औरैया में गुरुवार को नगर पालिका परिषद सभागार में बोर्ड बैठक आयोजित हुई। इसमें शहर के विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में वर्ष 2026-27 के बजट प्रस्ताव पर विचार-विमर्श करते हुए लगभग 90 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास योजनाएं संचालित करने का खाका प्रस्तुत किया गया।
अधिशासी अधिकारी रामआसरे कमल ने आगामी वित्तीय वर्ष के बजट का प्रारूप सदन के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि नगर में सड़क, प्रकाश व्यवस्था और सफाई व्यवस्था सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है।
बैठक में ‘पालिका नवयुग योजना’ पर भी चर्चा हुई। नगर की प्रकाश व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त, नगर और विभिन्न वार्डों में मार्गों के नामकरण के संबंध में भी प्रस्ताव मांगे गए, जिस पर सभासदों ने अपने सुझाव दिए।
सभासदों ने अपने-अपने वार्डों में विकास कार्य कराने के लिए प्रस्ताव प्रस्तुत किए, जिन पर विचार किया गया। अन्य प्रस्तावों पर नगर पालिका अध्यक्ष की अनुमति के बाद आगे कार्रवाई करने की बात कही गई।
इस अवसर पर सभासद विजय तोमर, राजेंद्र बाजपेई, छैया त्रिपाठी, विकास कटियार, अनवर, अफसाना बेगम, महक, नामित सभासद विशाल परिहार, आनंद चतुर्वेदी, सुनीता कैथवार और मनोज गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


