Gonda News: गोंडा जिले में इंडियन बैंक से करीब 5 करोड़ रुपए के गबन के आरोप में 69 अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध अदालत के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार इंडियन बैंक इंप्लाइज क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लि. के सचिव रवींद्र कुमार श्रीवास्तव की शिकायत पर अदालत के आदेश से यह कार्रवाई की गई।
समझौता करके मुकरे आरोपी, कोर्ट के दखल पर पुलिस की कार्रवाई
नगर क्षेत्र के पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) आनन्द राय ने प्राथमिकी के हवाले से बताया कि इंडियन बैंक (पूर्व में इलाहाबाद बैंक) की मुख्य शाखा में 1997 एवं 2020 के बीच विभिन्न पदों पर तैनात रहे 69 अधिकारियों और कर्मचारियों ने 3 करोड़ 60 लाख 16 हजार रुपए का गबन किया है। उन्होंने कहा कि 6 साल में यह रकम बढ़कर 4 करोड़ 90 लाख 8 हजार 373 रुपए हो गई है। उन्होंने बताया कि शिकायत के अनुसार, इससे पूर्व प्रकरण की शिकायत बैंक के उच्च अधिकारियों से की गई थी, जिसके बाद मामले की जांच की गई गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी के अनुसार प्रकरण को निस्तारित कराने के उद्देश्य से सभी आरोपियों ने गबन की गई राशि को ब्याज के साथ सोसायटी के खाते में जमा करने का लिखित अनुबंध दिया था, किंतु बाद में उन्होंने गबन की गई रकम नहीं लौटाई, इसके बाद शिकायतकर्ता अदालत का दरवाजा खटखटाने को मजबूर हुए।
दफ्तरी से लेकर मैनेजर तक पर शिकंजा, धारा 420 के तहत जांच शुरू
कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक (SHO) विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के आदेश पर भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत अभियोग दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक सोनू कुमार को सौंपी गई है। एसएचओ ने बताया कि आरोपियों में दफ्तरी से लेकर वरिष्ठ प्रबंधक स्तर तक के अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि साक्ष्य संकलन के उपरांत नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।


