Rent A Boyfriend Cyber Scam : क्या आपके सोशल मीडिया पर ‘क्या आप अकेलेपन से परेशान हैं?’ या ‘50% डिस्काउंट पर हैंडसम बॉयफ्रेंड रेंट पर लें’ जैसे रंग-बिरंगे विज्ञापन दिखाई दे रहे हैं? अगर हां, तो बेहद सावधान रहने की जरूरत है। साइबर अपराधियों ने अब ‘रेंट ए बॉयफ्रेंड’ के नाम से एक नया ऑनलाइन फ्रॉड शुरू किया है जिसके जरिए मुख्य रूप से युवतियों और महिलाओं को निशाना बनाया जा रहा है।
इस मौके पर हैदराबाद सिटी पुलिस कमिश्नर वी.सी. सज्जनार ने इस नए साइबर ट्रेंड को लेकर लड़कियों और उनके अभिभावकों को सतर्क रहने की कड़ी चेतावनी जारी की है। स्कैमर्स सोशल मीडिया पर ‘1st August Special – 50% OFF’ या ‘Rent Boyfriend – Your Personal Companion’ जैसे फर्जी पोस्टर्स के जरिए विज्ञापनों को प्रमोट कर रहे हैं। इनमें AI से बनाई गई या इंटरनेट से चुराई गई सुंदर लड़कों की तस्वीरें लगाई जाती हैं। लोगों को लुभाने के लिए स्कैमर्स एक फर्जी रेट लिस्ट पेश करते हैं:
मूवी डेट पार्टनर: 1,249
शॉपिंग पार्टनर: 1,499
इवेंट/शादी में जाने के लिए साथी: 1,999
10 घंटे का फुल डे पैकेज: 4,499
विज्ञापन में यह दावा किया जाता है कि यह सेवा पूरी तरह से गोपनीय और सुरक्षित है तथा इसमें कोई गैर-कानूनी काम नहीं होता। बुकिंग के लिए पीड़ितों को सीधे मैसेज (DM) करने को कहा जाता है। जिसके बाद मीठी-मीठी बातों से भरोसा जीतना जैसे मैसेज करने पर साइबर अपराधी एआई जनरेटेड प्रोफाइलों के जरिए मीठी बातें करके भरोसा कायम करते हैं।
इसके बाद बुकिंग कन्फर्म करने, सिक्योरिटी डिपॉजिट और एडवांस पेमेंट के नाम पर क्यूआर कोड (QR Code) या डिजिटल वॉलेट से पैसे मंगाते हैं। एक बार पैसा ट्रांसफर हो जाने के बाद, वे पीड़ित का अकाउंट ब्लॉक कर देते हैं। कई मामलों में बातचीत के दौरान ली गई निजी तस्वीरों या फोन नंबरों के जरिए ब्लैकमेल करने की कोशिश भी की जाती है।
हैदराबाद साइबर क्राइम डिपार्टमेंट के अनुसार इस मामले में लड़कियों के साथ-साथ उनके माता-पिता को भी सतर्क रहने की आवश्यकता है। बच्चे सोशल मीडिया पर किस प्रकार की सामग्री देख रहे हैं, इसकी सही जानकारी रखें। बच्चे किससे बात कर रहे हैं और बाहर किससे मिल रहे हैं, इस पर निरंतर निगरानी रखें। बिना सही निगरानी के स्मार्टफोन के इस्तेमाल से मासूम बच्चे इन साइबर अपराधियों के चंगुल में फंस सकते हैं।
वहीं किसी भी अनजान व्यक्ति या विज्ञापन पर भरोसा करके ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर न करें। चैट के दौरान अपनी निजी फोटो या संवेदनशील जानकारी देने से बचें। यदि आप ऐसे किसी स्कैम का शिकार होते हैं या संदिग्ध पोस्ट देखते हैं तो तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या आधिकारिक वेबसाइट cybercrime.gov.in पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं।


