Thursday, February 19, 2026
Home Blog Page 115

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शमनूर शिवशंकरप्पा का निधन, 95 साल की उम्र में ली अंतिम सांस, राजनीतिक जगत में शोक की लहर

0

नेशनल डेस्कः कांग्रेस के दिग्गज नेता और कर्नाटक के सबसे वरिष्ठ विधायक शमनुरु शिवशंकरप्पा का रविवार को बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में आयु संबंधी बीमारियों के कारण निधन हो गया। वह 95 वर्ष के थे। उनके परिवार में तीन बेटे और चार बेटियां हैं। उनके बेटे एस एस मल्लिकार्जुन कर्नाटक सरकार में खान एवं भूविज्ञान तथा बागवानी मंत्री हैं। उनकी पुत्रवधू प्रभा मल्लिकार्जुन दावणगेरे से सांसद हैं।

 

स्पर्श अस्पताल के चिकित्सक और परिवार के सदस्य डॉ. शरण पाटिल ने पत्रकारों को बताया कि शिवशंकरप्पा को 23 अक्टूबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘आयु संबंधी समस्याएं थीं। वह अंत तक ठीक और सहज थे। दुर्भाग्यवश, उनका निधन शाम 6:20 बजे हो गया।” दावणगेरे दक्षिण विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले शिवशंकरप्पा लंबे समय से कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के कोषाध्यक्ष रहे और अखिल भारतीय वीरशैव महासभा के अध्यक्ष भी थे, जो प्रभावशाली वीरशैव-लिंगायत समुदाय का शीर्ष निकाय है। वह छह बार विधायक रहे और मंत्री तथा सांसद भी रह चुके थे।

 

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन को लोगों के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा समेत कई नेताओं ने उनके निधन को देश और कांग्रेस पार्टी के लिए अपूर्णीय क्षति बताया।

 

भारतीय जनता पार्टी के नेता बी एस येदियुरप्पा ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने एक प्रिय बड़े भाई को खो दिया है। वह शिक्षा और उद्योग जगत में भी एक प्रतिष्ठित व्यक्ति थे।

जानें, 2026 संकष्टी चतुर्थी की तिथियों और शुभ समय की पूरी जानकारी

0

Sankashti Chaturthi 2026: प्रत्येक मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाई जाने वाली संकष्टी चतुर्थी का हिंदू धर्म में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। यह दिन ज्ञान, बुद्धि और मंगलकारी देवता भगवान श्री गणेश को समर्पित होता है। संकष्टी शब्द का अर्थ है संकटों से मुक्ति दिलाना। मान्यता है कि इस दिन व्रत रखने और विधि-विधान से चंद्र दर्शन के साथ गणेश जी की पूजा करने से भक्तों के जीवन की सभी बाधाएं दूर होती हैं और उनकी सभी मनोकामनाएं पूरी होती हैं। यदि आप वर्ष 2026 में आने वाली सभी संकष्टी चतुर्थी तिथियों पर उपवास रखने और गणपति जी का आशीर्वाद प्राप्त करने की योजना बना रहे हैं, तो आइए जानते हैं 2026 में पड़ने वाली संकष्टी चतुर्थी की तिथियों के बारे में-संकष्टी चतुर्थी का महत्व

हिंदू मान्यताओं में, संकष्टी चतुर्थी का व्रत संकटों का निवारण करने वाला और अत्यंत फलदायी माना गया है। यह पवित्र उपवास हर चंद्र मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को रखा जाता है। इस तिथि को विशेषकर जब यह मंगलवार के दिन पड़ती है, इसे अंगारकी चतुर्थी भी कहा जाता है, जिसका महत्व कई गुना बढ़ जाता है। जो भी साधक पूरी श्रद्धा और विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा करते हुए यह व्रत रखता है, विघ्नहर्ता गणेश जी उसके जीवन के समस्त कष्टों और बाधाओं को दूर करते हैं। यह व्रत बप्पा को प्रसन्न करने का एक प्रभावी माध्यम है, जिससे भक्तों को सुख-समृद्धि और ज्ञान का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

 

 

आज का राशिफल जानिये क्या कहते हैं आपके नक्षत्र

0

मेष🐐 (चू, चे, चो, ला, ली, लू, ले, लो, अ)

आज आपका दिन सामान्य रहेगा । व्यस्त रहोगे , खुद के लिए समय निकालें। ऐसा दिन है जब काम का दबाव तो रहेगा परन्तु आप परिवार के साथ समय बिताने का मज़ा ले पाएंगे। वरिष्ठ से लम्बे वक़्त से लटके किसी काम के पूरे होने का तोहफ़ा मिल सकता है। जीवनसाथी की सलाह आवश्यक व लाभकारी रहेगी। उन लोगों से मेलजोल बढ़ाने से बचें जिनके साथ आपका वक्त खराब होता है। स्वास्थ्य लाभ होगा।

वृष🐂 (ई, ऊ, ए, ओ, वा, वी , वु , वे, वो)

आप आज ख़ुद को रोज़ाना की अपेक्षा कम ऊर्जावान महसूस करेंगे। स्वयं को ज़रूरत से ज़्यादा काम के नीचे न दबाएँ, थोड़ा आराम करें। अगर आप लम्बे वक़्त के लिए निवेश करें, तो अच्छा-ख़ासा फ़ायदा हासिल कर सकते हैं। अपने दोस्तों को अपने उदार स्वभाव का ग़लत फ़ायदा न उठाने दें। आज के दिन घर का माहौल बढ़िया बना रहेगा। शहर से बाहर यात्रा ज़्यादा आरामदेह नहीं रहेगी, लेकिन आवश्यक जान-पहचान बनाने के लिहाज़ से फ़ायदेमंद साबित होगी।

मिथुन👫 (का, की, कू, घ, ङ, छ, के, को, हा)

आप भावनात्मक तौर पर बहुत संवेदनशील हैं, इसलिए ऐसे हालात से बचें जो आपको चोट पहुँचा सकते हों। आपके द्वारा धन को बचाने के प्रयास आज असफल हो सकते हैं हालांकि आपको इससे घबराने की जरुरत नहीं है स्थिति जल्द ही सुधरेगी। अगर आज आप अपने परिचितों पर अपने फ़ैसले थोपने की कोशिश करेंगे, तो आप अपने हितों को ही नुक़सान पहुँचाएंगे। हालात का सामना धैर्य से करना ही अच्छे परिणाम दे सकता है। स्वास्थ्य सही रहेगा।

कर्क🦀 (ही, हू, हे, हो, डा, डी, डू, डे, डो)

घर की जरुरतों को देखते हुए आज आप अपने जीवनसाथी के साथ कोई कीमती सामान खरीद सकते हैं जिससे आर्थिक हालात थोड़े तंग हो सकते हैं। परिवार के साथ सामाजिक गतिविधियों में सहभागिता काफ़ी मानसिक दबाव पैदा कर सकती है। आपमें बहुत-कुछ हासिल करने की क्षमता है- इसलिए अपने रास्ते में आने वाले सभी मौक़ों को झट-से दबोच लें। समय का पहिया बहुत तेजी से चलता है इसलिए आज से ही अपने कीमती समय का सही इस्तेमाल करना सीख लें। अपने स्वास्थ्य को लेकर ज़्यादा चिंता न करें।

सिंह🦁 (मा, मी, मू, मे, मो, टा, टी, टू, टे)

अपने शरीर की थकान मिटाने और ऊर्जा-स्तर को बढ़ाने के लिए आपको पूरे आराम की ज़रूरत है, नहीं तो शरीर की थकावट आपके मन में निराशावादिता को जन्म दे सकती है। ज़रूरत से ज़्यादा ख़र्च करने और चालाकी – भरी आर्थिक योजनाओं से बचें। जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। परिवार के साथ समय बिताने का समय है। इस राशि के लोगों को आज अपने आप को समझने की जरुरत है। स्वास्थ्य सही रहेगा।

कन्या👩आज आपका दिन मनोनुकूल रहेगा। शारीरक लाभ मिलेगा। अनुभवी लोगों से जुड़कर जानने की कोशिश करें कि उनका क्या कहना है। अगर कहीं बाहर जाने की योजना है तो वह आख़िरी वक़्त पर टल सकती है। दोस्त या सहकर्मी का स्वार्थी बर्ताव आपका कुछ नहीं बिगाड़ सकेगा। आकस्मिक मुनाफ़े या सट्टेबाज़ी के ज़रिए आर्थिक हालात सुदृढ़ होंगे। दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ मौज-मस्ती करें। स्वास्थ्य लाभ होगा।

तुला⚖️ (रा, री, रू, रे, रो, ता, ती, तू, ते)

आज का दिन फ़ायदेमंद साबित होगा, क्योंकि ऐसा लगता है कि चीज़ें आपके पक्ष में जाएंगी और आप हर काम में अव्वल रहेंगे। धार्मिक रूचि बढेगी। जीवनसाथी के साथ मधुर सम्बंध बनाए रखें लक्ष्मी वास होगा। आर्थिक तौर पर बेहतरी के चलते आपके लिए ज़रूरी चीज़ें ख़रीदना आसान होगा। दिन को ख़ास बनाने के लिए शाम को परिवार के साथ समय बिताएँ व घर का खाना ही खाएँ । अपने काम और प्राथमिकताओं पर ध्यान एकाग्र करें। स्वास्थ्य बेहतर रहेगा।

वृश्चिक🦂 (तो, ना, नी, नू, ने, नो, या, यी, यू)

आज आपका ऊर्जा से भरपूर, ज़िंदादिल और गर्मजोशी से भरा व्यवहार आपके आस-पास के लोगों को ख़ुश कर देगा। आज आप दूसरे दिनों की तुलना में अपने लक्ष्यों को कुछ ज़्यादा ही ऊँचा तय कर सकते हैं। अगर परिणाम आपकी उम्मीद के मुताबिक़ न आए, तो निराश न हों। व्यस्त दिनचर्या के बावजूद भी आज आप अपने लिए समय निकालपाने में सक्षम होंगे। स्वास्थ्य लाभ होगा । योग प्राणायाम के लिए अवश्य समय निकालें।

धनु🏹 (ये, यो, भा, भी, भू, ध, फा, ढा, भे)

मौज-मस्ती और मनपसंद काम करने का दिन है। जो लोग शादीशुदा हैं उन्हें आज अपने बच्चों की पढ़ाई पर अच्छा खासा धन खर्च करना पड़ सकता है। मित्र मण्डली का सकारात्मक सहयोग रहेगा। ऐसे कई लोग होंगे, जो आपका उत्साह बढाएंगे। आप आज प्यार की मनोदशा में होंगे- और आपके लिए काफ़ी मौक़े भी होंगे। सहकर्मियों के सहयोग से आप मुश्किल दौर से जल्द ही निकल जाएंगे। यह आपको कार्यक्षेत्र में बढ़त बनाने में मददगार साबित होगा।

मकर🐊 (भो, जा, जी, खी, खू, खा, खो, गा, गी)

आज का दिन आपके लिए मिला जुला रहेगा। अगर आप यात्रा पर जाने वाले हैं तो अपने कीमती सामान का ध्यान रखें । खुद के लिए समय निकालें। बच्चों को पढ़ाई पर ध्यान लगाने और भविष्य के लिए योजना बनाने की ज़रूरत है। लंबित व्यावसायिक योजनाएँ शुरू होंगी। घर के छोटे सदस्यों को साथ लेकर आज आप किसी पार्क या शॉपिंग मॉल में जा सकते हैं। स्वास्थ्य सही रहेगा।

कुंभ🍯 (गू, गे, गो, सा, सी, सू, से, सो, दा)

आज आपको लाभ मिलेगा, क्योंकि परिवार के सदस्य आपके सकारात्मक रुख़ से प्रभावित होंगे और उसे सराहेंगे। नई चीज़ों को सीखने की आपकी ललक क़ाबिल-ए-तारीफ़ है। आज समय की नजाकत को देखते हुए आप अपने लिए समय निकाल सकते हैं लेकिन ऑफिस के किसी काम के अचानक आ जाने के कारण आप ऐसा करने में समय कम दे पाएँगे। परिवार को समय दें तो मधुर सम्बंध स्थापित होंगे। स्वास्थ्य लाभ के लिए बाहर के खाने से बचें ।

मीन🐳 (दी, दू, थ, झ, ञ, दे, दो, चा, ची)

अपनी शारीरिक चुस्ती-फुर्ती को बनाए रखने के लिए आप आज का दिन खेलने में व्यतीत कर सकते हैं। इस राशि के बड़े कारोबारियों को आज के दिन बहुत सोच समझकर पैसा निवेश करने की जरुरत है। ऐसे कामों में सहभागिता करने के लिए अच्छा समय है, जिसमें युवा लोग जुड़े हों। अपनी कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए नयी तकनीकों का सहारा लें। आपकी शैली और काम करने का नया अन्दाज़ उन लोगों में दिलचस्पी पैदा करेगा, जो आप पर नज़दीकी से ग़ौर करते हैं।

 

 

IND vs SA 3rd T20I : मार्कराम का अर्धशतक, भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 117 रन पर किया ढेर

0

स्पोर्ट्स डेस्कः भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। भारतीय टीम में बदलाव देखने को मिला है। अक्षर बाहर हो गए जबकि बुमराह भी टीम में नहीं हैं। हर्षित और कुलदीप टीम को प्लेइंग 11 में मौका मिला है। दक्षिण अफ्रीका ने टीम में तीन बदलाव किए। भारत ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 20 ओवर में 117 रन पर ऑल आउट किया। इस दौरान केवल एडन मार्कराम ही अर्धशतकीय पारी खेल सके जिसमें 46 गेंदों पर 6 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 61 रन शामिल थे। अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट झटके। लेकिन कुलदीप और अर्शदीप सबसे किफायती रहे जिन्होंने क्रमशः 12 और 13 रन दिए।

पिच रिपोर्ट

इस मैदान की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। ऊंचाई पर स्थित होने के कारण यहां गेंद बल्ले पर तेजी से आती है, जिससे बड़े शॉट लगाना आसान हो जाता है। हालांकि, ठंडे मौसम का फायदा तेज गेंदबाजों को शुरुआती ओवरों में मिल सकता है। इस साल यहां खेले गए आईपीएल मुकाबलों में 200 से अधिक का स्कोर आम बात रही है, जो पिच के बल्लेबाजी फ्रेंडली होने का संकेत देता है।

मौसम

मैच के दौरान मौसम ठंडा रहेगा। शाम 7 बजे के बाद तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहने की संभावना है, जिससे खिलाड़ियों को ठंड का सामना करना पड़ सकता है।

प्लेइंग 11

भारत : अभिषेक शर्मा, शुबमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती

दक्षिण अफ्रीका : रीजा हेंड्रिक्स, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), एडेन मार्कराम (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स, डोनोवन फरेरा, मार्को जेनसन, कॉर्बिन बॉश, एनरिक नॉर्टजे, लुंगी एनगिडी, ओटनील बार्टमैन

भूकंप के जोरदार झटकों से हिली धरती, डरे सहमे लोग घरों से बाहर भागे

0

नेशनल डेस्क: नेपाल के गंडकी प्रांत के मनांग जिले में रविवार को भूकंप के हल्के झटके महसूस किये गये। अधिकारियों ने बताया कि भूकंप प्रभावित क्षेत्र से किसी प्रकार के नुकसान की तत्काल कोई सूचना नहीं मिली। भूकंप विज्ञान विभाग के अनुसार अपराह्न 12 बजकर 54 मिनट पर आए 4.7 तीव्रता वाले भूकंप का केंद्र मनांग जिले के थोचे में दर्ज किया गया। भूकंप के झटके आसपास के कास्की, लमजुंग और मुस्तांग जिलों में भी महसूस किये गये।

यूपी में नए साल से पहले शराब दुकानों के समय में बदलाव, इन चार दिनों में देर रात तक होगी बिक्री, नोट कर लें टाइमिंग

0

UP News: उत्तर प्रदेश सरकार के आबकारी विभाग ने नए साल से पहले शराब पीने वालों को तोहफा दिया है। दिसंबर 2025 के आखिरी सप्ताह में चार दिन शराब की दुकानें एक घंटे अधिक खुली रहेंगी। इन दिनों दुकानों को रात 10 बजे की बजाय रात 11 बजे तक खोलने की अनुमति दी गई है।

देख लें तारीखें…

यह व्यवस्था 24, 25, 30 और 31 दिसंबर को लागू होगी। क्रिसमस और नए साल के मौके पर बढ़ी हुई मांग को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

क्यों किया समय में बदलाव

आबकारी विभाग के अनुसार, क्रिसमस के कारण 24 और 25 दिसंबर को, जबकि नव वर्ष की पूर्व संध्या के चलते 30 और 31 दिसंबर को दुकानों के बंद होने का समय बढ़ाया गया है। यह फैसला प्रदेश की मॉडल शॉप्स पर लागू होगा। वहीं, प्रीमियम शराब दुकानों को पहले से ही रात 11 बजे तक खुले रहने की अनुमति है। इससे पहले भी खास मौकों पर दुकानों के समय में बदलाव किया जा चुका है

चाइनीज मांझा का कहर जारी, फिर कटी एक युवक की गर्दन…अस्पताल में भर्ती

0

जौनपुर: उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार को प्रतिबंधित चाइनीज मांझा एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है, बाइक से जा रहे ईसापुर निवासी युवक की गर्दन कटी है जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके पूर्व चाइनीज मांझे की चपेट में आने से एक शिक्षक की मौत हो गई थी जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था।

बाइक पर जा रहा था युवक

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जिले में शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के इशापुर मोहल्ले का निवासी सोल्जर यादव (25) पुत्र संतोष यादव उस समय गंभीर रूप से घायल हो गया, जब वह घर से बाइक पर सवार होकर निकला ही था। मोहल्ले में फैले चाइनीज़ मांझे की चपेट में आने से उसकी गर्दन कट गई। गनीमत रही कि समय रहते उसे उपचार मिल गया और उसकी जान बच सकी। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से चाइनीज़ मांझा बेचने और उड़ाने वालों के खिलाफ सख्त कारर्वाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की जानलेवा घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

30 टांके लगाए पड़े

इससे पहले 11 दिसंबर को कोतवाली क्षेत्र में हुईं। जिसमे अध्यापक संदीप तिवारी की गला कटने से मौत हो गई। दूसरी घटना जिले के मडियाहू थाना क्षेत्र के पाली बाजार के पास को हुई, जिसमें राजन गौतम 22 बाइक से जा रहा था गले में मंजा फंसने से उसका गला कटा और 30 टांके लगे हुए हैं। तीसरी घटना आज कोतवाली क्षेत्र में हुई सोल्जर यादव का गला कटा और वह अस्पताल में भर्ती हैं।

148 लोगों की मौत, 170 से अधिक घायल; जानबूझकर उखाड़ दी पटरी! ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस पलटाने वाले आरोपी को मिली जमानत…. तो SC हुआ सख्त

0

UP Desk : 9 जून 2010 की वह भयावह रात महज़ एक रेल हादसा नहीं थी, बल्कि इंसानियत और देश की सुरक्षा पर किया गया सीधा हमला था। ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस को साजिश के तहत पटरी से उतारकर 148 निर्दोष यात्रियों की जान ले ली गई थी। इस मामले में एक आरोपी की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने साफ कर दिया कि यह कोई साधारण अपराध नहीं, बल्कि आतंकी कृत्य है, जिसमें सहानुभूति की कोई जगह नहीं हो सकती।

क्या है पूरा मामला

दरअसल, 9 जून 2010 को पश्चिम बंगाल में ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस की पटरी जानबूझकर उखाड़ी गई थी। ट्रेन के पटरी से उतरने के बाद एक मालगाड़ी से टकराने से भीषण हादसा हुआ, जिसमें 148 यात्रियों की मौत और 170 से अधिक लोग घायल हो गए। जांच में सामने आया कि यह पूरी साजिश माओवादी कैडरों द्वारा रची गई थी। कलकत्ता हाई कोर्ट ने मामले के एक आरोपी को जमानत दे दी थी, जिसे सीबीआई ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी।

सुप्रीम कोर्ट ने पलटा हाई कोर्ट का आदेश

जस्टिस संजय करोल और जस्टिस एन.के. सिंह की पीठ ने हाई कोर्ट के जमानत आदेश को रद्द करते हुए कहा कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता असीमित नहीं होती। इसे राष्ट्रीय सुरक्षा, संप्रभुता और देश की अखंडता जैसे बड़े संवैधानिक मूल्यों के अधीन देखा जाना चाहिए। कोर्ट ने कहा कि संविधान का अनुच्छेद 21 जीवन और स्वतंत्रता का अधिकार जरूर देता है, लेकिन UAPA जैसे कानूनों के तहत लगे गंभीर आरोपों में केवल इसी आधार पर जमानत नहीं दी जा सकती।

“राष्ट्रीय सुरक्षा के नजरिए से देखना जरूरी”

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ऐसे मामलों को केवल आरोपी के अधिकारों तक सीमित नहीं रखा जा सकता। इन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा के व्यापक दृष्टिकोण से परखना होगा। अदालत ने माना कि यह हमला सरकार पर दबाव बनाने के उद्देश्य से किया गया था, ताकि झारग्राम क्षेत्र से सुरक्षा बलों की तैनाती हटाई जा सके।

“बर्बरता को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता”

कोर्ट ने दो टूक शब्दों में कहा कि विरोध करना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन कानून के दायरे में रहकर। रेल की पटरियां उखाड़कर सैकड़ों लोगों की जान खतरे में डालना किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। इस हमले में न केवल भारी जनहानि हुई, बल्कि करीब 25 करोड़ रुपये की सरकारी संपत्ति भी नष्ट हुई।

12 साल जेल में रहने का तर्क भी खारिज

आरोपी ने यह दलील दी थी कि वह 12 साल से अधिक समय से जेल में है, इसलिए उसे IPC की धारा 436A के तहत जमानत मिलनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने इस तर्क को भी सिरे से खारिज करते हुए कहा कि ऐसे आतंकी अपराधों में आजीवन कारावास या मृत्युदंड तक की सजा संभव है। ऐसे में लंबी अवधि की कैद को जमानत का आधार नहीं बनाया जा सकता।

Auraiya News: एसआईआर में मतदाताओं के नाम काटने में 59वें स्थान पर औरैया

0

औरैया। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण का काम पूरा हो चुका है। जिले में 162130 मतदाताओं को मतदाता सूची से बाहर का रास्ता दिखाया गया है। प्रदेश के 75 जिलों में अगर देखें तो मतदाताओं के नाम काटने में औरैया 59वें स्थान पर है।जिले के तीन विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1028685 मतदाताओं का सत्यापन कराया गया था। 1139 बीएलओ ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्र बांटे और एकत्रित किए। इसके बाद कुल 866555 मतदाताओं के प्रपत्र भरने के बाद डिजिटाइज भी कर दिए गए, जो कुल मतदाताओं के सापेक्ष 84.24 प्रतिशत है। वहीं बाकी बचे 162130 मतदाताओं को सूची से बाहर का रास्ता दिखाया गया है। इन मतदाताओं की या तो मृत्यु हो चुकी है या फिर वे कहीं अन्य शहर में रहने लगे हैं। ऐसे मतदाताओं की संख्या 15.76 प्रतिशत है।प्रदेश के 75 जिलों के आंकड़ों पर अगर नजर डालें तो मतदाताओं के नाम काटने में औरैया 59वें स्थान पर हैं। 40.23 प्रतिशत मतदाताओं के नाम काटने के साथ गाजियाबाद प्रथम और 9.28 प्रतिशत के साथ ललितपुर 75वें स्थान पर है।

वहीं औरैया से सटा जिला कानपुर देहात मतदाताओं के नाम काटने के मामले में पीछे है। यहां 15.63 प्रतिशत मतदाताओं के ही नाम काटे गए हैं।

 

नाम काटने से पहले कराया गया डबल वेरिफिकेशन

जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी द्वारा खुद एसआईआर कार्य की मॉनीटरिंग की गई। इसमें उनके द्वारा विशेष अभियान चलाकर कार्य संपन्न कराया गया। इसी के चलते औरैया एसआईआर कार्य पूर्ण कराने में प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। पुनरीक्षण के दौरान अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृतक मतदाताओं के नाम काटने से पहले दो बार उनका सत्यापन भी कराया गया।

Auraiya News: क्षेत्र पंचायत की बैठक में 1.56 करोड़ के प्रस्तावों पर मुहर

0

अजीतमल। ब्लॉक कार्यालय के सभागार में शनिवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई। इसमें 1.56 करोड़ के प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई। इसमें मुख्य रूप से सड़क निर्माण कार्य शामिल हैं।बैठक में डीएम ने सदस्यों से गांवों में आमदनी के स्रोत खोजकर उसकी आय से गांव का विकास कराने की सलाह दी। ब्लॉक प्रमुख रजनीश पांडे की अध्यक्षता में हुई बैठक में बाल विकास पुष्टाहार कार्यक्रम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, गोवंश आश्रय स्थल, प्रधानमंत्री आवास योजना पर विचार रखे गए। इसके बाद पेंशन योजना, मनरेगा, बेसिक शिक्षा, कृषि, राज्य वित्त, 15वां वित्त, सिंचाई, राष्ट्रीय आजीवका मिशन व स्वच्छ पेयजल योजना पर विशेष चर्चा की गई।बैठक से डीएम डाॅ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने प्रधानों व बीडीसी सदस्यों से कहा कि गांवों में आमदनी का स्रोत उत्पन्न करें। उससे होने वाली कमाई को भी सरकार द्वारा मिलने वाली विकास निधि में जोड़ कर विकास कराएं तो अत्यधिक विकास हो सकता है। उन्होंने गांव के विद्यालयों की दशा सुधारने पर जोर दिया। उन्होंने स्कूलों में प्रत्येक छात्र को बैठने के लिए फर्नीचर उपलब्ध कराने की बात कही।

सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने अपनी निधि से कराए गए कार्यों की चर्चा। उन्होंने कहा कि जिनका आयुष्मान कार्ड नहीं बना है, उनको गंभीर बीमारी होने पर मुख्यमंत्री कोष से इलाज कराए जाने की बात कही। भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया ने सरकार की विकास कार्यों की चर्चा की। एसपी अभिषेक भारती ने प्रधानों एवं बीडीसी सदस्यों से ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को जागरूक करने का आग्रह किया।

बैठक में अतुल तोमर, सीडीओ संतकुमार, डीडीओ सतीश चंद्र, बीडीओ अतुल यादव, सर्वेश कुमार, आशाराम राजपूत, यशवीर सिंह सिकरवार, राम अनुग्रह सिंह सेंगर, छाया, अशोक राय, राम सुंदर सिंह, पप्पी तिवारी व अक्षय राजपूत सहित समस्त विभागों अधिकारी मौजूद रहे ।