साम्बा : बड़ी-ब्राहमणा क्षेत्र में बुधवार को हुए एक सड़क हादसे में दो नवयुवकों की मौत हो गई। यह हादसा बड़ी ब्राह्मणा के सरोर अड्डा में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ जिसमें एक बाईक स्कूल बस (जेके02एएक्स-1137) की चपेट में आगई, जिसमें बाईक (जेके21एच-2267) पर सवार दोनों छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। मोटरसाइकिल व स्कूल बस के बीच तेज रफ्तार में जोरदार टक्कर हो गई और टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल बस के नीचे जा फंसी। हादसे से राजमार्ग पर कुछ देर के लिए ट्रैफिक जाम हो गया। आनन-फानन में दोनों युवाओं को बस के नीचे से निकाला गया। इसी दौरान स्कूली बच्चों को बस से निकाल कर दूसरी बस से घरों को पहुंचाया गया। इस बीच बस का चालक मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
मृतकों की पहचान सनी कुमार पुत्र बड़े लाल, निवासी तेजपुर, प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) और जोगिंदर कुमार पुत्र माया राम निवासी बिलासपुर, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है। क्रमश: 18 और 19 वर्ष आयु के इन युवााओं में एक 12वीं कक्षा का छात्र भी था। वर्तमान में बड़ी-ब्राहमणा के दौलियां इलाके में रहते थे। पुलिस ने तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर दोनों शवों को विजयपुर अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है।


