नेशनल डेस्क: नीदरलैंड से आने वाली फ़्लाइट के लिए ईमेल से बम की धमकी मिलने के बाद हैदराबाद एयरपोर्ट हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। ये धमकी ईमेल पर भेजी गई थी। उसके बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत अलर्ट पर रखा गया है। हालांकि पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुट गई हैं। एयरपोर्ट परिसर में आने-जाने वाले यात्रियों और सामान की सघन जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक किसी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जांच पूरी होने तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी।
गौरतलब है कि एक दिन पहले कुआलालंपुर से हैदराबाद आ रही एयरएशिया की एक उड़ान में बम विस्फोट की धमकी सुरक्षा जांच में झूठी साबित हुई। पुलिस ने शनिवार को बताया कि जीएमआर राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय (आरजीआई) हवाई अड्डे के ग्राहक सेवा विभाग को शुक्रवार को ईमेल के जरिए उड़ान में बम विस्फोट की धमकी मिली थी। ईमेल में दावा किया गया था कि उड़ान में एक आत्मघाती हमलावर सवार है। पुलिस के अनुसार, विमान के उतरने के बाद सुरक्षा जांच की गई जिसमें धमकी झूठी पाई गई।


