200005 पर शिकायत दर्ज कराएं।
Lucknow News: निजी एंबुलेंस का किराया होगा तय, मनमानी पर लगेगी रोक
लखनऊ। राजधानी की निजी एंबुलेंस की मनमानी अब नहीं चल पाएगी। निजी एंबुलेंस का किराया तय होगा। इसे लेकर परिवहन विभाग प्रस्ताव शासन को भेज रहा है। शासन से अनुमति मिलने के बाद निजी एंबुलेंस का किराया तय किया जाएगा। अफसरों का कहना है प्रक्रिया पूरी होने में करीब एक से डेढ़ माह का वक्त लग सकता है।राजधानी में निजी एंबुलेंस मरीजों को ले जाने के लिए हवाई जहाज से भी महंगा किराया वसूल रही हैं। रेट तय न होने से निजी एंबुलेंस संचालक मरीजों को लूट रहे हैं। अमर उजाला ने प्रमुखता से इस मुद्दे को उठाया है। अब तक की पड़ताल में सामने आया है कि शहरी क्षेत्र के आठ से दस किमी दायरे में निजी एंबुलेंस चालक 100-120 रुपये प्रति किमी की दर से किराया वसूलते हैं। 100 किमी या इससे ज्यादा दूरी के लिए 30-40 रुपये प्रति किमी किराया लेते हैं। एडवांस लाइफ सपोर्ट वाली एंबुलेंस में यह किराया और भी महंगा हो जाता है। एंबुलेंस चालकों को इससे फर्क नहीं पड़ता कि कितना गरीब है। अमर उजाला ने खबरें प्रकाशित होने पर परिवहन विभाग के अफसरों ने केजीएमयू पहुंचकर करीब 35 निजी एंबुलेंस की जांच की है। अफसरों को चालकों को हिदायत दी है कि 10 रुपये प्रति किमी दर से ही किराया लें। आरटीओ प्रवर्तन प्रभात कुमार ने पांडेय ने बताया निजी एंबुलेंस का किराया तय करने के लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। शासन की स्वीकृति के बाद जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में निजी एंबुलेंस के लिए किराये की दरें निर्धारित की जाएंगी। इसके बाद भी कोई एंबुलेंस अधिक किराया वसूलेगी तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।
Lucknow News: नगर निगम में संपूर्ण समाधान दिवस आज
लखनऊ। शहरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम की ओर से शुक्रवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया जाएगा। आयोजन लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय के त्रिलोकनाथ सभागार में सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक होगा। इस दौरान टैक्स निर्धारण, जल आपूर्ति, साफ-सफाई की व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, सीवर लाइन और कूडा उठाने सहित शहरी सेवाओं से जुड़ी शिकायतों का निस्तारण किया जाएगा। नगर आयुक्त गौरव कुमार ने लोगों से शिकायत से संबंधित जरूरी दस्तावेज साथ लाने की अपील की है।
Lucknow News: लाइसेंस निरस्त होने के बाद भी चल रहा था विनोद अस्पताल
लखनऊ। लाइसेंस निरस्त होने के बाद भी गोमतीनगर स्थित विनोद अस्पताल चलता रहा। बृहस्पतिवार को मरीज की शिकायत मिलने पर डीएम ने सीएमओ को अस्पताल के संचालन पर रोक के निर्देश दिए। इसके बाद अस्पताल पर नोटिस चस्पा किया गया। नोटिस लगने बाद संचालक ने अस्पताल बंद कर दिया है।गोमतीनगर के खरगापुर कौशलपुरी निवासी नीरज मिश्रा वर्ष 2022 में सड़क हादसे में जख्मी हो गए थे। उन्हें पास के विनोद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दाहिने पैर की हड्डी टूटने पर डॉक्टर ने ऑपरेशन की बात कही। 29 अप्रैल 2022 को आधी रात में विनोद अस्पताल से नीरज को कुर्सी रोड के ग्रीन सिटी हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया। यहां देर रात ऑपरेशन कर रॉड डाली गई। इसके आधे घंटे बाद नीरज को दोबारा विनोद हॉस्पिटल भेज दिया गया, जहां वह 14 दिन तक भर्ती रहे। डिस्चार्ज होने के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। फिर एक-एक कर उनके आठ ऑपरेशन किए गए, जिनमें लाखों रुपये खर्च हुए।
Lucknow News: लोहिया संस्थान में अब रोबोट से किडनी ट्रांसप्लांट की तैयारी
लखनऊ। लोहिया संस्थान ने तीन महीने में 100 मरीजों की रोबोटिक सर्जरी करने में कामयाबी हासिल की है। इनमें से 75 फीसदी मरीज प्रोस्टेट, ब्लैडर, एडिनल ग्लैंड कैंसर के थे। बाकी किडनी व यूरोलॉजी से संबंधित बीमारियों के थे। अब रोबोट से किडनी ट्रांसप्लांट की तैयारी है। संस्थान के निदेशक ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।विभाग के अध्यक्ष डॉ. ईश्वर राम ने बताया कि रोबोटिक सर्जरी पूरी तरह से सुरक्षित है। इससे सबसे अधिक किडनी, प्रोस्टेट के कैंसर मरीजों की सर्जरी की गई। ब्लैडर और एडिनल ग्लैंड के कैंसर के मरीजों को भी राहत मिली है। पेशाब के रास्ते से रुकावट व खराब किडनी निकालने में भी रोबोटिक सर्जरी का सहारा लिया गया।निदेशक डॉ. सीएम सिंह ने बताया कि रोबोट से किडनी ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अभी ओपेन सर्जरी से किडनी प्रत्यारोपण किए जा रहे हैं। एक वर्ष में 500 से अधिक ऑपरेशन रोबोट से करने का लक्ष्य है।
लैप्रोस्कोपिक सर्जरी के शुल्क में रोबोटिक सर्जरी
डॉ. ईश्वर राम ने बताया कि निजी अस्पतालों से करीब तीन गुना कम कीमत पर संस्थान में रोबोटिक सर्जरी हो रही है। लैप्रोस्कोपिक सर्जरी के शुल्क पर ही यह सर्जरी की जा रही है। अब संस्थान रोबोटिक सर्जरी के लिए अलग से शुल्क तय करेगा, जो सामान्य ही रखा जाएगा। रोबोटिक सर्जरी करने वाली टीम में डॉ. ईश्वर राम, डॉ. आलोक श्रीवास्तव, डॉ. संजीत कुमार सिंह, डॉ. अंकुश, डॉ. शिवानी, डॉ. नंदन शामिल हैं।

