Sunday, February 15, 2026
Home Blog Page 46

Auraiya News: एसआईआर अभियान में बंद मिले स्कूल, बीलएओ नदारद

0

बिधूना। जिले भर में रविवार को विशेष सघन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान चलाया गया था। इस विशेष अभियान के दौरान कई विद्यालय बंद पाए गए और बीलएओ भी नहीं मिले। मामले में बीएसए को विभागीय कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई है।रविवार को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सभी बीएलओ को अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर कार्य करने के निर्देश दिए गए थे। बीएसए ने विशेष अभियान वाले बूथों पर स्थित विद्यालयों को खोले जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा था।इसके बाद भी खंड शिक्षा अधिकारी अल्केश कुमार सकलेचा के निरीक्षण में कंपोजिट प्राथमिक विद्यालय बरुआ (बूथ संख्या 310) बंद पाया गया। वहीं, प्राथमिक विद्यालय बराहार के बूथ संख्या 311 व 312 पर तैनात अध्यापक अमित कुमार अनुपस्थित मिले। कंपोजिट विद्यालय सोहनी भी निरीक्षण के समय बंद था, और वहां के अनुदेशक विकास व प्रवीण, शिक्षामित्र कमलेश कुमारी तथा चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी प्रदीप सिंह भी अनुपस्थित पाए गए।

इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय लुधपुरा (बूथ संख्या 132) पर सहायक अध्यापिका आरती नरवरिया, निरूपा देवी और शिक्षा मित्र अनीता कुमारी गुप्ता अनुपस्थित पाई गईं। प्राथमिक विद्यालय सराय प्रथम (बूथ संख्या 131) भी बंद मिला।

निरीक्षण में सामने आई लापरवाही के संबंध में संबंधित शिक्षकों व कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति करते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को रिपोर्ट भेज दी गई है।

तीन बीएलओ को नोटिस

रविवार को एसआईआर को लेकर चलाए गए विशेष अभियान में बीएलओ के नदारद रहने का मामला भाग्यनगर में भी सामने आया है। यहां प्राथमिक विद्यालय फक्कड़पुर के प्रधानाध्यापक मोदप्रकाश, सहायक अध्यापक सुषमा वर्मा और शिक्षामित्र सुनीता अनुपस्थित मिलीं। तीनों को खंड शिक्षाधिकारी ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

Auraiya News: नेपाल की जहैरा को नायब तहसीलदार ने भेजा नोटिस

0

बिधूना। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की कच्ची सूची में रठगांव के पिपरी में नेपाल निवासी जहैरा बेगम का नाम दर्ज है। उनके पास भारतीय नागरिकता नहीं है।इसे लेकर सोमवार को सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व नायब तहसीलदार रुचि मिश्रा ने उन्हें नोटिस जारी किया है। इसमें वैध दस्तावेज पेश करने के लिए कहा गया है। ऐसे न करने पर मतदाता सूची से नाम काट दिया जाएगा।
जहैरा बेगम ने एसआईआर के दौरान गणना प्रपत्र भरकर जमा किया था। इसमें अपने माता-पिता का पता नेपाल दर्ज किया था। इसके चलते उनकी 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग नहीं हो सकी। पिपरी गांव निवासी शालू से 15 वर्ष पहले शादी करके वह यहां आईं थीं और इसके बाद यहीं रह रही हैं। लेकिन अब उनके मतदाता बने रहे पर संकट खड़ा हो गया है।सोमवार को मामले में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व नायब तहसीलदार रुचि मिश्रा ने जहैरा को नोटिस जारी किया है। इसमें 22 जनवरी को दोपहर 12 बजे तहसील में दस्तावेजों के साथ उपस्थित रहने के लिए कहा गया है। उन्हें 2003 में मतदाता सूची में उनका या उनके परिजन का नाम न होने का स्पष्टीकरण देना होगा। साथ ही अपनी मूल दस्तावेज भी प्रस्तुत करने होंगे। इसमें असफल होने पर उनका नाम मतदाता सूची से काट दिया जाएगा।

पिपरी निवासी उर्मिला को भी नोटिस
इसके अलावा पिपरी निवासी उर्मिला को भी नोटिस जारी किया गया है। उनका नाम भी 2003 की सूची से मैप नहीं हो पा रहा है। उन्हें भी 22 जनवरी को तहसील में बुलाया गया है।

जिन लोगों की मैंपिग 2003 की मतदाता सूची से नहीं हुई है, उनसे दस्तावेज मांगे जा रहे हैं। इसके लिए उन्हें नोटिस जारी किया जा रहा है। इसी के तहत जहैरा बेगम और उर्मिला को नोटिस जारी है। यदि निर्धारित समय में दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए तो ऐसे मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाएंगे।
-गरिमा सोनकिया, एसडीएम बिधूना।

Auraiya News: बल्लपुर राजपुर में तीन लाख रुपये के मस्टर रोल किए शून्य

0

औरैया। विकास खंड एरवाकटरा की ग्राम पंचायत बल्लपुर राजपुर में मनरेगा में चक मार्गाें पर काम के तीन लाख रुपये के मस्टर रोल शून्य कर दिए गए।यह कार्रवाई उपायुक्त श्रम एवं रोजगार ने फर्जीवाड़ा सामने आने पर की है। अमर उजाला ने इस फर्जीवाड़े को उजागर कर प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद ही जांच शुरू हुई थी।
ग्राम पंचायत बल्लपुर राजपुर में तीन चक मार्गों के लिए कुल 12 मस्टर रोल 23 दिसंबर से 30 दिसंबर के बीच निकाले गए थे। इन कार्यों में कुल 110 श्रमिक कार्यरत दिखाए गए थे। ऑनलाइन हाजिरी में सभी मस्टर रोल में एक ही फोटो अपलोड किया गया था। इन तस्वीरों में मात्र आठ से दस श्रमिक ही थे, जबकि सभी में अलग-अलग श्रमिक होने चाहिए।

श्रम एवं रोजगार रामदुलार ने गांव पहुंचकर जांच की थी। जांच के दौरा तीनों ही चक मार्गाें पर कोई भी मजदूर काम करता नहीं मिला। जांच में इसकी भी पुष्टि हुई कि निर्धारित तारीखों पर तो दूर उससे एक सप्ताह पहले भी कोई काम नहीं हुआ।

इस पर उपायुक्त ने इन कार्यों के लिए जारी किए गए सभी मस्टर रोल जीरो कर दिए। इससे तीन लाख रुपये के इन मस्टर रोल का भुगतान नहीं कराया जा सकेगा। इसके अलावा ऑनलाइन हाजिरी का अधिकार भी रोजगार सेवक से हटा दिया गया है। अब ग्राम पंचायत सचिव को मनरेगा कार्य की ऑनलाइन हाजिरी लगानी होगी।

ग्राम पंचायत बल्लपुर राजपुर के तीन लाख रुपये के मस्टर रोल शून्य किए गए हैं। साथ ही रोजगार सेवक से ऑनलाइन हाजिरी का अधिकार छीन लिया गया है। अब ग्राम पंचायत सचिव को यह जिम्मेदारी दी है। दोबारा गड़बड़ी मिलने पर कठोर कार्रवाई होगी।
-रामदुलार, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार

Auraiya News: घर में गोली मारकर की गई थी युवक की हत्या

0

बेला। घर में मृत मिले राजमिस्त्री अरविंद की हत्या गोली मारकर की गई थी। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। पुलिस के शक की सुई अब राजमिस्त्री के परिजन पर भी घूम रही है।घर में गोली मारी गई और किसी को आवाज तक नहीं आई, इसे बिंदु मानकर परिजन से भी पूछताछ की जा रही। वहीं, पुलिस ने कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए उठाया है।
थाना क्षेत्र के गांव बेला स्थित मंडी रोड स्थित भारतीय महाविद्यालय के सामने रहने वाले अरविंद (37) राजमिस्त्री थे। 18 जनवरी को उनका शव घर के कमरे में संदिग्ध हालात में पड़ा मिला था। पुलिस पूछताछ में पत्नी प्रिया ने बताया था कि रविवार की सुबह जागने पर जब वह पति के कमरे में गई तो अरविंद जमीन पर पड़ा मिला था। उसके माथे पर चोट का निशान था।

उधर, सोमवार को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पुलिस की जांच की दिशा बदल दी। रिपोर्ट में गन शॉट की पुष्टि हुई। गोली सिर में फंसी मिली। क्षेत्र में चर्चा है कि अगर घर में ही अरविंद को गोली मारी गई तो परिजन को गोली चलने की आवाज क्यों सुनाई नहीं दी। इसके चलते अब पुलिस का शक परिवार व करीबी लोगों पर पर जा रहा है।

उधर, सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद अरविंद का शव परिजन को सौंप दिया गया। बाद में पुलिस की मौजूदगी में कन्नौज के मेहंदीपुर घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। अंतिम संस्कार के बाद पुलिस ने राजमिस्त्री के घर पहुंचकर दोबारा जांच की। साथ ही परिजन से अलग-अलग पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार कुछ संदिग्धों को पुलिस ने उठाकर पूछताछ की है। सीओ बिधूना पी पुनीत मिश्रा ने बताया कि राजमिस्त्री का कन्नौज में पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार करा दिया गया है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।

लेनदेन में तो नहीं की गई हत्या
राजमिस्त्री की हत्या के मामले में थाना पुलिस जांच की। इस दौरान पुलिस को घर के बाहर खंभे में एक कागज का पर्चा चिपका मिला, जिसमें शराब पीकर गाली देता है…. न रुपये देता है न ब्याज लिखा मिला था। ऐसे में लेनदेन में हत्या के बिंदु पर भी पुलिस की जांच जारी है।

सिर कूंचकर राजमिस्त्री की हत्या, खेत में मिला शव

0

औरैया। अपनी होने वाली ससुराल जाने के लिए बाइक से निकले राजमिस्त्री की सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। पुलिस को उसका शव सोमवार तड़के दिबियापुर थाना क्षेत्र के गांव भियांपुर के पास खेत में मिला।पुलिस ने पिता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। युवक की शादी तय थी।
फफूंद थाना क्षेत्र के गांव तुलसीपुर निवासी अनुज उर्फ छोटे (21) राजमिस्त्री था। उसकी शादी कानपुर देहात स्थित मंगलपुर के गांव लाड़पुर निवासी पूर्वी से तय हुई थी। रविवार शाम करीब छह बजे युवक घर से होने वाली ससुराल जाने की बात कहकर बाइक से निकला था।

करीब सात बजे पूर्वी ने अनुज के भाई मनोज को फोन कर अनुज के साथ दखलीपुर के पास सड़क हादसा होने की जानकारी दी। इसके बाद मनोज और पूर्वी के पिता सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे। वहां परिजन को वहां न अनुज मिला न ही उसकी बाइक मिली।

सोमवार तड़के युवक का शव दिबियापुर के गांव भियांपुर के पास खेत में पड़ा मिला। जानकारी पर एसपी अभिषेक भारती और एएसपी आलोक मिश्रा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। युवक के सिर के अलावा शरीर पर चोट के निशान मिले। मौके पर उसकी बाइक लॉक मिली, लेकिन मोबाइल फोन नहीं मिला। मोबाइल फोन का कवर पास ही पड़ा था। छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजन ने हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

बड़ी बेटी की शादी के कार्ड बांटने के लिए ससुर ने मांगी थी बाइक
भाई मनोज ने बताया कि अनुज की शादी लाड़पुर निवासी पूर्वी से तय हुई थी। लाड़पुर में पहले से ही रिश्तेदारी थी। परिजन के अनुसार 10 फरवरी को पूर्वी की बड़ी बहन उपासना की शादी है। उसकी शादी के कार्ड बांटने के लिए भाई के ससुर ने उससे बाइक मांगी गई थी। बाइक देने के लिए ही भाई रविवार को घर से निकला था।

बाइक टकराने से बकरी मर गई, तीन हजार रुपये मांग रहे
भाई मनोज के अनुसार पूर्वी ने रविवार शाम 6.55 बजे कॉल किया था। पूर्वी ने बताया कि दखलीपुर में अनुज की बाइक से बकरी मर गई है। बकरी मालिक तीन हजार रुपये मांग रहे हैं। जानकारी पर परिजन मौके पर पहुंचे तो कोई नहीं मिला।

जांच के घेरे में आया फिंग चिप्स वाला युवक
मनोज ने बताया कि लाड़पुर निवासी एक युवक फफूंद के अछल्दा चौराहे पर फिंगर चिप्स का ठेला लगाता था। युवक करीब दो माह से ठेली नहीं लगा रहा और न ही उसे किसी ने देखा था। रविवार को घटना की सूचना मिलने के बाद वही युवक ससुराल पक्ष के लोगों के साथ रहा। पुलिस इस पहलू की भी गहनता से जांच कर रही है।

पिता उपेंद्र की तहरीर पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना के खुलासा के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। जल्द कार्रवाई की जाएगी।
-अभिषेक भारती, एसपी

फोटो-7-अनुज। फाइल फोटो

“मेरी आंखों के सामने डूब गया बेटा, बुझ गया घर का चिराग…” UP में डूबे इंजीनियर की मौत से टूटे पिता, CM Yogi के निर्देश पर SIT गठित

0

लखनऊ : ग्रेटर नोएडा में एक साफ्टवेयर इंजीनियर की शुक्रवार को पानी में डूबकर हुई मौत के मामले की पड़ताल के लिये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सोमवार को तीन सदस्यीय एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया गया। राज्य सरकार के एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने ग्रेटर नोएडा के सेक्टर 150 में 20 फुट से अधिक गहरे पानी से भरे एक गड्ढे में एक कार के गिरने से 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की हुई मौत के मामले का संज्ञान लिया है और उनके निर्देश पर मामले की तफ्तीश के लिये तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया गया है।

बयान के अनुसार मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक के नेतृत्व में गठित इस तीन सदस्यीय एसआईटी में मेरठ के मंडलायुक्त और लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता भी शामिल हैं। यह समिति पांच दिन में जांच कर अपनी रिपोर्ट मुख्यमंत्री को सौंपेगी। गुरुग्राम की एक कम्पनी में नौकरी करने वाले 27 वर्षीय साफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता शुक्रवार की रात एक हादसे में मौत हो गयी थी। पुलिस के मुताबिक उसकी कार ग्रेटर नोएडा के सेक्‍टर-150 एटीएस ले-ग्रैडियोज के पास अनियंत्रित हो गई और नाले की दीवार तोड़कर एक निर्माणाधीन मॉल के परिसर में पानी से भरे गड्ढे में गिर गयी। पानी में डूबने से उसकी मौत हो गयी।

युवराज के परिजन का आरोप है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही के कारण युवराज की मौत हुई है। उनका कहना है कि तीव्र मोड़ होने के बावजूद बैरीकेडिंग नहीं किये जाने, ‘रिफ्लेक्टर्स’ नहीं लगाये जाने और भूखंड के आसपास कोई ‘सेफ्टी वॉल’ नहीं बनाये जाने के कारण यह दुर्घटना हुई। बहरहाल, पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।

328 पवित्र स्वरूपों के मामले में आम आदमी पार्टी के ‘यू-टर्न’ पर भड़के सुखपाल खैहरा, जानें क्या कहा

0

पंजाब डेस्क : पंजाब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के 328 पवित्र स्वरूपों के मामले ने एक बार फिर राजनीतिक में चर्चा छेड़ दी है। इस बारे में कांग्रेस नेता सुखपाल सिंह खैहरा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके आम आदमी पार्टी सरकार और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा पर इस मुद्दे पर पूरी तरह ‘यू-टर्न’ लेने का गंभीर आरोप लगाया है।

इस बारे में खैहरा ने कहा कि पहले ‘आम आदमी पार्टी’ नेताओं ने बंगा के पास राजा साहिब अस्थान पर स्वरूपों की मौजूदगी को लेकर बड़े आरोप लगाए थे, लेकिन अब वे अपने बयानों से पलट गए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपील की है कि वे इतने सेंसिटिव धार्मिक मामले पर सिख कम्युनिटी को गुमराह करने के लिए पब्लिक में माफी मांगें।

इस बारे में खैहरा ने आरोप लगाया कि पंजाब की मौजूदा सरकार इस मुद्दे को सुलझाने को लेकर बिल्कुल भी सीरियस नहीं है। उन्होंने इसकी तुलना बहबल कलां और बरगाड़ी की घटनाओं से करते हुए कहा कि जिस तरह सरकार पिछले 4 सालों में इन मामलों में न्याय देने से पीछे हटी है, वही रवैया अब स्वरूपों के मामले में भी दिख रहा है।

शूटिंग से लौटते वक्त अक्षय कुमार के काफिले में हादसा, जुहू में पलटी SUV

0

Akshay Kumar security car accident: मुंबई के जुहू इलाके में सोमवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब अभिनेता अक्षय कुमार के काफिले से जुड़ी एक गाड़ी सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। अक्षय कुमार शूटिंग खत्म कर एयरपोर्ट से अपने जुहू स्थित आवास की ओर जा रहे थे, तभी सिल्वर बीच कैफे के पास यह घटना हुई।

कैसे हुआ हादसा?

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने पहले एक ऑटो रिक्शा को टक्कर मारी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो असंतुलित होकर सीधे अक्षय कुमार की सिक्योरिटी वैन से जा भिड़ा। इसके बाद सिक्योरिटी वैन आगे चल रही एक्टर की SUV से टकरा गई, जिससे कुछ ही सेकेंड में कई गाड़ियों की चेन एक्सीडेंट जैसी स्थिति बन गई।

ऑटो चालक घायल, अस्पताल में भर्ती

इस हादसे में ऑटो चालक घायल हो गया, जिसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, टक्कर के बाद सिक्योरिटी वाहन के नीचे दबने से चालक और एक यात्री कुछ देर के लिए फंस गए थे, लेकिन स्थानीय लोगों और सिक्योरिटी स्टाफ की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

अक्षय कुमार ने दिखाई इंसानियत

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अक्षय कुमार खुद अपनी SUV से बाहर निकले और अपने गार्ड्स के साथ मिलकर घायलों की मदद करते नजर आए। लोगों ने देखा कि एक्टर और उनकी टीम ऑटो को हटाने और अंदर फंसे लोगों को निकालने में सक्रिय रूप से जुटी रही।

वायरल हुआ हादसे का वीडियो

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पलटी हुई गाड़ी और मदद के लिए दौड़ते लोग दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद फैंस के बीच चिंता बढ़ गई। हालांकि, सूत्रों ने साफ किया है कि अक्षय कुमार पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है।

पुलिस ने संभाला मोर्चा

दुर्घटना की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। ट्रैफिक को कुछ समय के लिए रोका गया और बाद में सामान्य कर दिया गया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

SIR In UP: मतदाता बनने को एक दिन में सात लाख लोगों ने किया आवेदन, ऑनलाइन देखें आपको नोटिस जारी हुआ या नहीं?

0

उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया में विशेष अभियान के नतीजे सामने आने लगे हैं। पिछले रविवार को चले पहले विशेष अभियान में एक ही दिन में 7 लाख मतदाताओं ने फॉर्म-6 भरे थे। वहीं, 6 जनवरी से 17 जनवरी तक 7.20 लाख फॉर्म प्राप्त हुए थे। यानी, 6-17 जनवरी के बीच प्रतिदिन औसतन 60 हजार फॉर्म भरे गए थे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) नवदीप रिणवा ने बताया कि रविवार को विशेष अभियान के तहत सभी 1.77 लाख बूथों पर बीएलओ व बीएलए उपस्थित रहे। उन्होंने मतदाताओं को मसौदा मतदाता सूची दिखाई। हेल्प डेस्क की मदद से उन्हें फॉर्म भरवाए गए। सभी जिलों में डीएम व निर्वाचन कार्यों में लगे अधिकारियों ने एक-एक बूथ का निरीक्षण किया। यही वजह रही कि एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में फॉर्म-6 भरे गए।

सोमवार को सीईओ कार्यालय ने जिलों से फाइनल आंकड़े मंगवाकर उन्हें जोड़ा तो उत्साहजनक नतीजे सामने आए। सीईओ की ओर से सभी मतदाताओं से अपील की गई है कि वे ड्राफ्ट मतदाता सूची देख लें और फिर उसके बाद नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, नाम कटवाने के लिए फॉर्म-7 और नाम व पते में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरें।

ऑनलाइन यहां देखें

6 फरवरी तक दावे व आपत्तियां दर्ज की जा सकती हैं। अभी तक नए मतदाता बनने को 30.51 लाख लोगों ने फॉर्म-6 भरा है। नोटिस जारी हुआ या नहीं, ऑनलाइन भी देख सकेंगे मतदाता एसआईआर में जिन मतदाताओं का वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मिलान नहीं हो पाया है, उन्हें नोटिस भेजा जा रही है। पहले चरण में 1.04 करोड़ मतदाताओं को नोटिस जाएगा। मतदाता ईसीआईनेट एप पर भी ऑनलाइन देख सकेंगे कि नोटिस उन्हें जारी हुआ है या नहीं। अभी पोर्टल voters.eci.gov.in पर यह सुविधा है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय की ओर से यह सुविधा शुरू करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग की आईटी टीम को पत्र लिखा गया है। नोटिसों की सुनवाई 21 जनवरी से शुरू होगी। पहले दिन 3793 स्थानों पर 403 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी समेत 9154 अधिकारियों की ड्यूटी नोटिस पर सुनवाई के लिए लगाई गई है।

यूपी: प्रदेश में करवट लेने जा रहा है मौसम, हवा का रुख बदलने से होगी कई जिलों में बारिश; जारी हुआ अलर्ट

0

उत्तरोत्तर दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से 22 जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वर्षा का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, बारिश का यह दौर 5 से 6 दिन तक रहेगा जिसकी वजह से पूर्वी उत्तर प्रदेश तक भी व्यापक वर्षा होने की संभावना है। हालांकि इस दौरान तापमान में बढ़ोतरी से ठंड से थोड़ी राहत मिलने के आसार है। रविवार देर रात प्रदेश में राजधानी लखनऊ समेत कई जगहों पर छिटपुट बारिश भी हुई लेकिन सोमवार को दिन में तापमान में अच्छी खासी बढ़ोतरी महसूस की गई। राजधानी लखनऊ में ही दो दिन के भीतर न्यूनतम तापमान में आश्चर्यजनक ढंग से 7 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हवा में दिशा परिवर्तन होगा और पूर्वा से पछुआ हो जाएगी। आसमान में बादलों की उपस्थिति से पिछले 24 घंटों के दौरान बीती रात प्रदेश में कहीं-कहीं छिटपुट वर्षा हुई। कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान में औसतन 4-6 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ कोहरे के घनत्व में भी कमी आई है।

इसके परिणामस्वरूप दिन के अधिकतम तापमान में भी 2-4 डिग्री की बढ़त दर्ज की गई। इस वजह से ही ठंड में काफी कमी महसूस की गई। यद्यपि पश्चिमी विक्षोभ से संबद्ध द्रोणी के पूर्वी दिशा में विचरण के साथ ही इसका प्रभाव क्षीण होने और हवा के पुनः दिशा परिवर्तन से प्रदेश के तापमान में अगले 48 घंटों के दौरान 2-4 डिग्री की संभावित क्रमिक गिरावट के बावजूद तापमान के सामान्य के आसपास ही रहने के आसार हैं। कोहरे में आई कमी की वजह से ठंड से राहत मिलने की भी संभावना है। उन्होंने बताया कि उत्तरोत्तर दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से 22 जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वर्षा का दौर शुरू होकर आगे 5-6 दिनों तक जारी रहेगा। पूर्वी उत्तर प्रदेश तक व्यापक वर्षा होने की संभावना के दृष्टिगत प्रदेश में फ़िलहाल ठंड से मिली राहत जारी रहने की संभावना है।

 

बुलंदशहर रहा सबसे ठंडा जिला

प्रदेश में न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गई। बुलंदशहर में न्यूनतम तापमान सबसे कम 6 डिग्री दर्ज किया गया। इसके बाद मुरादाबाद में 6.8, मुजफ्फरनगर में 6.9, नजीबाबाद में 7 और बरेली में 7.1 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी में लखनऊ में न्यूनतम तापमान दो दिन में 4.4 डिग्री से बढ़कर 11.6 डिग्री पहुंच गया, वहीं अधिकतम तापमान भी 20.9 से बढ़कर 26.4 डिग्री हो गया।

23 और 24 जनवरी को लखनऊ में बारिश के आसार

मौसम में उतार-चढ़ाव का क्रम अब चौंका भी रहा है। रविवार देर रात बिना किसी पूर्वानुमान के हल्की बारिश और फिर सोमवार को दिन में तेज धूप की वजह से बढ़े तापमान ने लोगाें को अचरज में डाल दिया। दिन में तेज धूप की वजह से ऐसी नौबत आ गई कि लोगों को जैकेट और गर्म कपड़े उतारने पड़े। दो दिन के भी राजधानी में आश्चर्यजनक तरीके से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में अच्छी खासी वृद्धि दर्ज की गई। 48 घंटे के भीतर राजधानी में न्यूनतम तापमान में 7.2 डिग्री और अधिकतम तापमान में 5.5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

दो दिन पहले ही शनिवार को लखनऊ में इस सीजन का सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री दर्ज किया गया था जो सोमवार को बढ़कर 11.6 डिग्री तक पहुंच गया। इसी तरह से अधिकतम तापमान शनिवार को 20.9 था जो सोमवार को बढ़कर 26.4 हो गया। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को कोहरे का असर सुबह कम रहा और मंगलवार को भी हल्का कोहरा होने के ही आसार हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तरोत्तर दो सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से 22 जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में वर्षा का दौर शुरू हो सकता है जिसका असर लखनऊ तक भी देर से पहुंचेगा। उन्होंने बताया कि 23 और 24 जनवरी को लखनऊ में भी बारिश हो सकती है। हवा का रुख भी मंगलवार से बदल सकता है। अभी तक चल रही पूर्वा मंगलवार से पछुआ में बदलने के आसार हैं। मंगलवार को मौसम शुष्क रहेगा। सोमवार को लखनऊ में 0.1 मिमी. बारिश रविवार देर रात दर्ज की गई।

इस तरह दिखा तापमान में उतार-चढ़ाव

UP: Weather is about to change in the state, with a change in wind direction causing rain in several districts
लखनऊ में लगातार सर्दी बनी हुई है।
19 जनवरी      11.6
18 जनवरी      6.4
17 जनवरी        4.4
16 जनवरी      5.8
15 जनवरी       5.5
14 जनवरी       6.1
13 जनवरी       5.6
12 जनवरी       6.6