इंटरनेशनल डेस्क : हाइकिंग यानी ट्रैकिंग आज दुनियाभर में एडवेंचर प्रेमियों की पहली पसंद बन चुकी है। यह सिर्फ खूबसूरत नजारों का सफर नहीं, बल्कि हिम्मत, सहनशक्ति और प्रकृति की कठिन परीक्षा से जूझने का माध्यम भी है। दुनिया में कई ऐसे ट्रेक हैं जो अपने खतरनाक रास्तों, ऊंचाई, मौसम और परिस्थितियों के लिए कुख्यात हैं। ऐसे में आज हम आपको बता रहे हैं उन चुनिंदा ट्रेकों के बारे में, जहां एडवेंचर का हर कदम जानलेवा साबित हो सकता है।
माउंट हुआशान, चीन
चीन के शांक्सी प्रांत में स्थित माउंट हुआशान को दुनिया का सबसे खतरनाक ट्रेक माना जाता है। यहां 2000 फीट की ऊंचाई पर संकरे रास्ते और सीधी खड़ी सीढ़ियां हैं। हर साल हजारों एडवेंचर लवर यहां पहुंचते हैं, लेकिन एक छोटी सी गलती भी जानलेवा हो सकती है।
माउंट एवरेस्ट बेस कैंप ट्रेक, नेपाल
5364 मीटर की ऊंचाई पर स्थित माउंट एवरेस्ट बेस कैंप ट्रेक दुनिया के सबसे प्रसिद्ध रूटों में शुमार है। यहां ऑक्सीजन का स्तर समुद्र तल से करीब 50 प्रतिशत कम होता है, जिससे सांस लेना मुश्किल हो जाता है। ठंड और बर्फीले तूफान अचानक आ सकते हैं। फिर भी एवरेस्ट, ल्होत्से और नुप्त्से जैसे मनमोहक नजारे इसे यादगार बनाते हैं।
काला पत्थर ट्रेक, नेपाल
5545 मीटर की ऊंचाई पर काला पत्थर ट्रेक एवरेस्ट का सबसे शानदार दृश्य देखने के लिए मशहूर है। हालांकि ऑक्सीजन की कमी, ठंडी हवाएं और ऊंची चढ़ाई इस सफर को बेहद खतरनाक बना देती हैं। ज्यादातर ट्रेकर्स सूर्योदय के समय एवरेस्ट का नजारा देखने यहां पहुंचते हैं।


