औरैया। पीएमश्री स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं बेहतर करने की कवायद शुरू है। अब इन स्कूलों में बच्चों के बैठने के लिए जरूरी फर्नीचर को जुटाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। इसके लिए प्रधानाध्यापकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
जनपद में चल रहे स्कूल चलो अभियान के तहत बच्चों का छात्र नामांकन बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए मूलभूत सुविधाएं भी बेहतर की जा रही है। जिले के 14 पीएमश्री स्कूलों में प्राथमिकता से ये काम जारी है। छात्रों को यहां पर आकर्षित करने के लिए जरूरी इंतजाम भी किए जा रहे हैं। इसके लिए अब बच्चों के बैठने के लिए फर्नीचर जुटाया जा रहा है। गर्मी की छुट्टी से पहले ये संसाधन पीएमश्री स्कूलों में पूरे हो जाएंगे। बीएसए संजीव कुमार ने बताया कि पीएमश्री स्कूलों में जरूरी फर्नीचर क्रय करने के निर्देश दिए गए हैं। निजी स्कूलों की तरह सुविधाएं देने पर जोर है। किसी तरह की कोई कमी न रहे। इसे लेकर बीईओ स्तर से भी जांच करने के लिए कहा गया है।


