अजीतमल (औरैया)। फिरोजनगर की रहने वाली महिला ने अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों पर प्रताड़ित करने और तीन तलाक बोलकर घर से निकालने का आरोप लगाया है।मामले में शौहर समेत 13 के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। महिला ने गर्भपात का दबाव बनाने का आरोप भी लगाया है। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला फिरोजनगर निवासी निशा खान ने पुलिस को तहरीर दी। इसमें बताया कि उसके पिता की लगभग छह वर्ष पहले मृत्यु हो चुकी है।भाइयों ने 19 फरवरी 2025 को कानपुर देहात के थाना मूसानगर के मोहल्ला चिपैटी अंबेडकर निवासी नौशाद खान पुत्र इस्लाम खान के साथ उसका निकाह कराया था। कुछ दिन बाद ही ससुरालीजन दहेज के लिए मारपीट कर प्रताड़ित करने लगे। 30 नवंबर को पति नौशाद ने उसकी पिटाई कर दी। आरोपी उसका अल्ट्रासाउंड कराने ले गए और गर्भपात कराने का दबाव बनाने लगे।
आरोप है कि दो दिसंबर को फिर से पिटाई की गई तो उसने अपने भाइयों को जानकारी दी। इस पर शौहर ने तीन बार तलाक बोलकर घर से निकाल दिया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने शौहर नौशाद खान, जेठ लुकमान खान, इमरान खान, शमशाद खान, इरशाद खान, देवर दिलशाद खान, ससुर इस्लाम खान, जेठानी अजरा बेगम, हिना, रजिया, रुखसार बेगम व सन्नो पत्नी पप्पू निवासी घाटमपुर कानपुर देहात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इसके अलावा ननद यासमीन बेगम रिजवान निवासी हमीरपुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


