बैठक से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान भवन के प्रवेश द्वार के नवीनीकृत गुम्बद का लोकार्पण किया। साथ ही विधान भवन के नवीनीकृत सभा मंडप का भी लोकार्पण किया। इसके अलावा नवीनीकृत सभा कक्ष संख्या-15 का उद्घाटन किया।
रक्षाबंधन: जेल में बंद भाइयों को बहनों ने बांधी राखी, प्रेम में छलक पड़ी आंखें; अपराध छोड़ने का लिया संकल्प
राजधानी लखनऊ में शनिवार को गोसाईगंज स्थित जिला जेल में भी रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया। जेल पहुंची बहनों ने बंदी भाइयों के माथे पर टीका करके उनकी कलाइयों में राखी बांधी। उनकी लंबी आयु और जल्द रिहा होने की कामना की। इस दौरान कई भावुक कर देने वाली तस्वीरें सामने आईं। कई बंदियों की आंखें छलक पड़ी। इस पर बहनों ने उन्हें संकल्प दिलाया कि वह जेल से छूटने के बाद हमेशा के लिए अपराध की दुनिया छोड़ देंगे। जिला कारागार में बंद बंदियों से बहनों ने मुलाकात कर उन्हें राखी बांधी। मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया। सुबह 6.00 बजे से ही सैकड़ों की संख्या में बहनें जिला जेल पहुंचने लगीं। इस मौके पर उनकी खुली मुलाकात कराई गई। भीड़ की आशंका पर जेल प्रशासन ने कई रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाए थे। महिला पुलिसकर्मी व जेलकर्मियों ने कई चरणों में सघन तलाशी के बाद बहनों को जेल में प्रवेश दिया। इस दौरान 44 दरोगा, 45 पुलिसकर्मियों के अलावा एक प्लाटून पीएसी सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर तैनात रही।
2293 पुरुष बंदियों को 3881 बहनों व 1133 बच्चों ने बांधी राखी
जिला कारागार के वरिष्ठ जेल अधीक्षक राजेंद्र कुमार जायसवाल ने बताया कि रक्षाबंधन पर 2293 पुरुष बंदियों को 3881 बहनों व 1133 बच्चों ने राखी बांधी। सुबह 6.00 से लेकर शाम करीब 6.00 बजे तक मुलाकात कराई गई। किसी भी महिला मुलाकाती को लौटाया नहीं गया। इस मौके पर जेलर सुनील दत्त मिश्रा, डिप्टी जेलर कुंवर वीरेंद्र विक्रम सिंह, आशुतोष मिश्रा, अजय कुलवंत, तारकेश्वर सिंह व आनंद कुमार के अलावा सभी अफसर व जेलकर्मी मौजूद रहे।
जेलर ऋत्विक प्रियदर्शी ने बताया कि जेल प्रशासन की ओर से हेल्प डेस्क पर राखी और मिष्ठान की निशुल्क व्यवस्था की गई थी। ताकि, जल्दबाजी में जेल पहुंचने वाली महिलाओं को भटकना न पड़े। राखी बांधने के बाद जेल से बाहर निकलने पर महिलाओं और बच्चों के लिए जलपान का भी इंतजाम किया गया था।
एक साल पहले छूट गया बेटा… मिलने की आस में जेल पहुंची मां निराश
जेल में बंद बेटे मनीष यादव से मिलने पहुंचीं सआदतगंज के पुराना चबूतरा निवासी बुजुर्ग शकुंतला ने बताया कि उन्हें दो घंटे तक इंतजार करना पड़ा। लेकिन, उन्हें मायूसी हाथ लगी। वरिष्ठ जेल अधीक्षक राजेंद्र कुमार जायसवाल से मदद की गुहार लगाने पर उन्हें पता चला कि उनका बेटा मनीष एक साल पहले ही जेल से छूट गया था। शंकुतला ने बताया कि वह घर नहीं पहुंचा। इस पर राजेंद्र जायसवाल ने किसी दूसरी जेल में शिफ्ट होने की आशंका पर आनलाइन डाटा चेक कराया। लेकिन, पता चला कि मनीष कहीं भी बंद नहीं है। अब वह कहां गया यह जांच का विषय है।
UP: योगी सरकार के बेड़े में शामिल होगा अगस्ता हेलीकाप्टर, प्रशिक्षण के लिए 13 अगस्त से इटली भेजे जाएंगे पायलट
विश्व के सबसे अत्याधुनिक हेलीकाप्टरों में शुमार अगस्ता एडब्लू 139 जल्द यूपी सरकार के बेड़े में शामिल होगा। इस हेलीकाप्टर खरीद की मंजूरी के साथ ही तीन पायलटों को विशेष प्रशिक्षण के लिए इटली भेजा जाएगा। नागरिक उड्डयन विभाग ने इसकी मंजूरी देते हुए आदेश जारी कर दिया है।अगस्ता वेस्टलैंड हेलीकाप्टर की निर्माता कंपनी इटली की लियोनार्डो हेलीकाप्टर है, जो पायलटों को हेलीकाप्टर की उड़ान के लिए तकनीकी और आपात स्थिति में लैंडिंग का प्रशिक्षण देगी। इसके तहत कैप्टन अमित कुमार भूटानी और कैप्टन अक्षय जायसवाल को 13 अगस्त से 10 अक्तूबर तक और कैप्टन राजेश कुमाार शर्मा को 9 अक्तूबर से 27 नवंबर तक विशेष प्रशिक्षण के लिए इटली भेजा जाएगा। विदेश यात्रा के दौरान उनके हवाई किराया, दैनिक भत्ता, होटल, बीमा, वीजा शुल्क आदि पर 50.40 लाख रुपये के खर्च को शासन ने मंजूरी दे दी है। अमित और अक्षय पर प्रति पायलट 17.61 लाख रुपये और राजेश शर्मा पर 15.18 लाख रुपये खर्च होंगे। प्रदेश सरकार हेलीकाप्टर के अलावा एक नया अत्याधुनिक चार्टर्ड प्लेन भी खरीदने की तैयारी कर रही है।
यूपी: पत्नी ने सो रहे पति की आंख में मिर्च डालकर चाकू से गोदा, प्राइवेट पार्ट काटकर किया अलग; हालत गंभीर
यूपी के अमेठी जिले के जगदीशपुर क्षेत्र में पारिवारिक विवाद में रविवार सुबह पत्नी ने पहले पति को नशीला पदार्थ खिलाया, फिर आंख में मिर्च डालकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया और नाजुक अंग काटकर अलग कर दिया। गंभीर हालत में पीड़ित को जगदीशपुर ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां से उसे एम्स रायबरेली रेफर किया गया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।जगदीशपुरके मैगलगंज मजरे कचनाव गांव निवासी अंसार (38) कमरे में हारीमऊ गांव निवासी दूसरी पत्नी नाजनी के साथ सो रहा था। भोर करीब तीन बजे नाजनी ने पहले पति की आंख में मिर्च डाली, फिर चाकू से कई वार किए। इस दौरान उसका नाजुक अंग भी काट दिया गया। शोर सुनकर परिजन पहुंचे तो आरोपी पत्नी कमरे से निकलकर भाग गई।
भाई सूफियान के अनुसार, अंसार की पहली शादी 14 वर्ष पहले अयोध्या जिले के इटौंजा निवासी शब्तुन से हुई थी, लेकिन संतान न होने पर आठ माह पूर्व नाजनी से दूसरी शादी की। दूसरी पत्नी आए दिन धमकी देती थी। शनिवार रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। आशंका के कारण अंसार देर रात तक जागता रहा, लेकिन सोने के बाद वारदात हुई।
परिजन 108 एंबुलेंस से उसे ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर बताकर एम्स रायबरेली भेजा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी विधान चंद यादव ने बताया कि घायल के भाई की तहरीर पर आरोपी पत्नी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी हिरासत में है, पूछताछ के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मानसून सत्र: इस दिन लगातार 27 घंटे चलेगी यूपी विधान परिषद और विधानसभा, विजन डॉक्यूमेंट 2047 पर होगी चर्चा
उत्तर प्रदेश विधानमंडल के मानसून सत्र को लेकर राजधानी लखनऊ में रविवार को सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की। बैठक विधान भवन में की गई। इस दौरान कई बिंदुओं पर चर्चा हुई।इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, मंत्री संजय निषाद, ओम प्रकाश राजभर, कांग्रेस विधायक आराधना मिश्रा, बसपा विधायक उमाशंकर सिंह, विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भइया’ आदि मौजूद रहे। इस बार विधान परिषद और विधानसभा 13 अगस्त को सुबह 11:00 बजे से अगले दिन यानी 14 अगस्त को दोपहर 2:00 बजे तक अनवरत चलेगी। इस दौरान विजन डॉक्यूमेंट 2047 पर चर्चा होगी। यानी इस बार लगातार 27 घंटे तक कार्यवाही चलेगी।
बताते चलें कि यूपी विधानमंडल का मानसून सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है। इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कार्यमंत्रणा समिति की बैठक बुलाई। वहीं दूसरी तरफ विधानसभा में एआई की भी पाठशाला लगी। इसमें विधायक अपने कामकाज में स्मार्टनेस लाने के लिए एआई का उपयोग सीखा।
गंगा स्नान को गया पति तो पत्नी प्रेमी संग हुई फरार, जेवर-नकदी और मासूम बेटे को भी ले गई साथ
Kanpur News: शिवराजपुर थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां गंगा स्नान को गए एक व्यक्ति की पत्नी उसका घर छोड़कर पड़ोसी युवक के साथ फरार हो गई। मामला सिर्फ भागने तक ही सीमित नहीं रहा, महिला घर से जेवरात, नकदी और पांच वर्षीय बेटे को भी अपने साथ ले गई।
पत्नी और पड़ोसी के बीच चल रहा था संबंध
पीड़ित पति अजय सिंह, जो प्राइवेट नौकरी करते हैं, ने बताया कि वह सावन के अंतिम सोमवार को गंगा स्नान के लिए गए थे। जब वह घर लौटे, तो कमरे का ताला टूटा हुआ था, सामान बिखरा पड़ा था और पत्नी संगीता देवी के साथ बेटा भी गायब था। स्थानीय लोगों से पूछताछ में पता चला कि पड़ोसी युवक दीपक के साथ महिला सुबह 11:30 बजे घर से निकली थी। दीपक पहले से ही संदिग्ध नजरों में था। अजय का कहना है कि उन्हें पहले से शक था कि पत्नी और पड़ोसी के बीच संबंध हैं, लेकिन इस हद तक जाने की उम्मीद नहीं थी।
अजय ने बताया कि उन्होंने संगीता को एक बार आपत्तिजनक हालत में दीपक के साथ पकड़ भी लिया था, जिसके बाद उन्होंने मकान बदल लिया था। इसके बावजूद संबंधों का सिलसिला खत्म नहीं हुआ। पति के अनुसार, हाल ही में उन्हें जमीन अधिग्रहण के बदले 15 लाख रुपये मिले थे, जिससे उन्होंने पत्नी के लिए गहने बनवाए और कुछ नकदी भी घर में रखी थी। संगीता वह सब लेकर फरार हो गई। थाना प्रभारी वरुण शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला और आरोपी युवक के बीच प्रेम संबंध की बात सामने आई है। पुलिस ने पति की शिकायत पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की जांच जारी है।
बाढ़ से संबंधित राहत व बचाव कार्यों के लिए युद्ध स्तर पर तैयारी की जाए: सीएम योगी
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में बाढ़ से संबंधित राहत व बचाव कार्यों के लिए युद्ध स्तर पर तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गोरखनाथ मंदिर परिसर में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करने से पहले मुख्यमंत्री ने हाल ही में हुई बारिश के प्रभाव का आकलन करने के लिए गोरखपुर शहर और आसपास के जिलों का हवाई सर्वेक्षण किया।
नदी के जल स्तर की निरंतर निगरानी जाएः योगी
मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में सिंचाई, लोक निर्माण विभाग और बिजली विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले बाढ़ नियंत्रण उपायों से जनता की कठिनाई में काफी कमी आई है, लेकिन कुछ इलाकों में संभावित बाढ़ के खतरों के लिए त्वरित और सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, “नदी के जल स्तर की निरंतर निगरानी, तटबंधों को सुरक्षित करना और प्रभावित लोगों का तत्काल पुनर्वास सुनिश्चित करना आवश्यक है।” उन्होंने नावों की पर्याप्त तैनाती, बाढ़ चौकियों, राहत केंद्रों और आश्रयों को सक्रिय करने और सभी जरूरतमंदों को समय पर राहत सामग्री की आपूर्ति करने का आह्वान किया।
‘बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की तुरंत मरम्मत करें’
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की तुरंत मरम्मत करने और चल रहे निर्माण स्थलों पर व्यवधान को कम करने के निर्देश दिए। शहरी और ग्रामीण बिजली आपूर्ति की समीक्षा करते हुए, उन्होंने निर्देश दिया कि बिजली कटौती को तुरंत ठीक किया जाए और राज्य मानकों के अनुरूप आपूर्ति बनाए रखी जाए। उन्होंने ज़ोर देकर कहा, “जहां भी जल भराव की आशंका हो, वहां पंपिंग सेट तैयार होने चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि सभी जल निकासी प्रणालियां पूरी तरह से कार्यशील होनी चाहिए। उन्होंने शहर की हेरिटेज कॉरिडोर परियोजना की प्रगति की भी समीक्षा की।
दिल दहला देने वाली घटना; तीन बच्चों को कमर और पैर से बांधा…फिर नहर में कूदी मां, चारों की मौत
बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से कलेजा कंपा देने वाली एक घटना सामने आई है। यहां पर पति से तंग आकर एक पत्नी ने खौफनाक कदम उठा लिया। घटना नरैनी कोतवाली क्षेत्र की है। यहां पर पति से झगड़े के बाद एक महिला ने तीन बच्चों के साथ केन नहर में कूदकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद चीख-पुकार मच गई। जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। सभी की तलाश शुरू की गई। इसके बाद नहर से चारों शव बरामद कर कब्जे में ले लिए।
बच्चों को शरीर के साथ बांधकर नहर में कूदी थी मां
बांदा जिले के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ने शिवराज ने बताया कि शनिवार को पुलिस को जानकारी मिली कि रिसौरा गांव के अखिलेश आरख की पत्नी रीना (30) अपने तीन बच्चों हिमांशु (नौ), अंशी (पांच) और प्रिंस (तीन) के साथ घर से लापता है। उन्होंने कहा कि पुलिस और परिजन खोजबीन कर ही रहे थे कि दोपहर बाद गांव से करीब एक किलोमीटर दूर केन नहर के किनारे महिला के कंगन और बच्चों के कुछ कपड़े रखे मिले। नहर में कूदने की आशंका के चलते केन नहर का पानी बंद करवाकर ग्रामीण गोताखोर और पुलिस ने जाल लगवाकर सभी की तलाश की, करीब चार बजे शाम को महिला और उसके तीनों बच्चों के शव महिला के शरीर से बंधे हुए बरामद हुए, जिन्हें पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही पुलिस
एएसपी ने बताया कि अब तक की जांच में सामने आया कि शुक्रवार व शनिवार की रात रीना और उसके पति अखिलेश का झगड़ा हुआ था, इसके बाद करीब तीन बजे तड़के महिला अपने तीनों बच्चों के साथ घर से निकल गई थी। महिला का पति और गांव वाले सुबह से ही उनकी तलाश कर रहे थे, उनके न मिलने पर दोपहर में पुलिस को सूचित किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस महिला के पति अखिलेश को हिरासत में लेकर घटना के बारे में पूछताछ कर रही है।
ड्यूटी पर तैनात दरोगा पर किया लाठी-डंडों से हमला; वर्दी फाड़ी और मोबाइल व पर्स छीना, लात-घूसों से पीटा
Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से एक शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां पर बेखौफ दबंगों ने पुलिस को भी नहीं छोड़ा। कुछ लोगों ने ड्यूटी पर तैनात दरोगा पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। उन्होंने लात और घूसे मारकर जमकर पीटा, वर्दी फाड़ दी। इतना ही नहीं आरोपियों ने दरोगा का मोबाइल फोन भी छीन लिया ताकि वो किसी को मदद के लिए न बुला सके।
दुकान के अंदर घुसकर पीटा
जानकारी के मुताबिक, इटावा जिले के सहसों क्षेत्र के ग्राम सिंडौस निवासी राजवीर सिंह दादों में दारोगा पद पर तैनात हैं। वह शनिवार को रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत आलमपुर चौराहे पर शांति व्यवस्था को लेकर ड्यूटी पर तैनात थे। बारिश हो रही थी, इसलिए दरोगा आलमपुर चौराहे पर कोठारी नाम की एक कपड़े की दुकान के अंदर बैठे हुए थे। बताया जा रहा है कि दोपहर अचानक सिहानी फरीदपुर के प्रधान देवेंद्र यादव अपने साथी अरविंद, शैलेश, संतोष के साथ आ गए। उनके पास लाठी-डंडे थे। उन्होंने लाठी-डंडों से दरोगा पर हमला कर दिया।
जानिए वजह…
बताया जा रहा है कि दुकान में घुसते ही दरोगा के साथ गाली गलौच किया। वो धमकाने लगे और कहने लगे कि तू चैकिंग में चालान बहुत करता है। उसके बाद आरोपितों ने लाठी डंडों से जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। इससे पहले कि मैं थाने में किसी को इसकी जानकारी देता। आरोपितों ने जेब में रखा मोबाइल फोन छीन लिया। इसके साथ ही पर्स भी निकाल लिया। इसमें आधार, एटीएम व आइ कार्ड रखा हुआ था।
छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
आरोपी दरोगा को पीट रहे थे, तभी वो मदद के लिए चिलाए और शोर सुनकर कुछ दूरी पर खड़े एसआई सचिन कुमार और अभिनव सिंह भी पहुंच गए। उन्होंने बामुश्किल उन्हें बचाया। प्रधान सहित आराेपित जान से मारने की धमकी देकर भाग गये। इस दौरान दरोगा काफी घायल हो गए। उन्हें छर्रा सीएचसी मेें भर्ती कराया गया। यहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं, प्रधान समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

