आज पहला रोजा है। शहर में इबादत और रौनक का माहौल है। बुधवार को रमजान उल मुबारक का चांद नजर आते ही सभी ने एक दूसरे को मुबारक बात दी। चांद दिखाई देने की पुष्टि होते ही मस्जिदों में तरावीह की नमाज अदा की गई। ऐशबाग ईदगाह स्थित इस्लामिक सेंटर ऑफ इंडिया की ओर से चांद देखने की व्यवस्था की गई। वहां सुन्नी धर्मगुरु मौलाना खालिद रशीद के साथ शहर के तमाम लोगों ने चांद का दीदार किया। चांद दिखाई देने की जैसे ही मौलाना खालिद रशीद ने पुष्टि की वैसे ही मौजूद लोगों में खुशी का माहौल बन गया।
सभी ने एक दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दी। कुछ ही देर में सोशल मीडिया के माध्यम से उनका यह संदेश पूरे शहर में फैल गया। जिसके बाद देर रात तक लोगों में एक दूसरे को रमजान की मुबारकबाद देने का सिलसिला चलता रहा।


