Mumbai News: गुजरात पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मुंबई के प्रसिद्ध अंजुमन तकदीरुन्निसा अल इस्लामिया लिल बनत मदरसे के ट्रस्टी मुफ्ती अलाउद्दीन अब्दुल गफ्फार अंसारी (55) को गिरफ्तार कर लिया है। मुफ्ती पर भरूच की रहने वाली एक 22 वर्षीय युवती के साथ बार-बार दुष्कर्म करने और उसे प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगा है।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पीड़िता ने अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपी ने उसे आगे की पढ़ाई का खर्च उठाने और वित्तीय मदद देने का झांसा दिया था। इसी बहाने वह युवती को अपने झांसे में लेता रहा। आरोप है कि आरोपी ने मदरसे के भीतर ही युवती के साथ कई बार जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने इसका विरोध किया, तो उसके साथ मारपीट की गई और उसे जान से मारने की धमकियां दी गईं। इतना ही नहीं उत्पीड़न के दौरान पीड़िता को दो बार जबरन गर्भपात करवाने के लिए भी मजबूर किया गया।
बताया जा रहा है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए भरूच पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और मुंबई स्थित मदरसे से आरोपी मुफ्ती को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया, जहां से उसे पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी सबूत जुटाए जा रहे हैं और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण व बयान दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद से संबंधित इलाकों में हड़कंप मचा हुआ है।


