UP Desk : मध्य-पूर्व के कई देशों में बढ़ते तनाव और अस्थिर स्थिति को देखते हुए केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने कक्षा 10 और कक्षा 12 की कुछ बोर्ड परीक्षाओं को स्थगित करने का बड़ा निर्णय लिया है। बोर्ड ने 5 मार्च, 2026 को जारी सर्कुलर में कहा कि बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में होने वाली परीक्षाओं का शेड्यूल बदल दिया गया है।
कक्षा 10 की परीक्षाओं में बदलाव
CBSE के सर्कुलर के अनुसार, कक्षा 10 की 7 मार्च से 11 मार्च 2026 तक होने वाली सभी परीक्षाएं रद्द कर दी गई हैं। इसके अलावा पहले स्थगित की गई 2 मार्च, 5 मार्च और 6 मार्च की परीक्षाएं भी अब आयोजित नहीं की जाएंगी। बोर्ड ने बताया कि इन देशों के छात्रों के परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया के बारे में बाद में अलग से जानकारी दी जाएगी।
कक्षा 12 की परीक्षाओं का शेड्यूल
कक्षा 12 के छात्रों के लिए भी बोर्ड ने महत्वपूर्ण घोषणा की है। 7 मार्च, 2026 को होने वाली कक्षा 12 की परीक्षा फिलहाल स्थगित कर दी गई है, और नई तारीख बाद में घोषित की जाएगी। बोर्ड ने कहा कि 7 मार्च को हालात की पुनः समीक्षा की जाएगी और 9 मार्च, 2026 से आगे होने वाली परीक्षाओं के लिए दिशानिर्देश जारी किए जाएंगे।


