मौसम में उतार-चढ़ाव का सिलसिला बदस्तूर जारी है। शनिवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में घना कोहरा छाया रहा और सुबह ठंड के साथ तेज हवा की वजह से सिहरन महसूस की गई। मौसम विभाग के अनुसार, रविवार से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना है। सोमवार को इसका असर प्रदेश के अन्य जिलों में भी देखने को मिल सकता है।मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को सुबह बरेली, गाजियाबाद, अलीगढ़, आगरा, कानपुर और आजमगढ़ में घना कोहरा रहा और यहां दृश्यता शून्य दर्ज की गई। इसके अलावा मेरठ में दृश्यता 10 मीटर, बरेली और बलिया में 20, हमीरपुर में 40 और लखनऊ में 50 मीटर रही। प्रदेश में सबसे ठंडा हरदोई रहा जहां पर न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री दर्ज किया गया। दूसरे नंबर पर मुजफ्फरनगर में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री, मेरठ में 6.8 डिग्री, कानपुर और बाराबंकी में 7 और राजधानी लखनऊ में 8.8 डिग्री दर्ज किया गया।
UP Weather: पश्चिमी यूपी में आज से बारिश के आसार, कोहरे में आएगी कमी; इन जिलों में ‘कोल्ड डे’ की आशंका


