अजीतमल। कोतवाली क्षेत्र के गांव अमावता में शुक्रवार की देर रात खेत की रखवाली कर रहे किसान अर्जुन सिंह की संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी।घटनास्थल पर बिखरे सामान और परिस्थितियों को देखते हुए परिजन ने हत्या की आशंका जताई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर वार करने से मौत की बात सामने आई है। इधर, रविवार को शव गांव पहुंचा। पुलिस की मौजूदगी में सिकरोड़ी घाट पर अंतिम संस्कार कराया गया।
गांव अमावता निवासी अर्जुन सिंह (35) रोज की तरह शुक्रवार रात गांव हरपालपुर अड्डा स्थित खेत में खड़ी गेहूं की फसल की रखवाली करने गए थे। रात करीब तीन बजे मृतक के भाई विक्रम सिंह के फोन पर एक कॉल आया, जिसमें सुअर द्वारा अर्जुन पर हमला करने की बात कही गई। परिजन जब मौके पर पहुंचे तो अर्जुन का शव बाग में बनी मचान से दो सौ मीटर दूर गेहूं के खेत में पड़ा मिला था।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हेड इंजरी आई है। संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। घटना का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।


