दिबियापुर। ग्राम पंचायत ककराही में औरैया रोड स्थित सड़क पर सात साल से जलभराव है। इससे यहां के लोगों को आवागमन में दुश्वारी हो रही है।शिकायत पर भी जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया। सोमवार को आक्रोशित लोगों ने पानी में घुसकर प्रदर्शन किया और डीएम से सड़क निर्माण करवाने की मांग की। ग्रामीणों और महिलाओं ने बताया कि सड़क की दुर्दशा से कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं। स्कूली बच्चे भी दलदल भरे पानी में गिरते हैं। इससे उनके कपड़े गंदे होते हैं और चोट भी लगती है।
ग्रामीण प्रशांत कुमार ने बताया कि कई बार शिकायत की गई, लेकिन किसी ने भी इस पर ध्यान नहीं दिया। प्रमोद पाठक ने बताया कि ग्राम प्रधान सहित सभी सक्षम अधिकारियों को इस समस्या से लिखित रूप से अवगत कराया गया है। दो-तीन बार ग्रामीणों ने चंदे से मिट्टी डलवाई थी। तब सड़क निकलने लायक बनी थी, लेकिन इस साल फिर वही स्थिति हो गई है।पूर्व सैनिक रामकृष्ण शर्मा ने बताया कि उन्होंने भाग्यनगर ब्लॉक में पूर्व सैनिक कमेटी में भी इस समस्या को रखा। डीएम तक इसे पहुंचाया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। एडीओ पंचायत संतोष तिवारी ने कहा कि वह सचिव से बात कर जानकारी लेंगे।
बरसात के बाद सड़क बनवाई जाएगी। ककराही प्रधान ने बताया कि निधि का पैसा आने पर सड़क बनवा दी जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में गौरव अवस्थी, अमर नाथ मिश्रा, प्रदीप, प्रहलाद और विनोद आदि ग्रामीण मौजूद थे।
मुक्तिधाम जाने वाला मार्ग बदहाल
दिबियापुर। नगर पंचायत में निचली गंग नहर के पास बना मुक्तिधाम मार्ग बदहाल है। इससे लोगों का निकलना दूभर हो रहा है। मुख्य सड़क से मुक्तिधाम तक पैदल चलना मुश्किल हो गया है। सड़क पर फिसलन होने से लोगों को जाने में भी दिक्कतें होती है। स्थानीय लोगों ने चेयरमैन, विधायक, सांसद व जिला प्रशासन से सड़क निर्माण की मांग की है।


