डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने राष्ट्रीय महिला आयोग अधिनियम, 1990 के तहत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए, ‘सरके चुनर तेरी सरके’ गाने में अश्लीलता और अभद्रता के आरोपों से संबंधित मीडिया रिपोर्टों पर स्वतः संज्ञान लिया है।
आयोग ने इस मामले में अभिनेत्री नोरा फतेही, रकीब आलम, अभिनेता संजय दत्त, वेंकट के. नारायण (निर्माता, केवीएन समूह) और किरण कुमार (निर्देशक) को आयोग के समक्ष उपस्थित होने के लिए समन जारी किया है।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया संज्ञान
राष्ट्रीय महिला आयोग की तरफ से इस मामले में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए जानकारी साझा की।
आयोग का कहना है कि पहली बार देखने पर ये गाना यौन उत्तेजक, आपत्तिजनक और भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और पीओसीएसओ अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन प्रतीत होता है, इसलिए आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लिया है।
आयोग ने नोरा फतेही, संजय दत्त, रकीब आलम, वेंकट के. नारायण और किरण कुमार को मंगलवार, 24 मार्च को दोपहर 12:30 बजे संबंधित दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के लिए कहा है।
आयोग का कहना है कि उपस्थित न होने पर कानून के मुताबिक उचित कार्रवाई की जा सकती है।


