लखनऊ। अनंत नगर आवासीय योजना के 637 भूखंडों के लिए अब 16 जनवरी तक पंजीकरण कराया जा सकेगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने लोगों की मांग पर पंजीकरण अवधि को चार दिनों के लिए बढ़ा दिया है। आवेदन की प्रक्रिया पूरी तरह आनलाइन है और भूखंडों का आवंटन लाटरी के माध्यम से होगा।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया, मोहान रोड स्थित अनंत नगर योजना का विकास 785 एकड़ क्षेत्रफल में किया जा रहा है। जिसमें चौड़ी सड़कों के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए भूमिगत केबल बिछाई जा रही हैं। योजना में बड़े हिस्से में एडुटेक सिटी विकसित की जाएगी। वहीं, 130 एकड़ भूमि पर पार्कों व ग्रीन स्पेस का विकास किया जाएगा, जो कि योजना को पर्यावरण के अनुकूल एक हरा-भरा क्षेत्र बनाएगा।


