Wednesday, July 29, 2026

भोज का खाना बना मुसीबत… 12 लोगों की जान पर बन गई, कढ़ी में सल्फास मिलने से हरदोई में हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस

यह भी पढ़े

हरदोई : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के एक गांव में किसी व्यक्ति की मौत के बाद आयोजित दावत में कथित रूप से कीटनाशक मिला भोजन खाने से 12 लोग बीमार हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक यह घटना पाली थाना क्षेत्र के रहतौरा गांव की है, जहां प्रभावित लोगों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, यह मामला उस समय सामने आया जब कुछ लोगों ने सब्जी में असामान्य और कड़वा स्वाद होने की शिकायत की। इसके बाद कुछ लोगों को जी मिचलाने और चक्कर आने की शिकायत हुई, जिसके बाद परिवार ने खाना परोसना बंद कर दिया। उन्होंने बताया कि जिस बड़े बर्तन में सब्जी तैयार की गई थी, उसकी जांच के दौरान परिवार को कथित रूप से उसके नीचे ‘सल्फास’ कीटनाशक का एक खुला डिब्बा मिला। इससे आशंका जताई गई कि भोजन दूषित हो गया होगा। पुलिस के अनुसार, यह दावत रहतौरा निवासी नेत्रपाल के भाई संदीप की मौत के बाद शुद्धिकरण की रस्म के उपरांत आयोजित की गई थी। कार्यक्रम में रिश्तेदार और अन्य मेहमान शामिल हुए थे, तभी यह घटना हुई।

पुलिस ने बताया कि बीमार हुए लोगों की पहचान मोहित, शैलेंद्र, नेत्रपाल, अंजनी, श्रीपाल, आशीष, रवि, भूरे, सचिन, कमलेश, आनंद और अंकुश के रूप में हुई है। सभी को पाली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि उन्हें जानकारी नहीं है कि भोजन तैयार करने के दौरान या उसके बाद कीटनाशक का डिब्बा सब्जी के बर्तन तक कैसे पहुंचा। पाली थाने के प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, ” इस घटना की जानकारी मिली है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रभावित परिवार की ओर से शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कीटनाशक गलती से भोजन में गिरा या इसके पीछे कोई साजिश थी।

- Advertisement -
Ads

ट्रेंडिंग न्यूज़

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Advertisement

अन्य खबरे