Friday, June 19, 2026
Home Blog Page 11

औरैया में सफाईकर्मी के घर डिलीवरी, जच्चा-बच्चा की मौत:10 हजार में सामान्य प्रसव कराने का दिया था भरोसा, जांच के आदेश

0

औरैया के दिबियापुर थाना क्षेत्र के मुरली पुर्वा लछियामऊ में एक 20 साल की गर्भवती युवती और उसके नवजात शिशु की सफाईकर्मी के घर प्रसव के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने 100 शैय्या अस्पताल चिचौली में तैनात सफाईकर्मी रेखा पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है।

परिजनों ने बताया कि शनिवार को वे सपना को प्रसव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दिबियापुर लेकर जा रहे थे। आरोप है कि अस्पताल के गेट पर सफाईकर्मी रेखा ने उन्हें रोक लिया। कहा, अस्पताल में ऑपरेशन होगा और अधिक खर्च आएगा। उसने 10 हजार रुपए लेकर अपने घर पर सामान्य प्रसव कराने का आश्वासन दिया।

परिजनों के अनुसार, रेखा सपना को अपने घर ले गई, जहां उसने प्रसव कराया। प्रसव के दौरान बच्ची मृत पैदा हुई। इसके बाद सपना को लगातार रक्तस्राव होने लगा। परिजनों ने कई बार उसकी बिगड़ती हालत की जानकारी दी, लेकिन रेखा उन्हें यह कहकर आश्वस्त करती रही कि खून बंद हो जाएगा।

सपना की हालत लगातार गंभीर होती गई और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद अपनी लापरवाही और जिम्मेदारी छिपाने के लिए रेखा सपना को सीएचसी दिबियापुर लेकर पहुंची, यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने यह भी बताया कि दो दिन पहले सपना को औरैया स्थित गोविंद अस्पताल में दिखाया गया था। यहां जांच में कोई गंभीर समस्या नहीं पाई गई थी।

सफाईकर्मी रेखा का कहना है कि परिजनों ने खुद फोन कर उससे प्रसव कराने का अनुरोध किया था। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय आनंद ने बताया कि शुरुआती जांच में यह तथ्य सामने आया है कि परिजन प्रसव के लिए सीएचसी आ रहे थे, लेकिन सफाईकर्मी रेखा उन्हें रास्ते में रोककर अपने घर ले गई, जहां प्रसव कराया गया। बच्ची मृत पैदा हुई और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण महिला की भी मृत्यु हो गई। बाद में रेखा महिला को सीएचसी लेकर आई, जहां उसे मृत घोषित किया गया। मामले की जांच की जा रही है।

बिठूर विधायक ने अवैध वसूली पर फूड इंस्पेक्टर को फटकारा:बोले- दिमाग सुधार लो, वरना बैठ नहीं पाओगे

0

कानपुर के बिठूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने शनिवार को भीतरगांव क्षेत्र के दौरे के दौरान एक फूड इंस्पेक्टर पर कथित अवैध वसूली की शिकायत मिलने के बाद कड़ा रुख अपनाया। ग्रामीणों और स्थानीय दुकानदारों की शिकायत पर विधायक ने मौके पर ही संबंधित फूड इंस्पेक्टर को फोन कर जमकर फटकार लगाई और कथित वसूली तत्काल बंद करने की चेतावनी दी।

जानकारी के अनुसार, विधायक अभिजीत सिंह सांगा शनिवार को भीतरगांव क्षेत्र में जनसंपर्क कर रहे थे और स्थानीय समस्याओं को सुन रहे थे। इसी दौरान कई दुकानदारों और ग्रामीणों ने उनसे शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि फूड विभाग का एक इंस्पेक्टर क्षेत्र में दुकानदारों पर दबाव बनाकर अवैध वसूली कर रहा है, जिससे छोटे व्यापारियों में नाराजगी है।शिकायत सुनते ही विधायक ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और मौके पर ही फोन के माध्यम से संबंधित अधिकारी से बात की। बातचीत के दौरान विधायक ने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी प्रकार की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कथित तौर पर कहा, “दिमाग सुधार लो, वरना बैठ नहीं पाओगे।”

विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने आगे कहा कि यदि भविष्य में ऐसी शिकायत दोबारा मिली तो मामले की शिकायत सीधे मुख्यमंत्री स्तर तक की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता के साथ किसी भी प्रकार का उत्पीड़न स्वीकार नहीं किया जाएगा और कुछ अधिकारियों की कार्यशैली सरकार की छवि को नुकसान पहुंचाती है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

वहीं, विधायक और फूड इंस्पेक्टर के बीच हुई बातचीत का किसी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों ने विधायक के सख्त रवैये की सराहना कर रहे है।

विधायक बोले- जनता को परेशान करने वाले अधिकारी आदत सुधार ले

बिठूर विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने कहा कि वह जनता के साथ अभद्रता और अवैध वसूली कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे, उन्होंने अधिकारियों से कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि अगर उनके क्षेत्र के लोगों को परेशान किया तो वह सीधे शिकायत पर कार्रवाई कराएंगे।

CSJMU में दो असिस्टेंट प्रोफेसरों की सेवा समाप्त:डॉ. शाश्वत ने पेपर किया था वायरल, डॉ. ममता ने परीक्षा में बरती लापरवाही

0

छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के 2 असिस्टेंट प्रोफेसरों पर विवि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। स्कूल ऑफ़ लाइफ साइंस एंड बायोटेक्नोलॉजी के डॉक्टर शाश्वत कटियार और बायोइनफॉर्मेटिक्स की डॉक्टर ममता सागर की सेवाएं समाप्त कर दी गई है।

रजिस्ट्रार राकेश कुमार मिश्रा ने दोनों की सेवाएं समाप्त करने का आदेश जारी किया। बताते चलेंगे दोनों असिस्टेंट प्रोफेसर सेल्फ फाइनेंस स्कीम के अंतर्गत कार्यरत थे।

जांच समिति की रिपोर्ट के बाद लिया गया एक्शन।
जांच समिति की रिपोर्ट के बाद लिया गया एक्शन।

पेपर लीक करने का आरोप

स्कूल ऑफ़ लाइफ साइंस एंड बायोटेक्नोलॉजी के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ शाश्वत कटियार पर आरोप है कि इन्होंने प्रश्न पत्र को परीक्षा से दो दिन पहले सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।

यूनिवर्सिटी कैंपस में 4 मई को एमएससी बायोकेमेस्ट्री दूसरे सेमेस्टर की बायोएनर्जेटिक्स एंड इंटरमीडियरी मेटाबॉलिज्म का एग्जाम था। जिसका प्रश्न पत्र से सीएसजेएमयू कानपुर के व्हाट्सएप ग्रुप पर 2 मई को ही वायरल कर दिया गया। इनको पूर्व में निलंबित किया गया था। जांच समिति की जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर इनको इनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं।

परीक्षा में रहीं अनुपस्थित

इनके अलावा स्कूल आफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के बायोइनफॉर्मेटिक्स डिपार्टमेंट के डॉक्टर ममता सागर पर 2 मई की परीक्षा में अनुपस्थित रहने का आरोप है। इसके अलावा 9 मई को एनवायरमेंटल नैनो टेक्नोलॉजी का प्रश्न पत्र भी इनके द्वारा समय से परीक्षा समिति को नहीं दिया गया। जांच समिति द्वारा इन दोनों आरोपी की पुष्टि होने पर इनकी सेवाएं समाप्त कर दी गई।

गंगा में मछलियां मरीं, किनारों पर ढेर लगा: कानपुर में केमिकल वाले जहरीले पानी से मौत, पकड़ने के लिए लोगों की भीड़ जुटी

0

कानपुर में गंगा नदी में लाखों मछलियां मरी पाई गईं। इससे आसपास से बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंच गए। लोग मरी हुई मछलियाें को जाल लगाकर छानने लगे। कई लोग थैलों में भरकर ले गए ।आसपास रहने वाले लोगों ने आशंका जताई है कि केमिकल युक्त पानी के कारण मछलियों की मौत हुई है। इस घटना पर साधु-संतों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

मछलियों के मरने की सूचना लोगों ने 112 पर दी। उसके बाद पुलिस पहुंची और लोगों से जानकारी की। यूपी पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के आरएम ने मछलियों के मरने की घटना से इंकार किया है। यह मामला जिला मुख्यालय से 12 किलोमीटर दूर जाजमऊ के पास का है।

पार्षद पति को गिराकर पीटा, बम मारने वाले लंगड़ाते दिखे; गैंगस्टर पर 33वीं FIR

0

नमस्कार, कानपुर की कल (शनिवार) की बड़ी खबरें… जाजमऊ क्षेत्र से गुजरी गंगा में बड़ी मात्रा में मछलियां मर गईं। नदी के किनारों पर मछलियों का ढेर लग गया। दबौली में सरकारी समर्सिबल पर कब्जा हटवाने पहुंचे पार्षद पति पर दबंगों ने हमला कर दिया। मोहल्ले के लोगों ने पार्षद पति को बचाया और पुलिस को सूचना दी।

सुबह में तेज आंधी और बारिश से शहर में कई जगह जलभराव हो गया। दोपहर में धूप निकल आई। बारिश से शहर के कई इलाकों की सड़कों पर जलभराव हो गया।

महंत पर जानलेवा हमले के आरोपी गैंगस्टर अजय ठाकुर पर 33वीं FIR हुई है। वह डेढ़ महीने बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर है। सोशल मीडिया पर लगातार वीडियो पोस्ट कर रहा है।

लखनऊ में यूपी पुलिस के सिपाही सहित 4 गिरफ्तार:CRPF का दरोगा फरार, बंधक बना मारपीट कर ₹5 लाख लूटे थे

0

लखनऊ में यूपी पुलिस के 1 सिपाही सहित 4 लोग गिरफ्तार किए गए हैं। इन पर आरोप हैं कि निवेश का झांसा देकर इन्होंने 2 लोगों को लूट लिया था। दोनों को प्राइवेट कंपनी में निवेश के लिए बुलाया था। उसके बाद बंधक बनाकर उनसे 5 लाख रुपए छीन लिए। विरोध करने पर मारपीट भी की। आरोपियों के साथ CRPF का एक दरोगा और एक अन्य व्यक्ति भी था, जो अभी फरार है।

पुलिस के मुताबिक, वृंदावन कॉलोनी निवासी प्रभाकर सिंह की तहरीर पर 11 जून को चिनहट कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसमें प्रभाकर ने आरोप लगाया गया था कि उनके भाई दिवाकर सिंह और उनके मित्र अनूप शुक्ला को एक कंपनी में निवेश कर कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच दिया गया था। उसके बाद जब निवेश के लिए पैसे लेकर गए तो उनसे पैसे लेकर मारपीट की गई।

खुद को पुलिस अधिकारी बताकर डराते-धमकाते थे

गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे एक सिंडिकेट के रूप में काम करते थे। लोगों को निवेश के नाम पर बुलाकर खुद को पुलिस की विभिन्न शाखाओं का अधिकारी बताकर डराते-धमकाते थे और उनसे पैसे ऐंठते थे। कई बार लूटपाट भी करते थे।

डीसीपी ईस्ट दीक्षा शर्मा ने बताया कि मामले की जांच के दौरान CRPF दरोगा का नाम जय प्रकाश यादव की संलिप्तता सामने आई। वह अभी फरार चल रहा है। दरोगा सहित एक अन्य आरोपी आनंद दुबे भी इस मामले में नामजद किया गया था।

चारों को रात में पुलिस ने रात में गिरफ्तार किया

गिरफ्तार आरोपियों में गोरखपुर निवासी जावेद हुसैन और आसिफ, संतकबीरनगर निवासी प्रवेश त्रिपाठी और राजस्थान निवासी पूरन सिंह शामिल हैं। सभी को हरदासीखेड़ा नहर पुलिया के पास से 12 जून की रात गिरफ्तार किया गया।

डीसीपी ईस्ट दीक्षा शर्मा ने गिरफ्तारी की जानकारी दी।
डीसीपी ईस्ट दीक्षा शर्मा ने गिरफ्तारी की जानकारी दी।

चिनटहट कोतवाली में तैनात है आरोपी सिपाही

डीसीपी ईस्ट दीक्षा शर्मा ने बताया कि यूपी पुलिस का सिपाही पूरन सिंह इस समय चिनहट कोतवाली में तैनात है। इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। फरार दरोगा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। साथ ही अन्य जिलों और इकाइयों से आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

चंद्रशेखर इंटरव्यू लेकर बांट रहे विधायकी का टिकट:लखनऊ में 6 दिन सवाल पूछेंगे; दावेदार बोले- आंधी है, भाई को सीएम बनाएंगे

0

नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद अपनी पार्टी से विधानसभा चुनाव में टिकट देने के लिए इंटरव्यू ले रहे हैं। 13 से 18 जून तक 6 दिन लखनऊ के VVIP गेस्ट हाउस में अपने सामने बैठाकर उम्मीदवारों से सवाल पूछेंगे। आज पहले दिन सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद मंडल से विधायकी उम्मीदवार लखनऊ पहुंचे।

इंटरव्यू देकर गेस्ट हाउस से बाहर निकले सहारनपुर के उम्मीदवार ने कहा- भाई के लिए जान दे देंगे। हम पूरी तैयारी के साथ आए हैं। वहीं, रामपुर से आए टिकट के उम्मीदवार ने कहा- राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी को कैसे आगे बढ़ाना है, इस पर चर्चा की। उन्होंने हमारे क्षेत्र में वोटर्स की कुल संख्या और जातिगत समीकरण पर भी सवाल किए।

सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद मंडल के दावेदार डालीबाग स्थित VVIP गेस्ट हाउस पहुंचे हुए हैं।
सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद मंडल के दावेदार डालीबाग स्थित VVIP गेस्ट हाउस पहुंचे हुए हैं।

ये आंधी है, भाई को सीएम बनाएंगे

बिजनौर से आए निहाल सिंह- मेरी बिजनौर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी है। आज विधायकी के भावी उम्मीदवारों से इंटरव्यू लिया जा रहा है। आज तीन मंडल के उम्मीदवार आए हैं। बच्चा-बच्चा जान देने को तैयार है चंद्रशेखर भाई के लिए। सत्ता परिवर्तन करके रहेंगे। चंद्रशेखर भाई को सीएम बनाएंगे। ये आंधी है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष उम्मीदवार चुनेंगे, तब चुनाव लड़ा जाएगा

मुजफ्फरनगर से आए कमल गौतम ने बताया- सांसदजी का आदेश है कि सभी उम्मीदवारों को बुलाकर उनसे बातचीत की जाएगी। समझा जाएगा वे किस तरह से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। बड़ी-बड़ी पार्टियां धांधली से चुनाव करा रही हैं। इसीलिए हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष (चंद्रशेखर आजाद) खुद अपने उम्मीदवारों से मिलेंगे और चुनेंगे। उसके बाद आदेश करेंगे कैसे चुनाव लड़ना है। तब चुनाव लड़ा जाएगा।

वोटर्स की कुल संख्या और जातिगत समीकरण सवाल किए

रामपुर से इंटरव्यू देने आए नरेश कुमार गौतम से चंद्रशेखर आजाद ने 20 मिनट तक लिया। नरेश ने बताया- मुझे देखते ही राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नाम से पुकारा। मुझे अच्छा लगा कि वह मेरा नाम जानते हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी को कैसे आगे बढ़ाना है, इस पर चर्चा की। उन्होंने हमारे क्षेत्र में वोटर्स की कुल संख्या और जातिगत समीकरण पर भी सवाल किए। उन्होंने जो भी पूछा, उसका मैंने जवाब दिया।

मैंने मोटिव बताया- बहुजन समाज से शासक होना चाहिए

रामपुर की मिलक विधानसभा सीट से आए प्रदीप कुमार ने कहा- भैया हमारे लिए प्रेरणा हैं। उन्हें देखकर ऊर्जा मिली। लगा कि मैं भी कुछ कर सकता हूं। भैया ने फैक्ट पर बात की। भैया ने जब पूछा कि आपका मोटिव क्या है तो मैंने बताया कि बहुजन समाज से शासक होना चाहिए, ताकि वह बहुसंख्यकों की बात सुन सके। इस पर भैया ने कहा कि ठीक है, लगे रहिए। मेहनत करिए।

पार्टी के मंडलीय अध्यक्ष भी इंटरव्यू में मौजूद

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील चित्तौड़ ने बताया कि चंद्रशेखर विधानसभा टिकट के दावेदारों का सीधे साक्षात्कार लेंगे। इस दौरान संबंधित क्षेत्रों के मंडलीय अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे, ताकि उम्मीदवारों की संगठनात्मक पकड़ और जनाधार का आकलन किया जा सके। इंटरव्यू के लिए सभी मंडलों का चरणबद्ध टाइमटेबल जारी किया है।

13 जून को सहारनपुर, मेरठ और मुरादाबाद मंडल के दावेदारों का इंटरव्यू लिया जा रहा है। 14 जून को बरेली, आगरा और अलीगढ़ मंडल के संभावित उम्मीदवारों का साक्षात्कार होगा। वहीं, 15 जून को लखनऊ, अयोध्या और देवीपाटन मंडल के टिकट दावेदारों को बुलाया गया है।

लखनऊ में तेज रफ्तार डंपर ने महिला को कुचला, मौत:चौराहा पार करते समय हादसा, उन्नाव की रहने वाली थी; वाहन चालक फरार

0

लखनऊ के बंथरा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी की बुजुर्ग महिला की इस हादसे में मौत हो गई। महिला की पहचान 65 वर्षीय शिवनाथा के रूप में हुई है।

डंपर चालक वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टम\र्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है।

2 तस्वीरें देखिए…

तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार महिला को कुचल दिया, जिससे महिला की मौत हो गई।
तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार महिला को कुचल दिया, जिससे महिला की मौत हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को पीएम के लिए भेजा है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को पीएम के लिए भेजा है।

चौराहा पार करते समय हुआ हादसा

यह घटना शनिवार शाम करीब 3:45 बजे कानपुर रोड पर रमाडा होटल के सामने जुनाबगंज चौराहा पार करते समय हुई। शिवनाथा अपने बेटे राजेश के साथ बाइक से घर लौट रही थीं। वे बंथरा के जुनाबगंज स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में भर्ती अपनी नातिन को देखकर आ रही थीं।

बताया जा रहा है कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से शिवनाथा बाइक से नीचे गिर गईं और डंपर उन्हें रौंदता हुआ निकल गया। चालक मौके से फरार हो गया।

मृतका शिवनाथा उन्नाव जिले के असोहा थाना अंतर्गत शाहाबाद ग्रांट, बड़ा लाल खेड़ा की निवासी थीं। उनके पति का निधन करीब 15 वर्ष पहले हो चुका था। उनके परिवार में तीन बेटे राजेश, बुधकरन और रामकरन हैं।

दीवार में दबने से 6 साल की बच्ची की मौत:लखनऊ में तेज आंधी से गिरी दीवार; दादी के साथ दूध ले जा रही थी, बुजुर्ग की हालत नाजुक

0

लखनऊ में शनिवार को सुबह आई तेज आंधी से मदेयगंज में जर्जर दीवार गिर गई। इसके नीचे दबकर एक 6 साल की बच्ची की मौत हो गई। वह अपनी दादी के साथ दूध लेने दुकान जा रही थी। दीवार के नीचे दोनों दब गए थे, लेकिन दादी की हालत नाजुक बनी हुई है।

बच्ची के पिता का कहना है कि दीवार करीब 25 साल पुरानी थी। दीवार की मरम्मत नहीं कराई गई थी, जिससे ये हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलने पर सपा नेता पूजा शुक्ला भी मौके पर पहुंचीं और पीड़ित परिवार से मुलाकात की।

3 तस्वीरें देखिए…

आंधी की वजह से जर्जर दीवार गिर गई।
आंधी की वजह से जर्जर दीवार गिर गई।
मलबे में दबकर 6 साल के मासूम की मौत हो गई, वहीं दादी गंभीर रुप से घायल हो गई।
मलबे में दबकर 6 साल के मासूम की मौत हो गई, वहीं दादी गंभीर रुप से घायल हो गई।
मौके पर सपा नेता पूजा शुक्ला भी पहुंचीं हैं।
मौके पर सपा नेता पूजा शुक्ला भी पहुंचीं हैं।

अब घटनाक्रम विस्तार से पढ़िए…

जर्जर बाउंड्री वॉल भरभराकर गिर गई

भांडूटोला की पुरानी बांस मंडी इलाके एक खाली प्लॉट की जर्जर बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार के मलबे की चपेट में आकर मासूम जोया (6) और उसकी दादी नाजो (80) दब गईं। पिता छोटू ने बताया बेटी सुबह के समय दादी के साथ दूध लेने जा रही थी।

तभी आंधी के दौरान घर के सामने खाली प्लॉट की जर्जर दीवार गिर गई। उसकी चपेट में दादी-पोती आ गईं। हादसे की सूचना मिलते ही मदेयगंज पुलिस मौके पर पहुंची।

स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को मलबे से बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल जोया को पहले खदरा स्थित राजधानी हॉस्पिटल ले जाया गया। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे बलरामपुर अस्पताल रेफर कर दिया।

वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। दादी नाजो को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बच्ची के शव का पंचायतनामा भरा, फिर पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

25 साल पुरानी दीवार

पिता छोटू चाय का ढेला लगते हैं। परिवार में एक बेटा अरमान (3) और बेटी जोया (6) थी। घटना के बाद से मां हसरतून का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता का कहना है प्लॉट की दीवार लगभग 25 साल पुरानी थी। अगर मरम्मत हुई होती तो घटना नहीं होती।

लखनऊ में आंधी-बारिश से 4.6°C गिरा पारा:आज सुबह से निकली तेज धूप, 7 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान, मानसून भी देरी से पहुंचेगा

0

लखनऊ में शनिवार को आई तेज आंधी और बारिश से तापमान में 4.6°C की गिरावट हुई है। कल दिन में 5 mm तक बारिश हुई है। इसके बाद आज, रविवार को सुबह से तेज धूप निकली है। इससे उमसभरी गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज दिन में कई बार बादल छाएंगे।

मौसम विभाग का अनुमान है कि आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 37 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री के आसपास रहेगा। शनिवार को अधिकतम तापमान 34.7 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 4.6 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 21.3 डिग्री रहा। यह सामान्य से 4.8 डिग्री कम रहा।

अधिकतम आर्द्रता 100 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 54 फीसदी दर्ज हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य में आगामी सप्ताह में तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में मानसून के आगे बढ़ने के लिए अभी परिस्थितियां अनुकूल नहीं हैं।

कल, शनिवार को लखनऊ में सुबह मौसम बदल गया था। आंधी के साथ कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई।
कल, शनिवार को लखनऊ में सुबह मौसम बदल गया था। आंधी के साथ कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई।

एक बार फिर से गर्मी का सितम बढ़ेगा

लखनऊ समेत पूरे उत्तर प्रदेश के लोगों को भीषण गर्मी से जो थोड़ी राहत मिली थी, वह अब खत्म होने वाली है। आगामी दिनों में तापमान में होने वाली संभावित बढ़ोतरी से प्रदेश में एक बार फिर गर्मी का सितम बढ़ने वाला है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पिछले तीन दिनों से हरियाणा, पाकिस्तान और बांग्लादेश के आसपास बने मानसूनी सिस्टम पश्चिमी विक्षोभ और हवा के कम दबाव की वजह से यूपी के कई हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ बारिश हो रही थी।

14 जून से यह सिस्टम कमजोर पड़ जाएगा। बारिश का दौर थमने के कारण अब धूप तेज होगी और तापमान में तेजी से इजाफा होगा। तापमान बढ़ने के बावजूद राहत की बात यह है कि फिलहाल प्रदेश में लू चलने की संभावना कम है।

अगले 5 दिनों का अनुमानित तापमान

तारीख अधिकतम न्यूनतम
15 जून 39°C 26°C
16 जून 40°C 27°C
17 जून 42°C 28°C
18 जून 42°C 29°C
19 जून 42°C 29°C