यमुनानगर। तेजली स्टेडियम में इंडोर-आउटडोर खेल सुविधाएं बढ़ाने पर 90 करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा को साढ़े तीन साल बीत चुके हैं, पर अब भी यह कागजों में अटकी है। परियोजना के सिरे चढ़ने के इंतजार में स्टेडियम में बने खेल मैदान घास-झाड़ियाें से घिरे नजर आ रहे हैं। इससे रोजाना अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जनवरी 2023 में गणतंत्र दिवस समारोह पर तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 90 करोड़ रुपये की खेल परियोजना की घोषणा की थी। इसके तहत 50 एकड़ में फैले तेजली स्टेडियम में इंडोर व आउटडोर खेल सुविधाएं विकसित की जानी हैं। इसमें पहले चरण में जूडो, कबड्डी, ताइक्वांडो, कुश्ती, बाक्सिंग, लान टेनिस, आर्चरी व राइफल शूटिंग जैसी इंडोर खेल सुविधाएं विकसित की जानी थीं। दूसरे चरण में हॉकी, फुटबाल, एथलेटिक्स, वॉलीबाल, बॉस्केटबाल, हैंडबाल, टेबल टेनिस व बैडमिंटन के लिए आधुनिक ढांचा तैयार किया जाना था।
मगर जून 2026 तक परियोजना का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। इसके लिए खेल विभाग व अन्य विभागों के बीच औपचारिकताओं का दौर जारी है। इस बीच स्टेडियम के कई हिस्सों में घास कई इंच तक बढ़ चुकी है, जबकि खाली स्थानों पर एक-डेढ़ फुट ऊंची झाड़ियां उग आई हैं।


