जालौन जनपद के जगम्मनपुर निवासी शिव नरेश पुत्र भोगीलाल की रविवार सुबह एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। वह हर साल पंचनद मेले में खिलौनों की दुकान लगाते थे और रविवार सुबह दुकान का सामान लेने औरैया जा रहे थे।यह हादसा औरैया जिले के अयाना थाना क्षेत्र के भीखेपुर-जुहीखा मार्ग पर सेंगनपुर गांव के पास अष्टभुजा मंदिर के निकट हुआ। एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में तेज रफ्तार से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शिव नरेश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलने पर अयाना थाना प्रभारी अजय कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस अब फरार वाहन और उसके चालक की तलाश कर रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर सड़क के दोनों ओर घनी झाड़ियां हैं, जिससे सामने से आते वाहनों की दृश्यता बाधित होती है। इस कारण यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने कई बार विभागीय अधिकारियों से सड़क किनारे की झाड़ियां कटवाने और सुधार कार्य कराने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में दुख का माहौल छा गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले और गांव में भी शोक व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने और दुर्घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे रोके जा सकें।


