लखनऊ। कन्नौज, कानपुर से राजधानी होते हुए पूर्वांचल जाने वाले बड़े वाहनों को राज्य सरकार बड़ी राहत देने जा रही है। अब ऐसे बीस हजार भारी वाहन राजधानी में प्रवेश नहीं करेंगे और शहीद पथ व आउटर रिंग रोड का कम से कम प्रयोग करेंगे।
यह भारी वाहन सीधे जुनाबगंज से मोहनलालगंज की तरफ मुड़ जाएंगे और बनारस, प्रयागराज, सुलतानपुर, ऊंचाहार, रायबरेली, अमेठी, गाजीपुर व बलिया, देवरिया तक सीधे जा सकेंगे, क्योंकि राज्य सरकार जुनाबगंज से मोहनलालगंज के बीच पड़ने वाली 22 किमी. सड़क को दो लेन से चार लेन करने जा रहा है। इसकी वित्तीय स्वीकृति 175 करोड़ की दी जा चुकी है, जिसे लोक निर्माण विभाग एक साल में तैयार करेगा।
दूसरे चरण में मोहनलालगंज से गोसाईगंज को फोर लेन किया जाएगा और तीसरे चरण में बनी से मोहान रोड जो हरौनी होकर जा रहा है, उसे फोर लेन किया जाएगा।
प्रदेश सरकार ने राज्य मार्ग संख्या 136 (जुनाबगंज-मोहनलालगंज-गोसाईगंज-मोहान) को बेहतर करने का निर्णय किया है। वर्तमान में जहां से फोर लेन निकलेगी, वहां की जमीनों पर सरकार नए औद्योगिक प्रोजेक्ट लाने पर विचार कर रही है। यही नहीं राज्य राजधानी परिक्षेत्र के दृष्टिकोण से भी यह 55 किमी. का राज्य मार्ग रोजगार के साथ ही कनेक्टिविटी के मामले में और बेहतर हो जाएगा, नए कोलोनाइजर अभी से मोहनलालगंज में आ चुके हैं, जो प्राधिकरण से अप्रूवल ले रहे हैं।
बता दें कि कानुपर से लखनऊ आते वक्त जुनाबगंज पड़ता है और लखनऊ से कानपुर जाते वक्त बनी के पास पड़ता है। खासबात होगी कि बनी से हरौनी मार्ग भी फोर लेने हो जा रहा है। यहां हरौनी रेलवे क्रासिंग के पास सेतु निगम आरओबी की फिनिशिंग करवा रहा है। यहां फोर लेन बनने से उन्नाव की ओर आने वाला ट्रैफिक सीधे जुनाबगंज से कनेक्ट हो जाएगा।
राज्य मार्ग 136 को उच्चीकृत करते हुए फोर लेन बनाने की वित्तीय मंजूरी मिल गई है। 175 करोड़ की लागत से लोक निर्माण विभाग इसे बनाने जा रहा है। एक साल में यह फोर लेन तैयार हो जाएगा। फोर लेन के किनारों की सड़क राज्य राजधानी परिक्षेत्र के विकास में मददगार होंगी।


