बेला थाना क्षेत्र के गांव पुरवा भवन में रविवार पांडु नदी में नहाने गए दो मासूम ममेरे भाइयों की पानी में डूबने से मौत हो गई। काफी देर तक जब दोनों घर नहीं लौटे, तो परिजन को चिंता हुई। नदी से दोनों के शव बरामद होने के बाद परिजन में कोहराम मच गया। गांव निवासी रामपाल के बेटे धीरेंद्र का आठ वर्षीय बेटा विष्णु और उनकी बेटी सरिता का आठ वर्षीय बेटा अंश जो अपने ननिहाल आया हुआ था घर से करीब 300 मीटर दूर स्थित पांडु नदी में नहाने गए थे।रविवार सुबह करीब 11 बजे तक जब दोनों बच्चे वापस नहीं आए, तो विष्णु के चाचा धर्मेंद्र को किसी अनहोनी का संदेह हुआ। धर्मेंद्र मासूमों को तलाश करते हुए नदी के पास पहुंचे और पानी में छलांग लगा दी। मशक्कत के बाद धर्मेंद्र ने दोनों मासूमों को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों अचेत हो चुके थे। परिजन दोनों को बेला के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत रेफर कर दिया।
बेला: पांडु नदी में नहाने गए ममेरे भाइयों की डूबने से मौत, शवों को देख परिजनों में मचा कोहराम


