Thursday, March 5, 2026
Home Blog Page 4

Lucknow News: पांच करोड़ का लोन दिलाने के नाम पर कारोबारी से पांच लाख ठगे, केस दर्ज कर पुलिस तलाश में जुटी

0

राजधानी में पांच करोड़ का लोन दिलाने के नाम पर कारोबारी से आरोपी ने पांच लाख ठग लिए। इसके बाद फोन उठाना बंद कर दिया। पुलिस आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके तलाश में जुटी है।

राजधानी लखनऊ में पांच करोड़ रुपये का लोन दिलाने के नाम पर जालसाजों ने शैलेंद्र कुमार सिंह से पांच लाख रुपये ठग लिए। वह गोमती नगर क्षेत्र के अवध अपार्टमेंट के रहने वाले हैं। उन्होंने दो मार्च को गोमती नगर थाने में धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कराई है।

शैलेंद्र ने बताया कि आरोपी आलोक दीवान से उनका पहले से परिचय था। एक मार्च को आरोपी ने उनको उनकी कंपनी के नाम पर कम ब्याज दर पर पांच करोड़ रुपये का लोन दिलाने की बात कही। लोन दिलाने के नाम पर एक प्रतिशत प्रोसेसिंग फीस की मांग की। इस पर उन्होंने कंपनी के खाते से आरोपी के बताए गए बैंक खाते में पांच लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रुपये मिलने के बाद आरोपी ने उनको व्हाट्सएप पर लोन संबंधित कुछ दस्तावेज भी भेजे। इसके बाद वह गायब हो गया। जब उन्होंने आलोक से संपर्क करने का प्रयास किया तो उसने फोन नहीं उठाया।

छानबीन करने पर शैलेंद्र को पता चला कि आलोक ने उनके साथ ठगी की है। आरोपी आलोक के साथ ठगी में उसके दो अन्य साथी केपी सिंह और कुणाल भी शामिल थे। इंस्पेक्टर बृजेश चंद्र तिवारी ने बताया कि केस दर्ज करके पीड़ित से बैंक खाते की डिटेल मांगी गई है। सर्विलांस की मदद से आरोपी आलोक की लोकेशन ट्रेस की जा रही है।

लखनऊ में होली की धूम, चौक चौराहे पर होली उत्सव का अद्भुत दृश्य

0
राजधानी लखनऊ और पूरे अवध सहित प्रदेशभर में होली की धूम है। हर तरफ उल्लास का माहौल है। लोग मस्ती में नजर आ रहे हैं। जगह-जगह हो रहे आयोजनों में लोग रंगों में सरोबार हो रहे हैं। ढोल-नगाड़े के साथ मस्ती में झूम रहे हैं। फगुआ गीतों की बहार है। चौक चौराहे पर हुए होली उत्सव में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सदस्य डॉक्टर दिनेश शर्मा, विधायक नीरज बोरा, पार्षद अनुराग मिश्रा समेत अन्य लोग शामिल रहे।

रामलला ने पहनी पगड़ी: हाथ में पिचकारी लिए दिखे, अलौकिक स्वरूप ने मन मोहा, अबीर-गुलाल अर्पित कर विशेष भोग लगा

0

होली के पावन पर्व पर श्रीराम जन्मभूमि परिसर में विराजमान रामलला ने भक्तों को विशेष श्रृंगार में दर्शन दिए। पगड़ी धारण किए और हाथ में पिचकारी लिए रामलला के अलौकिक स्वरूप ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। जैसे ही पट खुले, मंदिर परिसर में “जय श्रीराम” के जयघोष के साथ अबीर-गुलाल की खुशबू फैल गई।मठ-मंदिरों से लेकर सरयू तट तक होली का उल्लास छाया रहा। साधु-संतों ने भक्ति रस में डूबी फाग और चौताल गाकर वातावरण को आध्यात्मिक रंगों से सराबोर कर दिया। मंदिरों में भगवान को अबीर-गुलाल अर्पित कर विशेष भोग लगाया गया और भक्तों ने भी एक-दूसरे को गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।

शहर ही नहीं, आसपास के गांवों में भी फाग गीतों की गूंज सुनाई दी। चौपालों पर ढोलक और मंजीरे की थाप पर पारंपरिक फगुआ गाए गए। महिलाओं ने सामूहिक रूप से होली गीत प्रस्तुत कर परंपरा को जीवंत रखा।

होली पर अयोध्या में सौहार्द का भी रंग चटख नजर आ रहा है। सबसे खास तस्वीर तब देखने को मिली जब हिंदू और मुस्लिम समाज के लोग एक साथ रंग खेलते नजर आए। पूर्व पक्षकार बाबरी मस्जिद, इकबाल अंसारी ने संतों को गले लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इक़बाल ने कहा कि अयोध्या की परंपरा भाईचारे की रही है। हम सब मिलकर त्योहार मनाते हैं, यही हमारी पहचान है।

Auraiya News: फाग गायन की टोली में अब युवा शामिल

0

औरैया। समय के साथ होने वाले बदलाव का असर पारंपरिक संगीत पर भी दिखाई देता है। इसमें फाग गायन भी शामिल है।होली पर ढोलक, झाल और मंजीरे पर गाया जाने वाला फाग अब बहुत ही कम स्थानों पर सुनने को मिलता है। ऐसे में रुरुगंज क्षेत्र में बुजुर्गों ने इसमें युवाओं को भी शामिल किया है। यहां कोई युवा ढोलक तो कोई मंजीरे बजाकर फाग गायन में अपनी भूमिका निभा रहा है।
रुरुगंज गांव के लोगों का कहना है कि एक समय था जब वसंत पंचमी के बाद से ही गांवों में जगह-जगह मतवालों की टोली बैठकर फाग गाती हुई मिलती थी। यह क्रम होली के दिन तक चलता था। इसके बाद जिस दिन होलिका दहन होता था, उस दिन होली जलने से पूर्व भी गांव के एक सार्वजनिक स्थान पर लोग जुटते थे और फाग का गायन करते थे।इसके बाद जोगिरा गाते हुए होलिका दहन होता था। देर रात को लोग सोने जाते थे। फिर सुबह उठकर लोगों के दरवाजे-दरवाजे घूमकर फाग का गायन करते हुए घूमते थे।
महिलाएं घर की छतों से उनके ऊपर रंगों की बारिश करती थी, लेकिन समय के साथ सब बदल गया। नई पीढ़ी होली के दिन डीजे लगाकर जगह-जगह झूमती नजर आती है। ऐसे में युवाओं का फाग के प्रति लगाव बढ़ाने के लिए बुजुर्ग अब अपनी टोली में युवाओं को शामिल करने लगे हैं। उन्हें फाग का महत्व भी समझ आने लगा है। राग से लेकर वाद्य यंत्र बजाने की तरकीब भी वह समझने लगे हैं।

टोली में शामिल
होली के उपलक्ष्य में रोजाना फाग गायन का हिस्सा बन रहे हैं। मंजीरा बजाकर टोली का हिस्सा बने हैं। फाग की राग अब समझ आने लगी है।

लय ठीक हो रही
फाग की टोली में ढोलक बजाने की जिम्मेदारी मिली है। गायन भी आने लगा है। राग में कुछ हद तक कमजोरी है। अगले साल तक लय आ जाएगी।-धर्मेंद्र कुमार

फोटो-12- रुरुगंज में होली के मौके पर भाग गाती युवाओं की टोली। संवाद

फोटो-12- रुरुगंज में होली के मौके पर भाग गाती युवाओं की टोली। संवाद

Auraiya News: किसान की आत्महत्या को लेकर तहसील प्रशासन की जांच शुरू

0

बिधूना। धान और मक्का की फसल खराब होने से आर्थिक तंगी झेल रहे एक किसान ने कर्ज के दबाव में आकर आत्महत्या कर ली थी।रविवार को हुई इस घटना को लेकर तहसील प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। जांच में घर में आपसी विवाद होने की बात सामने आ रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव बरका पुरवा निवासी किसान मुकेश चंद्र ने वर्ष 2017 में रुरुगंज स्थित बैंक से किसान क्रेडिट कार्ड के तहत अपनी मां के साथ संयुक्त खाते पर 1.50 लाख रुपये का ऋण लिया था। परिजन के अनुसार फसल लगातार खराब होने से वह ऋण की अदायगी नहीं कर सके। ब्याज सहित यह रकम बढ़कर करीब चार लाख रुपये तक पहुंच गई थी। ऐसे में बैंक द्वारा डिफाल्टर घोषित करते हुए बाहर लगाए गए बोर्ड पर 3,48,753 रुपये बकाया दर्शाया गया।
परिजन का आरोप है कि 25 फरवरी से 28 फरवरी तक बैंक कर्मचारियों द्वारा लगातार रुपये जमा करने का दबाव बनाया जा रहा था। 25 फरवरी को बैंक की टीम घर पहुंची थी। 28 फरवरी को प्रबंधक ने फोन कर रकम जमा करने को कहा। इससे मुकेश मानसिक रूप से काफी परेशान हो गए थे। एक वर्ष पूर्व ऋण वसूली के लिए आरसी भी काटी जा चुकी थी।

बेटे प्रशांत ने बताया कि वर्ष 2011 में भी केसीसी का ऋण लिया गया था, जिसे सरकार के माफ करने पर बचा हुआ रुपया जमा कर दिया गया था।
बेटे ने बताया कि वर्ष 2017 में दोबारा ऋण लिया गया था। वर्ष 2020 में खातेदार दादी का निधन हो गया, इसके बाद पूरा दबाव पिता पर आ गया। इस वर्ष करीब 20 बीघा में धान की फसल खराब हो गई। बाद में मक्का बोई गई, उसमें भी नुकसान हुआ। पिता कहते थे कि गेहूं की फसल अच्छी होगी तो कुछ रकम जमा कर देंगे, लेकिन बैंक का रुपया जमा न होने पर रविवार को किसान ने बिशनपुर पुलिया के पास फंदे से लटक कर जान दे दी थी।

मंगलवार को तहसील बिधूना के नायब तहसीलदार हरि किशोर व लेखपाल सचिन यादव मृतक किसान के घर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली। लेखपाल ने प्रारंभिक जांच में बैंक ऋण का मामला सामने आया है। एसडीएम गारिमा सोनकिया ने बताया कि जांच में किसान पर बैंक का कर्ज करीब चार लाख होना बताया गया हैं। वह लोक अदालत में जाने की बात भी कह रहे थे।

एसडीएम ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि किसान का घर में किसी बात को लेकर विवाद हुआ जिससे यह कदम उठाया है। उधर, मामले की जांच हो रही है।

Holi 2026: जमकर उड़ेंगे आज रंग और गुलाल, रंगों से सराबोर होकर लोग उत्साह से मनाएंगे होली का पर्व

0

अलीगढ़ जिले में आज जमकर उड़ेंगे अबीर और गुलाल। रंगों से सराबोर होकर लोग उत्साह से होली का पर्व मनाएंगे। चंद्र ग्रहण के कारण 3 मार्च को रंग वाली होली नहीं खेली गई, जिसके चलते 4 मार्च को जमकर गुलाल उड़ेगा और रंगों की बरसात होगी।

2 मार्च रात को जगह-जगह होलिका दहन किया गया, जिसमें हजारों स्थानों पर हवन और पूजा के साथ होलिका भस्म हुई। प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस ने शहर से लेकर गांवों तक मजबूत व्यवस्था की है। जिला प्रशासन ने सभी मजिस्ट्रेटों को एक्टिव किया है और पुलिस के खुफिया तंत्र को पूरी तरह सक्रिय कर दिया गया है।

नगर निगम ने सफाई, स्ट्रीट लाइटिंग और पानी की आपूर्ति की पूरी तैयारी की है। सुबह से दोपहर तक सभी सड़कों, चौराहों, मोहल्लों और गलियों में रंगों का माहौल होगा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं तक सभी जमकर होली खेलेंगे। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर फूलों और रंगों से होली खेली जाएगी। प्रशासन ने शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी है, ताकि त्योहार खुशी और भाईचारे के साथ संपन्न हो। 

होली का यह उत्सव सामाजिक समरसता का प्रतीक है। लोग एक-दूसरे पर रंग लगाकर मिलन मनाएंगे। हालांकि कुछ संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बरती गई है।

होली की धूम: मथुरा, काशी और अयोध्या समेत पूरे यूपी में रंग, रस व राग का उल्लास; मस्ती में निकलेंगी टोलियां

0
फागुन की मस्ती में सराबोर होकर काशी बुधवार को अपने अंदाज में होली मनाएगी। रंगभरी एकादशी से रंगोत्सव का छाया उल्लास आज दूना होगा। घरों से लेकर मंदिरों तक अबीर-गुलाल उड़ेंगे। उधर, शाहजहांपुर में रंगों की फुहार और उल्लास के बीच बुधवार को छोटे और बड़े लाट साहब का जुलूस निकाला जाएगा।

मथुरा, वाराणसी, अयोध्या सहित पूरा प्रदेश होली के रंग में रंग गया है। हर तरफ उल्लास का माहौल है। लोग होली पर मस्ती में नजर आ रहे हैं। जगह-जगह हो रहे आयोजनों में लोग रंगों में सरोबार हो रहे हैं। ढोल-नगाड़े के साथ लोग मस्ती में झूम रहे हैं।

उधर, फागुन की मस्ती में सराबोर होकर काशी बुधवार को अपने अंदाज में होली मनाएगी। रंगभरी एकादशी से रंगोत्सव का छाया उल्लास आज दूना होगा। घरों से लेकर मंदिरों तक अबीर-गुलाल उड़ेंगे। बुधवार को श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में रंग, रस और राग का उल्लास छाया रहेगा।

श्रद्धालु बाबा के साथ होली खेलेंगे और उन्हें भजन और होली गीत सुनाएंगे। होली पर बुधवार को देवाधिदेव की नगरी अपने अंदाज में रहेगी। सुबह ही लोग मैदागिन से ढोल मजीरा बजाते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेंगे और अबीर-गुलाल खेलने के साथ बाबा को भजन और होली गीत सुनाएंगे। श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में टेसू यानी पलाश के फूलों के बने रंगों से होली खेली जाएगी। काशी की होली पर होली बरात निकालने की भी परंपरा रही है। भगवान शिव के स्वरूप होंगे। घोड़े पर अड़भंगी स्वरूपों में दिखेंगे। खासकर युवाओं की टोलियां बरात के साथ भांग व ठंडई छान व अबीर गुलाल से सराबोर होंगे। सबके चेहरे रंग-बिरंगे नजर आएंगे।

शाहजहांपुर में आज निकलेगी छोटे-बड़े लाट साहब की सवारी
शाहजहांपुर में रंगों की फुहार और उल्लास के बीच बुधवार को छोटे और बड़े लाट साहब का जुलूस निकाला जाएगा। होली के लिए लाट साहब की खातिरदारी पूरे दिन जारी रही। बुधवार सुबह नौ बजे बड़े लाट साहब का जुलूस प्रारंभ होगा। लाट साहब पैदल ही कूंचालाला से लाए जाएंगे। चौकसीनाथ मंदिर में माथा टेकने के बाद सराफा बाजार में भैंसागाड़ी पर सवार कराया जाएगा।

गत वर्षों की तरह भैंसागाड़ी अर्द्धसैनिक बल के घेरे में रहेगी। इस बीच लाट साहब का स्वागत जूते-चप्पल और झाड़ू से किया जाएगा। रंग-गुलाल की फुहारों के बीच लाट साहब की सवारी चौक कोतवाली में पहुंचेगी। जहां परंपरागत तरीके से उन्हें सलामी के साथ नजराना दिया जाएगा।

एरवाकटरा झपकी आने से कार वाहन से भिड़ी, एक ही परिवार के आठ लोग घायल

0

एरवाकटरा (औरैया)। आगरा की ओर से आ रही एक कार के चालक को झपकी आने से वह नियंत्रण खो बैठा और आगे जा रहे वाहन से टकरा गई। हादसे में दिल्ली निवासी एक ही परिवार के बच्चों समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को सैफई स्थित अस्पताल भेज दिया गया।

हादसा आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गांव उमरैन स्थित पुल के पास मंगलवार तड़के करीब चार बजे हुआ। दिल्ली स्थित डिफेंस कॉलोनी थाना क्षेत्र के इंद्रा कैंप निवासी 60 वर्षीय छोटेलाल परिवार के साथ लखनऊ जा रहे थे। मंगलवार सुबह करीब चार बजे जब उनकी कार गांव उमरैन स्थित एक्सप्रेसवे पुल के पास पहुंची, तभी 30 वर्षीय चालक रोहित को झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे किसी वाहन से जा टकराई।

इस हादसे में चालक रोहित समेत छोटेलाल (60), तारा देवी (56), मोहित (29), विपिन कुमारी (35), माही (12), यदु (4) और मन्नो (4) गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही एक्सप्रेसवे सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची और घायलों को सैफई स्थित अस्पताल ले जाया गया। थाना प्रभारी निरीक्षक विनेश जादौन ने बताया कि जानकारी के बाद घायलों को सैफई ले जाया गया था। वहां उनका उपचार जारी है।

Holi 2026: हुड़दंग करने वालों से निपटेगी दिल्ली पुलिस, 15,000 जवान तैनात; नशे में गाड़ी चलाने वालों पर सख्ती

0

दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों, बाजारों और आवासीय क्षेत्रों में टीमें तैनात की जाएंगी। पुलिस ने जबरदस्ती रंग लगाने से बचने और सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव नहीं करने की अपील की है।

होली समारोह के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए बुधवार को दिल्ली में 15,000 से अधिक पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा। शराब पीकर गाड़ी चलाने तथा मोटरसाइकिल से स्टंट रोकने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौराहों, बाजारों और आवासीय क्षेत्रों में टीमें तैनात की जाएंगी। पुलिस ने जबरदस्ती रंग लगाने से बचने और सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव नहीं करने की अपील की है। जिला पुलिस, यातायात कर्मियों और पीसीआर इकाइयों सहित पुलिसकर्मी पूरे शहर में गहन गश्त करेंगे। शराब पीकर या लापरवाही से वाहन चलाने और मोटरसाइकिल से खतरनाक स्टंट करने पर अंकुश के लिए विशेष जांच अभियान चलाए जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि प्रमुख सड़कों पर नाके लगाए जाएंगे।

रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी एफआईआर होगी। सीसीटीवी कैमरों से भी विशेष नजर रखी जाएगी। पीसीआर कॉल पर त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

नाबालिग ने वाहन चलाया तो रजिस्टर्ड मालिक के खिलाफ कार्रवाई होगी
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) दिनेश कुमार गुप्ता ने कहा नाबालिग या बिना अनुमति के गाड़ी चलाते हुए पकड़े गए तो वाहन के रजिस्टर्ड मालिक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पैदल चलने वालों और गाड़ी चलाने वालों की सुरक्षा पक्का करने के लिए पूरे इंतज़ाम किए गए हैं। गुप्ता ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर बताए गए नियमों को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।

होली के हुडदंग के दौरान शराब पीकर नशे में खतरनाक तरीके से वाहन चलाया तो दिल्ली ट्रैफिक पुलिस एफआईआर दर्ज कर सकती है। दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि बड़ी होली के दिन यानी दुलेंडी को हुडदंगियों को पकड़ने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस 140 चौराहों और प्रमुख मार्गों पर चेकिंग पॉइंट बनाएगी।  एल्कोमीटर (शराब मापने वाला यंत्र) के साथ पूरी दिल्ली में 70 ट्रैफिक पुलिस की टीमें तैनात की जाएंगी।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया कि शराब पीकर खतरनाक ढंग के वाहन चलाने वालों के चालान के अलावा प्राथमिकी भी दर्ज की जा सकती है। हालांकि उस समय की परिस्थितियों देखकर निर्णय लेंगे।

Holi 2026: रंगों में आज रंगेगी दिल्ली, अबीर-गुलाल की बौछार के बीच मनेगी होली का त्योहार, उमंग और दिखेगा उल्लास

0

सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया है। प्रमुख चौराहों पर निगरानी बढ़ाई गई है और हुड़दंग व नशे में वाहन चलाने पर सख्ती के निर्देश दिए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने भी विशेष प्लान लागू किया है ताकि मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने।

होली के त्योहार को लेकर तैयारियां तो दो दिन पहले ही हो गईं थीं लेकिन चंद्रग्रहण की वजह से रंगोत्सव एक दिन बाद यानी आज बुधवार को मनाया जाएगा। इसके लिए सड़क से लेकर छतों तक जश्न मनाने की तैयारी है। माहौल खराब न हो इसके लिए पुलिस ने भी अपनी तैयारी की हुई है।

राजधानी के बाजारों में देर रात तक रौनक रही। गुलाल, पिचकारियां और सफेद कुर्तों की खरीदारी जोरों पर रही। मिठाई की दुकानों पर गुझिया और ठंडाई के लिए भीड़ उमड़ी। सोसाइटियों और आरडब्ल्यूए ने सामूहिक होली मिलन कार्यक्रमों के लिए डीजे, रेन डांस और सांस्कृतिक आयोजनों की व्यवस्था की है। पार्कों और क्लबों में मंच सज चुके हैं, रंगों की टंकियां तैयार हैं और आयोजन समितियां अंतिम तैयारियों में जुटी रहीं।

सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया है। प्रमुख चौराहों पर निगरानी बढ़ाई गई है और हुड़दंग व नशे में वाहन चलाने पर सख्ती के निर्देश दिए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने भी विशेष प्लान लागू किया है ताकि मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति न बने। बच्चों में रंग खेलने का उत्साह चरम पर है तो बुजुर्गों के लिए यह त्योहार रिश्तों को ताजा करने का अवसर है। आज सुबह राजधानी रंगों से सराबोर होगी। ढोल की थाप, डीजे की धुन और हंसी-ठिठोली के बीच दिल्ली कुछ घंटों के लिए अपनी रोजमर्रा की भागदौड़ भूलकर सिर्फ रंग, रिश्ते और उल्लास का उत्सव बन जाएगी।

होली पर नहीं रहेगा ड्राई डे
दिल्ली सरकार ने इस वर्ष घोषित ड्राई डे की सूची में रंगों की होली (दुलंडी) को शामिल नहीं किया है। आबकारी विभाग ने इस वर्ष गणतंत्र दिवस, महाशिवरात्रि, ईद-उल-फितर, राम नवमी और महावीर जयंती पर शराब की दुकानें बंद करने का निर्णय लिया है, लेकिन होली के दिन दुकानों को बंद रखने का प्रावधान नहीं किया गया है। होली पर शराब की दुकानें खुली रहेंगी।