मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी। उन्होंने प्रभु श्रीराम से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की है। अपने शुभकामना संदेश में योगी ने कहा कि पर्व एवं त्योहार शांति, एकता व सद्भाव का संदेश देते हैं। दीपावली भारत की सनातन धर्म की परंपरा का एक महत्वपूर्ण पर्व है।मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या आगमन और रामराज के शुभारंभ की स्मृति स्वरूप आज से हजारों वर्ष पहले पूरे भरतखंड में श्रद्धालुओं द्वारा दीपमालाओं से अपने-अपने घरों को सजा करके इस पर्व को मनाना प्रारंभ किया गया था। यह हम सभी का सौभाग्य है कि उनकी पावन जन्मस्थली अयोध्या उत्तर प्रदेश में है।
हर घर तक पहुंचे दिवाली का उजाला : अखिलेश
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने दीपावली की शुभकामनाओं के साथ कहा है कि हमारी यही कामना है कि सच्ची दिवाली का उजाला हर घर तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के प्रजापति समाज के लिए हम ये संकल्प लेते हैं कि 2027 की दिवाली पर पीडीए सरकार उनके करोड़ों रुपये के दीये खरीदेगी। उन्हें इतनी आमदनी हो सके कि उनके घरों में कई महीनों तक दिवाली का प्रकाश बना रहे।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार दूर के तटीय राज्य के लोगों को ये काम देकर उत्तर प्रदेश के प्रजापति समाज का हक मार रही है। हम चाहते हैं कि दीपक भी उत्तर प्रदेश के हों, बत्ती, तेल और रोशनी भी। उन्होंने गोवर्धन पूजा और भैया दूज की भी बधाई दी।
कांग्रेस नेताओं ने दी दीपावली की बधाई
कांग्रेस नेताओं ने प्रदेशवासियों को दीपावली की बधाई देते हुए शांति एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की है। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, निवर्तमान महासचिव संगठन अनिल यादव, राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी, विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा मोना आदि ने कहा कि यह पर्व हमें हर व्यक्ति के सुख- दुख का सहभागी बनने की प्रेरणा देता है।


