पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को ‘पेंशन दिवस’ के अवसर पर राज्य के 1.33 करोड़ सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से प्रति व्यक्ति 1,100 रुपए की दर से कुल 1,157.72 करोड़ रुपए की राशि हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, मुख्यमंत्री ने लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह राशि हस्तांतरित की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारक, सभी जिलों के जिलाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी जुड़े। चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य के 1.33 करोड़ सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों के बैंक खातों में 1,157.72 करोड़ रुपए की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई है। उन्होंने कहा कि ‘पेंशन दिवस’ के अवसर पर वह सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों को बधाई और शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों के लिए पेंशन की राशि 400 रुपए से बढ़ाकर 1,100 रुपए की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने यह सुनिश्चित किया है कि सभी सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारकों के खातों में प्रत्येक महीने की 10 तारीख को पेंशन की राशि हस्तांतरित कर दी जाए। उन्होंने इसे पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक आधारित जनकल्याणकारी व्यवस्था का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार गरीब, बुजुर्ग, दिव्यांग और समाज के वंचित वर्गों के सम्मान एवं सामाजिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन के किसी भी पात्र लाभार्थी को योजना के लाभ से वंचित न रहना पड़े। उन्होंने कहा कि पेंशन का वितरण समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से होता रहे, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक को सम्मानपूर्वक सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिल सके।


