Auraiya News: ऐरवा कटवा थाना क्षेत्र में घर के बरामदे में सो रहे किसान की गेहूं की बोरियों के नीचे दबकर मौत हो गई। इस घटना से परिवार में मातम छा गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
औरैया जिले में ऐरवा कटवा थानाक्षेत्र के ऐरवा कुईली भटपुरा गांव में एक दुखद हादसा हुआ है, जहां घर के बरामदे में सो रहे किसान रामवीर राठौर (55) की गेहूं की बोरियां गिरने से दबकर मौत हो गई। यह घटना शनिवार देर रात घटी, जब परिवार रक्षाबंधन के त्यौहार में डूबा हुआ था।
रामवीर राठौर शनिवार शाम को रिश्तेदारों से मिलकर और खाना खाकर घर के बरामदे में सो गए थे। उनके बगल में ही गेहूं की करीब 80 बोरियां रखी हुई थीं, जो देर रात अचानक उन पर गिर गईं। रविवार सुबह करीब पांच बजे उनके बेटे शिवम ने जब बाहर आकर देखा, तो पिता को बोरियों के नीचे दबा पाया।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
आनन-फानन में उन्हें सीएचसी ऐरवा कटरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पत्नी रानी देवी, बेटों शिवम और विजय, और बेटियों अंजली, ज्योति व प्रिया सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी जीतमल चौधरी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।