बेंगलुरु: बेंगलुरु में रैपिडो बाइक टैक्सी दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुईं 32 वर्षीय इंटीरियर डिज़ाइनर ने मोबिलिटी प्लेटफ़ॉर्म रैपिडो को कानूनी नोटिस भेजा है। इसमें उन्होंने दुर्घटना के लिए मुआवज़े और जवाबदेही की मांग की है।
17 जून को सानी कृष्णा काम के सिलसिले में बायरासंद्रा से डोमलुर जा रही थीं, तभी यह दुर्घटना हुई। कानूनी नोटिस के अनुसार, बाइक टैक्सी ड्राइवर कथित तौर पर लापरवाही से गाड़ी चला रहा था, जिससे टक्कर हुई और एक ट्रैक्टर कृष्णा के ऊपर से गुज़र गया। इस घटना के बाद से वह लगभग दो महीने से बिस्तर पर हैं और अभी केरल के कोझिकोड में अपने परिवार के घर पर ठीक हो रही हैं।
दुर्घटना में कृष्णा की सात पसलियां टूट गईं और उनकी प्लीहा (spleen) निकालने के लिए इमरजेंसी सर्जरी करनी पड़ी। दुर्घटना के बाद उनके चेहरे की रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी भी हुई। कानूनी नोटिस में दी गई जानकारी के अनुसार, चोटों के कारण वह चल-फिर नहीं पा रही हैं। उनके परिवार और कानूनी प्रतिनिधि अब उनके इलाज और रिकवरी के खर्च को पूरा करने के लिए आर्थिक मदद की मांग कर रहे हैं।
कृष्णा ने इंस्टाग्राम वीडियो में कहा, “मेरी इमरजेंसी स्प्लेनेक्टोमी (प्लीहा निकालने की सर्जरी) हुई और मुझे गंभीर लिवर डैमेज, 9 टूटी हुई पसलियां, फेफड़े का कोलैप्स होना और चेहरे पर चोट जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा। मेरे इलाज और अस्पताल का खर्च पहले ही 20 लाख रुपये से ज़्यादा हो चुका है, जिससे मेरे और मेरे परिवार पर इलाज और जीवन भर की देखभाल का भारी आर्थिक बोझ आ गया है।”
नोटिस में रैपिडो से दुर्घटना की पूरी ज़िम्मेदारी लेने, लिखित माफ़ी मांगने और अब तक हुए सभी मेडिकल खर्चों के साथ-साथ भविष्य में होने वाले खर्चों की भरपाई करने की मांग की गई है। कृष्णा की कानूनी टीम ने कंपनी की देनदारी को 1 लाख रुपये के इंश्योरेंस भुगतान तक सीमित करने की कोशिश को भी चुनौती दी है।
वकीलों का तर्क है कि रैपिडो ऐसे एक्सीडेंट इंश्योरेंस कवरेज का प्रचार करती है जो कृष्णा के मामले में दी जा रही राशि से कहीं ज़्यादा है। दुर्घटना के बाद, रैपिडो ने कहा था कि वह मामले की जांच कर रही है और कृष्णा के परिवार के संपर्क में है। हालांकि, उनके रिश्तेदारों का दावा है कि उन्हें कंपनी से सीमित इंश्योरेंस भुगतान के अलावा कोई आर्थिक मुआवज़ा नहीं मिला है। अब उन्होंने कृष्णा की चोटों की गंभीरता और उनकी लगातार मेडिकल ज़रूरतों का हवाला देते हुए व्यापक मदद की मांग की है। कानूनी नोटिस में दुर्घटना के लिए ज़िम्मेदारी स्वीकार करने के साथ-साथ उनके इलाज और भविष्य के खर्चों की पूरी भरपाई की मांग की गई है।


