IPL में लखनऊ सुपरजाएंट्स (LSG) के खिलाफ मुकाबले के लिए दिग्गज क्रिकेटर विराट कोहली लखनऊ पहुंच चुके हैं। 5 मई को उन्होंने इकाना स्टेडियम में 2 घंटे पसीना बहाया। इस दौरान विरोट ने बल्लेबाजी में जमकर छक्के लगाए। स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ भी बैटिंग प्रैक्टिस की। इसके पूरे स्टेडियम में बाउंड्री पर दौड़ लगाई।
विराट की एक झलक पाने के लिए स्टेडियम के बाहर फैंस की भारी भीड़ जमा हो गई। हालांकि, अंदर जाने की इजाजत नहीं मिलने से फैंस के चेहरे पर मायूसी दिखी। इकाना स्टेडियम में कल यानी 7 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और LSG के बीच मैच होना है। इसे लेकर फैंस का रोमांच चरम पर है।
ग्राउंड से लेकर ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तक फैंस एक्टिव हैं। सबसे ज्यादा क्रेज विराट कोहली को लेकर ही है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा रहा है कि टिकट के दामों में दोगुना का इजाफा होने के बावजूद टिकट बिक्री की रफ्तार थम नहीं रही है। ऐसे में स्टेडियम आने वाले फैंस की संख्या नया कीर्तिमान बना सकती है।
ऑनलाइन टिकट रेट की बात करें तो 2 हजार से लेकर 50 हजार तक के टिकट बिक रहे हैं। यह इस सीजन में लखनऊ में हुए अब तक हुए मैचों में सबसे ज्यादा है। इस मैच से पहले टिकटों के रेट 1000 रुपए से 25 हजार रुपए तक थे। हालांकि, ब्रोकर और दलाल मार्केट में RCB और LSG मैच के टिकट इससे कई गुना ज्यादा बताए जा रहे हैं।


