बघौली, (संतकबीरनगर)। कूलर में उतरे करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। युवक नोएडा स्थित एक निजी कंपनी में इंजीनियर था। यह हादसा उस समय हुआ, जब वह अपने कमरे में कूलर की मरम्मत कर रहा था।
बखिरा थाना क्षेत्र के सिहटीकर गांव निवासी 25 वर्षीय अनुराग शर्मा उर्फ गौरव, पुत्र राजकुमार शर्मा, शनिवार की रात ड्यूटी से वापस नोएडा स्थित अपने कमरे पर पहुंचे। कूलर खराब होने पर वह उसकी स्वयं मरम्मत करने लगे। इसी दौरान कूलर में करंट उतर आया और उसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के समय उनका रूममेट बाजार गया हुआ था।
कुछ देर बाद मकान मालिक कमरे पर पहुंचे। दरवाजा खुला देख उन्होंने अंदर झांका तो अनुराग फर्श पर बेसुध पड़े मिले। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना कंपनी में कार्यरत उनके साथियों को दी। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए निकट के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
अनुराग पिछले तीन वर्षों से नोएडा स्थित सैमसंग कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर हादसे की छानबीन कर रही है। अनुराग दो भाइयों में छोटे थे। उनकी असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई।


