औरैया। खानपुर कस्बे के समीप स्थित प्रेमानंद आश्रम मंदिर परिसर में फैली गंदगी और जलभराव की समस्या से नागरिक परेशान हैं।बारिश के मौसम में मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में कीचड़ जमा होने के कारण लोगों का पैदल निकलना भी दूभर हो गया है। श्रद्धालुओं ने साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण कराने की मांग की है।
लोगों का आरोप है कि जलभराव और गंदगी के चलते आवारा मवेशियों व गोवंश का परिसर में जमावड़ा लगा रहता है। कीचड़ के कारण इलाके में तेज दुर्गंध फैल रही है। इससे सुबह-शाम मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को गंदगी के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। इसके अलावा मंदिर के सामने वाली सड़क पर स्ट्रीट लाइटें न होने के कारण रात में अंधेरा पसरा रहता है।इससे हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। पूर्व में भी कई बार प्रशासनिक अधिकारियों से सफाई की गुहार लगाई गई लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है।
वर्ष 1952 में स्थापित प्रेमानंद आश्रम का यह प्राचीन मंदिर अब देखरेख के अभाव में जर्जर स्थिति में पहुंच रहा है। लोगों के अनुसार पूर्व में सदर विधायक गुड़िया कठेरिया और नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता को भी इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है। उस समय जलभराव की जगह पर मिट्टी डलवाकर समतलीकरण का आश्वासन मिला था लेकिन यह दावा पूरी तरह हवा-हवाई साबित हुआ।
प्रेमानंद आश्रम में जलभराव से परेशानी


