Varanasi News: महाशिवरात्रि पर श्रीकाशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए रविवार की सुबह भक्तों का रेला उमड़ पड़ा। मंदिर के सभी प्रवेश द्वार पर चार किलोमीटर से भी लंबी कतारें लगी हैं। मंदिर कॉरिडोर के चारों ओर गलियों, घाटों और सड़कों से भक्त बाबा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मंगला आरती के बाद एक ही घंटे में 30 से 40 हजार भक्तों ने दर्शन कर लिया। इसके बाद से दर्शन का सिलसिला जारी है। सीईओ विश्वभूषण मिश्रा ने बताया कि 6 बजकर 40 मिनट तक ही 1.60 लाख भक्तों ने दर्शन किया और 7 बजे के बाद दो लाख से पार हो गया। वहीं 9 बजे तक दर्शनार्थियों की संख्या चार लाख हो गई। मंदिर एसडीएम शंभू शरण ने बताया कि महाशिवरात्रि पर्व पर 45 घंटे तक स्पर्श दर्शन बंद रहेगा।
गंगा घाट से लेकर बाबा विश्वनाथ कॉरिडोर तक भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। धाम के आसपास हर-हर महादेव का जयकारे गूंज रहे हैं। बाबा के दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी हैं। इसके साथ ही काशी के सभी मंदिरों और शिवालयों में श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा है।


