Wednesday, February 11, 2026

सरकार के प्रयासों से UP देश में विभिन्न योजनाओं में पहले और दूसरे स्थान पर है: राज्यपाल आनंदीबेन पटेल

यह भी पढ़े

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने विधानमंडल के बजट सत्र के पहले दिन सोमवार को विधानपरिषद और विधानसभा (दोनों सदनों) की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी सरकार के सुनियोजित प्रयासों एवं कार्यान्वयन से यह राज्य विभिन्न योजनाओं में देश में पहले और दूसरे स्थान पर है।विधानसभा के सभागार में मुख्‍य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के सदस्यों के व्यापक विरोध, नारेबाजी और हंगामे के बीच अपने आधे घंटे के अभिभाषण में राज्यपाल ने योगी आदित्यनाथ सरकार की पिछले नौ वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

‘उप्र पूरे देश में पहले स्थान पर है’
राज्यपाल ने कहा कि 2025 में अयोध्या में दीपोत्सव में 26 लाख 17 हजार 215 दीप प्रज्‍ज्‍वलित कर कीर्तिमान स्थापित किये गये जो गिनीज वर्ल्‍ड रिकार्ड में दर्ज हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत 10 करोड़ 22 लाख खातों के साथ उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है और 2017 के सापेक्ष पांच करोड़ 76 लाख खातों की वृद्धि हुई है। पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत अब तक सात करोड़ 94 लाख नामांकन, प्रधानमंत्री जीवन ज्‍योति बीमा योजना में दो करोड़ 92 लाख नामांकन के साथ और पीएम सूर्य घर योजना में उप्र पूरे देश में पहले स्थान पर है।

आवास निर्माण में भी यूपी सबसे आगे
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि 2024-25 में 388.15 लाख मीट्रिक टन दुग्‍ध उत्‍पादन कर उत्तर प्रदेश देश में अव्‍वल है, इसके अलावा वह प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी) के तहत आवास निर्माण में भी सबसे आगे है। राज्यपाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने अटल पेंशन योजना के तहत पंजीकरण में पहला स्थान हासिल किया है तथा वह 96 लाख से अधिक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों की स्थापना कर देश में अग्रणी स्थान पर है। उन्होंने कहा कि कृषि निवेशों पर किसानों को देय अनुदान का ‘डीबीटी’ माध्यम से भुगतान करने वाला उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है तथा गन्ना एवं चीनी, खाद्यान्न, आम, दुग्‍ध एवं आलू उत्पादन में भी इस राज्‍य का पहला स्थान है।

इन योजनाओं में भी प्रदेश सबसे आगे 
पटेल ने कहा कि ग्रामीण स्वच्छ शौचालय निर्माण, राज्‍य कौशल विकास नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना और प्रधानमंत्री उज्‍ज्‍वला योजना में भी यह राज्य पहले स्थान पर है। राज्‍यपाल ने कहा कि देश में एथेनॉल के उत्पादन एवं आपूर्ति में भी इस राज्य का पहला स्थान है। पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सर्वाधिक 20 लाख 98 हजार सक्रिय करदाताओं के साथ देश में पहले स्थान पर और रिटर्न दाखिल में अग्रणी राज्यों में है। पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन पेंशन योजना में उत्तर प्रदेश को देश में दूसरा स्थान मिला है जबकि भारत सरकार के महत्वाकांक्षी जनपद कार्यक्रम में चयनित राज्य के आठ जिलों में समग्र रैकिंग में बलरामपुर जिला प्रथम तथा सिद्धार्थनगर दूसरे स्थान पर है।

- Advertisement -
Ads

ट्रेंडिंग न्यूज़

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement

अन्य खबरे