इंटरनेशनल डेस्कः तुर्की में सोमवार को तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे कम से कम तीन इमारतें ढह गईं, जो पहले आए भूकंप में क्षतिग्रस्त हो गई थीं। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.1 मापी गई है। तुर्की की आपदा और आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी (AFAD) ने पुष्टि की है कि भूकंप की गहराई करीब 10 किलोमीटर थी और यह झटका इतना शक्तिशाली था कि इस्तांबुल, बुरसा, मनिसा और इजमिर जैसे शहरों में भी झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र बालिकेसिर प्रांत के सिंदिरगी शहर में था।
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, कई इमारतें जो फरवरी 2023 के विनाशकारी भूकंप में पहले से क्षतिग्रस्त थीं, इस बार की हलचल में ढह गईं। राहत एजेंसियां घटनास्थलों पर पहुंच गई हैं। अभी तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कई लोगों के घायल होने की खबरें सामने आ रही हैं।
अगस्त और सितंबर में भी आए थे झटके
अगस्त 2025: इसी क्षेत्र में 6.1 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत और दर्जनों लोग घायल हुए थे।
सितंबर 2025: बालिकेसिर के सिंदिरगी क्षेत्र में 4.9 तीव्रता का झटका दर्ज हुआ था। दोनों घटनाओं के बाद सरकार ने चेतावनी जारी की थी कि क्षेत्र“उच्च जोखिम जोन में है और इमारतों की मजबूती की जांच की जाएगी।
तीन इमारतें गिरीं, कई जगह दरारें
सोमवार को आए झटके के बाद तीन पुरानी इमारतें ढह गईं, जबकि आसपास के इलाकों में कई मकानों और सरकारी इमारतों की दीवारों में दरारें देखी गईं। AFAD और रेस्क्यू टीमें बालिकेसिर, इजमिर और मनिसा के इलाकों में राहत कार्य चला रही हैं। लोगों को घरों से खुले मैदानों और पार्कों में निकाल लिया गया है और आपातकालीन शेल्टर सक्रिय कर दिए गए हैं।
तुर्की का भूकंपीय इतिहास: बार-बार हिलती ज़मीन
तुर्की दो प्रमुख टेक्टॉनिक प्लेट्स — एनाटोलियन और यूरेशियन प्लेट्स के संगम पर स्थित है। यही कारण है कि यह देश दुनिया के सबसे ज़्यादा भूकंप-प्रवण (earthquake-prone) क्षेत्रों में शामिल है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस क्षेत्र में भूकंपीय दबाव लगातार बढ़ रहा है और 2023 में आए भीषण भूकंप के बाद प्लेट्स की असंतुलन स्थिति अब भी बनी हुई है।
तुर्की भूकंप अनुसंधान संस्थान (Kandilli Observatory) के वैज्ञानिकों ने कहा कि,“यह झटका फरवरी 2023 के बड़े भूकंप से जुड़ी फॉल्ट लाइन के उत्तर-पश्चिमी विस्तार में आया है। इस क्षेत्र में छोटे-छोटे झटके पिछले कुछ महीनों से लगातार दर्ज किए जा रहे थे।”
2023 में 7.8 तीव्रता का भूकंप
2023 में, 7.8 तीव्रता के भूकंप ने तुर्की में 53,000 से ज़्यादा लोगों की जान ले ली और 11 दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी प्रांतों में लाखों इमारतों को नष्ट या क्षतिग्रस्त कर दिया। पड़ोसी सीरिया के उत्तरी हिस्सों में 6,000 और लोग मारे गए थे।


